एक युवक की मौत के विरोध में ग्रामीणों ने कर रखा था रोड जाम
जयपुर। आगरा रोड स्थित बस्सी इलाके में बांसखो रेलवे फाटक के पास लगे जाम में फंसे जेल राज्यमंत्री रामकिशोर सैनी की गाड़ी पर कुछ युवकों ने पथराव कर दिया। जिससे उनकी सरकारी गाड़ी का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
मंत्री के कार चालक ने बस्सी थाने में अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। जानकारी के मुताबिक बांसखो फाटक के पास रात करीब 9 बजे कार की टक्कर से बाइक सवार दौसा निवासी महेंद्र (24) की घटनास्थल पर ही मौत होने तथा दूसरे युवक चंद्रभान (30) के अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोडऩे से ग्रामीण भड़के हुए थे। उन्होंने महेंद्र का शव सड़क पर रखकर जाम लगा रखा था। मौके पर दल-बल के साथ पहुंचे थानाधिकारी लोगों को समझा रहे थे। इस बीच, दौसा से जयपुर लौट रहे राज्यमंत्री सैनी की कार वहां पहुंच गई। उनके चालक ने सायरन बजाकर गाड़ी निकालने की कोशिश की तो ग्रामीण भड़क गए। भीड़ में से कुछ युवकों ने पथराव शुरू कर दिया। इससे मंत्री की कार के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ ने कार में धक्का-मुक्की भी की। पुलिस ने हलका बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया और मंत्री की गाड़ी को वहां से निकाला। पथराव की सूचना पर एसपी ग्रामीण विपिन कुमार पांडे भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद इस सम्बंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
शुक्रवार, नवंबर 06, 2009
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें