गुरुवार, अगस्त 05, 2010

मेनहोल में गिरने से नर्सरी के छात्र की मौत

विनोद सैनी
हमारे संवाददाता

गुडगांव। विगत 14 जुलाई की सुबह लै. अतुल कटारिया स्कूल की नर्सरी कक्षा का पांच वर्षीय छात्र संदीप सैनी उस समय पालम विहार के भगत सिंह चौक के पास बने सीवर के मेनहोल में गिर गया जब बस न आने पर वह अपनी मां पूनम सैनी की अंगुली छोड़कररोड पर खेलने लगा। बेटे को सीवर में गिरते देख पूनम के होश उड़ गये। हालांकि पूनम ने उसे बाहर निकालने की कोशिश भी की मगर तब तक मेनहोल में चल रहे गंदे पानी के बहाव में वह आगे बह गया। पूनम ने शोर मचाया तो आसपास लोग एकत्रित हो गये, जिन्होंने इसकी सूचना इलाके के सैक्टर-5 थाना पुलिस स्टेशन को दी। इत्तफाकन थाना प्रबंधक संजीव बल्हारा भी पास में ही थे और वायरलैस पर सूचना मिलते ही और जवानों को मौके पर आने का आदेश देकर घटनास्थल पर पहुंच गए। तब तक उन्होंने फायर बिगे्रड को भी मदद के लिए बुला लिया था। फायर बिग्रेड की ओर से फायर मैन रामानन्द और अन्य जवान तुरंत बच्चे की खोज में जुट गए। थाना प्रबंधक और फायर कर्मियों ने इधर उधर के मेनहोलों को जांचने के बाद उनकी घेराबंदी की। लगभग एक किलोमीटर दूर फायरकर्मी रामानन्द ने एक मेनहोल से संदीप सैनी को बाहर निकला। बेहोश अवस्था में उसे तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां संदीप की गंभीर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू कर दिया। मगर नियति को कुछ और ही मंजूर था।
अस्पताल में चार दिन तक जिंदगी और मौत के बीच झूलने के बाद आखिरकार 18 जुलाई को संदीप ने दम तोड़ दिया। संदीप की अकाल मौत से उसके पिता चंचल सैनी व माता पूनम का बुरा हाल था। मौत के बाद जिला प्रशासन जागा और पूनम की शिकायत पर हूडा के कर्मचारियों और अधिकारियों द्वारा बरती गई लापरवाही के लिए उनके खिलाफ धारा 338 के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें