गुरुवार, जुलाई 08, 2010

गैंगवार के चलते हुई थी प्रवीण सैनी की हत्या

पुलिस के हत्थे चढ़े सोनू गिरोह के सदस्यों ने किया खुलासा

हांसी। विगत 17 फरवरी को ढाणी कुतुबपुर में मैडिकल प्रैक्टिस कर रहे युवक प्रवीण सैनी की सरेआम गोली मारकर की गई हत्या गैंगवार का नतीजा थी। यह खुलासा हिसार रेंज के आईजी अनंत कुमार ढुल ने एक पत्रकारवार्ता में पत्रकारों के समक्ष किया। उन्होंने बताया कि हिसार पुलिस ने सोनू गिरोह के कई कुख्यात सदस्यों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है, जिन्होंने पूछताछ के दौरान प्रवीण सैनी की हत्या के साथ तीन अन्य और हत्या करने की बात कबूली है।
आईजी ने बताया कि सोनू गिरोह के सदस्यों ने बताया कि जेल में बंद पवन सैनी के रिश्तेदार प्रवीण सैनी की हत्या गैंगवार के चलते की गई थी।
उल्लेखनीय है कि प्रवीण सैनी के हत्यारे बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर आए थे और घटना को अंजाम देने के बाद हवाई फायर करते हुए मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार सैनी एकता मंच के प्रदेश महासचिव कर्ण सिंह का पुत्र प्रवीन सैनी ढाणी कुतुबपुर में अपने क्लीनिक पर बैठा था। दोनों हमलावरों ने दुकान में घुस कर प्रवीन पर फायरिंग की और गोली लगने की वजह से प्रवीन बेसुध होकर वहीं गिर पड़ा। हालांकि गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दुकान की ओर दौड़े थे मगर यह देखकर हमलावर वहां फरार होने में कामयाब हो गए। बाद में प्रवीन को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल भी लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस वारदात को लेकर अगली सुबह सैनी बिरादरी के लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला था क्योंकि हत्यारों को पकडऩे की मांग को लेकर उन्होंने रोहतक-हिसार रोड पर जाम लगा दिया था, जो कई घंटे बाद खुला था।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें