दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते मुख्यातिथि जेके मलहौत्रा व कैप्टन चतर सिंह। सैनी संवाद
महेन्द्र तोंदवाल
कार्यकारी सम्पादक
रोहतक। सैनी एजूकेशन सोसायटी के तत्वावधान में सैनी बी.एड कालेज में विगत 5 अगस्त को पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि मुख्यमंत्री हरियाणा के सहायक राजनैतिक सचिव जे.के. मलहौत्रा व हैफेड के प्रशासक कैप्टन चतर सिंह थे जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर पीजीआईएमएस के वरिष्ठ चिकित्सक डा. एच.के. अग्रवाल, डा. महावीर सिंह ग्रेवान तथा डा. रोहतास यादव मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सोसायटी के प्रधान विजय सैनी ने की।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए मुख्यातिथि जे.के. मल्हौत्रा ने कहा कि लगातार खराब होते पर्यावरण के मिजाज को खुशगवार करने के लिए वर्तमान समय में पौधारोपण करना निहायत जरूरी है। लिहाजा हर आदमी की यह जिम्मेवारी बनती है कि वह प्रत्येक वर्ष एक-एक पौधा लगाकर वातावरण को शुद्ध रखने के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। पिछले कुछ सालों में सैनी एजूकेशन सोसायटी द्वारा की गई तरक्की की तारीफ करते हुए श्री मल्हौत्रा ने कहा कि प्रधान विजय सैनी की युवा टीम ने इस सोसायटी को चमकाने के लिए जो अथक प्रयास किये हैं, वह निसंदेह सम्पूर्ण सैनी समाज के लिए गर्व की बात है। कैप्टन चतर सिंह ने कहा कि यदि समय रहते हम पर्यावरण को बचाने के उपाय नहीं कर पाये तो हमारी आने वाली पीढ़ी का भविष्य तबाह हो जायेगा। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए कहा कि यह उनकी नैतिक जिम्मेवारी बनती है कि वह न केवल स्वयं पौधारोपण कर अपने स्कूल व आसपास के क्षेत्रों को हराभरा रखें, बल्कि अपने शिष्यों को भी पौधारोपण करने के लिए प्रोत्साहित करें ताकि समय रहते पर्यावरण को बचाया जा सकें।
डा. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि आधुनिकता के मकडज़ाल में जिस तरह वन क्षेत्र सिकुड़ता जा रहा है, वह निसंदेह भविष्य में आने वाले एक बड़े खतरे की ओर संकेत कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस संकट पर समय रहते काबू पाने के लिए जरूरी है कि ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाकर इस धरती को हरा-भरा किया जाये। डा. महावीर सिंह ग्रेवान व डा. रोहतास यादव ने कहा कि वर्तमान समय में विभिन्न कारणों से जिस तरह पर्यावरण को हानि पहुंच रही है उससे वह दिन दूर नहीं रहेगा जब मानव को स्वच्छ आबोहवा लेने के लिए भी संघर्ष करना पड़ेगा।
प्रधान विजय सैनी ने बताया कि पर्यावरण को बचाने के लिए उनकी युवा टीम द्वारा प्रति वर्ष पौधारोपण अभियान चलाया जाता है जिसके तहत सोसायटी परिसर में सैकड़ों पौधे रोपित किये जाते हैं। इसी कड़ी में युवा सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी एक बार सोसायटी परिसर में पहुंचकर यहां पौधारोपण कर चुके हैं। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के अलावा पर्यावरण को बचाने हेतु कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। कार्यक्रम में मंच का संचालन डा. आनंद व अतिथियों का धन्यवाद सोसायटी सचिव सतपाल सैनी ने किया जबकि इस मौके पर उपप्रधान महिपाल सिंह, पूर्व प्रधान प्रेम सिंह सैनी, कोषाध्यक्ष रोहतास आर्य, मैनेजर सूरजभान सैनी व किशन सिंह, महेंद्र तोंदवाल, पूर्व प्रधान मास्टर निहाल सिंह, अनिल सैनी, बालकिशन सैनी, कर्ण सिंह सैनी, ईश्वर सिंह, सुरेश सैनी, जिले सिंह, विनोद सैनी, राजेंद्र सैनी, मनीष सैनी, प्रवीण सैनी, दलबीर सैनी, चंद्रप्रकाश सैनी, एडवोकेट प्रेम सिंह, भरत सिंह पंवार, सुभाष सैनी, पूर्व पार्षद करतार सैनी, देवी सिंह, अभय सिंह, सतीश सैनी, सुरेंद्र सैनी, इनेलो नेता राजेश सैनी, महावीर प्रसाद सैनी, हवा सिंह, प्रमोद तरेडिया, जोगेंद्र एडवोकेट, एमसी बिमला सैनी, राम सिंह सैनी, रामकरण सैनी, सुंदर सैनी आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।




