सैनी समाज में खुलकर नजर आई धड़े बंदी
हिसार। हिसार के सैनी समाज की ओर से महाराजा शूरसैनी जयंती के उपलक्ष्य में एक नहीं, बल्कि दो-दो समारोह आयोजित किये गये, जिससे सैनी समाज ही स्तब्ध रह गया। जहां सैनी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में एक प्रकार से हरियाणा जनहित कांग्रेस के नेता मंच पर दिखाई दिये, जिनमें पूर्व विधायक श्रीमती जसमां देवी, रणधीर पनिहारचक, सुभाष बिश्रोई, रमेश गोदारा, संतोष ढुल, रतन फौगाट, सुनील बाल्मीकि शामिल थे, वहीं स्कूल की बिल्कुल बगल में आयोजित कार्यक्रम में इनेलो विधायक बिशन लाल सैनी मुख्यातिथि थे जबकि पूर्वमंत्री हरिसिंह सैनी विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद थे। दिलचस्प बात यह है कि कार्यक्रम महाराजा शूरसैनी युवा मोर्चा की ओर से आयोजित किया गया था और एक दिन पूर्व इसके कार्यकत्र्ताओं की ओर से आयोजित शोभा-यात्रा को हरी झंडी इनेलो के राज्यसभा सांसद रणवीर गंगवा ने दिखाई थी। दोनों कार्यक्रमों में लोगों को बांधे रखने के लिये मंच कलाकार आमंत्रित किये गये थे। सैनी स्कूल में सैनी सभा ट्रस्ट की ओर से कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भजनलाल को आमंत्रित किया गया था लेकिन उनकी जगह श्रीमती जसमां देवी पहुंचीं और चौ. भजनलाल की ओर से ट्रस्ट को 11 लाख रु. देने की घोषणा की। हरियाणा जनहित कांग्रेस नेता रामनिवास राड़ा ने सैनी सभा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कहा कि आज तक एक ही कार्यक्रम आयोजित किया जाता रहा है लेकिन इस वर्ष सैनी सभा के कार्यक्रम को फ्लॉप करने के लिये यह अलग कार्यक्रम रखा गया। श्री राड़ा ने कहा कि वे स्वयं इन लोगों को मनाने के लिये गये लेकिन राजनीति के चलते किसी एक ने भी नहीं सुनी। इस तरह समाज में राजनीति आ जाना घातक है। समाज को एकजुट होकर शूरसैनी जयंती मनानी चाहिए ताकि नयी पीढ़ी को भी संदेश मिले। दूसरी ओर, पूर्वमंत्री व नागोरी गेट आर्य समाज के अध्यक्ष हरिसिंह सैनी ने इन आरोपों को पूरी तरह नकारते कहा कि वे तो स्वयं महाराजा शूरसैनी युवा मोर्चा की ओर से यहां अतिथि के तौर पर आमंत्रित हैं। इस बार युवा मोर्चा व सैनी सभा में मतभेद हो गये और कार्यक्रम अलग-अलग हो रहे हैं। वैसे तो जितने समारोह हों कम होते हैं। युवा मोर्चा के समारोह का संचालन पवन सैनी ने किया। इस कार्यक्रम में पृथ्वी सिंह सैनी, गौरव सैनी व रोहतक से जगदीश कटारिया आदि मौजूद थे। दर्शकों का इतना ही कहना था कि दो-दो कार्यक्रम होने से उन्हें बहादुरगढ़ की कलाकार राजबाला व कैथल के कलाकार कर्म सिंह फौजी का कार्यक्रम सुनने को मिल गया।
साभार दैनिक ट्रिब्यून
शनिवार, जनवरी 01, 2011
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें