शुक्रवार, जुलाई 09, 2010

सपना सैनी बनीं हरियाणा की पहली महिला पायलट

महेन्द्र तोंदवाल
कार्यकारी सम्पादक

कैथल। जिले के गांव सजूमा में जन्मी सपना सैनी ने एयरफोर्स में पायलट के पद पर नियुक्ति पाने में कामयाबी हासिल की है। 24 वर्षीय सपना हरियाणा की पहली ऐसी युवती है, जिसने पूरे देश में पीएबीटी परीक्षा के बाद एसएसबी की परीक्षा को पास कर अपने लक्ष्य को हासिल किया है। सपना की इस कामयाबी से सैनी समाज में खुशी का माहौल है।
अपनी कामयाबी से उत्साहित सपना सैनी ने बताया कि उनके पिता रणधीर सिंह सैनी एयरफोर्स में एमडब्लूओ के पद पर तैनात हैं। इसलिए उसे बचपन से ही विमानों के प्रति काफी दिलचस्पी थी। सपना ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अपने गांव में ही ली। इसके पश्चात उसने प्राइमरी की शिक्षा लुधियाना में व दसवीं तक की शिक्षा गुजरात के वडोदरा शहर से प्राप्त की। तदोपरांत वह अंबाला छावनी आ गई और वहां से बीएससी तक की शिक्षा एसडी कॉलेज में प्राप्त की। इसके बाद अपने निर्धारित लक्ष्य को पाने के लिए पायलट की प्रथम परीक्षा पीएबीटी की परीक्षा दी, जिसमें वह हरियाणा की पहली लड़की थी, जिसने इसे पास किया। इसके पश्चात पांच दिन की कड़ी मेहनत के बाद उसने एसएसबी की परीक्षा भी पास की। इस परीक्षा के पश्चात उसे पायलट की ट्रेनिंग के लिए भेज दिया गया। आज सपना सैनी एक सफल पायलट के रूप में एयफोर्स में अपना चौथा विमान उड़ाने की तैयारी में है।
सपना सैनी ने बताया कि उसका यह सपना साकार करने में उसे पिता रणधीर सिंह का मुख्य योगदान है जिन्होंने उनके अंतर आत्म विश्वास पैदा करके उड़ान भरने की प्रेरणा दी। उनके परिवार में दो बहनें- कल्पना व अर्चना- तथा एक भाई- अरूण- हैं। उनकी माता उर्मिला सैनी अपनी बेटी की इस उपलब्धि को देख फूली नहीं समा रही है। उनके मामा विक्रम सैनी का कहना है कि सपना सैनी होनहार बालिका के साथ-साथ भावी युवतियों के लिए प्रेरणा की मिसाल बनी है। उन्होंने कहा कि सपना सैनी पर उन्हें नाज है और उसकी कामयाबी से उनका सम्पूर्ण परिवार गदगद है। उन्होंने कहा कि इस कामयाबी से अन्य युवतियों को प्रेरणा लेनी चाहिए।


अपनी माता के साथ सपना सैनी।

1 टिप्पणी:

  1. sapna ji well done aap ne apne parents aur samaj dono ka naam roshan kiya he yeh udan aap ki nayi pahchan banegi. aap ne samaj ko nayi pahchan di he isse samaj ki pragati ko nayi disha milegi. meri aur se hardik subhkamnaye. manoj kushwah, indore, m.p. www.kushwahsamaj.blogspot.com

    जवाब देंहटाएं