600 परिवारों की प्यास बुझा रहे हैं भीम सैनी
नीमच (रतलाम, राजस्थान)। इस कस्बे में रहने वाला 50 वर्षीय भीम सिंह सैनी एक ऐसा शख्स हैं जो पिछले करीब एक दशक से यहां के लोगों को ट्यूबवैल के माध्यम से नि:शुल्क पेयजल मुहैया करवा कर न केवल धर्म का काम कर रहा है, बल्कि मानव सेवा के लिए लिये गए अपने संकल्प को भी पूरी आत्मीयता के साथ निभा रहा है। इसी का परिणाम है कि एक-एक करके अब 600 घर ऐसे हो गए हैं, जो भीम सिंह की इस नि:स्वार्थ सेवा से लाभांवित हो रहे हैं अन्यथा एक दशक पहले तक इन्हीं घरों के बाशिंदे तीन-तीन किलोमीटर दूर से कुएं या बावडिय़ों से पेयजल लाकर अपना गुजर-बसर कर रहे थे।
भीम सिंह सैनी ने इस समाज सेवा का बीडा उस समय उठाया था जब 8 जनवरी 1999 को उनका 16 वर्षीय भतीजा राकेश इस दुनिया से विदा हो गया था। भीम सिंह द्वारा अपने भतीजे की याद में मानवसेवा का लिया गया यह संकल्प आज भी बदस्तूर जारी है। 10 मई 1999 को उन्होंने भतीजे की याद में लोगों के कंठ तर करने के लिए एक ट्यूबवेल लगवाया था। जिसमें भरपूर पानी निकला तो उन्होंने लोगों के घर-घर में पहुंचाने का निर्णय लिया और अब आलम यह है कि भीम सिंह के प्रयासों से उपनगर बघाना के हम्माल मोहल्ला, बालाजी मार्ग, जयसिंगपुरा रोड, चांदमल गैरेज से नाका नंबर-4, जाकिर हुसैन गली नंबर-4 में रहने वाले 600 परिवारों के द्वार-द्वार तक ट्यूबवेल का पानी पहुंच रहा है। लोगों का कहना है कि घर में रात-दिन कभी भी पानी खत्म होता है तो एक फोन पर नल आ जाते हैं और घंटेभर तक चलते रहते हैं। जब कभी घर में शादी-ब्याह या कोई कार्यक्रम हो तब भी पानी की समस्या नहीं आती। नपा के नल तो तीन दिन में एक बार केवल आधे घंटे ही चलते हैंं जबकि भीम सिंह के ट्यूबवेल से दो घंटे प्रतिदिन नल आते हैं। लोगों का कहना है कि दिन में तीन पारी में पानी सप्लाई किया जाता है।
भीम सिंह सैनी ने जल आपूर्ति प्रबंधन के लिए एक व्यक्ति की विशेष तौर से ड्यूटी लगा रखी है जो पानी सप्लाई का पूरा ध्यान रखता है। सुबह छह से सात, सात से आठ एवं आठ से नौ बजे तक पानी का वितरण किया जाता है। दिलचस्प बात तो यह है कि भीम सिंह सभी लोगों को कनेक्शन नि:शुल्क ही देते हैं। उनका कहना है कि लोगों के घरों तक प्रतिदिन नि:शुल्क पानी पहुंचाने में उन्हें आत्मिक सुख मिलता है। वहीं बघाना के सुरेश दमामी का कहना है कि गर्मी के दिनों में शहर में हाहाकार मचता है, लेकिन सैनी के पानी सप्लाई करने से अब मोहल्ले में शांति रहती है। पहले पानी के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। लेकिन अब ट्यूबवेल से कनेक्शन होने पर घर पर ही भरपूर पानी मिलता है। इसी कस्बे के कुलदीप सिंह व जाकिर हुसैन का कहना है कि ऐसे लोग कम ही मिलते हैं जो नि:स्वार्थ सेवा करते हैं। ट्यूबवेल से मोहल्ले में रहने वाले ज्यादातर लोगों की समस्या का समाधान हुआ है। जब पानी खत्म हो जाता है तो एक फोन से नल आ जाते हैं।
बुधवार, मार्च 17, 2010
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें