हरियाणा विधानसभा चुनाव में सैनी समाज का सूरत-ए-हाल
राजेन्द्र सैनी / समाचार सम्पादक
चंडीगढ़। हाल ही में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनाव में विभिन्न राजनैतिक पार्टियों की 15 टिकटों पर ताल ठोंकने वाले सैनी समाज के नेताओं में से महज एक ही चुनाव जीतने में कामयाब हो पाया। दो सीटों पर जहां सैनी नेताओं ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर दी, वहीं अन्य स्थानों पर वे कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाए।
सैनी समाज को इकलौती जीत का तोहफा रादौर (यमुनानगर) से इंडियन नेशनल लोकदल प्रत्याशी डा. बिशन लाल सैनी ने दिया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के सुरेश कुमार को 4,395 वोटों के अंतर से पराजित किया। डा. सैनी को जहां 29,593 वोट मिले, वहीं सुरेश कुमार 25,198 वोट ही ले पाए। इस चुनाव में नारनौल व लाड़वा दो ऐसी सीटें रहीं, जिसमें सैनी नेताओं को कड़े मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। नारनौल से इनेलो प्रत्याशी भानाराम सैनी जहां हरियाणा जनहित कांग्रेस के राव नरेंद्र से 3,392 वोटों से चुनाव हार गए, वहीं लाड़वा से कैलाशो सैनी को 2,505 वोटों से नाकामयाबी हाथ लगी। भानाराम सैनी को 21,619 जबकि कैलाशो को 30,000 वोट मिले। दोनों ही सीटों पर सैनी समाज से एक अन्य प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में उतरा था। नारनौल से नौंवे स्थान पर रहे सूबेदार पुरुषोत्तम सैनी को महज 1,209 मत मिले जबकि लाड़वा से बसपा की शशि सैनी 9,617 वोटों के साथ पांचवें स्थान पर रही।
इसी तरह पेहवा कुरुक्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बलबीर सैनी ने भी यहां से चुनाव जीतने वाले कांग्रेस के हरमोहिंदर सिंह च_ा को कड़ी टक्कर दी। वे 19,260 वोट लेकर चुनावी जंग में तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा अम्बाला सिटी से हजकां प्रत्याशी पूर्ण प्रकाश सैनी 2,736 वोटों ंके साथ पांचवें स्थान तथा हांसी से भाजपा टिकट पर चुनाव लडऩे वाले मामन सैनी भी 6,165 मत लेकर पांचवें स्थान पर रहे। हिसार सीट से दो सैनी नेता चुनाव मैदान में थे। इस सीट पर हजकां प्रत्याशी रामनिवास राड़ा सैनी 14,435 वोटों सहित तीसरे जबकि भाजपा प्रत्याशी रवि सैनी 2,594 मत लेकर पांचवें स्थान पर रहे। जींद से बसपा टिकट पर चुनाव लड़े रमेश सैनी 11,010 वोटों सहित चौथे तथा इसी जिले की जुलाना सीट से भाजपा प्रत्याशी जवाहर सैनी 2,508 वोट लेकर पांचवें स्थान पर रहे। गोहाना से भाजपा प्रत्याशी के तौर पर चुनावी दंगल में उतरे नत्था सैनी 7,234 वोटों के साथ चौथे, नारायणगढ़ से भाजपा प्रत्याशी नायब सिंह सैनी 8,082 वोट लेकर पांचवें तथा रोहतक से बसपा टिकट पर ताल ठोंकने वाले फौजी बलवान सैनी महज 2,526 वोटों के साथ चौथे स्थान पर रहे।
शुक्रवार, नवंबर 06, 2009
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें