शुक्रवार, फ़रवरी 04, 2011

सीबीआई जज सैनी को बनाया बंधक

नई दिल्ली। रिश्वतकांड में फंसे बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के सदस्य को जमानत न देने से नाराज वकीलों ने सीबीआई के विशेष जज ओपी सैनी को ही कथित तौर पर बंधक बना लिया। करीब एक घंटे तक चला यह ड्रामा पुलिस के दखल बाद ही शांत हो पाया। सूत्रों के अनुसार वकीलों ने जज ओपी सैनी के साथ बदसलूकी भी की। यह सब कुछ पटियाला हाउस कोर्ट में हुआ। जहां गाजियाबाद के लॉ कॉलेज को मान्यता देने के एवज में रिश्वत लेने के आरोपी बीसीआई के एक सदस्य राजेंद्र सिंह राणा को पेश किया गया था। हंगामा करने वाले सभी वकील आरोपी के पक्ष के लिए कोर्ट में जमा हुए थे। जज सैनी ने जांच की प्रारंभिक स्थिति के मद्देनजर राजेंद्र सिंह राणा की जमानत याचिका ठुकरा दी थी। जिससे वकील नाराज हो गये और उन्होंने गुस्से में आकर कोर्ट में मौजूद सीबीआई अधिकारियों से भी हाथापाई करने की कोशिश की। हालात बिगड़ते देख सीबीआई अधिकारियों ने दिल्ली हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को मौके पर बुलवा लिया। उसके बाद पुलिस अधिकारियों ने वहां पहुंचकर स्थिति संभाली। दरअसल, सीबीआई ने 20 दिसंबर को राजेंद्र राणा को गाजियाबाद के ग्लोबल लॉ कॉलेज की सलाहकार समिति के सदस्य मनीष त्यागी के साथ गिरफ्तार किया था। राणा पर कॉलेज के पक्ष में रिपोर्ट देने के लिए त्यागी से एक लाख रुपए लेने का आरोप है। सीबीआई ने राणा के घर के अलावा कॉलेज परिसर सहित दिल्ली में सात जगहों पर भी छापेमारी की थी। साभार नवभारत टाइम्स

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें