घटनाक्रम के वक्त मकान की छत पर सो रहा था पूरा परिवार
राजबीर सैनी
भिवानी। स्थानीय कृष्णा कालोनी में रहने वाले अनिल सैनी के घर विगत 23 अगस्त की रात चोर घुस गए। अभी चोर चोरी करने में मशगूल ही थे कि चोरी की आहट अनिल सैनी और उसके परिजनों को सुन गई। फिर क्या था। अनिल सैनी व उसके परिजनों ने न केवल चोरों का बहादुरी से सामना किया, बल्कि उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले भी कर दिया गया। इस घटनाक्रम में चोर चोरी करने में तो नाकाम रहे मगर अनिल सैनी व उनके परिजनों में चोटिल करने में अवश्य कामयाब हो गए। चोरों ने अनिल के अलावा सुमित्रा, मिनाक्षी, राहुल, अभिषेक व चिराग को चोटिल कर दिया।हुआ यूं कि घटना वाली रात अनिल सैनी अपने परिजनों के साथ छत पर सो रहे थे। रात लगभग दो बजे जब हल्की सी बूंदाबांदी हुई तो अनिल छत से नीचे उतर आया जबकि परिवार के शेष सदस्य छत पर ही साते रहे। अनिल ने नीचे उतरकर जैसे ही अंदर कमरे की लाइट जलती देखी तो उसे शक हुआ। इस शक को दूर करने के लिए जैसे ही वह आगे बढ़ा तो उसे एक व्यक्ति की झलक दिखाई दी। चोर-चोर का शोर मचाए जाने पर वह व्यक्ति घर से बाहर निकलने में कामयाब हो गया। यह शोर सुनकर तब तक परिवार के अन्य सदस्य भी नीचे आ चुके थे। दिलचस्प बात तो यह है कि सैनी परिवार ने घर के सामान की जांच करनी जैसे ही शुरू की वैसे ही एक अन्य चोर भी एक कमरे से निकलकर भागने लगा। उस चोर ने हाथ में चार पाई का पावा उठा रखा था। सैनी परिवार ने जैसे ही उसे पकडऩे की कोशिश की तो चोर ने उन पर हमला बोल दिया। उसने अनिल सैनी के सिर पर प्रहार करते हुए उसके हाथों की अंगुलियां चबा डाली। मगर अनिल ने हिम्मत नहीं हारी और चोरों को काबू कर लिया। इसी दौरान पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने चोर को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर डाली। पुलिस मौके पर पहुंची और चोर को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू की। तब चोर ने अपना नाम प्रदीप खटक वासी हांसी बताया। साथ ही उसने यह भी खुलासा किया कि वह जेब कतरा है और पहली बार चोरी करने के लिए किसी घर में घुसा था।
सैनी एग्रो एजेंसी में चोरी
हांसी। श्री काली देवी मंदिर के पास स्थित सैनी एग्रो एजेंसी में चोरों ने सेंध लगाकर हजारों रुपए का सामान चुरा लिया। एजेंसी मालिक सुरेश सैनी ने इस संबंध में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। सुरेश सैनी का कहना है कि चोर एजेंसी की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुस गए और गल्ले में रखी नगदी सहित बैरिंग और मोबिल ऑयल के पैकेट आदि सामान चुरा कर ले गए।
बुधवार, सितंबर 02, 2009
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें