शनिवार, जनवरी 01, 2011

जबलपुर जिला अधिवक्ता संघ के द्विवर्षीय चुनाव

आर.के.सिंह सैनी ने फिर मारी बाजी

जोगेन्द्र सैनी
हमारे संवाददाता
जबलपुर। जिला अधिवक्ता संघ के द्विवर्षीय कार्यकाल के लिए हुए चुनाव में आरके सिंह सैनी ने अपने निकटम प्रतिद्वंद्वी हरजीत सिंह अरोरा को 126 मतों से हराकर दूसरी बार अध्यक्ष पद का ताज अपने नाम किया है। वर्ष 2009-10 का कार्यकाल समाप्त होने के 10 माह बाद संपन्न हुए इस चुनाव में श्री सैनी ने सर्वाधिक 762 मत प्राप्त किये। जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में कुल 2173 मतदाताओं में से 1829 ने ही अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। जिसमें से आरके सिंह सैनी को 762 उनके प्रतिद्धंद्वी रहे हरजीत अरोरा को 636, नरेन्द्र जैन को 312 व केडी सिंह को मात्र 79 मत ही प्राप्त हुए। निर्वाचित पदाधिकारियों के सहयोगियों व समर्थकों ने जीत का जश्न मनाते हुए एक दूसरे के गले लगकर बधाइयां दी।
तत्पश्चात जीत का जश्न रैली में बदलकर श्री सैनी के शोभापुर स्थित निवास स्थान पहुंचा, जहां सभी को मिठाई खिलाकर बधाई देते हुए मतदाताओं का आभार व्यक्त किया गया। ध्यान रहे इससे पहले सैनी तीन बार सचिव पद का दायित्व निभा चुके हैं। वर्ष 2006-08 में श्री सैनी ने अध्यक्ष पद का सफलता पूर्वक दायित्व निभाया था। अब श्री सैनी 2012 तक अध्यक्ष पद का निर्वाह करेंगे। निष्पक्ष चुनाव कराने को लेकर बूथ कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाये गये थे। साथ ही न्यायालय परिसर में पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये हुये थे। शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव कराने के लिये जिला एवं सत्र न्यायाधीश जेके जैन के निर्देशानुसार दो अपर सत्र न्यायधीशों की देखरेख में चुनाव संपन्न कराये गये।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें