सोमवार, फ़रवरी 28, 2011

आशा हुड्डा ने किया सैनी समाज के मौजीज लोगों को सम्मानित


कार्यक्रम के अंत में मुख्यातिथि श्रीमती आशा हुड्डा को स्मृति चिह्न भेंट करते सैनी एजूकेशन सोसायटी के पदाधिकारीगण।





















सैनी सीनियर सैकेंडरी स्कूल रोहतक के साइंस ब्लाक की आधारशिला भी रखी

रोहतक, 27 फरवरी। हरियाणा महिला एवं बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री भूूपेंद्र सिंह हुड्डा की धर्मपत्नी श्रीमती आशा हुड्डा ने कहा कि कोई भी समाज तब तक प्रगति नहीं कर सकता जब तक उस समाज के लोग शिक्षित नहीं होंगे और शिक्षा के सही मायनों को अपने जीवन में आत्मसात नहीं करेंगे।
वे आज सैनी एजूकेशन सोसायटी द्वारा संचालित सैनी कन्या सीनियर सैकेंडरी स्कूल के साइंस ब्लाक की आधारशिला रखने के बाद सैनी बी.एड कालेज में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में उपस्थित सैनी समाज के लोगों को सम्बोधित कर रहीं थीं। समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आये सैनी समाज के 264 मौजीज लोगों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर उपस्थितजनों से अपने बच्चों को उच्चा शिक्षा दिलवाने का आह्वान करते हुए मुख्यातिथि ने कहा कि शिक्षा ही मनुष्य में एक सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ उसे सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए प्रेरित भी करती है। लिहाजा वर्तमान समय में जरूरत आमजन की सोच बदलने की है और यह तभी संभव है जब सभी लोग उच्च शिक्षा को ग्रहण कर उसमें निहित अर्थों को अपनी दिनचर्या में शुमार करेंगे। उन्होंने कहा कि बेशक किसी भी संस्था पर नियंत्रण एक बिरादरी का होता हो मगर वह सभी बिरादरियों की सांझी होती है और सभी के विकास एवं उत्थान के लिए कार्य करती हैं और सैनी समाज के एक लिए यह एक सुखद बात है कि प्रधान विजय सैनी के नेतृत्व में सैनी एजूकेशन सोसायटी प्रगति के नित नये आयाम स्थापित कर रही है। भू्रण हत्या जैसी बुराइयों को समाज पर कलंक की संज्ञा देते हुए श्रीमति आशा हुड्डा ने कहा कि यदि हमें अपना भविष्य सुरक्षित रखना है तो नारी सशक्तिकरण करना होगा और साथ ही भू्रण हत्या को रोकने के लिए सार्थक कदम भी उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि सशक्त समाज की जड़ों को खोखला कर रही इस कुरीति को तभी जड़मूल से खत्म किया जा सकता है जब हर व्यक्ति यह प्रण लें कि न तो वह भू्रण हत्या करेगा और न ही किसी ओर को ऐसा करने देगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सैनी एजूकेशन सोसायटी के प्रधान विजय सैनी ने कहा कि प्रदेश मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के वांछित सहयोग के चलते ही सैनी सोसायटी लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सहयोग से ही वे सैनी बी.एड कालेज की भव्य इमारत के अलावा कई अन्य इमारतें भी बनाने में भी कामयाब रहे। इससे पूर्व, विजय सैनी ने प्रदेश के विभिन्न कोनों से आये सैनी समाज के मौजीज लोगों तथा मुख्यातिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का यहां पहुंचने पर हार्दिक आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सहायक राजनैतिक सचिव जे.के. मल्हौत्रा तथा कुरूक्षेत्र से पूर्व सांसद एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री कैलाशो सैनी ने भी सैनी एजूकेशन सोसायटी में चल रहे विकास कार्यों की जमकर तारीफ करते हुए इसे प्रदेश की अग्रणी एजूकेशन सोसायटियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि सैनी सोसायटी बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ सैनी समाज को भी जागरूक करने में अहम भूमिका अदा कर रही है। कार्यक्रम में मंच का संचालन डा. आनंद शर्मा ने किया जबकि कार्यक्रम में प्रदेश भर से आये सैनी समाज के मौजीज लोग मौजूद थे।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें