चंडीगढ़। प्रदेश मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सैनी समाज के साथ अपने लगाव को एक बार फिर प्रदर्शित करते हुए गत माह घोषित किये गये प्राथमिक अध्यापकों (जे.बी.टी.) की भर्ती के परिणाम में सैनी समाज के अभ्यर्थियों को खासी तवज्जो बख्शी है। जिससे न केवल सैनी एजूकेशन सोसायटी में उत्साह का माहौल है, बल्कि सम्पूर्ण सैनी समाज ने इसके लिए मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का आभार भी व्यक्त किया है। ध्यान रहे कुछ महीने पूर्व पीटीआई, डीपीई, एएलएम, एसडीओ व एमपीएचडब्ल्यू के आये नियुक्ति परिणामों में भी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सैनी समाज को तरजीह देते हुए उनके 5 पीटीआई, एक डीपीई, एक एसडीओ, दो-दो बाशिंदों को एएलएम व एमपीएचडब्ल्यू की चयनित सूची में जगह दी थी। फिलहाल सैनी समाज के जिन अभ्यर्थियों का चयन जेबीटी के लिए किया गया है, उनमें सुनील कुमार पुत्र शीशपाल सैनी वासी नजदीक गऊकरण रोड रोहतक, अशोक कुमार पुत्र सत्यवान वासी जींद, प्रविन्द्र पुत्री रामकुमार सैनी वासी जींद, दीपक कपूर पुत्र धर्म सिंह सैनी वासी छाजुपुर खुर्द गांव जिला पानीपत, रेणु सैनी पुत्री रामेश्वर सिंह वासी झज्जर, प्रीति पुत्री सेवा सिंह सैनी वासी उद्यमीपुरा रोहतक, मनीषा सैनी पुत्री रामकुमार सैनी वासी गोहाना, गीतू सैनी पत्नी धन्नाराम सैनी वासी बरवाला तथा श्याम सुंदर सैनी पुत्र ओमप्रकाश सैनी वासी चमनपुरा रोहतक आदि शामिल हैं।
इन सभी लोगों एवं इनके परिजनों ने यह काम करने पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व सैनी एजूकेशन सोसायटी के अध्यक्ष विजय सैनी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा सैनी समाज के युवाओं को लगातार सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दे कर सैनी समाज के उत्थान एवं कल्याण में निसंदेह अपना पूरा सहयोग दे रहे हैं। जिसके लिए सैनी समाज उनका आभारी है। जेबीटी में नियुक्तियां पाने वाले इन अभ्यर्थियों में सैनी एजूकेशन सोसायटी रोहतक की गर्वनिंग बॉडी के सदस्य जिले सिंह सैनी की भतीजी, पूर्व उपप्रधान महाश्य दयाकिशन सैनी की पोती व एक अन्य रिश्तेदार, कोषाध्यक्ष रोहतास आर्य की भांजी, जींद से रमेश सैनी का भतीजा, बरवाला से पूर्व पार्षद चंद्र सैनी के भाई की पत्नी, छाजपुर पानीपत से मोहन सैनी का ममेरा भाई, सैनीपुरा रोहतक के रामकुमार सैनी (टेलीफोन एक्सचेंज में कार्यरत) की बेटी, गढ़ी मोहल्ला वासी सतपाल सैनी का भतीजा मुख्य रूप से शामिल हैं।
विजय सैनी को किया था सम्मानित
पीटीआई, डीपीई, एमपीएचडब्ल्यू, एएलएम व एसडीओ में चयनित होने वाले सैनी समाज के युवाओं ने सैनी सोसायटी के विजय सैनी का आभार व्यक्त करने के लिए एक सम्मान समारोह आयोजित किया था। सैनी बी.एड कालेज में हुए इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से लोगों ने हिस्सा लिया था, जिन्होंने विजय सैनी द्वारा सैनी समाज के उत्थान के लिए किये जा रहे कार्यों की खुलकर सराहना की थी। विजय सैनी की सिफारिश पर जिन सैनी युवाओं का चयन पीटीआई के लिए हुआ था, उनमें जोगेंद्र सैनी, सतबीर सैनी, महाबीर सैनी, भारती सैनी व पवन सैनी शामिल थे। इसके अलावा डीपीई के लिए ऊषा सैनी, एमपीएचडब्ल्यू हेतु राकेश सैनी व हरिओम सैनी, ए.एल.एम. के लिए जींद के अमित सैनी व पेहवा के राजपाल सैनी तथा बिजली विभाग के एसडीओ पद हेतु सुमित कटारिया शामिल है।