सोमवार, फ़रवरी 08, 2010

सैनी एजूकेशन सोसायटी रोहतक की नई योजना

सैनी समाज के लोगों का होगा सम्मान

महेन्द्र तोंदवाल

कार्यकारी सम्पादक

रोहतक। शिक्षा, खेल एवं सैनी समाज के उत्थान में पिछले पांच सालों से उल्लेखनीय कार्य कर रही सैनी एजूकेशन सोसायटी रोहतक की युवा मैनेजमैंट ने अब सैनी समाज के उन मौजीज लोगों को विशेष तौर से सम्मानित करने का फैसला लिया है, जो न केवल सैनी सोसायटी को संचालित करने वाली इसकी हाई पावर कमेटी के सदस्य हैं, बल्कि सैनी एजूकेशन सोसायटी के विकास एवं उत्थान में लगातार अपना अहम योगदान भी दे रहे हैं।
सैनी एजूकेशन सोसायटी के प्रधान विजय सैनी ने बताया कि सोसायटी के इतिहास में यह ऐसा पहला अवसर है, जब इतने बड़े स्तर पर सैनी समाज के मौजीज लोगों को सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हाई पावर कमेटी में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 300 लोगों को शामिल किया गया है। ये सदस्य समय-समय पर अपने कीमती सुझाव सोसायटी मैनेजमैंट को देते रहते हैं, जिन्हें मैनेजमैंट द्वारा गंभीरता से क्रियान्वित किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस कमेटी में सैनी समाज के वरिष्ठ एवं मौजीज लोगों को शामिल किया गया है ताकि उनकी रहनुमाई एवं अगुवाई में सैनी सोसायटी को विकास के शिखर पर पहुंचाया जा सकें।
विजय सैनी ने बताया कि जब उनकी युवा मैनेजमैंट ने वर्ष 2005 को पहली बार सैनी एजूकेशन सोसायटी की बागडोर संभाली थी तो तभी यह निर्णय ले लिया गया था कि प्रदेश में रहने वाले सैनी समाज के उन लोगों को भी सैनी एजूकेशन सोसायटी से जोड़ा जाएगा, जो न केवल सोसायटी की इस युवा मैनेजमैंट द्वारा किए जा रहे कार्यों पर नजर रखें, बल्कि समय-समय पर उन्हें अपने बहुमूल्य सुझाव देकर इसके विकास एवं उत्थान में अपना महत्वपूर्ण योगदान भी दें।
सैनी एजूकेशन सोसायटी के सचिव सतपाल सैनी ने बताया कि इसी मकसद से अपने पहले कार्यकाल के दौरान भी उन्होंने हाई पावर कमेटी का गठन किया था और वर्ष 2008 में दोबारा से सोसायटी का कार्यभार संभालने के बाद फिर से इस कमेटी का गठन नए सिरे से किया था। जिसमें पहले के मुकाबले और अधिक लोगों को शामिल किया था ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को सैनी एजूकेशन सोसायटी से जोड़ा जा सकें। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सम्मानित होने वाले सभी सदस्यों को एक सुंदर सम्मान पत्र भेंट किया जाएगा, जो उन्हें जीवन पर्यंत इस याद की सुखद अनुभूति करवाता रहेगा कि सैनी एजूकेशन सोसायटी के विकास एवं उत्थान में उन्होंने भी एक कड़ी के रूप में उल्लेखनीय कार्य किया है और यह सोसायटी आज जहां खड़ी है, उसमें उनका भी अहम योगदान रहा है। सतपाल सैनी ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। साथ ही कहा कि सैनी एजूकेशन सोसायटी की युवा मैनेजमैंट का लक्ष्य इस सोसायटी को भी प्रदेश की अन्य बिरादरियों की विकसित सोसायटियों की भांति विकास के मामले में अग्रणी सोसायटी के रूप में विकसित एवं विख्यात करना है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें