सैनी समाज के लोगों ने सैनी संवाद बारे जाहिर की अपनी प्रतिक्रियाएं
सैनी संवाद बारे सैनी समाज के लोगों द्वारा भेजी गई प्रतिक्रियाओं से अब यह स्पष्ट हो गया है कि जिस मकसद के साथ इस समाचार पत्र की शुरूआत की गई थी, वह सैनी समाज के बाशिंदों को पसंद आ रहा है और यह समाचार पत्र भी उसे हासिल करने के रास्ते पर चल रहा है। तभी तो पाठकों ने अपनी प्रतिक्रियाओं में सैनी संवाद को न केवल सैनी समाज का आइना बताया है, बल्कि इसे पथ प्रदर्शक सरीखी महत्वपूर्ण संज्ञा भी दी है।
साथ ही पाठकों ने इसमें प्रकाशित खबरों की प्रशंसा करते हुए यह कहने से गुरेज नहीं किया है प्रत्येक महीने की शुरूआत में उन्हें सैनी संवाद का बेसब्री से इंतजार रहता है। सैनी संवाद के बारे में इसके पाठकों ने क्या राय भेजी है, आइये इसे विस्तार से जानते हैं:-
सैनी समाज का आइना है सैनी संवाद
अगर सैनी संवाद को सैनी समाज का आइना कहा जाए तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी क्योंकि जिस तरह आइना सही तस्वीर पेश करता है उसी तरह सैनी संवाद भी सैनी समाज में हो रही घटनाओं को प्रकाशित कर सैनी समाज की हालिया स्थिति की तस्वीर स्पष्ट कर देता है। इसलिए जैसे ही महीने की शुरूआत होती है वैसे ही सैनी संवाद के नए अंक को पढऩे की उत्सुकता बढ़ जाती है। सैनी संवाद के पहले जन्मदिन पर इसकी प्रधान सम्पादक चंद्रप्रकाश सैनी व सम्पादन मंडल के सभी सदस्य को मेरी हार्दिक बधाई और उम्मीद करता हूं कि अगले जन्मदिन तक यह समाचार पत्र और अधिक खबरों के साथ इसके पाठकों तक पहुंचेंगा।
- सुरेश सैनी, जिला कांग्रेस संगठन सचिव, कुरुक्षेत्र
सैनी समाज को एक सूत्र में बांध रहा है सैनी संवाद
मुझे व मेरी कार्यकारिणी को इस बात की बहुत खुशी है कि सैनी संवाद अपना एक वर्ष पूरा करने जा रहा है। यह समाचार पत्र महज समाचारों की औपचारिकता पूरी नहीं कर रहा है, बल्कि यह सैनी समाज को एक सूत्र में पिरोकर सैनी समाज में आपसी तालमेल व भाईचारा कायम करने में एक अहम भूमिका अदा कर रहा है। इस समाचार पत्र से दूर-दराज के क्षेत्रों में हो रही गतिविधियों की सम्पूर्ण जानकारी मिल रही है, जिससे न केवल एक जगह के लोगों को दूसरी जगह पर सैनी समाज में हो रही घटनाओं का पता चल रहा है, बल्कि समाज में व्याप्त बुराइयों को उजागर कर लोगों को उन्हें दूर करने के लिए भी प्रेरित कर रहा है। हम सभी सैनी संवाद पर गर्व करते हैं और इसके सम्पादन मंडल को एक साल तक सैनी समाज से जुड़ी ढेरों खबरें प्रकाशित करने पर उन्हें धन्यवाद देते हुए समाचार पत्र के सुभविष्य की कामना करते हैं।
- ओमप्रकाश सैनी, प्रधान, सैनी कल्याण परिषद, भिवानी
सैनी संवाद के लिए मासिक शुल्क रखा जाए
सैनी संवाद की पहली वर्षगांठ के अवसर पर इसके सम्पादक व पूरी टीम को हार्दिक शुभकामनाएं। सैनी संवाद खबरों के माध्यम से सैनी समाज को जागृत करने के लिए जो प्रयास कर रहा है उसके केवल हरियाणा ही नहीं, बल्कि अन्य प्रदेशों में रह रहे सैनी समाज के लोगों पर भी पड़ रहा है। मेरी दिली इच्छा है कि यह समाचार पत्र भविष्य में भी इसी तरह काम करता रहे और हो सकें इसी वर्ष से अखबार का पहला पेज रंगीन कर दें और इसके लिए पाठकों से कोई निर्धारिक शुल्क लेकर इसे डाक या फिर अन्य किसी माध्यम से इसके पाठकों तक पहुंचाया जाए ताकि समाज में जागृति आये। साथ ही इसमें शिक्षा क्षेत्र के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फूले के जीवन संबंधी लेख भी नियमित तौर पर दिये जाए।
-महंत सागरनाथ, अध्यक्ष सत्यसोधक समाज, हांसी
समाज की दिशा बदलेगा सैनी संवाद
मुझे यह पत्र बहुत अच्छा लगता है और मुझे यह पत्र सैनी समाज की दिशा बदलता नजर आ रहा है। यह पहला ऐसा पत्र है जो वाकई में सच्चाई को प्रकट करता है और किसी से व्यक्तिगत रंजिश नहीं निकलता। इसलिए एक साल की अवधि में यह सैनी समाज के शिक्षित लोगों का चहेता हो गया है। पत्र के लिए कोई शुल्क न होना, इसके सोने पे सुहागे की कहावत को चरितार्थ कर रहा है। बधाई और उम्मीद करते हैं कि भविष्य में भी हमें यूं ही सैनी समाज से जुड़ी खबरें मिलती रहेगी।
- जीतेंद्र सैनी, सीमेंट डिस्ट्रीब्यूटर, जींद
पत्र का नि:शुल्क होना एक बड़ी बात
सैनी संवाद सैनी समाज में जागरूकता के लिए अथाह प्रयास कर रहा है और उसके ये प्रयास कामयाब भी हो रहे हैं। मगर मुुझे इस बात का संतोष है कि एक सच्चे मन से समाज की भलाई के लिए कोई आगे आया है और इसके लिए अपनी जेब को हल्का कर रहा है। सैनी संवाद का नि:शुल्क होना, निसंदेह मेरे लिए आश्चर्यजनक था। मैंने सम्पादक से सहयोग करने की बात कही तो उन्होंने स्पष्ट मना कर दिया। वर्तमान महंगाई के दौर में नि:शुल्क समाचार पत्र निकालकर सैनी संवाद के सम्पादन मंडल ने निसंदेह एक मिसाल कायम की है।
-विपिन सैनी, सोनीपत
अच्छा लगा सैनी संवाद को पढ़कर, बधाई
सैनी संवाद के पिछले कई अंक पढ़कर अच्छा लगा क्योंकि इसमें न केवल सैनी समाज से जुड़ी खबरें होती हैं, बल्कि इसमें चुनाव के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में सैनी समाज के बाशिंदों ने क्या भूमिका अदा की है, इसका अध्ययन भी किया जाता है। मैं सैनी संवाद को वार्षिक अंक के लिए बधाई देता हूं।
-एडवोकेट जोगेंद्र सैनी, नारनौल
सैनी संवाद को ढेरों शुभकामनाएं
पिछले एक साल तक सैनी समाज के लोगों को नि:शुल्क समाचार पत्र पढ़वाने के लिए सैनी संवाद की टीम को ढेरों शुभकामनाएं व साधुवाद।
-एडवोकेट भास्कर सैनी
विभिन्न राज्यों की खबरों से हुए रूबरू सैनी संवाद में विभिन्न राज्यों के प्रकाशित हो रहे समाचारों से न केवल ज्ञान में बढ़ौतरी होती है, बल्कि इससे यह भी पता चलता है कि हरियाणा के बाहर सैनी समाज में क्या हो रहा है।
- दुलीचंद सैनी, लोहारू
संदेश छिपा होता है सैनी संवाद में
मुझे सैनी संवाद पढ़कर बहुत खुशी होती है क्योंकि इसमें खास बात यह होती है कि इसमें कोई न कोई गहरा संदेश छिपा होता है जो सम्पादक समाज को देना चाहता है। मेरे विचार से जहां तक मैं समझा यह संदेश एकता का संदेश होता है ताकि समाज को एक सूत्र में जोड़ा जा सकें। अब कुछ हद तक लोग समझने भी लगे हैं। पर हर काम में वक्त तो लगता है। सैनी संवाद के पिछले अंकों में सम्पादक ने लोकसभा, विधानसभा व नगर परिषद चुनाव में टांग खिंचाई की कड़वी सच्चाई को उजागर किया है, जिससे हम सब को सबक लेना चाहिए।
-मनोज सैनी, व्यापारी, सोनीपत
मन खुश कर देता है सैनी संवाद
हर महीने सैनी संवाद में सैनी समाज से जुड़ी नई-नई खबरें पढ़कर मन खुश हो जाता है। मैं इस समाचार पत्र को बहुत ही चाव से पढ़ता हूं। इसमें सैनी समाज में एकता का संदेश भी होता है। यह समाचार पत्र सैनी समाज में जागृति लाने में मील का पत्थर साबित होगा क्योंकि जो भी इस समाचार पत्र को एक बार पढ़ लेता है, उसके मन में हर बार इसे पढऩे की लालसा उत्पन्न होने लगती है।
-
शीशपाल सैनी, रीडर, जिला कोर्ट हिसार
पथ प्रदर्शक का काम कर रहा है पत्र
सैनी संवाद निसंदेह सैनी समाज के पथ प्रदर्शक का काम कर रहा है। यह समाचार पत्र सैनी समाज में हो रही घटनाओं को सुंदरतम तरीके से प्रकाशित कर यह बताने की सार्थक कोशिश कर रहा है कि सैनी समाज को किन कुरीतियों ने घेर रखा है और इसके आगे न बढऩे के कौन से कारण जिम्मेवार है। इसके लिए सैनी संवाद को बधाई और परमपिता परमात्मा से हम प्रार्थना करते हैं सैनी संवाद को चिरायु प्रदान करें और इसी तरह से सैनी समाज से जुड़ी खबरों को आमजन तक पहुंचाता रहें।
-महेश सैनी, बागपत (यू.पी.)
जागृति लाने का माध्यम है पत्र
कोई भी समाचार पत्र आज के समय में लोगों में जागृति लाने का एक बहुत ही बढिय़ा माध्यम है क्योंकि इसकी खबरों के माध्यम से आसपास होने वाली गतिविधियों का पता चलता है। सैनी संवाद भी इसी तर्ज पर सैनी समाज में जागृति उत्पन्न कर रहा है। इससे सैनी समाज में हो रही गतिविधियों के बारे में जानकारी मिलती रहती है और समाज के लिए कुछ करने की प्रेरणा भी।
-डा. रणसिंह कटारिया, जींद
जागरूकता लाने का अच्छा प्रयास है सैनी संवाद
पिछले एक साल में प्रकाशित हुए सैनी संवाद के सभी अंकों को पढ़कर यह कहने में मुझे कोई परहेज नहीं है कि सैनी समाज को जागरूक करने के जिस मकसद से सैनी संवाद का प्रकाशन शुरू किया गया था, उसे सैनी संवाद की पूरी टीम इसे हासिल करने में कामयाब रही है। एक ज्ञानवर्धक समाचार पत्र निकालने के लिए सैनी संवाद टीम को हार्दिक बधाई।
-हवा सिंह सैनी, भिवानी
अच्छा काम रहा है सैनी संवाद
सैनी संवाद के सम्पादक ने इस समाचार पत्र को निकालकर एक अच्छा कार्य किया है। सैनी संवाद के सम्पादक चंद्रप्रकाश सैनी के छोटे बेटे भी पत्रकारिता से जुड़े हैं और सबसे बड़े बेटे उत्तर भारत की सैनी समाज की सबसे बड़ी संस्था सैनी एजूकेशन सोसायटी के प्रधान पद पर सुशोभित है और शिक्षा के क्षेत्र में नित्य नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। इसके अलावा मंझले बेटे सीएम कैम्प ऑफिस में एपीआरओ है। कुल मिलाकर पूरा परिवार ही समाज की भलाई के लिए कार्य कर रहा है। परमपिता परमात्मा से मैं इस परिवार और सैनी संवाद की चीर आयु की कामना करता हूं।
- एडवोकेट निरंजन लाल सैनी, भिवानी