शुक्रवार, फ़रवरी 04, 2011

रोहतक के नितिन सैनी खेलेंगे आईपीएल-4

महेन्द्र तोंदवाल
कार्यकारी सम्पादक
रोहतक। इस साल होने वाले आईपीएल-4 ट्वंटी-ट्वंटी क्रिकेट मैचों में रोहतक का छौरा नितिन सैनी किंग्ज इलेवन पंजाब की ओर से खेलेगा। हालिया खेल सत्र में अब तक हुए प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैचों में हरियाणा की ओर से सर्वाधिक 540 रन बनाने वाले इस उदयीमान खिलाड़ी से किंग्ज इलेवन पंजाब ने 20 लाख रुपये में द्विवर्षीय करार किया है। विकेटकीपर बल्लेबाज नितिन के आईपीएल में चयन से जहां उनके परिजन गदगद है, वहीं सैनी समाज में भी खुशी की लहर दौड़ गई है क्योंकि सैनी समाज से नितिन ऐसे पहले क्रिकेटर है, जिनका चयन आईपीएल के लिए हुआ है। सुखपुरा स्थित अपने निवास स्थान पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए नितिन के पिता रणबीर सैनी ने कहा कि यह नितिन की मेहनत के साथ-साथ हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा समय-समय पर उन्हें दिये गये बहुमूल्य सहयोग का ही नतीजा है कि नितिन को आईपीएल में खेलने का मौका मिला है। उन्होंने बताया कि हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान अनिरूद्ध चौधरी ने व्यक्तिगत तौर पर रूचि लेकर नितिन के आत्म विश्वास एवं उसकी क्रिकेट प्रतिभा को बढ़ावा दिया है। रणबीर सैनी ने बताया कि नितिन अंडर-19 आयु वर्ग में भारतीय टीम का भी हिस्सा रह चुका है जबकि अंडर-14, अंडर-16 तथा अंडर-22 क्रिकेट टीम में वह हरियाणा का प्रतिनिधित्व कर चुका है। अंडर-14 में नितिन को सर्वाधिक रन बनाने वाले उत्तर भारतीय खिलाड़ी का गौरव भी हासिल हुआ था। फिलहाल नितिन का चयन दलीप ट्राफी के लिए उत्तर भारत की क्रिकेट टीम के लिए भी किया गया है। साथ ही उन्होंने बताया कि नितिन अब तक 30 प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने दो शतक व आठ अर्धशतक की बदौलत 1045 रन बनाये हैं जबकि विकेटकीपर के तौर पर वे 60 खिलाडिय़ों को अपना शिकार भी बना चुके हैं।
यहां बता दें नितिन सैनी के पिता रणबीर सैनी भी अपने जमाने के रणजी खिलाड़ी रहे हैं जबकि उनके छोटे भाई रोहित सैनी कालेज स्तर पर हाकी के शानदार खिलाडी है तथा उनकी छोटी बहन अंजली सैनी एमबीबीएस कोर्स की छात्रा है।
वहीं, हरियाणा टीम के कोच अश्विनी का कहना है कि नितिन एक अच्छे आल राउंडर खिलाड़ी है और क्रिकेट में उनका सुनहरा भविष्य है। उन्हें उम्मीद है कि नितिन प्रथम श्रेणी मैचों की तरह आईपीएल में भी शानदार प्रदर्शन कर हरियाणा का नाम रोशन करेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें