होशियारपुर। विदेश गए एक व्यक्ति की रहस्यमय स्थितियों में लापता हुई पत्नी का शव उसके दुधमुंहे बच्चे के साथ गांव के ही छप्पड़ से बरामद हुआ है। मृतका के मायके वालों का आरोप है कि दहेज हत्या कर शवों को खुर्द-बुर्द करने की नीयत से छप्पड़ में फेंका गया है। पुलिस ने विवाहिता व उसके छह माह के बेटे का शव कब्जे में लिया तथा उनका पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतका के परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर सास, ससुर सहित सात लोगों को नामजद किया है। पुलिस में दर्ज करवाई गई रिपोर्ट के मुताबिक गांव हारटा के निवासी सतनाम सिंह सैनी ने बताया कि उसने अपनी बेटी हरविंदर कौर (26) की शादी करीब दो वर्ष पूर्व सैदपुर के निवासी सुरजीत सिंह के साथ की थी। उसका कहना था कि शादी के बाद उसकी बेटी हरविंदर कौर ने एक लड़के को जन्म दिया, जो इस समय छह माह का था। आरोप है कि शादी के बाद ही हरविंद्र को उसके ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर प्रताडि़त करने लगे थे।
पीडि़त बाप का कहना था कि 11 मार्च को उसकी लड़की के जेठ का फोन आया था कि हरविंदर कौर 9 मार्च को किसी समारोह में गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इस संबंधी थाना चब्बेवाल पुलिस के पास 12 मार्च को गुमशुदगी की सूचना दर्ज करवाई गई थी। किसी ने उन्हें सूचना दी कि उनकी लड़की व उसके छह माह के बेटे रमनप्रीत सिंह का शव गांव बजरावर में स्थित छप्पड़ से बरामद हुआ है। सूचना मिलते ही चब्बेवाल पुलिस मौके पर पहुंच गई और मां-बेटे के शवों को, जो एक-दूसरे के निकट ही तैर रहे थे, को कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साभार एजेंसी

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें