गुरुवार, अगस्त 05, 2010

आठ घंटे तक परिजनों को नहीं मिला शव

टाइगर के हमले में काल का ग्रास बना घमंडी सैनी

सवाईमाधोपुर। स्थानीय रणथम्भौर रोड स्थित झूमर बावड़ी के निकट गत माह की एक सुबह टाइगर ने हमला कर युवक घमंडी सैनी को मार दिया। दोपहर सवा तीन बजे तक युवक का पता नहीं चलने पर सैनी समाज के आक्रोशित लोगों ने रणथम्भौर रोड पर जाम लगा दिया। अपराह्न साढ़े चार बजे जब पुलिसकर्मी शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने लगे तब गुस्साएं लोगों ने पुलिस पर पत्थर फैंके। जिससे महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक डीके बिस्सा के वाहन का शीशा टूट गया। स्थिति गंभीर होती देख मान टाउन थानाधिकारी फूल मोहम्मद ने लोगों को खदेडऩे के लिए हल्का बल प्रयोग किया तो लोगों ने उनसे भी हाथापाई की। किसी ने उनके थप्पड़ भी जड़ दिया। करीब बीस मिनट तक मौके पर अफरातफरी मची रही। मेडिकल ज्यूरिष्ठ डॉ. एमएल कांवट ने बताया कि मृतक की गर्दन टूटी हुई थी और उसके बांई तरफ का हिस्सा बुरी तरह चबाया हुआ था।

बिलखते रहे परिजन
टाइगर के हमले में काल का ग्रास बने युवक घमंडी सैनी का शव आठ घंटे बाद भी नहीं मिलने पर परिजन बिलखते रहे। मृतक की मां व पिता लड्डूलाल सैनी बार-बार गश खाकर गिरते पड़ते रहे। वे बार-बार यही कह रहे थे कि उनके बेटे को कोई ले आओ। उनकी चीख-पुकार सुनकर हर किसी कि आंखें नम हो रही थी। सभी उन्हें दिलासा देने में लग रहे थे, वहीं युवक का सुराग नहीं लगने पर लोगों का गुस्सा भी भड़क रहा था।
उनका कहना था कि घटना के बाद भी कोई वन विभाग का आला अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। मृतक की पत्नी अनिता की गोद में उसका चार वर्षीय पुत्र पवन था। उसके आंसू भी थमने का नाम नहीं ले रहा थे। बीच सड़क पर ही विलाप करने से बार-बार रास्ता जाम हो रहा था। प्रशासनिक अधिकारी व पुलिसकर्मी उन्हें समझा बुझाकर एक तरफ करते कि थोड़ी देर बाद वे फिर सड़क पर आ जाते। इससे कई बार रास्ता जाम हो गया।

थानाधिकारी को हटाने की मांग
देर शाम करीब साढ़े छह बजे लोगों ने मानटाउन थानाधिकारी फूल मोहम्मद की निलम्बन की मांग को लेकर रणथम्भौर रोड पर पुन: जाम लगा दिया। आरोप लगाया कि थानाधिकारी ने महिलाओं सहित अन्य लोगों के साथ ज्यादती की। इस बीच ग्राम पंचायत गोठबिहारी में उपसरपंच चिरंजीलाल सैनी की अध्यक्षता में हुई सैनी समाज की एक बैठक में घमंडी सैनी के साथ प्रशासन द्वारा न्याय नहीं करने पर भारी आक्रोश जताया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें