बुधवार, मार्च 17, 2010

शादी के मौके पर पसरा मातम, 8 मरे

सड़क पर डांस कर रहे बारातियों पर चढ़ा अनियंत्रित ट्रक

चौमूं (जयपुर)। स्थानीय रिंगस रोड पर विगत 17 फरवरी को हुए एक सड़क हादसे में 8 बारातियों की मौत हो गई जबकि 40 से अधिक घायल हो गए। पुलिस उपाधीक्षक डॉ. लालचन्द कायल ने बताया कि माधाणी पेट्रोल पम्प के पास रहने वाले गुलाब चन्द सैनी के पुत्र शंकर उर्फ कालूराम सैनी की बारात रात करीब दस बजे रिंगस रोड स्थित राधाकृष्ण विवाह स्थल की ओर जा रही थी। इसी दौरान विपरित दिशा से आ रहे सरियों से भरे एक ट्रक ने बारात के आगे पिकअप में चल रहे डीजे साउंड वाले कोटक्कर मार दी। जिससे ट्रक असंतुलित होकर बारात में शामिल लोगों पर चढ़ गया, जिससे सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मरने वालों में वार्ड नम्बर एक तोबड़ों की ढाणी निवासी रोहित पुत्र मंगलचन्द सैनी, बचनाराम पुत्र श्योजीराम गुर्जर, अनुराग पुत्र सीताराम सैनी, बबलू पुत्र शंकरलाल सैनी शामिल हैं। इस दुर्घटना में चालीस से अधिक लोग हादसे में घायल हो गए, जिनमें से दस को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बाद में सभी घायलों को जयपुर रेफर कर दिया गया। इनमें से चौपड़ों की ढाणी (चौमूं) निवासी बाबूलाल (22) ने जयपुर जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बयान पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें