ग्रामीणों ने कई घंटे किया रोड जाम
चिड़ावा (राजस्थान)। चिडावा-झुंझुनूं मार्ग पर आकावाली ढाणी के समीप विगत 24 नवम्बर की देर शाम एक निजी बस ने स्कूटर पर सवार दो दोस्तों आकावाली ढाणी निवासी मनोज सैनी पुत्र रामचन्द्र सैनी व नरेन्द्र सैनी उर्फ पिंटू पुत्र बजरंगलाल को कुचल दिया, जिससे दोनों ने ही मौके पर दम तोड़ दिया।
घटना के वक्त दोनों चिड़ावा से अपने घर जा रहे थे। जैसे ही वे ढाणी के समीप पहुंचे तो सामने से आ रही एक निजी बस के चालक ने बस को स्कूटर पर चढ़ा दिया। बस की गति इतनी तेज थी कि स्कूटर व दोनों सवार बस के नीचे घुस गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आस-पास के लोग मदद को दौड़कर आए। स्कूटर सवार युवकों को बडी मुश्किल से बस के नीचे से बाहर निकाला। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया लेकिन बस चालक मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सडक पर पत्थर, टायर आदि सामान डालकर रास्ता जाम कर दिया और सडक पर आग जला दी। साथ ही उन्होंने आकावाली वाली ढाणी में दो ब्रेकर बनाने व अवरोध लगाने की मांग की। जाम की सूचना पाकर पुलिस उपाधीक्षक सुरेश कुमार खींची व थानाधिकारी रामदेव सिंह मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण नहीं माने तथा सड़क पर पत्थर आदि डालकर जाम जारी रखा तथा सड़क के बीचों बीच अलाव तापते रहे।
हालांकि पुलिस ने ग्रामीणों की मांग को मानते हुए अगली सुबह ही ब्रेकर निर्माण करने आश्वासन दिया लेकिन इसके बावजूद कुछ ग्रामीणों ने यह कहकर रास्ता जाम किए रखा कि ब्रेकर निर्माण का कार्य तुरन्त शुरू किया जाए तथा झुंझुनूं बीड में लगे अवरोधकों की तरह यहां भी अवरोधक लगाए जाएं। इसके साथ-साथ तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। रात दस बजे के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
शनिवार, दिसंबर 05, 2009
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें