गुरुवार, जुलाई 08, 2010

दीपक सैनी ने प्रेमिका संग की आत्महत्या

समालखा(पानीपत)। दस दिन पहले थाना के गांव देहरा से फरार हुए प्रेमी जोड़े ने हत्या के डर से विगत 27 जून को की सुबह दिवाना स्टेशन के करीब ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। राहगीरों द्वारा घटना के बारे में दी गई सूचना के बाद मौके पर पहुंची जीआरपी पुलिस ने मृतक प्रेमी जोड़े के पास से मिले कागजात के आधार पर शवों की पहचान करते हुए परिजनों को अवगत कराया। क्षेत्र के गांव देहरा वासी दीपक सैनी व टीना नाम की लड़की के बीच काफी दिनों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रेम परवान चढ़ाने पर 17 जून को दीपक व टीना गांव से फरार हो गए। जिस पर टीना के पिता कृष्ण ने थाना पुलिस को शिकायत देते हुए दीपक पर उसकी बेटी को बहला फुसलाकर भगा ले जाने व गांव के ही अनिल पर उनका साथ देने का आरोप लगाया। कृष्ण की शिकायत पर पुलिस ने दीपक व अनिल के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी थी। लेकिन घटना वाले दिन सुबह पांच बजे के करीब दीपक व टीना ने दिवाना स्टेशन के करीब 80-81 के पास ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। रेलवे ट्रेक पर पड़े शवों को देखकर राहगीरों ने इसकी सूचना साढ़े पांच बजे के करीब जीआरपी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची ओर पुलिस ने प्रेमी जोड़े के बैग से मिले फोटो व कागजातों से दीपक व टीना के रूप में पहचान करते हुए घटना के बारे में परिजनों को अवगत कराया। प्रेमी जोड़े के बैग से मिले ट्रेन के टिकट, होटल बिल व गंगा में डूबकी लगाते समय खिंचवाए गए फोटो यह साबित कर रहे थे कि घर से भागने के बाद प्रेमी जोड़े ने अपने अधिकतर दिन धर्म की नगरी हरिद्वार में बिताए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें