बुधवार, जनवरी 06, 2010

Brief News

जयभगवान सैनी को सम्मानित किया


रोहतक। पीएसीएल इंडिया लिमिटेड ने उल्लेखनीय कार्य करने पर अपने कर्मचारी जयभगवान सैनी वासी चुन्नीपुरा रोहतक को स्वीफ्ट कार देकर सम्मानित किया। उन्हें यह सम्मान पीएसीएल गु्रप के चेयरमैन निर्मल सिंह भंगु ने अपने कर-कमलों से दिल्ली के ताज होटल में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रदान किया। जयभगवान पिछले कई सालों से इस कम्पनी में कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा भिवानी में काम कर रही जयभगवान सैनी की टीम को भिवानी में आयोजित एक कार्यक्रम में टीम के सभी सदस्यों को एक-एक बाइक देकर सम्मानित किया गया।


डी.सी. सैनी बने व्यापार मंडल के सदस्य

बहादुरगढ़। हरियाणा व्यापार मंडल के सचिव डीसी सैनी को भारतीय उद्योग व्यापार मंडल को कार्यकारिणी का सदस्य मनोनीत किया गया है। मंडल कार्यालय मंत्री विजेता पाराशर ने यह जानकारी एक पत्र के माध्यम से देते हुए बताया कि भारतीय उद्योग व्यापार मंडल देश भर के 5 करोड़ से अधिक व्यापारियों की प्रतिनिधि संस्था है।


सुरेश सैनी के लाखों के ट्रक हड़पे

सादुलपुर। सादलपुर के वार्ड नंबर-26 के रहने वाले सुरेश सैनी ने महेंद्रगढ़वासी जयराम राजपूत पर उसका ट्रक किराए पर लेकर राशि व ट्रक हड़पने का आरोप लगाते हुए राजपूत के खिलाफ धोखाधडी का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार जयराम ने दिसम्बर 07 में सुरेश सैनी का ट्रक 50 हजार रूपए वार्षिक किराए के अनुबंध पर लिया। अनुबंध के अनुसार ट्रक की बैंक किस्त, टैक्स भी जयराम को ही अदा करना था। एक वर्ष बाद जयराम ने सुरेश को अनुबंध के अनुसार किराया देकर ट्रक भी वापस लौटा दिया। जयराम ने सुरेश का विश्वास अर्जित कर दुबारा उसके तीन ट्रक उसी अनुबंध के अनुसार किराए पर लिए, लेकिन इसके बाद उसने ना तो कोई किराया दिया और ना ही ट्रक वापस लौटाए।



सैनी महासभा ने किए पत्रकार व पार्षद सम्मानित

जयपुर। सैनी महासभा पंचायत संस्था जयपुर की ओर से सावित्री बाई फूले राष्ट्रीय जागृति मंच के तत्वावधान में गणेश कालोनी में एक सम्मान समारोह आयोजन किया गया। जिसमें संस्था के अध्यक्ष सूरज मल सैनी व विधायक अशोक परनामी ने कई पार्षदों व पत्रकारों का सम्मान किया। सम्मानित होने वाले पत्रकार पदम सैनी तथा पार्षद रोशन लाल सैनी व संतोष सैनी भी शामिल थे।


श्वेता सैनी ने खटखटाया कोर्ट का दरवाजा

अलवर। निकाय चुनाव में कांग्रेस की ओर से नगर परिषद सभापति पद की प्रत्याशी रही श्वेता सैनी ने जिला एवं सत्र न्यायालय में सभापति हर्षपाल कौर के खिलाफ याचिका दायर कर नामांकन के दौरान प्रस्तुत जाति प्रमाण पत्र में गलत तथ्य का उल्लेख करने का आरोप लगाया है। याचिकाकर्ता श्वेता सैनी का कहना है कि नप सभापति हर्षपाल कौर ने निकाय चुनाव के दौरान प्रस्तुत जाति प्रमाण पत्र में गलत तथ्य पेश कर स्वयं को ओबीसी वर्ग का बताया था। याचिका में आरोप लगाया है कि सभापति कौर सामान्य वर्ग से हैं। अत: उन्होंने गलत तथ्यों के आधार पर चुनाव लडा। उनका निर्वाचन अवैध घोषित किया जाए।


राधेश्याम सैनी ने किया आत्मदाह

अलवर। पगार नहीं मिलने से व्यथित स्थानीय आनंद विहार कालोनी में रहने वाले मजदूर राधेश्याम सैनी (52) ने आग लगाकर आत्मदाह कर लिया। वह एक फार्म हाऊस पर मजदूरी कर रहा था और उसने फार्म हाउस के मालिक पर पगार के पांच हजार रूपए नहीं देने का आरोप लगाते हुए फार्म हाउस के सामने ही पेट्रोल छिडककर खुद को आग लगा ली। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से झुलसे मजदूर को सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


गांव काहनी में हुई क्रिकेट स्पर्धा

रोहतक। गांव काहनी में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। चार-दिन तक चली इस क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को समापन समारोह के मुख्यातिथि ब्लाक समिति सदस्य राजेश सैनी पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाडिय़ों को हमेशा खेल भावना से खेलने का आह्वान किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें