ढंडेरी ख्वाजगीपुर गांव के ट्यूबवैल के पास मिला शव व बाइक
रुड़की (हरिद्वार)। ढंडेरी ख्वाजगीपुर के प्रापर्टी डीलर संजय सैनी उर्फ गांधी पुत्र तेजपाल सैनी की 22 नवम्बर की रात को गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने गांव के एक ट्यूबवेल के पास से उसका शव व बाइक बरामद की। पुलिस ने इस मामले में प्रापर्टी डीलर के तीन जानकारों को हिरासत में लिया है।
घटनाक्रम के अनुसार संजय गांधी दिल्ली-हरिद्वार राजमार्ग पर बढेड़ी स्थित उक्रांद के कार्यालय में गया था। रात करीब आठ बजे संजय ने अपनी पत्नी को फोन पर कहा कि वह बढेड़ी से चल चुका है तथा करीब बीस मिनट बाद घर पहुंच जाएगा। रात्रि नौ बजे तक भी संजय के घर न पहुंचने पर उसकी पत्नी ने संजय के फोन पर कॉल की, लेकिन फोन रिसीव नहीं किया गया। इसके अलावा दूसरा फोन स्विच आफ आया।
इस पर संजय के परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। परिवार के लोग रात में ही बढेड़ी पहुंचे, जहां पर उन्हें बताया गया कि संजय तो बाइक पर यहां से निकल चुका है। रातभर की खोजबीन के बाद संजय का पता नहीं चला। सुबह जब लोग अपने खेतों में जा रहे थे तो ट्यूबवेल के समीप ही संजय का शव तथा बाइक पड़ी थी। इस पर ग्रामीणों ने संजय के परिजनों तथा सिविल लाइन कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक डीएस भंडारी पुलिस फोर्स को साथ लेकर मौके पर पहुंचे। संजय की कनपटी पर गोली का निशान था। बाद में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि संजय प्रापर्टी डीलिंग का काम करता था और कुछ समय पूर्व ही उक्रांद का सदस्य बना था। वह अक्सर बढेड़ी स्थित उक्रांद के कार्यालय पर जाता था, जहां से वह शाम को लौट आता था। घटना वाले दिन भी संजय हरिद्वार की ओर गया था। उसके साथ उक्रांद का ही बलराज नाम का कोई व्यक्ति भी आया था। सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पुलिस ने इस सम्बंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तथा कुछ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
शनिवार, दिसंबर 05, 2009
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें