गुरुवार, अप्रैल 28, 2011

रवि व राखी सैनी ने लता के नाम पर ठगे 93 लाख


जयपुर। नीदरलैंड में स्वर कोकिला लता मंगेशकर, नितिन मुकेश समेत कई अन्य कलाकारों का शो कराने के नाम पर 93 लाख रुपए ठगने के आरोप में स्थानीय मालवीय नगर पुलिस ने रवि सैनी व राखी सैनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सांस्कृतिक शो के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले दोनों ही आरोपी घटना प्रकाश में आने के बाद से ही फरार बताये जाते हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार राधिका सांस्कृतिक सोसायटी के पदाधिकारी रवि सैनी और राखी सैनी ने हॉलैंड निवासी उदयसिंह से श्रीराम मंदिर, हॉलैंड में लता मंगेशकर, नितिन मुकेश समेत अन्य कलाकारों का गत सितंबर में शो करवाने के एवज में 93 लाख रुपए ठग लिए। उन्होंने बताया कि तय तिथि पर शो नहीं होने पर आयोजक ने दोनों से रुपए वापस लौटाने का आग्रह किया था मगर दोनों ने ही इस भारी-भरकम धनराशि को वापस लौटाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। उन्होंने बताया कि उदयसिंह की अभियुक्तों से मुलाकात भी हॉलैंड में ही हुई थी। सूत्रों का कहना है कि रवि सैनी और राखी सैनी लम्बे समय तक रुपए लौटाने का झांसा देते रहे। कुछ समय तक आयोजक और अभियुक्तों के बीच ईमेल के माध्यम से भी सम्पर्क चलता रहा मगर बाद में यह संपर्क भी टूट गया। सूत्रों ने बताया कि मॉडल टाउन निवासी रवि और राखी घर से फरार हो गए हैं। रवि सैनी और राखी सैनी भाई-बहन बताए जाते हैं। (साभार भाषा)



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें