सड़क दुर्घटना का शिकार हुए गुलाब राड़ा
हिसार। सैनी सभा ट्रस्ट एवं सैनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रबंधक कमेटी के सदस्य 40 वर्षीय गुलाब राड़ा की विगत 6 दिसम्बर को जींद में हुए एक सड़क हादसे में मृत्यु हो गई। उनका अंतिम संस्कार बस स्टैंड स्थित शमशान घाट में किया गया। वे अपने पीछे एक पुत्र व पुत्री छोड़ गए। उनके अंतिम संस्कार के मौके पर शहर के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। सैनी सभा ट्रस्ट ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
सैनी सभा का 75वां स्थापना दिवस 14 को
नारनौल। सैनी सभा नारनौल के 75वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 14 जनवरी को नारनौल के सैनी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में महाराजा शूर सैनी जयंति समारोह का आयोजन किया जाएगा। सभा के प्रधान सूबेदार पुरुषोत्तम सैनी ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्यातिथि ऑल बैंक का. सोसायटी के अध्यक्ष श्याम सुंदर सैनी होंगे जबकि समारोह अध्यक्ष की भूमिका रामनिवास सैनी निभाएंगे। उन्होंने बताया कि समारोह में हरियाणा के अलावा अन्य राज्यों से भी सैनी समाज के नेतागण एवं मौजीज लोग हिस्सा लेंगे।
बसपा नेता धूम सैनी के खिलाफ मामला दर्ज
मुज्जफरनगर। बहुजन समाज पार्टी की भाईचारा कमेटी के लोकसभा अध्यक्ष धूम सिंह सैनी व एक आला पुलिस अधिकारी के करीबी रिश्तेदार के खिलाफ पुलिस में भर्ती करवाने के नाम पर उम्मीदवारों से पैसे लेने के आरोप में आपराधिक मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मुकदमा पुलिस के इलेक्ट्रानिक सेल के प्रभारी प्रशांत कपिल की शिकायत पर दर्ज किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित चंद्रा ने बताया कि उन्हें खुफिया जानकारी मिली थी कि पुलिस भर्ती के नाम पर लोगों को ठगा जा रहा है। इसके बाद से ही धूम सिंह सैनी के मोबाइल फोन की रिकार्डिंग की जा रही थी और इस दौरान फालोवर के पद पर भर्ती के ऐवज में लेन-देन की कई लोगों से हुई बातचीत को रिकार्ड भी किया गया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद सैनी को उनके निवास स्थान से गिरफ्तार कर लिया गया।
टावर के फेर में सुरेश सैनी को लगा चूना
विज्ञापन के झांसे में आकर गंवाए 6 हजार रुपए
विनोद सैनी
रोहतक। स्थानीय रूप नगर में रहने वाले सुरेश सैनी एक समाचार पत्र में प्रकाशित विज्ञापन के चक्कर में ऐसे पड़े कि वे अपने आप को कई हजार रुपए का चूना लगवा बैठे।
हुआ यूं कि एक समाचार पत्र में किसी कम्पनी का विज्ञापन छपा था कि जो लोग मोबाइल टावर लगवाना चाहते हैं वे फलां नम्बर पर सम्पर्क करें। टावर लगने की स्थिति में सम्बंधित व्यक्ति को कम्पनी की ओर से 15 हजार रुपए महीना किराये के अलावा 10 साल के लिए डेढ़ लाख रुपए की राशि बतौर सिक्योरिटी के तौर पर दी जाएगी। यह विज्ञापन देखकर सुरेश सैनी की बांछे खिल गई और उसने जब दिए गए मोबाइल नम्बर पर फोन करके अपनी साइट की लोकेशन बताई तो कम्पनी को फोन पर ही वह साइट पसंद आ गई। इस पर कम्पनी ने सुरेश सैनी को भरोसा दिलाया कि वे उनकी साइट पर अपना टावर लगा देंगे मगर इसके लिए महज तीन दिन के अंदर-अंदर उन्हें 6 हजार रुपए कम्पनी के खाते में जमा करवाने होंगे और चौथे दिन टावर लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। कम्पनी के कहे के मुताबिक सुरेश सैनी ने आईसीआईसीआई बैंक में कम्पनी के एकाऊंट में 6 हजार रुपए जमा करवा दिए और चौथे दिन फोन आने का इंतजार करता रहा।
जब कई दिनों तक कोई फोन नही आया तो सुरेश सैनी ने विज्ञापन में दिए गए नम्बर पर फोन किया मगर वह स्वीच ऑफ आया। सुरेश कई दिन तक लगातार इस फोन पर सम्पर्क साधने की कोशिश करता रहा मगर वह फोन फिर कभी ऑन ही नहीं हुआ। तब किसी ने उसे बताया कि ऐसी कई कम्पनियां बाजार में सक्रिय है जो लोगों को धोखा देकर उन्हें चूना लगा रही है।
सैनी सी.सै. स्कूल की 16 छात्राएं मेरिट में
रोहतक। बारहवीं कक्षा के प्रथम सेमेस्टर के हाल ही में घोषित किए गए परीक्षा परिणाम में सैनी कन्या सीनियर सैकेंडरी स्कूल की 16 छात्राओं ने मेरिट में स्थान पाया है। स्कूल प्राचार्य बी.डी. मदान ने बताया कि इन छात्राओं में अंकिता, ममता, कुसुम, सीमा, प्रीति, रीना, दीपिका, मनीषा, राखी, ज्योति, पूजा, राखी, सुषमा, रेखा, मेनका व प्रीति शामिल हैं। छात्राओं के इस शानदार प्रदर्शन पर सैनी सोसायटी के प्रधान विजय सैनी ने खुशी जाहिर की है।
शुक्रवार, जनवरी 08, 2010
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें