शनिवार, दिसंबर 05, 2009

सैनी संस्था का चुनाव करवाने सम्बंधी याचिका खारिज

वादियों ने की थी एक साल के भीतर चुनाव करवाने की मांग

महेन्द्र तोंदवाल / कार्यकारी सम्पादक

रोहतक। उत्तर भारत में सैनी बिरादरी की सबसे बड़ी सैनी एजूकेशन सोसायटी रोहतक का चुनाव एक साल में करवाने सम्बंधी याचिका को सिविल जज की अदालत ने खारिज कर दिया है। साथ ही अदालत ने यह भी कहा है चूंकि सोसायटी के प्रधान व सचिव के पक्ष पर कोई वित्तीय गड़बड़ी नहीं पाई गई है इसलिए उन्हें सोसायटी के खाते ऑपरेट करने से नहीं रोका जा सकता। यह याचिका कृपाल नगर वासी चन्द्रभान सैनी व सैनी आनंदपुरा वासी सूरत सिंह सैनी द्वारा संयुक्त रूप से दायर की गई थी और इसमें सैनी सोसायटी के चुनाव एक माह के भीतर करवाने तथा प्रधान व सचिव को सोसायटी के खाते ऑपरेट करने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की गई थी।
याचिका में दोनों वादियों का कहना था कि सैनी एजूकेशन सोसायटी के संविधान के मुताबिक सोसायटी की मैनेजिंग कमेटी का कार्यकाल महज एक साल है जबकि यह समयावधि बीत जाने के बावजूद अभी तक प्रधान विजय सैनी की अगुवाई वाली मैनेजिंग कमेटी ने सोसायटी के चुनाव करवाने सम्बंधी कोई भी अधिसूचना जारी नहीं की है। दोनों वादियों का कहना था कि उन्होंने इस सम्बंध में सोसायटी की मैनेजिंग कमेटी को दो बार नोटिस भेजकर उनसे सोसायटी का चुनाव करवाने के लिए 15 दिन का समय भी दिया था मगर कमेटी ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया।
इस याचिका के जवाब में सैनी एजूकेशन सोसायटी का कहना था चूंकि उनके द्वारा संचालित संस्थान महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय से सम्बद्ध है इसलिए इस पर विश्वविद्यालय के नियम लागू होते हैं और विश्वविद्यालय के कलेंडर वोल्यूम-एक में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि जो भी एजूकेशन सोसायटी विश्वविद्यालय से सम्बद्ध है, उसकी गवर्निंग बॉडी का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। लिहाजा एक साल के भीतर पुन: चुनाव करवाने का कोई तुक नहीं बनता।
दोनों पक्षों की दलील सुनने और प्रस्तुत दस्तावेजों का अध्ययन करने के बाद सिविल जज (जूनियर डिवीजन) नेहा नोहरिया ने चंद्रभान सैनी व सूरत सिंह सैनी द्वारा चुनाव करवाने सम्बंधी याचिका को खारिज कर दिया। साथ ही उनकी सैनी सोसायटी के प्रधान व सचिव पर सोसायटी के खाते ऑपरेट करने पर रोक लगाने की गुहार को भी यह कहकर मानने से इंकार कर दिया कि वे न तो प्रधान और न ही सचिव के खिलाफ कोई ऐसा दस्तावेज पेश कर पाए जिससे यह साबित हो सके कि दोनों ही पदाधिकारी खाते ऑपरेट करने में कोई गड़बड़ी कर रहे हैं।

जरूरत महाराजा शूर सैनी के दिखाए मार्ग पर चलने की

चन्द्रप्रकाश सैनी / प्रधान सम्पादक

20 दिसम्बर का दिन यानी सैनी समाज के प्रवर्तक महाराजा शूर सैनी के जन्मोत्सव का अवसर। हर साल की भांति इस बार भी इस दिन सैनी समाज के विभिन्न संगठनों द्वारा महाराजा शूर सैनी की जयंति हर्षोंल्लास से मनाने के लिए कार्यक्रम व गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। हर कार्यक्रम में महाराजा शूर सैनी के आदर्शों पर चलने की शपथ ली जाएगी और जैसे ही कार्यक्रम खत्म होगा वैसे ही शपथ से जुड़ी भावनाएं भी अपने आप खत्म हो जाएगी। ऐसा इसलिए क्योंकि हम बात तो हमेशा महाराजा शूर सैनी के उच्च आदर्शों की करते हैं मगर आज तक उन्हें अपने जीवन में आत्मसात नहीं कर पाए हैं। यही वजह है कि वर्तमान समय में अपनी राजनैतिक पहचान बनाने के लिए जूझ रहे सैनी समाज की इस हालिया दुर्दशा के लिए कोई और नहीं, बल्कि हम स्वयं जिम्मेवार है। क्योंकि शताब्दियां बीत जाने के बावजूद आज तक हम सामूहिक रूप से उस विचार को आत्मसात नहीं कर पाए, जो पहले महाराजा शूर सैनी और बाद में दलितों व पिछड़ों के उत्थान एवं कल्याण में अपना जीवन अर्पित करने वाले महात्मा ज्योति बा फूले ने हमें दिया था।
दोनों की विचारधाराओं को यदि गहराई से अध्ययन किया जाए तो उनमें जो एक महत्वपूर्ण समानता दिखाई देती है, वह है वैमन्सय की भावना के त्याग के साथ निजी स्वार्थों से ऊपर उठ सम्पूर्ण एकजुटता के साथ समूचे समाज को जागृत एवं उनके उत्थान के लिए कार्य करना। दोनों ही महापुरुषों ने समाज सुधार एवं विकास के इस मंत्र को अपने जीवन में उतार कर न केवल ऐसे दबे-कुचले लोगों के उत्थान के लिए कार्य किया, जो अपना अस्तित्व बचाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, बल्कि बिना किसी लाग-लपेट के उनकी वांछित मदद कर उन्हें मुख्य धारा में शामिल करने में भी अहम भूमिका निभाई।
जहां तक बात महाराजा शूर सैनी की है तो उनका तो एक सीधा सा मूल मंत्र था कि किसी भी समाज को बुलंदी पर लाने में कामयाबी उसी सूरत में संभव है जब आदमी अध्यात्म, धर्म और प्रकृति में विश्वास कायम रखते हुए सामाजिक समरसता एवं एकजुटता के साथ निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति के लिए बिना किसी निजी स्वार्थ के पुरुषार्थ व लगन से कार्य करें। यही वजह थी कि अपने शासन काल के दौरान उन्होंने अपनी प्रजा को साम्प्रदायिक सौहार्द की भावना का विकास करते हुए उन्हें एकजुटता के लिए मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया। इसी मूलमंत्र ने ही जहां उन्हें एक अच्छे प्रशासक के तौर पर ख्याति दिलाई, वहीं वे जनहित को तवज्जो देने वाली राजा भी साबित हुए। लिहाजा अब वक्त आ गया है कि हम अपनी खोखली मानसिकता को त्यागकर महाराजा शूर सैनी के दिखाए गए मार्ग पर चले और सैनी समाज के विकास एवं कल्याण के लिए एकजुटता के साथ सकारात्मक कार्य करें।

भास्कर के मालिक के गैर-जमानती वारंट जारी

झूठी खबर छापने वाला दैनिक भास्कर का स्थानीय संवाददाता पहले ही है जमानत पर

राजेन्द्र सैनी/ समाचार सम्पादक

रोहतक। सैनी एजूकेशन सोसायटी के प्रधान विजय सैनी के खिलाफ कथित मानहानिपूर्ण एवं झूठी खबर छापने के मामले में ज्यूडिशियल मैजिस्टे्रट की अदालत ने भास्कर गु्रप के चेयरमैन रमेश चंद्र अग्रवाल के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए हैं। उनके यह वारंट अदालत द्वारा जारी किए गए सम्मन को लेने से मना करने की वजह से जारी किए गए हैं। अदालत ने श्री अग्रवाल, पानीपत यूनिट के सम्पादक दिनेश मिश्रा और दैनिक भास्कर के एक स्थानीय संवाददाता के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 500, 501 व 502 के तहत सम्मन जारी कर उन्हें अदालत में तलब होकर अपना पक्ष रखने के आदेश जारी किए थे। इनमें से स्थानीय संवाददाता ने निर्धारित पेशी पर पेश होकर अपनी जमानत ले ली थी मगर श्री अग्रवाल कोर्ट में पेश नहीं हुए थे। कोर्ट ने यह आदेश विजय सैनी द्वारा एडवोकेट अशोक कादियान के मार्फत कोर्ट में दायर आपराधिक शिकायत में दी गई दलीलों एवं प्रस्तुत दस्तावेजों के अध्ययन तथा गवाहों के बयानों की सुनवाई के बाद जारी किए थे। अदालत ने इन आदेशों में स्पष्ट कहा था चूंकि शिकायतकत्र्ता द्वारा पेश किए गए सबूत याचिका की दलीलों का समर्थन करते हैं लिहाजा मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को तलबकरना जरूरी एवं न्यायसंगत है। याचिका में विजय सैनी का कहना था कि दैनिक भास्कर के स्थानीय संवाददाता ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों को आधार बनाकर 24 दिसम्बर 2007 को यह झूठी खबर प्रकाशित कर दी कि हाईकोर्ट ने आठ सप्ताह के भीतर अथवा 20 फरवरी 2008 तक सैनी एजूकेशन सोसायटी के चुनाव सम्पन्न करवाने के आदेश जारी किए हैं जबकि वास्तव में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने ऐसे कोई आदेश जारी किये ही नहीं थे।
हालांकि समाचार प्रकाशित होने के बाद विजय सैनी ने स्थानीय संवाददाता से सम्पर्क साध उनसे ऐसे कोई भी आदेश जारी न होने की बात बता प्रकाशित गलत खबर का खंडन छापने के लिए भी कहा था मगर संवाददाता ने पत्रकारिता के सिद्धांतों को ताक पर रखते हुए एक और मनघडंत समाचार प्रकाशित कर प्रधान की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया। तदोपरांत विजय सैनी ने भास्कर समाचार पत्र के खिलाफ एक आपराधिक शिकायत कोर्ट में दायर की थी।

बलवंत सैनी बने सैनीयान ट्रस्ट के नए सदस्य

अशोक सैनी
रोहतक। सैनी एजूकेशन सोसायटी द्वारा संचालित सैनी डिग्री कालेज की गवर्निंग बॉडी के सदस्य बलवंत सैनी वासी सैनीपुरा रोहतक को सैनीयान ट्रस्ट सैनीपुरा का नया सदस्य नियुक्त किया गया है। बलवंत की नियुक्ति उनके बड़े भाई एवं सैनीयान ट्रस्ट के सदस्य प्रीतम सैनी के आकस्मिक निधन के बाद खाली हुए स्थान को भरने के लिए की गई है। बलवंत सैनी का कार्यकाल आजीवन रहेगा। उनकी नियुक्ति पर सैनी युवा कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष महेंद्र सैनी, सचिव किशन सिंह कोच तथा सैनी एजूकेशन सोसायटी के उपप्रधान महिपाल सैनी, सचिव सतपाल, सहसचिव सुभाष सैनी व कोषाध्यक्ष रोहतास आर्य ने खुशी व्यक्त की है।

सुप्रीमकोर्ट ने लगाई राड़ा की गिरफ्तारी पर रोक

कुछ रोज पूर्व हाईकोर्ट ने जारी कर दिए थे राड़ा की गिरफ्तारी के आदेश

अश्विनी सैनी

हिसार। सुप्रीम कोर्ट ने हिसार नगर परिषद के विकास कार्यों में कथित भ्रष्टाचार के मामले में इसके प्रधान बिहारी लाल राड़ा (सैनी) को राहत प्रदान करते हुए आगामी 11 दिसंबर तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। साथ ही न्यायालय ने हरियाणा सरकार को भी नोटिस जारी कर इस बारे जवाब देने को कहा है। ध्यान रहे हाईकोर्ट ने पिछले दिनों राड़ा की गिरफ्तारी के आदेश जारी कर दिए थे और तभी से विजिलेंस पुलिस राड़ा की गिरफ्तारी के लिए दिन रात छापेमारी कर रही थी मगर उसे इसमें सफलता नहीं मिल पाई थी। राड़ा को गिरफ्तारी को लेकर विजीलेंस पुलिस कितनी गंभीर थी इस बात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उनके सभी संभावित ठिकानों पर छापा मारने के अलावा नगर परिषद में उपप्रधान के खिलाफ चली अविश्वास प्रस्ताव प्रक्रिया के दौरान भी उनकी सरगर्मी से तलाश की थी। इतना ही नहीं विजिलेंस के उपाधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस के कई दलों ने हिसार में राडा के आवास, नई सब्जी मंडी स्थित उनकी दुकान के अलावा हांसी के भी दो स्थानों पर तलाशी अभियान छेड़ा था। बताया जाता है इन स्थानों पर राड़ा के दो रिश्तेदार रहते हैं। हद तो उस समय हो गई थी जब राड़ा उनके भाई द्वारा महाबीर कालोनी में आयोजित भंडारे में भी पुलिस ने दो बार जाकर उनकी तलाश की मगर राड़ा अंडरग्राऊंडर होकर सर्वोच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत लेने का प्रयास कर रहे थे।
आखिरकार उन्हें अपने इन प्रयासों में उस समय कामयाबी मिल गई जब सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें राहत प्रदान करते हुए उनकी गिरफ्तारी पर 11 दिसम्बर तक रोक लगा दी ।

शिक्षाविद् ओमप्रकाश सैनी का निधन

रोहतक। स्थानीय देव कालोनी निवासी रिटायर्ड हैडमास्टर ओमप्रकाश सैनी का 2 दिसम्बर को निधन हो गया। वे 76 साल के थे और पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। वे अपने पीछे एक पुत्र व एक पुत्री छोड़ गए। उनकी रस्म तेरहवीं 13 दिसम्बर को उनके निवास स्थान पर होगी।



नीरू सैनी को उदयन फैलोशिप

लाड़वा (कुरुक्षेत्र) । राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्रा नीरू सैनी का उदयन फेलोशिप के लिए चयन किया गया है। नीरू ने उदयन केयर द्वारा आयोजित प्रतिस्पर्धा में शिरकत की थी। इस प्रतियोगिता में 300 प्रतिभागी थे। स्कूल प्राचार्य विमल नरवाल ने बताया कि छात्रा को उसकी शिक्षा पूरी होने तक 7000 रुपए प्रति वर्ष बतौर छात्रवृत्ति दी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रतिस्पर्धा में उपस्थित छात्रों में से 50 छात्रों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था। इसमें से 26 प्रतिभावान छात्रों को इस छात्रवृत्ति के लिए चुना गया है।

भिवानी में होगा महाराजा शूर सैनी जयंति समारोह

राजबीर सैनी

भिवानी। सैनी समाज के प्रवर्तक महाराजा शूर सैनी के जन्मदिन पर 20 दिसम्बर को सैनी कल्याण परिषद के तत्वावधान में स्थानीय नेहरू पार्क के सामने महाराजा शूर सैनी जयंति समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रदेश भर से सैनी समाज के लोग हिस्सा लेंगे। परिषद के अध्यक्ष घीसाराम सैनी ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्यातिथि प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव श्यामसुंदर सैनी होंगे जबकि अध्यक्षता भिवानी से विधायक घनश्याम दास सर्राफ करेंगे। इसके अलावा समाजसेवी परमानंद सैनी, सरपंच हंसराम सैनी व जगदीश चंद सैनी, विजय तंवर, सुलतान सिंह व ओमप्रकाश सैनी आदि विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मुख्य व विशिष्ट अतिथियों द्वारा महाराजा शूर सैनी के जीवन पर प्रकाश डाला जाएगा तथा उपस्थितजन से उनके दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया जाएगा। घीसाराम ने बताया कि इस अवसर पर सैनी समाज के मेधावी विद्यार्थियों, तथा खिलाडिय़ों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समारोह के सफलतापूर्वक आयोजन के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया है।

प्रधान ने किया औचक निरीक्षण

                                                                                     विनोद सैनी

रोहतक। सैनी एजूकेशन सोसायटी द्वारा संचालित विभिन्न स्कूलों की कार्यप्रणाली की जांच के लिए सोसायटी के अध्यक्ष विजय सैनी ने स्कूलों का औचक निरीक्षण किया और कक्षाओं में बैठकर अध्यापकों के टीचिंग स्किलस का विशलषण किया। यही नहीं उन्होंने न केवल बच्चों से पढ़ाई बारे बातचीत की, बल्कि अध्यापकों को वांछित दिशा-निर्देश भी जारी किए। साथ ही उन्होंने गैर-शिक्षक कर्मचारियों के कामों का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर सैनी संवाद से बातचीत करते हुए विजय सैनी ने कहा कि औचक निरीक्षण के पीछे मुख्य ध्येय स्कूल स्टॉफ की कार्यप्रणाली की जांच करने के साथ-साथ बच्चों की समस्याओं के बारे में भी पता लगाना था।

औचक निरीक्षण के दौरान बच्चों से बातचीत करते प्रधान विजय सैनी।

विधायक ने दी स्व. ईश्वर सैनी को श्रद्धांजलि


जोगेन्द्र सैनी

रोहतक। सैनी एजूकेशन सोसायटी द्वारा संचालित सैनी बी.एड कालेज के गवर्निंग बॉडी के सदस्य स्व. ईश्वर सिंह सैनी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त हुए स्थानीय विधायक भारत भूषण बतरा ने कहा कि ईश्वर सिंह एक कर्मठ कार्यकत्र्ता थे और सैनी समाज के उत्थान एवं विकास के लिए हर समय तत्पर रहते थे। उन्होंने कहा कि अपने जीवन काल के दौरान ईश्वर सिंह जब भी उनसे मिलते थे तो वे सैनी समाज के उत्थान एवं विकास की ही बात करते थे। जो यह दर्शाता है कि उन्होंने अपना जीवन सामाजिक विकास को समर्पित कर दिया था।
विधायक बतरा ने तेरहवीं वाले दिन स्व. ईश्वर सिंह के घर पहुंचकर उन की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए परमपिता से प्रार्थना की। इस अवसर पर मौजूद सैनी एजूकेशन सोसायटी के प्रधान विजय सैनी ने कहा कि ईश्वर सैनी के आकस्मिक निधन से सैनी एजूकेशन सोसायटी को अपूर्णनीय क्षति हुई है क्योंकि सोसायटी की युवा मैनेजमैंट ने सोसायटी के विकास का जो खाका तैयार किया है स्व. ईश्वर सिंह उसके मुख्य स्तम्भों में से एक थे और उनका निरंतर सहयोग मैनेजमैंट के अन्य सदस्यों को प्रोत्साहित करने का काम करता था। विजय सैनी ने कहा कि सोसायटी के कल्याणार्थ मैनेजिंग कमेटी ने जब भी कोई भी काम स्व. ईश्वर सैनी के जिम्मे लगाया, उसको उन्होंने पूरी तन्मयता से निर्धारित समय पर पूरा किया। सोसायटी सचिव सतपाल सिंह ने कहा कि स्व. ईश्वर सैनी सूचनाओं का भंडार थे और सोसायटी के विकास के लिए जब भी कोई योजना बनाई जाती तो वे उस योजना को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने के लिए नित नई सूचनाओं से मैनेजिंग कमेटी को अवगत करवाते रहते थे।
इस अवसर पर सोसायटी के पूर्व प्रधान प्रेम सिंह सैनी, उपप्रधान महिपाल सिंह, सहसचिव सुभाष सैनी, कोषाध्यक्ष रोहतास सैनी, मैनेजर सूरजभान सैनी, रामेश्वर सैनी, किशन सिंह कोच, महेंद्र तोंदवाल, यशवीर सैनी, अशोक सैनी, सुरेश सैनी, देवी सिंह, नवीन सैनी, दयाराम सैनी, शमशेर सैनी, ईश्वर सिंह, बलवंत सैनी, जिले सिंह ने भी स्व. ईश्वर सैनी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
ध्यान रहे चुन्नीपुरा वासी ईश्वर सैनी का विगत 24 अक्तूबर को पीजीआईएमएस में आकस्मिक निधन हो गया। वे 59 वर्ष के थे और अपने पीछे चार पुत्र छोड़ गए। ईश्वर सिंह को सांस लेने में आ रही दिक्कत के चलते 23 अक्तूबर की रात को पीजीआई के आपातकालीन कक्ष में भर्ती करवाया गया था। जहां बाद में उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिकू में स्थानांतरित कर दिया गया था। 24 अक्तूबर की सुबह उनका असामयिक निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार गोहाना रोड स्थित शमशान घाट में किया गया था, जिसमे शहर के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया था।

स्व. ईश्वर सैनी तस्वीर पर श्रद्धासुमन अर्पित करते स्थानीय विधायक भारत भूषण बतरा। सैनी सवांद

एंबुलेंस स्पर्धा में सैनी स्कूल प्रथम


रोहतक । जिला सेंट जॉन एम्बूलेंस एसोसिएशन द्वारा आयोजित की गई जिला स्तरीय एंबुलेंस प्रतियोगिता में सैनी सीनियर सैकेंडरी स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल कर सैनी एजूकेशन सोसायटी का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में जिले भर से 86 टीमों ने भाग लिया था। सैनी एजूकेशन सोसायटी के प्रधान विजय सैनी, उपप्रधान महिपाल सिंह, सचिव सतपाल सैनी, सहसचिव सुभाष व कोषाध्यक्ष रोहतास आर्य सहित अन्य पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों की उनकी इस उपलब्धी पर बधाई दी है।

प्रथम आने पर पुरस्कार हासिल करतीं सैनी स्कूल की टीम।
सैनी संवाद

प्रकृति और अध्यात्म का मेल है सैनी की कृतियां

लोगों को खूब रास आई चित्रकला प्रदर्शनी


राजस्थान। आईफैक्स कलादीर्घा में चित्रकार जे.एस. सैनी द्वारा बनाए गए चित्रों की प्रदर्शनी में प्रकृति और अध्यात्मकता का अदभुत मिश्रण है। इस चित्रकला प्रदर्शनी में कलाकार ने प्रकृति के साथ इंसानों के आत्मिक संबंधों को दर्शाने की कोशिश की है। चित्रों में प्रकृति की सतरंगी छटाओं के साथ इंसानी भावनाएं कैद हैं। उनके चित्रों में कहीं पर प्रकृति के रूप में ईश्वर की प्रतिमाएं झांकती हैं तो कहीं पर वक्त अपना महत्व बताता है। प्राकृतिक रंगों में डूबे उनके चित्र जंगली फूलों की खुशबू और जिंदगी की अनजानी डगर का अहसास कराते हैं जो दर्शकों में नई प्रेरणा, ऊर्जा व चेतना का संचार करते हैं। जे.एस. सैनी ने बताया कि प्रकृति और अध्यात्म का उतना ही करीबी संबंध है जितना ईश्वर और इंसान का। ईश्वर प्रकृति के रूप में इंसानों के करीब रहते हैं। जब इंसान प्रकृति के करीब रहता है तो प्रकृति भी उसके अनुरूप ढल जाती है। प्रकृति से दूर जाने की चेष्टा भर से वही जीवनदायनी प्रकृति उस पर विपदा बन कर टूट पड़ती है। प्रकृति के इस नियम को जो समझ जाए उसे प्रकृति में ही ईश्वर की प्राप्ति हो जाती है। जो न समझ पाए वह अज्ञानी बन कर उसके करीब तो रहता है किंतु उसे समझ नहीं पाता। ऐसे इंसान को नादान ही कहा जाएगा। पेड़, पौधे, जंगल, हवा, पानी अनगिनत फूल, पक्षी एवं जन-जीवन सभी ईश्वर के ही प्रतिरूप हैं। इस प्रदर्शनी में कलाकार ने इंसान के चारों ओर फैली प्राकृतिक संपदा के हर रंग-रूप को अपनी अभिव्यक्ति में ढाल कर पेश किया है। प्रदर्शनी में रखे चित्रों में प्रकृति की अनमोल छटा और जंगली फूलों में बसी खुशबू की महक उनके कैनवास पर रंगों के जरिए छिटक गई है। पिछले कई वर्षों से वह अपने चित्रों की प्रदर्शनी लगा रहे हैं। उनका विषय हमेशा प्रकृति एवं उसके साथ जुड़े इंसान ही होते हैं। अपनी अनुभूति के अनुसार वह प्रकृति के रंगों में अपनी कल्पनाओं के रंग उड़ेल देते हैं। उन रंगों से तैयार होता है, प्रकृति का एक ऐसा नया रंग जिसमें इंसानी जज्बात मिले होते हैं। उनके चित्रों में इंसानी उत्साह, ऊर्जा व सपनों के अक्स दिखाई देते हैं।
उनके अनुसार हर प्रदर्शनी चित्रकार का उत्साह बढ़ाती है। यही उत्साह उन्हें हर बार मजबूर करता है कि वह अपने चारों तरफ के वातावरण के बारे में नए सिरे से सोचें और कल्पनाओं से उसमें अभिव्यक्तियों के नए रंग भर दे ।

सैनी स्कूल की अध्यापिका सेवानिवृत्त

सैनी सोसायटी में हुआ विदाई समारोह

सतबीर सैनी

रोहतक। सैनी गल्र्ज हाई स्कूल में 35 सालों तक अपनी सेवाएं देने के बाद जे.बी.टी. अध्यापिका लक्ष्मी देवी विगत 30 नवम्बर को सेवानिवृत्त हो गई। उनकी सेवानिवृत्त पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें सैनी सोसायटी के प्रधान विजय सैनी व अन्य पदाधिकारियों ने उनके द्वारा निभाई गई जिम्मेवारीपूर्ण सेवाओं की जमकर प्रशंसा करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी।

सड़क हादसे में सैनी मित्रों की दर्दनाक मौत

ग्रामीणों ने कई घंटे किया रोड जाम

चिड़ावा (राजस्थान)। चिडावा-झुंझुनूं मार्ग पर आकावाली ढाणी के समीप विगत 24 नवम्बर की देर शाम एक निजी बस ने स्कूटर पर सवार दो दोस्तों आकावाली ढाणी निवासी मनोज सैनी पुत्र रामचन्द्र सैनी व नरेन्द्र सैनी उर्फ पिंटू पुत्र बजरंगलाल को कुचल दिया, जिससे दोनों ने ही मौके पर दम तोड़ दिया।
घटना के वक्त दोनों चिड़ावा से अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वे ढाणी के समीप पहुंचे तो सामने से आ रही एक निजी बस के चालक ने बस को स्कूटर पर चढ़ा दिया। बस की गति इतनी तेज थी कि स्कूटर व दोनों सवार बस के नीचे घुस गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आस-पास के लोग मदद को दौड़कर आए। स्कूटर सवार युवकों को बडी मुश्किल से बस के नीचे से बाहर निकाला। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया लेकिन बस चालक मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सडक पर पत्थर, टायर आदि सामान डालकर रास्ता जाम कर दिया और सडक पर आग जला दी। साथ ही उन्होंने आकावाली वाली ढाणी में दो ब्रेकर बनाने व अवरोध लगाने की मांग की। जाम की सूचना पाकर पुलिस उपाधीक्षक सुरेश कुमार खींची व थानाधिकारी रामदेव सिंह मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण नहीं माने तथा सड़क पर पत्थर आदि डालकर जाम जारी रखा तथा सड़क के बीचों बीच अलाव तापते रहे।
हालांकि पुलिस ने ग्रामीणों की मांग को मानते हुए अगली सुबह ही ब्रेकर निर्माण करने आश्वासन दिया लेकिन इसके बावजूद कुछ ग्रामीणों ने यह कहकर रास्ता जाम किए रखा कि ब्रेकर निर्माण का कार्य तुरन्त शुरू किया जाए तथा झुंझुनूं बीड में लगे अवरोधकों की तरह यहां भी अवरोधक लगाए जाएं। इसके साथ-साथ तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। रात दस बजे के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।

लुगदी के टैंक में मिला सुभाष सैनी का शव

अलवर। एमआईए थाना क्षेत्र स्थित एक पेपर मिल में फैक्ट्री सुपरवाइजर हसन खां मेवात नगर निवासी सुभाष सैनी (38) पुत्र श्योनारायण सैनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने फैक्ट्री स्थित कागज की लुगदी के टैंक से उसका शव बरामद किया। मृतक के परिजनों ने घटना के बाद फैक्ट्री में हंगामा कर दिया और प्रबंधन पर हत्या का आरोप जड़ दिया। थानाधिकारी ओंकारमल गुर्जर ने बताया कि सुभाष सैनी एमआईए स्थित नृसिंह पेपर मिल में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। मंगलवार को सुभाष की ड्यूटी रात 11 से सुबह 8 बजे तक थी। घटना वाले दिन की सुबह फैक्ट्री प्रबंधन ने उसकी मौत की सूचना दी। सुभाष की मौत की सूचना मिलते ही परिजन फैक्ट्री पहुंच गए और परिसर में हंगामा किया। पुलिस ने समझा-बुझा कर मामले को शांत किया। परिजनों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर सुभाष की हत्या का आरोप लगाते हुए बताया कि सुभाष के शव पर चोट व जलने के निशान मिले हैं। शव पर कपड़े भी नहीं थे। मृतक की मोटरसाइकिल फैक्ट्री में खड़ी थी तथा चाबी फैक्ट्री के श्रमिक के पास मिली। सुभाष ने पांच-छह दिन पहले फैक्ट्री अधिकारियों द्वारा नाजायज परेशान करने की बात परिजनों को कही थी। उसने कहा था कि वह फैक्ट्री से नौकरी छोड़ देगा।

प्रापर्टी डीलर संजय सैनी की गोली मारकर हत्या

ढंडेरी ख्वाजगीपुर गांव के ट्यूबवैल के पास मिला शव व बाइक
रुड़की (हरिद्वार)। ढंडेरी ख्वाजगीपुर के प्रापर्टी डीलर संजय सैनी उर्फ गांधी पुत्र तेजपाल सैनी की 22 नवम्बर की रात को गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने गांव के एक ट्यूबवेल के पास से उसका शव व बाइक बरामद की। पुलिस ने इस मामले में प्रापर्टी डीलर के तीन जानकारों को हिरासत में लिया है।
घटनाक्रम के अनुसार संजय गांधी दिल्ली-हरिद्वार राजमार्ग पर बढेड़ी स्थित उक्रांद के कार्यालय में गया था। रात करीब आठ बजे संजय ने अपनी पत्नी को फोन पर कहा कि वह बढेड़ी से चल चुका है तथा करीब बीस मिनट बाद घर पहुंच जाएगा। रात्रि नौ बजे तक भी संजय के घर न पहुंचने पर उसकी पत्नी ने संजय के फोन पर कॉल की, लेकिन फोन रिसीव नहीं किया गया। इसके अलावा दूसरा फोन स्विच आफ आया।
इस पर संजय के परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिवार के लोग रात में ही बढेड़ी पहुंचे, जहां पर उन्हें बताया गया कि संजय तो बाइक पर यहां से निकल चुका है। रातभर की खोजबीन के बाद संजय का पता नहीं चला। सुबह जब लोग अपने खेतों में जा रहे थे तो ट्यूबवेल के समीप ही संजय का शव तथा बाइक पड़ी थी। इस पर ग्रामीणों ने संजय के परिजनों तथा सिविल लाइन कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक डीएस भंडारी पुलिस फोर्स को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। संजय की कनपटी पर गोली का निशान था। बाद में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि संजय प्रापर्टी डीलिंग का काम करता था और कुछ समय पूर्व ही उक्रांद का सदस्य बना था। वह अक्सर बढेड़ी स्थित उक्रांद के कार्यालय पर जाता था, जहां से वह शाम को लौट आता था। घटना वाले दिन भी संजय हरिद्वार की ओर गया था। उसके साथ उक्रांद का ही बलराज नाम का कोई व्यक्ति भी आया था। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस ने इस सम्बंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तथा कुछ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

बेटियों ने निभाया बेटे का फर्ज

अमृतसर। यह उन लोगों के लिए एक संदेश है, जो बेटों के लिए भू्रण में ही कन्या की हत्या करवा देते हैं। बदल रही जीवन शैली में रूढ़ीवादी परंपरा को पीछे छोड़ उच्च शिक्षा प्राप्त दो बेटियों ने समाज के सभी बंधनों को तोड़ते हुए अपने पिता दीनानाथ सैनी की चिता को मुखाग्नि देकर मिसाल कायम की है।
जलियांवाला बाग के निकट स्थित हलवाई की दुकान करने वाले दीनानाथ सैनी की मृत्यु लंबी बीमारी के बाद हो गयी। उनका एक बेटा डा. विजय सैनी व दो बेटियां डा. अनीता सैनी व सुनीता सैनी हैं। उनके बेटे की मौत 12 वर्ष पूर्व एक सड़क दुर्घटना में हो गई थी। पिता की मौत पर दोनों बेटियों ने चाटीविंड स्थित श्मशान घाट में बाप की चिता को मुखाग्नि दी। सिख धर्म के अनुसार दीनानाथ को मुखाग्नि देने से पहले अरदासी सिंह ने अरदास की।

चेचक से सैनी परिवार के दो बच्चों की मौत

महेश सैनी

सहारनपुर। रामपुर मनिहारान के गंगाराम कस्बे में एक परिवार में चेचक के कारण दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि परिवार की ही एक लड़की भी चपेट में है। मोहल्ले में इन मौतों से जहां दहशत का माहौल है, वहीं इससे स्वास्थ्य विभाग के उन दावों की पोल खुल गई है जिसमें यह कहा गया था कि चेचक पर अब पूरी तरह से नियंत्रण पाया जा चुका है। हैरानी की बात है कि इन दो मौतों के बावजूद स्वास्थ्य विभाग का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
मोहल्ला गंगाराम निवासी राजेश सैनी के 9 वर्षीय पुत्र गौरव की विगत 9 नंवबर व पुत्री ज्योति की विगत 10 नवंबर को चेचक की चपेट में आने से मौत हो गई। इसके अलावा राजेश सैनी के बड़े भाई देवेंद्र सैनी की 14 वर्षीय पुत्री रितु भी चेचक की चपेट में आ गई। इतना ही नहीं राजेश भी संक्रामक बीमारी की चपेट में है, जो मेरठ के किसी अस्पताल में भर्ती है।
स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक वीके गुप्ता का कहना है कि मामला प्रकाश में आने के बाद से स्वास्थ्य विभाग हरकत में है और इसकी जांच के लिए विभाग की टीम को सूचित कर दिया गया है जो सम्पूर्ण मामले का निरीक्षण कर इसके रोकथाम के उपाय बताएगी। उन्होंने बताया कि यह बीमारी संक्रमण है। खांसते व छींकते समय मुंह पर रुमाल रखना चाहिए। संक्रमण हाथ मिलाने से भी होता है।

संक्षिप्त समाचार

सिलेंडर में आग लगने से पूरण सैनी झुलसा


टोड़ाभीम। खांदडा पाडा में सब्जी मंडी के समीप एक चाय की दुकान में 21 नवम्बर की शाम सिलेंडर में आग लगने से दुकानदार पूरण सैनी (34) झुलस गया। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदार पूरण सैनी शाम को चाय बना रहा था, तभी गैस रिसाव होने से सिलेण्डर ने आग पकड ली। लोगों ने तुरत-फुरत आग पर काबू पाया। हालांकि इस दौरान पूरण झुलस गया, जिसे चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया है।

सैनी स्कूल में हुई इंग्लिश रीडिग स्पर्धा

रेवाड़ी। बच्चों में आत्मिक विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य को लेकर सैनी पब्लिक स्कूल में 21 नवम्बर को इंग्लिश रीडिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विजेता प्रतिभागियों को प्राचार्य रूप रेखा पुरस्कृत करेंगी। पाचवीं कक्षा की प्रतियोगिता में विधि, चौथी कक्षा में गौरव व तीसरी कक्षा में रोहन ने प्रथम स्थान हासिल किया। दूसरी कक्षा में ख्याति, देवेन व सलोनी ने तथा पहली कक्षा में हर्षल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त प्री-प्राइमरी ग्रुप में केजी में रीतिका तथा नर्सरी में सुमित, अंकिता, तुषार, दीपेश, दीपाशी, शिवम, दीक्षा, अंकुश व अक्षित प्रथम रहे।

श्रीराम सैनी शिक्षक संघ के अध्यक्ष नियुक्त

झुंझुनूं। बड़ागांव के श्रीराम सैनी को दिल्ली प्राथमिक शिक्षक संघ का सदर पहाडग़ंज क्षेत्र, दिल्ली का अध्यक्ष नियुक्त किया है। श्रीराम सैनी श्रेष्ठ अध्यापक व दिल्ली निगम अवार्ड से सम्मानित हो चुके हें।

नृत्य स्पर्धा में छाए सैनी स्कूल के बच्चे

कुरुक्षेत्र। जिला बाल कल्याण परिषद की ओर से बाल भवन में आयोजित समूह नृत्य प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में सैनी पब्लिक स्कूल कुरुक्षेत्र के विद्यार्थियों ने अपने सराहनीय प्रदर्शन से प्रथम स्थान प्राप्त किया।

जागृति मंच ने लगाया रक्तदान शिविर

होशियारपुर। सैनी जागृति मंच के अध्यक्ष कुलवंत सिंह सैनी ने शहीद करतार सिंह सराभा के शहीदी दिवस के अवसर पर मंच की तरफ से शहीदों को श्रद्धांजलि स्वरूप रक्तदान किया। उन्होंने शहीदों को समर्पित 50वीं बार रक्तदान किया। इस मौके पर कुलवंत सैनी ने कहा कि हर शख्स को रक्तदान को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
मंच के संस्थापक संदीप सैनी ने कहा कि कुलवंत सैनी के इस कदम से पूरी बिरादरी का मान बढ़ा है। उन्होंने शहीद करतार सिंह सराभा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे सच्चे देशभक्त थे। इस मौके पर शक्ति सिंह सैनी, जसवीर सैनी, अवतार सैनी, प्रेम सैनी, जसविंदर सैनी, यशपाल सैनी, अशोक सैनी, संतोष सैनी, संसार सैनी, केएस भट्टी, एडवोकेट सुच्चा सिंह समेत अन्य गणमान्य मौजूद थे।

कैलाशो सैनी से मिलीं स्वयंसेविकाएं

प्रेम सैनी
 
कुरुक्षेत्र। सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत कार्यरत स्वयं सेविकाओं को अप्रैल 2008 से दिसंबर 2008 तक का मानदेय देने की मांग को लेकर स्वयं सेविकाओं ने कांग्रेस नेत्री कैलाशो सैनी को ज्ञापन सौंपा। बेरोजगार एकता दल की महासचिव रीना ने कांग्रेस नेत्री को बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा सर्व शिक्षा अभियान के तहत वैकल्पिक विद्यालय खोले गए थे, जो दिसंबर 2008 के बाद बंद कर दिया गए थे। इनमें नियुक्त स्वयं सेविकाओं को अप्रैल 2008 से लेकर दिसंबर 2008 तक वेतन नहीं दिया गया। इस समय के बीच यह आश्वासन देकर स्वयं सेविकाओं से काम वापस लिया गया कि बजट नहीं है। जैसे ही बजट होगा, एक मुश्त पूर्ण भुगतान कर दिया जाएगा, लेकिन दिसंबर 2008 के बाद आज तक वेतन का भुगतान नहीं किया गया। कैलाशो सैनी ने स्वयंसेविकाओं को उनका मानदेय दिलवाने का भरोसा दिलवाया है।

शुक्रवार, नवंबर 06, 2009

15 में से केवल एक ही सीट पर मिली जीत

हरियाणा विधानसभा चुनाव में सैनी समाज का सूरत-ए-हाल

राजेन्द्र सैनी / समाचार सम्पादक

चंडीगढ़। हाल ही में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनाव में विभिन्न राजनैतिक पार्टियों की 15 टिकटों पर ताल ठोंकने वाले सैनी समाज के नेताओं में से महज एक ही चुनाव जीतने में कामयाब हो पाया। दो सीटों पर जहां सैनी नेताओं ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर दी, वहीं अन्य स्थानों पर वे कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाए।
सैनी समाज को इकलौती जीत का तोहफा रादौर (यमुनानगर) से इंडियन नेशनल लोकदल प्रत्याशी डा. बिशन लाल सैनी ने दिया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के सुरेश कुमार को 4,395 वोटों के अंतर से पराजित किया। डा. सैनी को जहां 29,593 वोट मिले, वहीं सुरेश कुमार 25,198 वोट ही ले पाए। इस चुनाव में नारनौल व लाड़वा दो ऐसी सीटें रहीं, जिसमें सैनी नेताओं को कड़े मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। नारनौल से इनेलो प्रत्याशी भानाराम सैनी जहां हरियाणा जनहित कांग्रेस के राव नरेंद्र से 3,392 वोटों से चुनाव हार गए, वहीं लाड़वा से कैलाशो सैनी को 2,505 वोटों से नाकामयाबी हाथ लगी। भानाराम सैनी को 21,619 जबकि कैलाशो को 30,000 वोट मिले। दोनों ही सीटों पर सैनी समाज से एक अन्य प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में उतरा था। नारनौल से नौंवे स्थान पर रहे सूबेदार पुरुषोत्तम सैनी को महज 1,209 मत मिले जबकि लाड़वा से बसपा की शशि सैनी 9,617 वोटों के साथ पांचवें स्थान पर रही।
इसी तरह पेहवा कुरुक्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बलबीर सैनी ने भी यहां से चुनाव जीतने वाले कांग्रेस के हरमोहिंदर सिंह च_ा को कड़ी टक्कर दी। वे 19,260 वोट लेकर चुनावी जंग में तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा अम्बाला सिटी से हजकां प्रत्याशी पूर्ण प्रकाश सैनी 2,736 वोटों ंके साथ पांचवें स्थान तथा हांसी से भाजपा टिकट पर चुनाव लडऩे वाले मामन सैनी भी 6,165 मत लेकर पांचवें स्थान पर रहे। हिसार सीट से दो सैनी नेता चुनाव मैदान में थे। इस सीट पर हजकां प्रत्याशी रामनिवास राड़ा सैनी 14,435 वोटों सहित तीसरे जबकि भाजपा प्रत्याशी रवि सैनी 2,594 मत लेकर पांचवें स्थान पर रहे। जींद से बसपा टिकट पर चुनाव लड़े रमेश सैनी 11,010 वोटों सहित चौथे तथा इसी जिले की जुलाना सीट से भाजपा प्रत्याशी जवाहर सैनी 2,508 वोट लेकर पांचवें स्थान पर रहे। गोहाना से भाजपा प्रत्याशी के तौर पर चुनावी दंगल में उतरे नत्था सैनी 7,234 वोटों के साथ चौथे, नारायणगढ़ से भाजपा प्रत्याशी नायब सिंह सैनी 8,082 वोट लेकर पांचवें तथा रोहतक से बसपा टिकट पर ताल ठोंकने वाले फौजी बलवान सैनी महज 2,526 वोटों के साथ चौथे स्थान पर रहे।

ना खुदा ही मिला ना विसाले सनम

चन्द्रप्रकाश सैनी
प्रधान सम्पादक


इस विधानसभा चुनाव में सभी राजनैतिक दलों ने सैनी समाज के नेताओं को अपनी टिकटें देकर जो भरोसा दिखाया था, महज एक को छोड़कर अन्य सभी प्रत्याशी इस भरोसे को कायम रखने में नाकामयाब रहे हैं। चुनाव परिणामों ने सैनी प्रत्याशियों की जो हालत बयां की है, वह ना खुदा ही मिला ना विशाले सनम जैसी स्थिति से कम नहीं है क्योंकि इन चुनावों में हम न तो उन सीटों को जीत पाने में कामयाब हो पाए, जहां वोटों के लिहाज से हम काफी मजबूत स्थिति में थे और न ही हम राजनैतिक दलों को अपनी ताकत का अहसास करवा पाए। सैनी समाज को शुक्रगुजार होना चाहिए डा. बिशन लाल सैनी का, जिन्होंने अपने दम पर चुनावी वैतरणी को पार लगाकर विधानसभा में सैनी समाज को प्रतिनिधित्व दिलवाया अन्यथा जिन लाड़वा व नारनौल की दो सीटों पर हम अपनी जीत तय मानकर चल रहे थे, वहां अपनी ही बिरादरी के अन्य प्रत्याशियों ने उन्हें हरवाने में अहम भूमिका निभाई। लाड़वा से कांग्रेस प्रत्याशी कैलाशो सैनी को 2,505 मतों के अंतर से हार का मुहं देखना पड़ा जबकि इसी सीट पर चुनाव लड़ रही बसपा प्रत्याशी शशि सैनी ने 9,617 वोट लेकर कैलाशो की हार का मार्ग प्रशस्त्र किया। इसी तरह नारनौल से इनेलो टिकट पर 3,392 वोटों से पराजित हुए भानाराम सैनी भी जीत दर्ज कर सकते थे, यदि उन्हें सैनी समाज का सम्पूर्ण समर्थन मिला होता। यहां से भी सैनी समाज के एक अन्य प्रत्याशी पुरुषोत्तम सैनी बसपा टिकट पर चुनाव मैदान में थे।
अगर अन्य सीटों की बात की जाए तो वहां सैनी नेताओं के लिए जीत के अनुकूल स्थिति थी ही नहीं, इसलिए उन सीटों पर हारने की वजह या तो स्वयं प्रत्याशी की व्यक्तिगत छवि जिम्मेवार रही या फिर वह पार्टी, जिसकी टिकट पर वे चुनावी मैदान में ताल ठोंक रहे थे।

समाजसेवी ईश्वर सैनी का आकस्मिक निधन



रोहतक। सैनी बी.एड कालेज की गवर्निंग बॉडी के सदस्य एवं समाजसेवी ईश्वर सैनी वासी चुन्नीपुरा का 24 अक्तूबर की तड़के पीजीआईएमएस में आकस्मिक निधन हो गया। वे 59 वर्ष के थे और अपने पीछे चार पुत्र छोड़ गए। ईश्वर सिंह को सांस लेने में आ रही दिक्कत के चलते 23 अक्तूबर की रात को पीजीआई के आपातकालीन कक्ष में भर्ती करवाया गया था। जहां बाद में उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिकू में स्थानांतरित कर दिया गया था। 24 अक्तूबर की सुबह उनका असामयिक निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार गोहाना रोड स्थित शमशान घाट में किया गया और उनकी अंतिम यात्रा में सैनी एजूकेशन सोसायटी के समस्त पदाधिकारी व सदस्यों समेत शहर के गणमान्य लोग शामिल हुए।
ईश्वर सिंह एक साल पूर्व ही सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हुए थे और तभी से उन्होंने अपना जीवन समाजसेवा में समर्पित कर रखा था। ईश्वर सिंह के आकस्मिक निधन पर सैनी एजूकेशन सोसायटी के प्रधान विजय सैनी समेत अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे सैनी सोसायटी के लिए इसे अपूर्णयीय क्षति बताया है।

विजय सैनी के कार्यक्रम में पहुंचे दीपेंद्र हुड्डा

जोगेंद्र सैनी

रोहतक। सैनी एजूकेशन सोसायटी के अध्यक्ष विजय सैनी द्वारा रोहतक से कांगे्रस प्रत्याशी भारत भूषण बतरा के समर्थन में सैनीपुरा में आयोजित की गई चुनावी सभा में उस समय चार-चांद लग गए जब स्वयं युवा सांसद दीपेंद्र हुड्डा न केवल सभा स्थल पर पहुंचे, बल्कि कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ के लिए उन्होंने विजय सैनी को भी बधाई दी। इस चुनावी सभा को सफल बताते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इस कार्यक्रम में आया भारी जनसमूह इस बात का संकेत हैं कि सम्पूर्ण सैनी समाज कांग्रेस प्रत्याशी बतरा के साथ है और उनके पक्ष में वोट डालकर उन्हें भारी मतों से जीत दिलवाएगा। साथ ही विजय सैनी एवं उनकी युवा टीम की प्रशंसा करते हुए युवा सांसद ने कहा कि सैनी एजूकेशन सोसायटी में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए विजय सैनी व उसकी टीम निसंदेह बधाई की पात्र है। इस अवसर पर कांग्रेस प्रत्याशी बतरा ने कहा कि सैनी समाज से उन्हें शुरू से लगाव है और यदि वे चुनाव जीतते हैं तो इस समाज के विकास में अहम योगदान देंगे।

लोगों को सम्बोधित करते सांसद दीपेंद्र हुड्डा व विधायक बतरा के बीच खड़े हैं सैनी संस्था के प्रधान विजय सैनी।

हवन के साथ सैनी बी.एड कालेज का सत्र शुरू

 सोह्म मंदिर के महंत अमरानंद महाराज ने डाली मुख्य आहूति

महेंद्र तोंदवाल / कार्यकारी सम्पादक

रोहतक। सैनी एजूकेशन सोसायटी द्वारा संचालित सैनी गल्र्ज बी.एड कालेज के दूसरे शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ विगत 4 अक्तूबर को हवन-यज्ञ के साथ हुआ। यह हवन बी.एड कालेज की नवनिर्मित बिल्डिंग में किया गया, जिसमें मुख्य आहूति सोह्म मंदिर के महंत स्वामी अमरानंद महाराज व सैनी एजूकेशन सोसायटी के अध्यक्ष विजय सैनी ने संयुक्त रूप से डाली।
इस अवसर पर उपस्थितजनों को सम्बोधित करते हुए स्वामी अमरानंद ने कहा कि यह सम्पूर्ण सैनी समाज के लिए हर्ष का विषय है कि उनकी बिरादरी का पहला बी.एड कालेज सैनी सोसायटी के प्रधान विजय सैनी के नेतृत्व में नए आयाम स्थापित कर रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि सोसायटी की युवा मैनेजमैंट द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए सैनी समाज के लोगों को उनकी हरसंभव मदद करनी चाहिए। सोसायटी के प्रधान विजय सैनी ने कहा कि पहले ही शैक्षणिक सत्र में सैनी बी.एड कालेज ने इतनी ख्याति अर्जित की है कि इस बार वह प्रदेश के उन प्रतिष्ठित कालेजों की श्रेणी में शुमार हो गया, जिनकी सभी सीटें पहले ही राऊंड में भरी गई। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य अब सैनी लॉ कालेज व गल्र्ज डिग्री कालेज खोलना है। हवन में प्रेम सिंह सैनी, दयाकिशन सैनी, ओमप्रकाश आर्य, महिपाल सिंह, सतपाल सैनी, सुभाष सैनी, रोहतास आर्य, किशन सिंह कोच, रामेश्वर सैनी, सूरजभान सैनी, देवी सिंह, ईश्वर सिंह, विनोद सैनी, जिले सिंह, सुरेश सैनी आदि सहित सैनी बिरादरी के अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।

दुकान में लगी आग, लाखों का नुकसान

पूंडरी। कस्बे के हाबड़ी मोड़ स्थित हलवाई की दुकान में आग लगने से लाखों रुपयों का सामान जल गया। इस बारे में सैनी स्वीट्स के मालिक रघुबीर सैनी ने पुलिस को बताया कि रात को दुकान बंद करके वह घर चला गया था। रात्रि करीब दो बजे मार्केट के दुकानदार ने सूचना दी कि उनकी दुकान में आग लग गई है।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे लोगों ने ही इस आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दुकान में रखे तीन फ्रिज, कंप्यूटर, मिक्सी व जूसर समेत दुकान में रखा अन्य काफी सामान जल गया था। आग लगने के पीछे कौन से कारण जिम्मेवार रहे, इस बात का पता नहीं चल पाया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

भाजपा नेता बलबीर सैनी के खिलाफ केस दर्ज

प्रेम सैनी
कुरुक्षेत्र। पिहोवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा टिकट पर चुनाव लडऩे वाले बलबीर सैनी के खिलाफ कांग्रेस के एजेंट के साथ मारपीट करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह केस चुनाव अधिकारी संजीव आहूजा की शिकायत पर दर्ज किया है। जिसमें कहा गया है कि भाजपा प्रत्याशी बलबीर सैनी ने बूथ नंबर-86 के अंदर बैठे काग्रेस के एजेंट राजेश गर्ग के साथ हाथापाई व बदसलूकी की। भाजपा प्रत्याशी ने गुस्से में आकर राजेश पर कुर्सी भी फेंककर मारी, जिससे कुर्सी टूट गई। बूथ के अंदर हुई मारपीट की इस घटना के बाद कुछ देर के लिए मतदान रोकना पड़ा, जिससे कतार में खड़े मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। तदोपरांत सूचना पाकर पुलिस मौक पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत करवाने के बाद फिर से पोलिंग शुरू करवाई। उधर, भाजपा प्रत्याशी बलबीर सैनी का कहना है कि ऐसा कुछ नहीं हुआ। बूथ पर बैठे उनके एजेंट ने उन्हे सूचना दी थी कि एक अन्य पार्टी का एजेंट उन्हे तंग कर रहा है। वे वहां पर अपने एजेंट से बातचीत करने गए थे और उनके खिलाफ साजिश रचकर झूठा मामला दर्ज करा दिया गया।

मंत्री रामकिशोर सैनी की गाड़ी पर पथराव

एक युवक की मौत के विरोध में ग्रामीणों ने कर रखा था रोड जाम
जयपुर। आगरा रोड स्थित बस्सी इलाके में बांसखो रेलवे फाटक के पास लगे जाम में फंसे जेल राज्यमंत्री रामकिशोर सैनी की गाड़ी पर कुछ युवकों ने पथराव कर दिया। जिससे उनकी सरकारी गाड़ी का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
मंत्री के कार चालक ने बस्सी थाने में अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। जानकारी के मुताबिक बांसखो फाटक के पास रात करीब 9 बजे कार की टक्कर से बाइक सवार दौसा निवासी महेंद्र (24) की घटनास्थल पर ही मौत होने तथा दूसरे युवक चंद्रभान (30) के अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोडऩे से ग्रामीण भड़के हुए थे। उन्होंने महेंद्र का शव सड़क पर रखकर जाम लगा रखा था। मौके पर दल-बल के साथ पहुंचे थानाधिकारी लोगों को समझा रहे थे। इस बीच, दौसा से जयपुर लौट रहे राज्यमंत्री सैनी की कार वहां पहुंच गई। उनके चालक ने सायरन बजाकर गाड़ी निकालने की कोशिश की तो ग्रामीण भड़क गए। भीड़ में से कुछ युवकों ने पथराव शुरू कर दिया। इससे मंत्री की कार के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ ने कार में धक्का-मुक्की भी की। पुलिस ने हलका बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया और मंत्री की गाड़ी को वहां से निकाला। पथराव की सूचना पर एसपी ग्रामीण विपिन कुमार पांडे भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद इस सम्बंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

सचिन सैनी ने अपनाया लावारिश बच्चे को

रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। गोचर कृषि इंटर कालेज के गेट पर लावारिश मिले नवजात शिशु को आखिरकार मां की ममता की छाया मिल ही गई। कस्बे के ही एक सैनी परिवार ने शिशु को अपना लिया है। गोचर कृषि इंटर कालेज के प्रवक्ता ब्रह्मपाल सिंह को यह नवजात बच्ची मिली थी, जिसे वे घर ले आए थे। इस समाचार को विभिन्न अखबारों द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इसके बाद ही जिलेभर से नवजात को लेकर पालन पोषण करने के फोन आए, लेकिन समाज सेवी प्रदीप चौधरी के प्रयास से कस्बे के ही बाईपास पर रहने वाले सचिन सैनी पुत्र कर्म सिंह ने शिशु को अपना लिया। उनके कोई बच्चा नहीं था। इस लावारिश शिशु को अपनाकर सचिन व उनकी पत्नी फूले नहीं समा रहे थे। उन्होंने कहा कि वह उसके लालन पालन में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। सचिन के इस कदम की कस्बे वासियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की है।

मौसेरे भाई व उसके दोस्त की हत्या

बिजनौर (उत्तरप्रदेश)। आपसी विवाद के चलते जिले के गांव मंझौला-बिल्लौच में एक युवक ने अपने भाइयों के साथ मिलकर कथित तौर पर अपने मौसेरे भाई व उसके दोस्त को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह फायरिंग करते हुए घटना स्थल से फरार हो गया। घटना से गांव में दहशत व्याप्त हो गई।
शिवाला कलां थानांतर्गत ग्राम मंझौला बिल्लौच निवासी अमर सैनी पर पुलिस ने गुंडा एक्ट लगाया था। इस मामले में जमानत नहीं कराने पर अमर सैनी का अपने मौसेरे भाई महेन्द्र सैनी से विवाद चल रहा था। परिजनों के अनुसार घटना वाली शाम को महेन्द्र सैनी ने इसी विवाद का फैसला करने के बहाने अमर सैनी को अपने घर बुलवाया। अमर सैनी के साथ उसका दोस्त थाना नूरपुर के ग्राम हसुपुरा निवासी चन्द्रप्रकाश भी महेन्द्र के घर पहुंच गये।
आरोप हैं कि महेन्द्र सैनी ने अपने अन्य भाइयों के साथ मिलकर अमर सैनी को गोली मारकर तथा उसके दोस्त चंद्रप्रकाश को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। दोनों की हत्या करने के बाद आरोपी फायरिंग करते हुए फरार हो गये। दोहरे हत्याकांड की सूचना से थाना पुलिस में हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार ने आला अधिकारियों को घटना से अवगत कराकर मौके पर पहुंचे। उधर, सूचना पाकर अपर पुलिस अधीक्षक डा. अनिल मिश्रा, सीओ कमलेश दीक्षित भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। पुलिस ने शवों के पास से . 315 बोर की राइफल तथा 12 बोर की टूटी बंदूक लोडेड हालत में बरामद की। पुलिस ने मृतक अमर के भाई धरम ंिसंह सैनी की तहरीर पर महेन्द्र व उसके भाई पप्पू उर्फ पतराम, उमेश एवं बब्बू, महेश, कैलाश, मदन, छुट्टन एवं पितांबर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी महेन्द्र व उसके भाई उमेश को गिरफ्तार करने का दावा किया है। सीओ कमलेश दीक्षित ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक गांव में पुलिस बल तैनात रहेगा। पीडि़त परिवार के सदस्यों की सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
यहां बता दें दो माह पूर्व अमर सैनी ने अपने पड़ोस में रहने वाले मौसेरे भाई महेन्द्र से अपने ऊपर चल रहे गुंडा एक्ट के मामले में जमानत लेने को कहा था। महेन्द्र के मना करने पर अमर सैनी उससे रंजिश रखने लगा। इस रंजिश को लेकर दोनों के बीच कई बार गाली-गलौज तथा गोलियां भी चली।

बिजनौर से अगवा बच्चे को अमृतसर छोड़ा

धामपुर (बिजनौर)। गांव नौंरगाबाद निवासी 12 वर्षीय बालक को दो बदमाश अगुवा कर अमृतसर ले गए। वहां किसी तरह बदमाशों के चंगुल से छूटे बालक ने अमृतसर रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक पीसीओ से परिजनों को मोबाइल पर घटना की जानकारी दी।
जानकारी के मुताबिक ग्राम नौंरगाबाद वासी सुमित सैनी पुत्र स्व. वीरेन्द्र सैनी शाम छह बजे किसी कार्य से धामपुर गांव आया था, लेकिन देर रात तक वापस घर नहीं लौटा। इससे चिंतित परिजन अगली सुबह बालक की गुमशुदगी दर्ज कराने कोतवाली पहुंचे। इसी बीच वीरेन्द्र सैनी की पुत्री प्रिया सैनी के मोबाइल पर सुमित का फोन आया। उसने अमृतसर रेलवे स्टेशन के पास स्थित पीसीओ से फोन करने की जानकारी देते हुए बताया कि दो बदमाश उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर अमृतसर ले आए हैं। होश में आने पर वह किसी तरह उनके चंगुल से निकल आया। प्रिया व अन्य परिजनों से मामले की जानकारी सुनकर कोतवाली प्रभारी इन्द्रपाल शर्मा ने अमृतसर जीआरपी थानाध्यक्ष से मोबाइल पर संपर्क कर बालक को पीसीओ से लाकर अपनी सुपुर्दगी में लेने का अनुरोध किया। साथ ही बालक के परिजनों के साथ सिपाही विपिन कुमार को अमृतसर रवाना कर दिया।

आखिरकार लावारिश शिशु को मिली ममता की छाया

सचिन सैनी ने अपनाया लावारिश बच्चे को
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। गोचर कृषि इंटर कालेज के गेट पर लावारिश मिले नवजात शिशु को आखिरकार मां की ममता की छाया मिल ही गई। कस्बे के ही एक सैनी परिवार ने शिशु को अपना लिया है। गोचर कृषि इंटर कालेज के प्रवक्ता ब्रह्मपाल सिंह को यह नवजात बच्ची मिली थी, जिसे वे घर ले आए थे। इस समाचार को विभिन्न अखबारों द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इसके बाद ही जिलेभर से नवजात को लेकर पालन पोषण करने के फोन आए, लेकिन समाज सेवी प्रदीप चौधरी के प्रयास से कस्बे के ही बाईपास पर रहने वाले सचिन सैनी पुत्र कर्म सिंह ने शिशु को अपना लिया। उनके कोई बच्चा नहीं था। इस लावारिश शिशु को अपनाकर सचिन व उनकी पत्नी फूले नहीं समा रहे थे। उन्होंने कहा कि वह उसके लालन पालन में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। सचिन के इस कदम की कस्बे वासियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की है।

अधिकार पाने के लिए संगठित होना जरूरी

सैनी समाज संस्था तथा महात्मा ज्योतिबा फुले विकास समिति के तत्वावधान में हुआ सैनी महासम्मेलन

लक्ष्मणगढ़ (राजस्थान)। संगठित समाज को अपने अधिकार मांगने नहीं पड़ते, बल्कि उसे अपने आप ही मिल जाते हैं। सैनी समाज के लिए भी अपने सामाजिक व राजनीतिक अधिकार प्राप्त करने के लिए शिक्षित होकर संगठित होना बहुत जरूरी हैं। यह बात सैनी समाज संस्था तथा महात्मा ज्योतिबा फुले विकास समिति के तत्वावधान में आयोजित सैनी महासम्मेलन तथा सीकर जिला प्रतिभा सम्मान समारोह में मंचस्थ अतिथियों ने सैनी समाज के लोगों से आह्वान करते हुए कही।
इस समारोह के मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय व अघिकारिता तथा जेल राज्य मंत्री रामकिशोर सैनी थे, जिन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि सफलता के लिए आरक्षण की बैसाखियों का सहारा लेने के स्थान पर अपने लक्ष्य का निर्धारण कर कडी मेहनत करें। साथ ही संदेश भी दिया कि असफल होने पर नैराश्य भाव लाने के स्थान पर संयम के साथ पुन: प्रयास करें।
इस मौके पर मौजूद विधायक भगवानसहाय सैनी ने कहा कि राजनीति में समाज का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए महिला-शिक्षा को अधिकाधिक बढ़ावा देना होगा। महात्मा ज्योतिबा फुले शिक्षण संस्थान सीकर के अध्यक्ष पे्रमप्रकाश सैनी ने कहा कि राजनीतिक हलको में सैनी समाज के साथ टिकटों की मांग को लेकर हर बार अन्याय किया जाता रहा हैं जिसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाना जरूरी हैं। समारोह को राजस्थान सरकार के पशुपालन,मत्स्य विभाग व डेयरी विकास के प्रमुख शासन सचिव ओ.पी. सैनी, महात्मा ज्योतिबा फुले राष्ट्रीय संस्थान के प्रदेशाध्यक्ष मांगीलाल पंवार, राजस्थान सैनी समाज के प्रदेशाध्यक्ष चन्द्रप्रकाश देवडा, गुरुप्रज्ञा रियल मार्ट प्रा. लिमिटेड के निदेशक सुभाष सैनी ने भी संबोघित किया। इससे पहले, समाजसेवी आनंद कुमार बागडी की अध्यक्षता में हुए समारोह का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। महात्मा ज्योतिबा फुले विकास समिति के संयोजक बाबूलाल सैनी ने संगठन की गतिविधियों तथा सामाजिक प्रकल्पों की जानकारी दी।
समारोह में सैनी समाज की एक हजार से अघिक प्रतिभाओं को पुरस्कृत किया गया। भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित गंगानगर की ममता सैनी, जोधपुर के राजेश परिहार, तथा पारस सांखला, राजस्थान पुलिस सेवा में चयनित आलोक चोपदार, सीआरपीएफ में सहायक कमांडेंट के रूप में चयनित रतननगर के नरेश कुमार सैनी, मात्र 10 वर्ष की आयु में दसवीं कक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण करने वाली छात्रा दिव्या सैनी तथा दोनों हाथों को दुर्घटना में गंवाने के बाद दसवीं व बारहवीं कक्षा में 70 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र ओमप्रकाश सैनी सहित बोर्ड कक्षाओं व स्नातक स्तर पर प्रथम श्रेणी पाने वाले एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उल्लेखनीय कामयाबी प्राप्त करने वाले समाज के मेधावी युवाओं को सम्मानित किया गया।

संक्षिप्त

रणजीत सैनी का निधन

रोहतक। पैलेस विहार में रहने वाले रणजीत सैनी का 21 अक्तूबर की तड़के आकस्मिक निधन हो गया। वे 64 वर्ष के थे और अपने पीछे पत्नी, 6 लड़कियां व एक लड़के को छोड़ गए। उनका अंतिम संस्कार गोहाना रोड स्थित शमशान घाट पर किया गया। रणजीत सैनी बिजली बोर्ड से सेवानिवृत्त थे।
उनके आकस्मिक निधन पर सैनी एजूकेशन सोसायटी के अध्यक्ष विजय सैनी तथा सैनी संवाद के प्रधान सम्पादक चंद्रप्रकाश सैनी ने संवेदना व्यक्त करते हुए परमपिता परमात्मा से शोकाकुल परिवार को यह सदमा सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

सुमेर सैनी अध्यक्ष बने

अलवर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खैरथल के वरिष्ठ अध्यापक सुमेर सिंह को सर्वसम्मति से अखिल राजस्थान विद्यालय शिक्षक संघ का अध्यक्ष चुना गया है। रामस्वरूप सैनी को सह संरक्षक, जयकरण सैनी, रमेशचंद सैनी व गोपालदास सैनी को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

सूरज सैनी ने की आत्महत्या

लखनऊ। लखनऊ के तालकटोरा इलाके में रहने वाले एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया है कि 18 वर्षीय सूरज कुमार सैनी की किसी बात को लेकर अपनी मां के साथ कहासुनी हुई और उसने खुद को कमरे में बंद करके पंखे से चादर बांधकर फांसी लगा ली। पुलिस ने इस सम्बंध में आत्महत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

नारायण सैनी बने प्रसार मंत्री

अहरौरा (मीरजापुर)। अहरौरा क्षेत्र की नष्ट हो रही ऐतिहासिक धरोहरों को बचाने के लिए अहरौरा अंचल विकास समिति नामक संस्था का गठन किया गया है। जिसमें सर्वसम्मति से लक्ष्मी नारायन सैनी को प्रचार प्रसार मंत्री की जिम्मेवारी सौंपी गई है।

सवा दो लाख रुपए ठगे

झुंझुनूं। नौकरी दिलाने के नाम पर सवा दो लाख रूपए की ठगी करने का मामला खेतडी थाने में दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार बावड़ी निवासी रामकरण सैनी ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि राजपाल ने उसके भाई तथा बुआ के लडके को कर्नाटक सरकार में नौकरी दिलवाने के लिए दो लाख 25 हजार लिए थे। आरोपी ने अभी तक नौकरी भी नहीं लगवाई तथा रूपए भी नहीं लौटाए हैं।

राजेश सैनी ने करवाए लाखों के विकास कार्य


रोहतक। जिले के रिठाल फौगाट ब्लाक समिति के सदस्य राजेश सैनी अपने साढ़े चार सालों के कार्यकाल के दौरान अपने कार्यक्षेत्र में लाखों रुपए के विकास कार्य करवाने में कामयाब रहे हैं। उन्होंने बताया कि अपने कार्यकाल के दौरान न केवल उन्होंने 8,51,680 रुपए के विकास कार्य रिठाल तथा काहनी गांव में करवाएं, बल्कि एसजीआरवाई के तहत दोनों ही गांवों के कुल 88 अनूसूचित जातियों के परिवारों को सिलाई मशीन, मोटर, आटा, चक्की, मकान व साइकिल दिलवाई, जिन पर कुल मिलाकर 5,16,000 रुपए खर्च आया। राजेश का कहना है कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान हरसंभव विकास कार्य करवाने का गंभीरता से प्रयास किया है।

सैनी समाज के पूर्व सरपंच सम्मानित

राजस्थान के विभिन्न गांवों में हुए अभिनंदन समारोह

नवलगढ़ (राजस्थान)। पंचायतराज स्वर्णजयंती के उपलक्ष्य में ग्राम पंचायत बिरोल व टोडपुरा में पूर्व सरपंचों का सम्मानित करने के मकसद से अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। बिरोल में सरपंच जीवणी देवी की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में पहले सरपंच भानाराम राड़, बालूराम झाझडिया, सीताराम व नौरंगलाल सैनी का अभिनंदन किया गया। ग्रामसेवक मामराज बोयल ने पंचायत का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रहलाद राय ने सम्मानित होने वाले पूर्व सरपंचों द्वारा उनके कार्याकाल के दौरान करवाए गए कार्यों की जमकर प्रशंसा की।
ढाणिया पंचायत में हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मोहनलाल मीणा थे तथा अध्यक्षता सरपंच रामनिवास सैनी ने की। कार्यक्रम में पूर्व सरपंच नागरमल सैनी, सांवरमल सैनी व श्रीमती शांति देवी का अर्जुनराम लोछवा, रामलाल व पंच बिमला देवी ने अभिनंदन किया। पंच विनोद सैनी व पूर्व सरपंच सांवरमल सैनी ने पंचायत को आदर्श पंचायत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। ग्रामसेवक कैलाशचंद सैनी ने आभार व्यक्त किया। इसी प्रकार क्षेत्र की टोड़पुरा ग्राम पंचायत में आधा दर्जन पूर्व सरपंचों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पुलिस अघिकारी जगदीशप्रसाद मीणा मुख्य अतिथि थे। अध्यक्षता सरपंच बंशीधर मीणा ने की। जिला परिषद सदस्य ख्यालीराम गुर्जर व उपसरपंच संतोष देवी विशिष्ट अतिथि थीं।
कार्यक्रम में गांव के पहले सरपंच नोपाराम चौधरी, सहित भैरूंराम मीणा, जीवणी देवी, रामदयाल , रतनी देवी व बद्रीप्रसाद मीणा का अभिनंदन किया गया। ग्रामसेवक प्रमोद कुमार शर्मा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस मौके पर काफी ग्रामीण मौजूद थे। इसी तरह चराना गांव में भी पंचायत स्वर्ण जयंती समारोह मनाया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कनिष्ठ अभियंता हरिराम सैनी थे जबकि इस मौके पर पूर्व सरपंच परमेश्वर लाल सैनी, भूदरमल सैनी, नानूराम सैनी व सुमित्रा सैनी को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजकों ने वर्तमान सरपंचों को इन सरपंचों द्वारा अपने कार्यकाल के दौरान करवाए गए कार्यों से सीख लेने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि इनका अनुभव उनकी कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावशाली बना सकता है।

गुरुवार, अक्टूबर 15, 2009

15 सैनी नेताओं ने पार्टी टिकटों पर ठोकी चुनाव में ताल

मुद्दा : हरियाणा विधानसभा चुनाव में सैनी समाज की हिस्सेदारी का


राजेन्द्र सैनी / समाचार सम्पादक

रोहतक। हरियाणा विधानसभा चुनावों के इतिहास में शायद ऐसा पहली बार हुआ होगा जब सैनी समाज के एक दर्जन से अधिक नेता बड़ी पार्टियों के टिकट हासिल करने में कामयाब हुए हो। इसे विपक्षी पार्टियों की मजबूरी कहिए या फिर हमारे नेताओं के बुलंद हौंसले कि वे इस बार कांग्रेस को छोड़कर अन्य सभी पार्टियों को अपना महत्व दिखाने में कामयाब रहे।
जहां तक टिकटों का सवाल है तो इस बार भाजपा ने सैनी समाज को सर्वाधिक 6, बसपा ने चार तथा इनेलो व हजकां ने दो-दो नेताओं को अपना प्रत्याशी बनाया है जबकि कांग्रेस ने महज एक टिकट सैनी बिरादरी को दी है। भाजपा ने हिसार से रवि सैनी, गोहाना से नत्था सिंह सैनी, नारायणगढ़ से नायब सैनी, जुलाना से जवाहर सैनी, हांसी से मामन सैनी तथा पेहवा से बलबीर सैनी को अपनी टिकट दे उन्हें चुनावी दंगल में उतारा है। बलबीर सैनी ने पिछली दफा भी पेहवा से चुनाव लड़ा था और वह महज 3653 वोटों के अंतर से कांग्रेस से हरमोहिंदर सिंह Chattha से पराजित हो गए थे जबकि रवि सैनी, नत्था सैनी व नायब सैनी पहली दफा चुनावी दंगल में ताल ठोक रहे हैं। बसपा ने लाड़वा से शशि सैनी, जींद से रमेश सैनी, नारनौल से पुरुषोत्तम सैनी तथा रोहतक से फौजी बलवान सैनी को अपनी टिकट प्रदान की है। इनमें से Shashi Saini चुनाव ki purani खिलाड़ी हैं जबकि रमेश, पुरुषोत्तम व बलवान का यह पहला विधानसभा चुनाव है। इसी तरह इनेलो ने पूर्व विधायक डा. बिशन सिंह सैनी को रादौर तथा भानाराम सैनी को नारनौल से अपना प्रत्याशी बनाया है जबकि हजकां ने पूर्ण प्रकाश सैनी को अम्बाला सिटी तथा रामनिवास राड़ा को हिसार सीट से टिकट दी है। इसके अलावा कांग्रेस ने पूर्व सांसद कैलाशो सैनी को लाड़वा हलके से अपनी उम्मीदवार बनाया है जबकि पूर्व विधायक साहिब सिंह, पूर्व मंत्री हरि सिंह सैनी व अतर सिंह सैनी कांग्रेस टिकट हासिल करने में कामयाब नहीं हो पाए। कांग्रेस टिकट पर पिछला चुनाव हार चुके सफीदो से कर्मवीर सैनी अपनी टिकट बरकरार नहीं रख पाए।

बुधवार, अक्टूबर 14, 2009

संतोषजनक है कैलाशो सैनी को टिकट मिलना


चन्द्रप्रकाश सैनी, प्रधान सम्पादक


वर्ष 2005 में हुए विधानसभा चुनाव की तुलना में सैनी बिरादरी के नेताओं को बेशक इस बार बड़े राजनैतिक दलों के टिकट अधिक संख्या में मिले हो मगर वास्तव में हमारे नेता एक बार फिर उस कांग्रेस पार्टी पर अधिकाधिक टिकट पाने का दबाव बनाने में नाकामयाब रहे हैं, जिसके प्रत्याशियों को चुनावी लाभ मिलने की संभावना अन्य पार्टियों के प्रत्याशियों से फिलहाल अधिक नजर आ रही है क्योंकि चुनाव में किसी भी विपक्षी पार्टी का गठबंधन न होने से जहां विपक्ष पूरी तरह से बिखरा पड़ा है, वहीं उनके पास कांग्रेस के खिलाफ ऐसे गंभीर मुद्दों का भी अभाव स्पष्ट तौर पर दिखाई दे रहा है, जो उन्हें चुनावी बढ़त दिला सकें। वैसे भी कांग्रेस सरकार बनने के सवा चार साल बाद गत मई माह में हुए लोकसभा चुनावों में प्रदेश की जनता कांगे्रस को 9 सीटों पर जीत दिलवाकर उसमें फिर से अपनी आस्था व्यक्त कर चुकी है। जो यह स्पष्ट करती है कि कांगे्रस फिलहाल उस घातक एंटीइनकमबेंसी से काफी हद तक बची हुई नजर आ रही है, जो चुनावों में अच्छी-अच्छी सरकारों के छक्के छुड़ा देती है।
खैर, सैनी बिरादरी के लिए संतोष एवं खुशी की बात यह है कि कैलाशो सैनी लाड़वा से कांग्रेस टिकट हासिल करने में कामयाब रही क्योंकि कैलाशो पिछले लम्बे समय से समाज उत्थान के लिए तो काम कर ही रही है, साथ ही साथ हरियाणा के राजनैतिक पटल पर भी सैनी बिरादरी का कुशलतापूर्वक प्रतिनिधित्व कर रही है। यही वजह है कि वह दो बार लोकसभा सदस्य निर्वाचित होने में भी कामयाब रही है।
लिहाजा सैनी संवाद की समस्त टीम भारी मतों से कैलाशो की जीत की कामना करती है और लाड़वा मेंं रहने वाले सैनी समाज के सभी बाशिंदों से आह्वान करती है कि वह एकजुट होकर कैलाशो सैनी के पक्ष में अपना मत दें ताकि यह नेत्री राजनीति के शिखर तक पहुंच सकें।


सैनी संवाद अब इंटरनेट पर भी उपलब्ध

महेंद्र तोंदवाल / कार्यकारी सम्पादक

रोहतक। सैनी समाज से जुड़े उन लोगों के लिए एक अच्छी खबर है जो अपने शौक या फिर प्रोफेशनल बाउंडेशन के चलते नियमित तौर से इंटरनेट से जुड़े रहते हैं। ऐसे लोगों की इच्छा को आत्मसात करते हुए सैनी संवाद के सभी अंकों को अब इंटरनेट पर भी उपलब्ध करवा दिया गया है ताकि हिंदुस्तान के दूर-दराज क्षेत्रों के अलावा विदेशों में रह रहे सैनी बिरादरी के बाशिंदे भी घर बैठे सैनी संवाद के माध्यम से सैनी समाज में हो रही गतिविधियों से अवगत हो सके। इसके लिए बस लॉग करना होगा http://www.saini-sanvaad.blogspot.com/ जैसे ही यह लॉग ऑन होगा, वैसे ही सैनी संवाद के सभी अंक कम्पयूटर स्क्रीन पर आ जाएंगे। ध्यान रहे प्रिंट के साथ-साथ सैनी संवाद का ई-पेपर भी उपलब्ध है और इसे नियमित तौर पर आस्ट्रेलिया, अमेरिका व कनाड़ा में रह रहे सैनी समाज के बाशिंदों के पास भेजा जा रहा है। प्रिंट संस्करण की भांति ई-पेपर भी सभी पाठकों के लिए नि:शुल्क है। लिहाजा यदि आप भी सैनी संवाद का ई-पेपर पढऩा चाहते हैं तो हमें http://www.sainisanvaad@gmail.com/ पर ई-मेल कर अपनी रिक्वेस्ट भेज सकते हैं।

विजय सैनी ने दी दीवाली की शुभकामनाएं




दीपावली आपके जीवन में खुशियां लेकर आएं : विजय सैनी

रोहतक। उत्तर-भारत में सैनी समाज की सबसे बड़ी सैनी एजूकेशन सोसायटी के प्रधान विजय सैनी ने सोसायटी की तीनों प्रबंध समितियों के सभी सदस्यों की ओर से भारत एवं इसके बाहर रह रहे सैनी बिरादरी के समस्त लोगों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में विजय सैनी ने कहा है कि दीपावली सभी लोगों के जीवन में खुशियों की सौगात लेकर आए और उनके जीवन को कामयाबी के उजाले से भर दें। उनके अलावा कुरुक्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुरेश सैनी ने भी प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

रूपा सैनी हाकी चयन समिति की सदस्या मनोनीत

नई दिल्ली। महिला हॉकी के हितों को ध्यान में रखते हुए पूर्व भारतीय हाकी कप्तान रूपा सैनी को सरकार की ओर से इंडियन हाकी की पूर्णकालिक चयन समिति में नामित किया गया है। हाकी इंडिया के महासचिव मोहम्मद असलम ने बताया कि इस साल जून में तदर्थ समिति को भंग किए जाने के बाद पूर्णकालिक चयन समिति की नियुक्ति करनी अनिवार्य हो गई थी। रूपा सैनी के अलावा चार अन्य को समिति में रखा गया है जबकि ओलंपियन धनराज पिल्ले व अशोक ध्यानचंद की छुट्टी कर दी गई है।

आई.जी. ने दिए सैनी स्कूलों के बच्चों को टिप्स



सैनी एजूकेशन सोसायटी रोहतक में हुआ कैरियर गाइडेंस प्रोग्राम

महेंद्र तोंदवाल / कार्यकारी सम्पादक

रोहतक। स्कूली बच्चों को उनके मनमाफिक क्षेत्र में कैरिअर बनाने के लिए प्रोत्साहित एवं गाइड करने के मकसद से सैनी एजूकेशन सोसायटी द्वारा 19 सितम्बर को कैरिअर गाइडेंस प्रोग्राम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्यातिथि रोहतक रेंज के आईजी वी.कामराजा तथा विशिष्ट अतिथि एमडीयू के साइकोलॉजी विभाग के प्रोफेसर राधेश्याम थे जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सोसायटी के प्रधान विजय सैनी ने की। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में मुख्यातिथि वी.कामराजा ने कहा कि शिक्षण संस्थाओं में पढ़ाए जाने वाले हर विषय का अपने आप महत्व है और हर विषय में रोजगार की संभावनाएं हैं। मगर एक सफल कैरिअर बनाने के लिए जरूरत प्रतिबद्धता के साथ-साथ पूरी मेहनत व लगन से अपने लक्ष्य प्राप्ति की ओर बढऩे की है और जो भी विद्यार्थी सफलता के इस मंत्र को अपने जीवन में आत्मसात कर लेगा, उसे निसंदेह अपना मनमाफिक कैरिअर बनाने में कोई दिक्कत नहीं आएगी। उन्होंने प्रत्येक विद्यार्थी से अपने मनमाफिक विषय को पहचानने व उसी में ही अपना कैरिअर बनने के लिए सतत प्रयास करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि प्रो. राधेश्याम ने बच्चों कैरिअर निर्माण में अभिभावकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अभिभावकों को समय रहते न केवल अपने बच्चों की प्रतिभा को पहचानना चाहिए बल्कि उन्हें अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए समर्पित भाव से परीश्रम करने के लिए प्रोत्साहित भी करना चाहिए। सैनी सोसायटी के प्रधान विजय सैनी ने कहा कि सोसायटी जल्द ही सैनी समाज का पहला लॉ कालेज तथा लड़कियों के लिए अलग से डिग्री कालेज खोलने जा रही है।
कार्यक्रम में आईजी ने प्रतिभावान बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मंच का संचालन अविनाश सैनी व प्रोमिला ने संयुक्त रूप से किया जबकि कार्यक्रम में कैरिअर कैंसलटेंट आरसी पूनिया के अलावा प्रेम सिंह, महाश्य दया किशन, नत्था सिंह, ओमप्रकाश सैनी, महिपाल सिंह, सतपाल सैनी, सुभाष सैनी, किशन कोच, सूरजभान सैनी, दलबीर सिंह, यशवीर सैनी, ईश्वर सिंह, विनोद सैनी, देवी सिंह, रवि शंकर, अमर सैनी, मुकेश सैनी मौजूद थे।

बत्तरा को टिकट मिलने पर सैनी युवा कल्याण मोर्चा ने बांटे लड्डू


रोहतक। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बी.बी. बत्तरा को रोहतक सीट से कांग्रेस उम्मीदवार बनाए जाने की खुशी में सैनी युवा कल्याण मोर्चा ने सुभाष टॉकिज चौक पर लड्डू बांट कर जश्र मनाया। इस मौके पर मोर्चा के अध्यक्ष महेंद्र सैनी, सुभाष सैनी, किशन कोच, देवी सिंह, सुरेश सैनी एडवोकेट, नवीन सैनी, दयाराम सैनी, अशोक सैनी, राम सिंह, शमशेर, राजेंद्र सैनी, सरुप सिंह, विनय सैनी, अमित, राममेहर, संदीप, रजनीश सैनी आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।

चौधराहट ने रोका गली निर्माण कार्य

सैनीपुरा के दो प्रधानों में छिड़ी जंग


जोगेंद्र सैनी

रोहतक। यहां की सैनी बिरादरी में चौधराहट के केंद्र बिंदु माने जाने वाले सैनीपुरा की एक गली के लोगों को इन दिनों अजीब स्थिति का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि इस गली में रहने वाले दो प्रधानों- सीनियर व जूनियर प्रधान- में छिड़ी च्चौधरज् की जंग को लेकर इस गली का निर्माण कार्य अधर में लटक गया है। चूंकि दोनों ही सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी से सम्बंध रखते हैं लिहाजा गली निर्माण किसके मनमाफिक हो, इस बात को लेकर दोनों प्रधानों में ठनी हुई है। सीनियर प्रधान गली निर्माण के वक्त नाली को बंद करने के पक्षधर है जबकि जूनियर प्रधान नाली बनवाने पर अडिंग है। लम्बी बहसा-बहसी के बाद जब बात नहीं बनी तो सीनियर प्रधान ने गली के लोगों को इक_ा कर इसकी शिकायत नगर परिषद में कर डाली।
सैनी संवाद को उपलब्ध करवाए गए इस शिकायती पत्र में कांग्रेसी नेता रघुबीर सैनी, नरेश सैनी, सुरेश नम्बरदार, जोगेंद्र सैनी, एसपी शर्मा, प्रदीप, ताराचंद सैनी, दयाल सैनी, ज्योति सैनी, गीता शर्मा, राजकुमार, अशोक सैनी, अजय आदि का कहना है कि इस गली में अधिकांश लागों ने अपने घर के पानी की निकासी सीवर में की हुई है लिहाजा गली निर्माण के दौरान यहां नाली बनाने का कोई तुक नहीं है। दिलचस्प बात तो यह है कि नप ने भी इस शिकायत पर कोई एक्शन नहीं लिया। ऐसा होने पर जूनियर प्रधान को भी अपना सिक्का चलता नजर आया और जोश में आकर उन्होंने यह घोषणा तक कर डाली कि अगर गली बनी तो नाली हर कीमत पर बनेगी। फिर क्या था अपनी न चलती देख गली के अन्य लोगों के साथ-साथ सीनियर प्रधान भी चुपचाप बैठ गए और उन्होंने गली निर्माण के कार्य को ठेकेदार पर ही छोडऩे को मुनासिब समझा। फिलहाल गली का निर्माण कार्य रूका हुआ है।

भानाराम व रत्न सैनी ने हजकां छोड़ी

नारनौल/हांसी। नारनौल विधानसभा क्षेत्र से टिकट न दिए जाने के विरोध स्वरूप हरियाणा जनहित कांग्रेस सेवादल के स्टेट आर्गेनाइजर भानाराम सैनी ने अपने समर्थकों साथ हजकां को अलविदा कह दिया। अपने आवास पर समर्थकों को सम्बोधित करते हुए भाना राम ने कहा कि उन्होंने तन-मन-धन से चौ. भजनलाल का साथ दिया। कांग्रेस छोड़कर हजकां के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई लेकिन नारनौल विस सीट वितरण में न तो उनसे और न पार्टी के किसी नेता व कार्यकत्र्ता से सलाह ली गई।
वहीं, हांसी से रत्न सैनी व मामन सैनी ने भी हजकां से टिकट न मिलने पर इससे अलविदा कह दिया। उन्होंने टिकट के लिए पूरा जोर लगा रखा था मगर वे कामयाब नहीं हो पाए, जिससे खिन्न होकर उन्होंने पार्टी छोड़ दी। मामन सैनी अब हांसी से भाजपा की टिकट पर चुनाव लडेंगे।

राड़ा फिर बने नप चेयरमैन

वित्तायुक्त ने रद्द किए पुराने आदेश

हिसार। वित्तायुक्त एससी चौधरी ने नगर परिषद प्रधान व पार्षद पद से निलंबित बिहारी लाल राड़ा की याचिका पर 14 सितम्बर को सुनवाई करते हुए उनके पक्ष में अपना फैसला सुना दिया। वित्तायुक्त ने निकाय विभाग के निदेशक महावीर सिंह द्वारा सुनाए गए आदेशों को निरस्त कर करते हुए राड़ा के प्रधान पद व सदस्यता को बहाल कर दिया। यह फैसला आने के एक दिन बाद ही राड़ा ने प्रधान पद पर ज्वायन भी कर लिया। निकाय विभाग के निदेशक के आदेशों के चलते ही बीते माह राड़ा को उनके पद व सदस्यता से निलंबित कर दिया गया था। उन पर तीन साल पूर्व नगर में सड़कों के निर्माण का कार्य अपने चहेते ठेकेदारों को दिए जाने का आरोप था।

नगर परिषद के पूर्व प्रधान अरविंद खरींटा ने विजिलेंस को शिकायत कर आरोप लगाया था कि नप प्रधान राड़ा ने 19 सितंबर 2006 को टेंडर के माध्यम से नगर की 42 सड़कों के निर्माण के लिए दिया और कार्य अपने चहेते ठेकेदारों को समान रूप से बांट दिया। इतना ही नहीं कुछ काम अप्रत्यक्ष रूप से खुद भी ले लिए तथा सड़क निर्माण कार्य के नाम पर घोटाला किया। इस शिकायत में नप प्रधान राड़ा के अलावा नगर परिषद हिसार के म्यूनिसिपल इंजीनियर, कनिष्ठ अभियंता व ठेकेदारों सहित 37 लोगों को आरोपित किया गया था। विजिलेंस ने इस मामले की जांच करने के बाद शिकायत के तथ्यों को सही करार देते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ 14 फरवरी 2009 को मुकदमा दर्ज कर निकाय विभाग को सूचित कर दिया था। जिस पर विभाग ने नप प्रधान को नोटिस जारी कर इस बारे में अपना पक्ष रखने के लिए कहा था। निकाय विभाग ने इस मामले में नप प्रधान का पक्ष अंतिम बार 16 जुलाई को सुना था तथा राड़ा को उनके प्रधान पद व नगर परिषद की सदस्यता से निलंबित कर दिया था।
निकाय विभाग के आदेशों को राड़ा ने वित्तायुक्त की अदालत में चुनौती दी थी। मामले पर विचार करते हुए वित्तायुक्त ने राड़ा की दलीलों को सही ठहराते हुए निकाय विभाग द्वारा उनके खिलाफ जारी किए गए आदेशों को निरस्त करते हुए नप प्रधान पर उनकी बहाली कर दी थी। वित्तायुक्त का यह फैसला आते ही राड़ा समर्थकों ने लड्डू बांटकर खुशियां मनाई। वहीं, बिहारी लाल राड़ा का कहना है कि याचिका पर हुई बहस में कई पहलुओं पर चर्चा हुई थी और वित्तायुक्त ने उनकी दलीलों को सही ठहराते हुए उनके पक्ष में फैसला सुना दिया।

मारपीट कर डेढ़ लाख लूटे

रामगढ़। एमआईए पुलिस थाने में टोलकर्मियों के खिलाफ मारपीट कर नकदी लूटने का एक मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मामला रामगढ़ कस्बा निवासी व ब्लॉक युवक कांग्रेस के अध्यक्ष बलीराम सैनी ने दर्ज कराया है। जिसमें कहा गया है कि वह अपनी कार में प्रवक्ता महेश साहू, महासचिव बृजमोहन सैनी व धर्मचन्द के साथ प्रदेश युवक कांग्रेस की बैठक में भाग लेने 10 सितम्बर को अपराह्न तीन बजे जयपुर जा रहे थे। रास्ते में बहाला टोल नाके पर वाहन को रूकवाकर आमीन खां, राजू अरोड़ा, बच्चू जाट, रोशन लाल, बुग्गर सहित करीब पन्द्रह लोगों ने लाठी, डण्डे व धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। हमलावर कार में रखे करीब डेढ़ लाख रुपए लूट कर ले गए।

24 साल बाद मिला प्रभु दयाल सैनी को न्याय

फर्जी शिकायत होने के बावजूद हिम्मत नहीं हारी प्रभु दयाल ने

नवलगढ़। फर्जी मनीऑर्डर जारी कर षड्यंत्रपूर्वक भुगतान उठा लेने के आरोपी डाक विभाग के एक दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी को न्यायालय ने 24 साल बाद आरोपों से बरी कर दिया है। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बंसल ने मामले की सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया। जानकारी के अनुसार 11 जून 1985 को तत्कालीन डाक अधीक्षक झुंझुनूं ने बडवासी डाकघर में कार्यरत दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी प्रभुदयाल सैनी चोबदारों की ढाणी निवासी प्रभुदयाल सैनी के खिलाफ फर्जी मनीऑर्डर जारी कर उनका भुगतान उठा लेने का मामला दर्ज कराया था। मामले में प्रभुदयाल पर 14 हजार 750 रूपए हड़प लेने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने छानबीन के बाद चालान पेश किया। इस दौरान सरकारी वकील ने 21 गवाहों के बयान कराए तथा 95 दस्तावेज प्रस्तुत किए। दूसरी तरफ बचाव पक्ष के वकील आनंदीलाल सैनी ने तर्क दिया कि मनीऑर्डर जारी करने के लिए उसके पीछे लगाई जाने वाली आबलॉक मोहर सिर्फ पोस्टमास्टर के पास ही होती है। वह अन्य किसी कर्मचारी के पास नहीं आ सकती, इसलिए सारे आरोप गलत हैं। न्यायाधीश ने दोष साबित नहीं होने पर आरोपी को दोषमुक्त करने के आदेश दिए।

हिंदी सैनी मैत्री संघ की कार्यकारिणी घोषित

बल्लभगढ़। सामाजिक संगठन हिन्दी सैनी मैत्री संघ फरीदाबाद के प्रधान नर सिंह सैनी ने अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। केहर सिंह सैनी को वरिष्ठ उपप्रधान, नानक चंद सैनी को उपप्रधान, ओमप्रकाश सैनी महम वाले को महासचिव, टेकचंद सैनी व सुरेंद्र सैनी को संयुक्त सचिव, साधुराम सैनी व देशराज सैनी को को संगठन सचिव, दयाचंद सैनी को कार्यालय सचिव, बलवंत सैनी को वित्त सचिव व इनेलो नेता देवीराम सैनी को विधि सचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा उद्योगपति सरदार सुच्चा सिंह सैनी, सतबीर टिकोरिया, डा.पी.एस. परिहार, आर.सी. सैनी, सुखबीर सिंह सैनी, होशियार सिंह, सुभाष सैनी, भगवान सिंह, मामचंद, मोंटी सैनी, सुरेश सैनी, सुमेर सिंह सैनी, श्रीकांत मोर्य, बसंत कुशवाह, ओमप्रकाश सैनी, सोहनलाल सैनी व रोहतास सैनी को कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है। उक्त सभी नियुक्तियां संघ की हाल ही में हुई बैठक में की गई। साथ ही बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विधानसभा चुनाव में सैनी बिरादरी का जो भी नेता चुनाव में ताल ठोकेगा, संघ उसके प्रचार में पूरा सहयोग करेगा।

धोनी से मिलने के लिए बेच दी अपनी दुकान

रविन्द्र ने दिखाई दीवानगी की हद

महावीर सैनी

सहारनपुर। क्या आपने कभी सुना है कि अपने आइडल के साथ फोटो खिंचवाने के लिये कोई अपनी कमाई का एकमात्र जरिया भी खो दे और वह भी अपनी महिला मित्र के कहने पर। दीवानगी की यह बानगी पेश की है उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रवींद्र सैनी ने। उसने अपनी ऑडियो-वीडियो सीडी की दुकान इसलिए बेच दी, क्योंकि उसे रांची जाना था और वहां रहना था। सैनी अपनी दुकान बेच कर केवल इसलिए रांची गया कि उसे भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से हाथ मिलाना था और फोटो खिंचवाना था। सैनी वहां 35 दिन तक रहा। सैनी का सपना उस समय पूरा हो गया, जब धोनी मुंबई जाने के लिए यहां हवाई अड्डे पर आए, लेकिन उस समय वह सुरक्षाकर्मियों से घिरे हुए थे। फिर भी कप्तान धोनी ने उससे हाथ मिलाया और फोटोग्राफर ने उसका फोटो भी खींचा।
धोनी के मित्र ने बताया, हम जानते थे कि यह आदमी (सैनी) कुछ समय से रांची में ही रह रहा है। उसने हमसे धोनी से मिलाने का अनुरोध किया था। उसका धोनी से मिलने का सपना रांची हवाई अड्डे पर पूरा हो गया।

कंप्यूटर से फर्जी ड्राफ्ट बनाकर खरीदी गाड़ी

गाजियाबाद। स्थानीय पुलिस ने दो ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर आरोप है कि वे बैंक में मात्र 500 रुपये का ड्राफ्ट बनवाते थे, फिर उसको कंप्यूटर के जरिये स्कैन करते थे और सॉफ्टवेयर के कमाल से उस ड्राफ्ट की राशि बदल देते थे। 500 रुपये के उसी ड्राफ्ट से वे 9-10 लाख रुपये का फर्जी ड्राफ्ट बना लेते थे। फिर फर्जी ड्राफ्ट से वे गाड़ी खरीदते थे। फर्जीवाड़े का पर्दाफाश न हो, इसके लिए वे गाड़ी की डिलिवरी उस दिन लेना चाहते थे, जिस दिन बैंक न खुला हो। एसपी सिटी ने बताया कि 2 अगस्त को श्रीनाथ मोटर्स से अमित सैनी और विनोद ने टाटा सफारी खरीदी। वे 9.83 लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट देकर गाड़ी ले गए। जब कंपनी ने ड्राफ्ट बैंक में जमा किया तो पता लगा कि वह फर्जी है। कंपनी ने लिंक रोड थाने में मामला दर्ज कराया। जांच करने पर उनका पता भी फर्जी निकला। एजेंसी के कर्मचारियों ने पुलिस को बताया था कि अमित सैनी ने खुद को एक मल्टीनैशनल कंपनी में ऊंचे पद पर बताया था। चूंकि वह अच्छी अंग्रेजी जानता था और उसने काफी ज्वैलरी पहनी हुई थी, इसलिए कंपनी के कर्मचारी उसके झांसे में आ गए थे। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर जब उन्होंने महाराजपुर बॉर्डर से थोड़ी दूर पर एक टाटा सफारी और इसमें सवार 4 लोगों को कब्जे में ले लिया तो उन्होंने अपने नाम अमित सैनी (साउथ एक्सटेंशन, दिल्ली), विनोद कुमार (विश्वास नगर, शाहदरा), योगेश महाजन (आनंद विहार) और उमेश चौहान (कृष्णापार्क एक्सटेंशन, दिल्ली) बताए। जांच में पता चला कि बरामद टाटा सफारी वही है, जो फर्जी डीडी देकर खरीदी गई थी।

साभार नवभारत टाइम्स

विधायक सैनी के खिलाफ एफआईआर के आदेश

मामला 21 अगस्त को लगाए गए रक्तदान शिविर का

जयपुर। विगत 21 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के 65वें जन्मदिवस के मौके पर लगाए गए रक्तदान शिविर में कथित तौर पर नाबालिगों द्वारा रक्तदान करने के मामले में राजस्थान की एक कोर्ट ने पुलिस को निर्देश दिया है कि वह विधायक भगवान सहाय सैनी के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज करने के आदेश दिए हैं। अडिशनल सीजेएम धीरेंद्र सिंह राजावत ने ये आदेश श्रीकिशन कुक्कड़ द्वारा कोर्ट में दायर की गई याचिका के आधार पर जारी किए गए हैं। इस याचिका में आरोप लगाया गया है कि विधायक भगवान सहाय सैनी ने रक्तदान शिविर का आयोजन किया था, जिसमें एक सरकारी स्कूल के बच्चों को ब्लड डोनेट करने के लिए मजबूर किया गया। याचिकाकर्ता का आरोप है कि सैनी ने बच्चों को कैंप में जाने के लिए प्रलोभन दिया। खास बात यह है कि इस कैंप में खुद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी मौजूद थे। याचिकाकर्ता का कहना है कि कैंप में ब्लड डोनेट करने वाले स्कूली बच्चों में ज्यादातर की उम्र 18 साल से कम थी।
इस बीच पता चला है कि जांच के दौरान इस मामले में कांग्रेस विधायक को क्लीनचिट मिल गई, वहीं स्कूल प्रशासन और डॉक्टर को इसके लिए जिम्मेदार बताया गया। जानकारी के मुताबिक एडीएम और सीएमएचओ की जांच कमेटी ने जिला कलेक्टर को जो रिपोर्ट सौंपी है, उसमें चौमू से कांग्रेस विधायक भगवान सहाय सैनी को क्लीन चिट दी है। मालूम हो कि विधायक सैनी ने ही पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जन्मदिन के मौके पर रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन किया था। लेकिन कईबीमार और नाबालिग बच्चों का खून लेने के बाद उसी दिन कई बच्चे बीमार पड़ गए थे।

शासन सचिव ओ.पी. सैनी का स्वागत

जालोर। राजस्थान के नवनियुक्त प्रमुख शासन सचिव (डेयरी व पशुपालन) ओ.पी. सैनी का स्वागत करने हेतु जालोर में सैनी समाज के लोगों द्वारा स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके ओ.पी. सैनी ने सैनी समाज से विभिन्न मुद्दों पर लोगों से चर्चा करते हुए उन्हें संगठित होने का आह्वान किया। इस अवसर पर उनके साथ महात्मा ज्योतिबा फूले मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोतीलाल सांखला, रानीवाडा डेयरी के चैयरमेन राघवेन्द्रसिंह देवडा, हिम्मताराम परिहार, अशोक परिहार, राजेन्द्र परिहार, कैलाश परिहार, प्रकाश परिहार समेत सैनी समाज के कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

सुनील सैनी की सूचना ने पुलिस को छकाया

राजगढ़। कस्बे के गोल सर्किल पर बम रखे होने की झूठी सूचना देने व सिम जारी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि सब इंस्पेक्टर श्यामसुन्दर शर्मा ने राजगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया कि पुलिस जाब्ते के साथ वे रैणी में ड्यूटी पर थे। जहां गुरूवार को पुलिस कंट्रोल रूम जयपुर से पुलिस अधिकारी मांगीलाल ने बताया कि उन्हें मोबाइल नंबर 9667963238 से राजगढ कस्बे के गोल सर्किल पर बम रखे होने की सूचना मिली है। सब इंस्पेक्टर श्यामलाल शर्मा ने मामले की सूचना राजगढ थाने को दी। गोल सर्किल पर बम रखे होने की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मियों में हडकंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और चारों तरफ बम की तलाश की लेकिन बम नहीं मिला। पुलिस ने मोबाइल नंबर की जांच की तो वह बनवारी लाल के निकले। बनवारी लाल ने पूछताछ में सिम रैणी स्थित बालाजी मोबाइल से खरीदना बताया। इस पर उसके मालिक विष्णु जयसवाल से पूछताछ की गई। पूछताछ में राजगढ कस्बे के एजेंसी मालिक सुनील सैनी का नाम सामने आया। पुलिस ने सुनील सैनी के खिलाफ फ र्जीवाडा कर ग्राहकों को सिम जारी करने और रैणी के परवैणी गांव के चौला की कुई निवासी रामकरण मीणा के खिलाफ बम की झूठी सूचना देने का मामला दर्ज किया है।

रमेश सैनी को सम्मानित किया

इंद्री। गाव संघोई में आयोजित एक कार्यक्रम में काग्रेस के ऑल इडिया सैनी सेवा समाज के राष्ट्रीय प्रवक्ता व काग्रेस के प्रदेश महासचिव रमेश सैनी को पगड़ी पहना कर सम्मानित किया और उनके माध्यम से मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा से पाच विधानसभा सीटों पर बिरादरी के नेताओं को टिकट देने की मांग की। कार्यक्रम की अध्यक्षता धन सिंह नंबरदार ने की। इस अवसर पर रमेश सैनी कहा कि सैनी समाज राजनीतिक जागरूकता के अभाव में काफी पिछड़ा हुआ है। प्रदेश की करीब 20 विधानसभा सीटों पर बिरादरी हार-जीत का फैसला करने में सक्षम है। इसके बावजूद प्रदेश में इस समाज का वजूद राजनीति में शून्य के बराबर है।

कार्यक्रम में केहर सिंह, मा. घसीटू राम, सूरत फौजी, दिला राम, समौरा के सरपंच बाबू राम सैनी, टपरियों के सरपंच चाद राम सैनी, देवी चंद, नरेश सैनी, सुरेश सैनी, सेवा राम, रमेश टपरियों आदि मौजूद थे।

निहारिका सैनी ने जीता दोहरा खिताब

जयपुर। सवाईमान सिंह स्टेडियम के बैडमिंटन कोर्ट पर संपन्न हुई राजस्थान रैंकिंग प्रतियोगिता में कोटा की निहारिका सैनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरे खिताब पर जीत हासिल की। निहारिका ने लडकियों के एकल फाइनल में जयपुर की कर्मा मीणा को 21-12, 21-9 से और महिला एकल फाइनल में जोधपुर की इंदु सारस्वत को 21-15, 21-15 से हराया।

ज्योतिष ने जसवंत सैनी को ठगा

साहवा/ तारानगर। हर समस्या का समाधान करने के लिए साहवा कस्बे में ज्योतिष केन्द्र चला रहा एक युवक जसवतं सैनी के लाखों के जेवरात ठग कर रातोंरात चंपत हो गया। ठगी के शिकार हुए जसवंत सैनी ने कथित ज्योतिष केन्द्र के संचालक पंडित बीके शर्मा के खिलाफ तारानगर थाने में धोखाधडी का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने धोखाधडी का मामला दर्ज कर पंडित की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार कस्बे का जसवंत सैनी घर में चल रही अशांति से परेशान था। ज्योतिषाचार्य द्वारा बंटवाए गए हैंड बिल को देख वह भी दिव्या ज्योतिष केन्द्र जाकर पंडित शर्मा से मिला और उससे अपनी समस्या बताई। पंडित ने उसे घर में पितृ दोष होने की बात कहकर शांति करवाने के लिए जेवर लाने को कहा। घर की अशांति से परेशान जसवंत ने रात को ही घर से करीब 15 तोला सोने के जेवरात ले जाकर पंडित को दे दिए। पंडित ने जेवरातों की पूजा का नाटक किया तथा एक आटे के पिंड पर रोली चढाकर व मोली बांधकर जसवंत को दे दिया। पंडित ने उसे कहा कि इस आटे के पिंड में जेवरात हैं। कल घर आकर वह स्वयं पिंड को खोलेगा तब घर की अशांति दूर हो जाएगी। अगली सुबह पंडित घर नहीं आया तो जसवंत धर्मशाला में स्थित ज्योतिष केन्द्र गया लेकिन वहां पंडित नहीं मिला। कमरे में पूजा का कुछ सामान व एक आसन पडा था तथा पंडित फरार हो चुका था। दिलचस्प बात तो यह है कि दिव्या ज्योतिष केन्द्र के नाम से बंटवाए गए हैंड बिल पर कारोबार, विवाह, मुकदमें, विदेश यात्रा, जादू-टोना, पति-पत्नी में अनबन, पितृ दोष,गृह क्लेश, सोतन से छुटकारा, काल सर्प दोष, संतान न होना जैसी अनेक समस्याओं के समाधान की 100 फीसदी गांरटी दर्शाई गई थी।

आपकी राय

सैनी संवाद से जगी है जागृति की उम्मीद

सैनी संवाद पढ़कर हर्ष हुआ कि कोई ऐसा समाचार पत्र निकला है जो सम्पूर्ण सैनी समाज को इससे जुड़ी गतिविधियों से अवगत करवा रहा है। इसे पढ़कर निश्चित तौर पर सैनी समाज में जागृति आएगी और यह समाचार पत्र सैनी समाज को एक नई दिशा प्रदान करेगा। निसंदेह आज के समय में लघु समाचार पत्र निकालना एक कठिन कार्य है और ऊपर से इसे नि:शुल्क वितरित करना इसे और भी मुश्किल बना देता है। इसलिए मेरा एक व्यक्तिगत सुझाव है कि सैनी संवाद के लिए एक छोटी सी राशि वार्षिक रूप में तय की जानी चाहिए क्योंकि जैसे-जैसे सैनी संवाद का सरकुलेशन बढ़ेगा, इसे नि:शुल्क चलाना बहुत ही कठिन हो जाएगा। यदि आप इसका कोई वार्षिक शुल्क तय नहीं करना चाहते तो भी लोगों की इच्छा पर सैनी संवाद को चलाने के लिए इच्छित राशि स्वीकार करने की व्यवस्था करें ताकि सैनी संवाद निरंतर प्रकाशित होता रहे। मैं सैनी संवाद की सम्पूर्ण टीम को सैनी समाज की खबरों से भरपूर समाचार पत्र निकालने पर हार्दिक बधाई देता और उम्मीद करता है कि सैनी संवाद यूं ही समाज को इसकी गतिविधियों से अवगत करवाता रहेगा।

-ओमप्रकाश सैनी, समाचार संपादक, राष्ट्रीय श्रमिक, बल्लभगढ़

Brief News

1111 दीपक जलाए


हलैना। यहां के सैनी समाज की ओर से सैनी मोहल्ला में शांतिकुंज के प्रचारक बुद्धि सिंह व भगवानसिंह सैनी के सानिध्य में दीप यज्ञ कार्यक्रम हुआ। यज्ञ में 1111 दीपक जलाए गए।


ताराचंद सैनी सचिव नियुक्त

नारनौल। हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर्स यूनियन की सब अर्बन यूनिट के द्विवार्षिक चुनाव सिटी डिवीजन कार्यालय परिसर में यूनिट प्रधान पूर्णचंद की अध्यक्षता में हुए। जिसमें एलडीसी ताराचंद सैनी को सर्वसम्मति से यूनिट सचिव नियुक्त किया गया।


मुकेश सैनी समन्वयक बने

हनुमानगढ। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष व जिला समन्वयक विकास गुप्ता ने मण्डल समन्यवकों की नियुक्ति की है। इसमें भादरा के मुकेश सैनी को समन्वयक नियुक्त किया गया है।


दिलबाग सैनी प्रधान नियुक्त

रोहतक। पंछी टेंट हाऊस के मालिक दिलबाग सैनी को जिला टेंट एसोसिएशन का प्रधान चुना गया है। एसोसिएशन का चुनाव पूजा टेंट हाऊस में हुई बैठक में सर्वसम्मति से किया गया।


भावना सैनी संयुक्त सचिव नियुक्त

रोहतक। हरियाणा टेबल टेनिस एसोसिएशन के सम्पन्न हुए चुनावों में भावना सैनी को एसोसिएशन की संयुक्त सचिव बनाया गया है। उनकी यह नियुक्ति आगामी चार सालों के लिए की गई है।


रामनिवास प्रधान व रविन्द्र उपप्रधान बने

रोहतक। ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर्स यूनियन के प्रधान देवेंद्र हुड्डा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुए चुनावों में रामनिवास सैनी को प्रधान तथा रविन्द्र सैनी को उपप्रधान चुना गया।


धरमी सैनी प्रदेश उपप्रमुख नियुक्त

रेवाड़ी। धरमी सैनी को भारतीय शिविर सेना का प्रदेश उपप्रमुख नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पार्टी के हरियाणा प्रभारी दीपक गोयल की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में की गई।


रामकुमार सैनी का निधन

भिवानी। कालुवास गांव स्थित राजकीय विद्यालय में कार्यरत कला अध्यापक रामकुमार सैनी का आकस्मिक निधन हो गया। राजकीय कला अध्यापक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल उनके ढाणी मालियान पहुंचकर उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।


एथलिट गोपाल सैनी सम्मानित

जयपुर। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द की जयन्ती (राष्ट्रीय खेल दिवस) पर राजस्थान क्रीडा परिषद द्वारा राज्य के अर्जुन पुरस्कार विजेता खिलाडियों और ओलम्पियनों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले खिलाडियों में मशहूर एथलीट गोपाल सैनी भी शामिल थे।

बुधवार, सितंबर 02, 2009

विस की 10 सीटों पर सैनी नेताओं ने ठोकी दावेदारी

हरियाणा विधानसभा चुनाव से पूर्व
सैनी समाज का सूरत-ए-हाल

राजेन्द्र सैनी / समाचार सम्पादक

रोहतक। हरियाणा विधानसभा चुनाव की बिसात बिछते ही नेताओं में बड़े राजनैतिक दलों की टिकट पाने के लिए घमासान जोर पकड़ गया है। चूंकि पार्टी टिकट की जंग को ही चुनाव की पहली लड़ाई का दर्जा दिया गया है लिहाजा इस पहली जंग को जीतने के लिए सैनी बिरादरी के नेतागण भी कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ रहे हैं। कोई अपने राजनीतिक आकाओं के भरोसे पर तो कोई बिरादरी के बल पर टिकट पाने की उम्मीद जेहन में संजोए हुए हैं।जहां तक इस विधानसभा चुनाव में सैनी बिरादरी के दावेदारों की बात है तो सैनी संवाद की टीम ने प्रदेश भर का दौरा कर विभिन्न जिलों की कुल 10 ऐसी विधानसभा सीटों को चिन्ह्ति किया हैं जहां पर सैनी बिरादरी के नेतागण बड़ी पार्टियों की टिकट के लिए अपनी दावेदारी ठोंक रहे हैं। इनमें से कई सीटें निसंदेह ऐसी भी हैं जो सैनी मतदाताओं की बहुसख्या के चलते इन नेताओं की झोली में आ सकती है।फिलहाल जिन 10 सीटों पर ये नेतागण बडी पार्टियों की टिकट के लिए संघर्ष कर रहे हैं, उनमें जींद जिले की जींद व सफीदो, कुरुक्षेत्र जिले की लाड़वा व पेहवा, हिसार जिले की हिसार, हांसी व बरवाला, रोहतक जिले की रोहतक, महेंद्रगढ़ की नारनौल तथा यमुनानगर की रादौर विधानसभा सीटें शामिल हैं। इनमें कुरुक्षेत्र की लाड़वा सीट पर सर्वाधिक पांच नेता अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। जिनमें पूर्व विधायक साहिब सिंह सैनी, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी तथा बबैन मार्केट कमेटी चेयरमैन हरिकेश सैनी कांग्रेस, एक बार कांग्रेस टिकट पर चुनाव हार चुकी शशि सैनी बसपा तथा रमेश सैनी भाजपा से टिकट मांग रहे हैं। वहीं पेहवा से भाजपा के बलबीर सैनी भी अपनी मजबूत दावेदारी बनाए हुए हैं। जींद जिले के जींद विस क्षेत्र से तीन दावेदार-हरियाणा जनहित कांग्रेस के महासचिव रमेश सैनी, इनेलो के करतार सिंह तथा भाजपा के जवाहर सैनी- पार्टी टिकट पाने के लिए हाथ पैर मार रहे हंै। इनमें से रमेश सैनी सफल रोड शो कर अपने जनाधार का सबूत पार्टी नेताओं को दे चुके हैं। हालांकि जींद के अलावा करतार सिंह सैनी उचाना सीट के भी मजबूत दावेदार थे मगर इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला के नाम की घोषणा के बाद उनका दावा फिलहाल खारिज हो गया है।हिसार जिले की हिसार विस सीट से पार्षद रामनिवास राड़ा हरियाणा जनहित कांग्रेस तथा पवन सैनी व प्रहलाद सैनी भाजपा टिकट के लिए जोड़तोड़ कर रहे हैं। रामनिवास हजकां के हिसार इकाई के अध्यक्ष तथा पवन भाजपा के प्रदेश महासचिव हैं। हांसी सीट हेतु पूर्व मंत्री अतर ङ्क्षसह सैनी व हरि सिंह सैनी कांग्रेस तथा नप के पूर्व अध्यक्ष मामन सिंह सैनी व रत्न सैनी हजकां टिकट के लिए दावेदारी ठोंक रहे हैं। हांसी के अलावा हरि सिंह सैनी बरवाला से भी टिकट लेने के लिए चक्कर काट रहे हैं। मगर किसी भी हलके से टिकट हासिल करना उनके लिए आसान नजर नहीं आ रहा है।रोहतक विस सीट से कंवल सिंह सैनी भाजपा टिकट के मजबूत दावेदार हैं लिहाजा उन्होंने मतदाताओं की नब्ज भी टटौलनी शुरू कर दी है। चूंकि भाजपा नेता मनीष ग्रोवर अपने पिछले दो चुनाव हार चुके हैं ऐसे में कंवल सिंह को टिकट मिलने के अच्छे आसार नजर आ रहे हैं। पूर्व सांसद कैलाशो सैनी यमुनानगर के रादौर विधानसभा क्षेत्र से भी कांग्रेस टिकट पर अपनी दावेदारी बनाए हुए हैं। उनके अलावा इसी पार्टी से युवा नेता निलय सैनी भी टिकट की दौड़ में शामिल है।महेंद्रगढ़ हलके के नारनौल विधानसभा क्षेत्र से भानाराम सैनी हरियाणा जनहित कांग्रेस टिकट पर अपना दावा ठोंक रहे हैं। उन्हें भी टिकट मिलने की पूरी उम्मीद है। इसके अलावा अम्बाला के नारायणगढ़ हलके से पूर्व मंत्रीराजकुमार सैनी अपने ही द्वारा गठित एक पार्टी से चुनाव लडऩे के इच्छुक बताए गए हैं।

सम्पादक की कलम से

फिर कसौटी पर हैं नेता व राजनीतिक दल

विधानसभा चुनाव की तारीख तय होते ही सैनी समाज की नजर एक बार फिर अपने नेताओं पर आकर टिक गई है। सैनी समाज से जुड़ी गतिविधियों में दिलचस्पी रखने वाले हर एक शख्स के जेहन में अब यही सवाल कौंध रहा है कि राजनीतिक पार्टियां इस बार हमारे समाज के कितने नेताओं को टिकट देकर उन्हें विधानसभा जाने का मौका प्रदान करेगी। जहां तक टिकटों की बात है तो इस दफा पिछली बार के मुकाबले सैनी नेताओं को पार्टी टिकट मिलने के आसार ज्यादा दिखाई दे रहे हैं। गत चुनावों में जहां भाजपा, कांग्रेस व बसपा ने सैनी बिरादरी के नेताओं को टिकट प्रदान किया था, वहीं इस बार इनके साथ हरियाणा जनहित कांग्रेस व इनेलो पार्टी से भी सैनी नेताओं को टिकट मिलने की पूरी सम्भावना है। लिहाजा बिरादरी के नेताओं के पास फिर एक मौका अपनी काबिलीयत और नेतृत्व क्षमता का परिचय देने का है। जिसका फायदा महज उसी सूरत में उठाया जा सकता है जब हम टांग खिंचाई की अपनी पुरानी आदत को छोड़ टिकट मिलने के आसार जिस भी नेता के अधिक हो, उसे स्पोट करें क्योंकि बड़े राजनीतिक दलों का टिकट मिलना चुनावी जंग की पहली बाधा पार करने के समान है। खैर देखते हंै इस बार हमारे कितने नेता टिकट हासिल करने में कामयाब होते हैं, मगर इससे इस बात का अहसास अवश्य हो जाएगा कि हमारे नेता एवं उनके राजनैतिक दल सैनी बिरादरी की कसौटी पर खरे उतर पाते हैं या नहीं।


चन्द्रप्रकाश सैनी, सम्पादक

14 सैनी नेताओं ने आजमाई थी किस्मत

विश्लेशन : हरियाणा विधानसभा चुनाव २००५

महेंद्र तोंदवाल / कार्यकारी संपादक

रोहतक। वर्ष 2005 में हुए दसवें विधानसभा चुनाव में सैनी बिरादरी के मुख्य तौर से 14 नेताओं ने चुनावी दंगल में ताल ठोकी थी मगर कोई भी प्रत्याशी चुनाव जीतने में कामयाब नहीं हो पाया था। इन 14 में से नौ पार्टी टिकटों पर जबकि पांच ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर अपनी किस्मत आजमाई थी। पिछले चुनाव में भाजपा ने सर्वाधिक तीन टिकटें (कुरुक्षेत्र के पेहवा हलके से बलबीर सैनी, अम्बाला के नारायणगढ़ हलके से सुमेर सिंह सैनी व कुरुक्षेत्र की थानेसर सीट से गुरदयाल सैनी) सैनी समाज को दी थी जबकि कांग्रेस ने सफीदो (जींद) से कर्मवीर सैनी, बसपा ने अम्बाला के नारायणगढ़ हलके से सतपाल सैनी, इनेलो ने जगाधरी से डा. बिशन सिंह सैनी, लोक जनशक्ति पार्टी ने नग्गल हलके से जसपाल सैनी को अपना प्रत्याशी बनाया था। इसके अलावा पूर्व मंत्री हरि सिंह सैनी समेत दो अन्य नेताओं ने बतौर आजाद प्रत्याशी हिसार विधानसभा सीट तथा अर्जुन सैनी ने बल्लभगढ़ सीट से अपनी किस्मत आजमाई थी। इन सभी प्रत्याशी में पेहवा से बलबीर सैनी सबसे कम 3653 वोटों से कांग्रेस के हरमोहिंदर सिंह चट्ठा से पराजित हुए थे। इसके अलावा हिसार से हरि सिंह सैनी कांग्रेस के ओम प्रकाश जिंदल से 10876 तथा सफीदो से कर्मवीर आजाद प्रत्याशी बचन सिंह आर्य से 17644 वोटों से हारकर दूसरे स्थान पर रहे थे। हिसार से पूर्व मंत्री के अलावा हरि सिंह सैनी नाम के ही दो अन्य निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी यहीं से अपना भाग्य आजमाया था। इसके अलावा नारायणगढ़ से चुनाव लडऩे वाले भाजपा प्रत्याशी सुमेर चंद सैनी 8756 वोटों के साथ चौथे तथा बसपा प्रत्याशी सतपाल सैनी 5517 मतों के साथ पांचवें स्थान पर रहे थे। जगाधरी हलके से इनेलो प्रत्याशी डा. बिशन सिंह सैनी 21284 वोटों के साथ तीसरे तथा नग्गल से निर्दलीय जसपाल सैनी आठवें स्थान पर रहे थे। थानेसर से भाजपा प्रत्याशी गुरदयाल सैनी 12637 मतों के साथ तीसरा स्थान ही हासिल कर पाए थे। इसी तरह बल्लभगढ़ से अर्जुन सिंह सैनी ने बतौर आजादी प्रत्याशी चुनाव लड़ा था और नौवें स्थान पर रहे थे। सैनी समाज से उचित सहयोग न मिल पाने की वजह से ही उन्हें इस स्थिति का सामना करना पड़ा था।

अनिल सैनी के घर घुसे चोर, परिजनों ने किया काबू

घटनाक्रम के वक्त मकान की छत पर सो रहा था पूरा परिवार

राजबीर सैनी

भिवानी। स्थानीय कृष्णा कालोनी में रहने वाले अनिल सैनी के घर विगत 23 अगस्त की रात चोर घुस गए। अभी चोर चोरी करने में मशगूल ही थे कि चोरी की आहट अनिल सैनी और उसके परिजनों को सुन गई। फिर क्या था। अनिल सैनी व उसके परिजनों ने न केवल चोरों का बहादुरी से सामना किया, बल्कि उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले भी कर दिया गया। इस घटनाक्रम में चोर चोरी करने में तो नाकाम रहे मगर अनिल सैनी व उनके परिजनों में चोटिल करने में अवश्य कामयाब हो गए। चोरों ने अनिल के अलावा सुमित्रा, मिनाक्षी, राहुल, अभिषेक व चिराग को चोटिल कर दिया।हुआ यूं कि घटना वाली रात अनिल सैनी अपने परिजनों के साथ छत पर सो रहे थे। रात लगभग दो बजे जब हल्की सी बूंदाबांदी हुई तो अनिल छत से नीचे उतर आया जबकि परिवार के शेष सदस्य छत पर ही साते रहे। अनिल ने नीचे उतरकर जैसे ही अंदर कमरे की लाइट जलती देखी तो उसे शक हुआ। इस शक को दूर करने के लिए जैसे ही वह आगे बढ़ा तो उसे एक व्यक्ति की झलक दिखाई दी। चोर-चोर का शोर मचाए जाने पर वह व्यक्ति घर से बाहर निकलने में कामयाब हो गया। यह शोर सुनकर तब तक परिवार के अन्य सदस्य भी नीचे आ चुके थे। दिलचस्प बात तो यह है कि सैनी परिवार ने घर के सामान की जांच करनी जैसे ही शुरू की वैसे ही एक अन्य चोर भी एक कमरे से निकलकर भागने लगा। उस चोर ने हाथ में चार पाई का पावा उठा रखा था। सैनी परिवार ने जैसे ही उसे पकडऩे की कोशिश की तो चोर ने उन पर हमला बोल दिया। उसने अनिल सैनी के सिर पर प्रहार करते हुए उसके हाथों की अंगुलियां चबा डाली। मगर अनिल ने हिम्मत नहीं हारी और चोरों को काबू कर लिया। इसी दौरान पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने चोर को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर डाली। पुलिस मौके पर पहुंची और चोर को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू की। तब चोर ने अपना नाम प्रदीप खटक वासी हांसी बताया। साथ ही उसने यह भी खुलासा किया कि वह जेब कतरा है और पहली बार चोरी करने के लिए किसी घर में घुसा था।

सैनी एग्रो एजेंसी में चोरी
हांसी। श्री काली देवी मंदिर के पास स्थित सैनी एग्रो एजेंसी में चोरों ने सेंध लगाकर हजारों रुपए का सामान चुरा लिया। एजेंसी मालिक सुरेश सैनी ने इस संबंध में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। सुरेश सैनी का कहना है कि चोर एजेंसी की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुस गए और गल्ले में रखी नगदी सहित बैरिंग और मोबिल ऑयल के पैकेट आदि सामान चुरा कर ले गए।

पार्षदों ने खोला रत्न सैनी के खिलाफ मोर्चा

हांसी। नगर परिषद के दर्जनभर पार्षदों, जिनमें कांता सैनी भी शामिल हैं, ने इसके उपप्रधान रत्न सैनी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इन सभी ने रत्न सैनी की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगाते हुए उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने हेतु उपायुक्त से मिले हैं। इन पार्षदों का आरोप हैं कि रत्न सैनी अपने दायित्व का निर्वहन भलीभांति न करके पार्षदों के कार्यों में रोड़ा अटकाते हैं। यही नहीं वे पार्षदों की शिकायतें भी करवाकर शहर की प्रगति में बाधा डालने का कार्य करते हैं। इसलिए पार्षदों में उनके खिलाफ रोष व्याप्त है। इन सभी पार्षदों से रत्न सैनी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने हेतु नगर परिषद के विशेष बैठक बुलाने का अनुरोध उपायुक्त से किया है। वहीं, रत्न सैनी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि ये पार्षद एक षड्यंत्र के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं।

रिक्शाचालक हत्याकांड में चेतराम सैनी गिरफ्तार

फिल्मी स्टाइल में दिया कत्ल को अंजाम

नई दिल्ली। फिल्मी कहानी को असली जिंदगी में अंजाम देने वाला एक बेहद शातिर अपराधी दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आया है। पुलिस ने इस कातिल को पश्चिम बंगाल से पकड़ा है। इस शख्स का नाम चेतराम सैनी है। दरअसल आज से करीब दो महीने पहले दिल्ली की पॉश डिफेंस कॉलोनी की एक कोठी में हुए केयरटेकर के कत्ल ने दिल्ली पुलिस की नींद हराम कर दी थी। अब पता चला कि कोठी के केयरटेकर ने अपने एक जानने वाले का कत्ल करके, अपने कत्ल की अफवाह फैलाई थी और कोठी में रखा पैसा लेकर फरार हो गया था। केयरटेकर ने ये आयडिया फिल्म रावणराज से लिया था। आरोपी चेतराम सैनी ने ठीक उसी अंदाज में रामजी नाम के एक रिक्शेवाले का कत्ल किया और जैसे फिल्म रावणराज में शक्तिकपूर ने किया था। वैसे ही शिकार को अपने कपड़े पहनाकर उसे जला दिया। कत्ल के बाद वो डिफेंस कॉलोनी के इस बंगले से तकरीबन एक लाख दस हजार रुपए लेकर फरार हो गया। कत्ल के इस पूरे ड्रामे को रचने के पीछे उसका मकसद था पुलिस को धोखे में रखना। ताकि पुलिस समझे कि वो इस कोठी में हुई लूटपाट का शिकार हो गया। हालांकि चेतराम की पत्नी ने कह दिया था कि कोठी में मिला शव चेतराम का है लेकिन पुलिस को शक हो गया था। उसने जाल बिछाया और चेतराम की पत्नी के पास आए एक मोबाइल कॉल के आधार पर पश्चिम बंगाल से उसे ढ़ूढ़ निकाला। बाद में पुलिस रिमांड के बाद चेतराम को जेल भेज दिया गया। पुलिस पूरे कत्ल में चेतराम पत्नी की भूमिका की भी जांच कर रही है।