बुधवार, मार्च 17, 2010

प्रवीण सैनी की सरेआम गोली मारकर हत्या

वारदात से गुस्साए लोगों ने किया रोड जाम

हांसी। बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर आए हथियारबंद युवकों ने विगत 17 फरवरी को ढाणी कुतुबपुर में मैडीकल प्रैक्टिस कर रहे युवक प्रवीण सैनी की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर हवाई फायर करते हुए मौके से फरार हो गए। प्रवीण सैनी अनिल गुर्जर हत्याकांड में नामजद पवन सैनी का जीजा था। छह दिन पहले उसकी सास गुड्डी (पवन की मां) को भी गोली मारी गई थीं, जो फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस के अनुसार सैनी एकता मंच के प्रदेश महासचिव कर्ण सिंह का पुत्र प्रवीन सैनी ढाणी कुतुबपुर में मेडिकल प्रैक्टिस कर रहा था। दोनों हमलावरों ने दुकान में घुस कर प्रवीन पर फायरिंग की और गोली लगने की वजह से प्रवीन बेसुध होकर वहीं गिर पड़ा। हालांकि गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दुकान की ओर दौड़े थे मगर यह देखकर हमलावर वहां फरार होने में कामयाब हो गए। बाद में प्रवीन को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल भी लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस वारदात को लेकर अगली सुबह सैनी बिरादरी के लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने हत्यारों को पकडऩे की मांग को लेकर रोहतक-हिसार रोड पर जाम लगा दिया। कई घंटे के बाद यह जाम उस समय खोला गया जब स्वयं पुलिस अधीक्षक सुभाष यादव ने मौके पर पहुंच कर सैनी बिरादरी के बाशिंदों को हत्यारों को जल्द पकडऩे का आश्वासन दिया। वहीं दूसरी ओर, पुलिस इस वारदात को अनिल गुर्जर हत्याकांड से जोड़कर देख रही है। जिस वजह से पुलिस ने जेल में बंद पवन सैनी के अन्य रिश्तेदारों को सुरक्षा प्रदान कर दी है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें