सोमवार, दिसंबर 06, 2010

अपदस्थ हुए दो सैनी दिग्गज

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद से हटाये गये छगन भुजबल 
राजेन्द्र सैनी
समाचार सम्पादक
मुम्बई।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद पर पृथ्वीराज चण्हान की ताजपोशी के साथ ही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने उपमुख्यमंत्री पद पर बदलाव करते हुए वरिष्ठ नेता एवं सैनी समाज के दिग्गज छगन भुजबल की जगह केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पंवार के भतीजे अजीत पंवार को उपमुख्यमंत्री नियुक्त कर दिया। अजीत पंवार मुख्यमंत्री अशोक चण्हान के मंत्रीमंडल में ऊर्जा मंत्री थे। छगन भुजबल अब पृथ्वीराज के मंत्रीमंडल में टूरिज्म व पी.डब्ल्यू.डी. मंत्री का दायित्व वहन करेंगे। छगन को उपमुख्यमंत्री पद से हटाये जाने पर सैनी समाज के साथ-साथ अन्य पिछड़ी जातियों में भी रोष व्याप्त है। छगन ने अपने राजनैतिक कैरिअर की शुरूआत 1960 में शिव सेना से की थी मगर पार्टी सुप्रीमो से मतभेद के चलते वे 1991 में शिव सेना छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गये थे। वे मुम्बई नगर निगम के कोरपोरेटर के साथ-साथ राकंपा के अलावा कांग्रेस व शिवसेना के भी विधायक रह चुके हैं। छगन भुजबल को महाराष्ट्र की पिछड़ी जातियों का मजबूत नेता माना जाता है।

मेहर सिंह ने दिया एचपीएससी चेयरमैन पद से इस्तीफा
महेन्द्र तोंदवाल
कार्यकारी सम्पादक

चंडीगढ़। हरियाणा लोक सेवा आयोग के निलम्बित चेयरमैन मेहर सिंह सैनी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह इस्तीफा इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट में चल रहे एक केस में आये एक फैसले के बाद दिया है। यहां बता दें कि फरवरी 2005 में हुए विधानसभा चुनाव से एकदम पहले ओमप्रकाश चौटाला के नेतृत्व वाली हरियाणा सरकार ने मेहर सिंह सैनी को एचपीएसएसी का चेयरमैन जबकि 8 अन्य लोगों को इसका सदस्य नियुक्त किया था। चौटाला की पार्टी इंडियन नेशनल लोकदल इस चुनाव में दूसरे स्थान पर रही थी और कांग्रेस पार्टी ने दो तिहाई बहुमत के साथ सत्ता हासिल की थी। तदोपरांत कांग्रेस सरकार ने मेहर सिंह सैनी के अलावा एचपीएससी के 8 अन्य सदस्यों-डूंगर राम, चतर सिंह, युद्धवीर सिंह, सतवीर सिंह, ओमप्रकाश, रणवीर सिंह हुड्डा, संतोष सिंह तथा राम कुमार कश्यप- को निलंबित कर दिया था। तभी से यह मामला कोर्ट में चल रहा था। फिलहाल 9 में से केवल एक सदस्य का ही कुछ कार्यकाल बचा था जबकि मेहर सिंह सैनी तथा संतोष सिंह का कार्यकाल 30 नवंबर को खत्म हो गया था। यहां यह उल्लेख करना जरूरी है कि चेयरमैन पद पर रहते हुए मेहर सिंह सैनी ने सैनी बिरादरी के उत्थान व कल्याण के लिए प्रशंसनीय कार्य किया।

एडीजीपी सुमेध सैनी की हत्या की साजिश का पर्दाफाश

फतेहगढ़ साहिब।  पंजाब के एडीजीपी सुमेध सिंह सैनी आतंकवादियों के निशाने पर थे और आतंकवादियों ने उनकी हत्या का षड्यंत्र भी रच लिया था। मगर इससे पहले की वे अपने षड्यंत्र को अंजाम तक पहुंचा पाते, पुलिस के हत्थे चढ़ गये। यह खुलासा स्वयं षड्यंत्रकारी आतंकवादियों ने रिमांड के दौरान पंजाब पुलिस के समक्ष किया है। यहां बता दें फतेहगढ़ साहिब पुलिस ने बब्बर खालसा व भिंडरा वाला फोर्स के तीन आतंकियों को असला समेत गिरफ्तार किया था, जिनमें साहिब सिंह उर्फ जसमेल सिंह अर्शपाल सिंह उर्फ रछपाल सिंह व कुलविंदर सिंह शामिल थे। फतेहगढ़ एसएसपी रणबीर सिंह खटड़ा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि साहिब सिंह उर्फ जसमेल सिंह ने एडीजीपी सैनी की हत्या के लिए चंडीगढ़ के नजदीकी गांव कांसल में उनके फार्म हाउस व उनकी रिहायश की निगरानी की थी। इससे पहले कि वे इस षड्यंत्र को आगे बढ़ा पाते, पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उसने तरना दल के मुखी बाबा अजीत सिंह पूहला की हत्या के लिए जेल में पेट्रोल उपलब्ध करवाया था।

भीड़ ने किया थानेदार कृष्ण सैनी पर हमला

पुलिस कर्मियों द्वारा ट्रक ड्राइवर को पिटाने से आहत थे लोग विनोद सैनी
हमारे संवाददाता

होडल। पुलिसकर्मियों द्वारा एक ट्रक ड्राइवर की पिटाई करने से गुस्साए लोगों ने पहले तो रोड जाम कर दिया और फिर जाम खुलवाने आई होडल पुलिस पर हमला बोल दिया। जिसमें एसएचओ श्रीकृष्ण सैनी समेत अनेक पुलिसकर्मी घायल हो गये। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाडिय़ों को भी निशाना बनाया, जिस पर पुलिसकर्मियों ने खेत में भाग कर अपनी जान बचाई। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुराने जीटी रोड पर एक ड्राइवर अपने ट्रक को बैक कर रहा था। अचानक वहां पर होडल थानाध्यक्ष श्रीकृष्ण सैनी आ गये और किसी बात को लेकर उनकी ट्रक ड्राइवर के साथ कहा-सुनी हो गई। जिस पर वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने ट्रक ड्राइवर की पिटाई कर दी। जब इस बात की सूचना अन्य ट्रक चालकों को मिली तो उन्होंने  रोड जाम कर दिया। जिस पर और पुलिसकर्मी भी वहां पहुंच गये। पुलिस के आते ही ड्राइवर की पिटाई से नाराज गुस्साई भीड़ ने लाठी-डंडों व पत्थरों से लैस होकर पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। भीड़ द्वारा अचानक किए गए हमले से पुलिसकर्मियों में हड़कम्प मच गया और कम संख्या में होने के कारण वह हमले से बचने के लिए खेतों में भाग निकले। भीड़ द्वारा किए गए पथराव में थाना प्रभारी होडल व हसनपुर थानाध्यक्ष की सरकारी जिप्सी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और होडल थाना प्रभारी श्रीकृष्ण सैनी का सिर फूट गया, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां उनकी मरहम पट्टी की गई।

महात्मा ज्योति बा फूले को श्रद्धासुमन अर्पित

सैनी एजूकेशन सोसायटी में महात्मा ज्योतिबा फूले को श्रद्धासुमन अर्पित करते प्रधान विजय सैनी।

रोहतक (विनोद सैनी)। सैनी एजूकेशन सोसायटी में विगत 28 नवम्बर को महात्मा ज्योति बा फूले की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम का आयोजन कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किये गये। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान विजय सैनी ने की जबकि इस मौके पर उपस्थितजनों ने महात्मा फूले की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित का उन्हें अपनी श्रद्धांजलि भेंट की।
हांसी (ऋषि सागर)। महात्मा ज्योति बा फूले की 120वीं पुण्य तिथि पंचमुखी हनुमान मंदिर में मनाई गई। इस अवसर पर नगर के प्रबुद्ध लोगों ने महात्मा जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में मौजूद सभी वक्ताओं ने ेेदलितों, पिछड़ो, शूद्रों, किसानों और नारी जाति के उत्थान हेतु महात्मा ज्योति बा फूले द्वारा किये गये लम्बे संघर्ष और वर्तमानमें उसके प्रभाव व प्रासंगिकता पर चर्चा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता सत्यशोधक समाज के प्रदेशाध्यक्ष महंत सागरनाथ ने की जबकि इस अवसर पर मा. गोपीचंद, डा. जयविंद्र सैनी, रामस्वरूप सैनी, रोशनलाल, राजेश कुमार, रिंकू सैनी पार्षद, जगदीश भगत, मामनराम सैनी, श्यामसुंदर सैनी, पवन सैनी एडवोकेट, मदनलाल सैनी, देवीराम सैनी, रामअवतार, रविन्द्र सैनी, मुकेश सैनी व रामकुमार सैनी इत्यादि समेत सैनी समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।
भिवानी (सुरेश सैनी)। सैनी कल्याण परिषद के तत्वावधान में सैनी धर्मशाला में एक कार्यक्रम का आयोजन कर महात्मा ज्योति बा फूले को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में परिषद के प्रधान ओमप्रकाश सैनी, उपप्रधान चिरंजीलाल सैनी, राजकुमार जमालपुरिया, मा. मनोज, बलवंत सैनी, सुरेश सैनी, राजबीर सैनी, दिवान सैनी, सुलतान सैनी, नवीन सैनी, दयानंद सैनी, विजय कुमार, उमेद ैसैनी, कैलाश चंद्र सैनी, रामकिशन मौर्य, जगदीश सैनी तथा सुरेश कुमार बुआनीवाला ने महात्मा फूले द्वारा पिछड़ी व दबी-कुचली जातियों के लिए किये गये संघर्ष को याद किया।

उपमुख्यमंत्री पद छोडऩे के बाद पत्रकारों से बातचीत में छगन भुजबल बोले

मैंने कोई गलती नहीं की थी
 मुम्बई।
महाराष्ट्र के तेज तर्रार और सैनी बिरादरी से ताल्लुक रखने वाले नेता छगन भुजबल को बीच में ही उप मुख्यमंत्री का पद छोडऩा पड़ा है। लिहाजा भुजबल इस सम्पूर्ण घटनाक्रम से नाखुश हैं। बहरहाल, उन्होंने कहा है कि राजनीति में इस तरह के उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। भुजबल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वे समाज के पिछड़े और वंचित तबके के लिए काम करना जारी रखेंगे। पेश हैं खास अंश...
क्या आप उम्मीद कर रहे थे कि आपको महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री के पद से हटाया जा सकता है?
यह दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि मेरी ओर से कोई गलती नहीं की गई है। मुझे महज एक साल के कुछ समय बाद पद से हटा दिया गया। न तो मैं आदर्श घोटाले में शामिल था, न ही इस तरह के किसी और घोटाले में। आदर्श हाउसिंग सोसाइटी के विवादास्पद आवंटन में अपने किसी परिचित या रिश्तेदार के लिए फ्लैट आवंटन हेतु सिफारिश भी नहीं की थी। बावजूद इसके पार्टी ने मुझे इस्तीफा देने को कहा। मैने पार्टी की सलाह मान ली। मैने अपने उत्तराधिकारी के रूप में अजित पंवार के नाम का प्रस्ताव किया और पार्टी के तमाम नेताओं ने इसका समर्थन किया। मैं बताना चाहता हूं जब मेरा नाम तेलगी स्टांप घोटाले में आया था तो भी मैने तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जबकि उससे मेरा कोई लेना-देना नहीं था। तमाम जांच पड़ताल के बाद मैं निर्दोष साबित हुआ। मैने अपने राजनीतिक जीवन में अस्तित्व बनाए रखने के लिए हमेशा संघर्ष किया है और इसे मैं जारी रखूंगा।
आखिर हमेशा भुजबल ही क्यों निशाना बनते हैं, जबकि चुनावों में उनकी बहुत जरूरत महसूस की जाती है?सभी पार्टी सदस्य, खासकर चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशी चाहते हैं कि भुजबल उनके लिए प्रचार करें। वे जानते हैं कि भुजबल के साथ जनबल है, जो वोट दिलाता है। बहरहाल, उसके बाद वे अपने क्षेत्र में काम कराने के लिए अजित पवार की ओर देखते हैं। जब कांग्रेस विभाजित नहीं थी और जब एनसीपी का गठन हुआ, तबसे मैने लगातार पार्टी के लिए मेहनत की। इसे लेकर कोई विवाद नहीं है। मैं आपको बताना चाहता हूं कि अविभाजित कांग्रेस में मैने हमेशा विपक्ष के नेता के तौर पर शिवसेना-भाजपा गठजोड़ के गुमराह करने वाली नीतियों का विरोध किया।
इसका मतलब है कि पार्टी के भीतर आपके साथ अन्याय हुआ है?मैं एक बार फिर कहना चाहता हूं कि मैने ऐसी कोई गलती नहीं की, जिसके लिए मुझे इस्तीफा देना पड़े।
तो फिर इतने अपमान के बाद सरकार में शपथ क्यों ली? पार्टी को मेरे योगदान के बारे में पता है। सिर्फ पार्टी के नेताओं के कहने पर मैने नए मंत्रिमंडल में रहने का फैसला किया।
क्या आपकी बिना कारण विदाई से पिछड़े वर्ग में गलत संदेश गया है?मैं सिर्फ यह कह सकता हूं कि पिछड़े और वंचित तबके का एक बड़ा वर्ग मेरे उपमुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिए जाने से आहत हुआ है। बहरहाल, मैं उन लोगों के लिए प्रतिबद्ध हूं जो मेरे साथ काम कर रहे हैं। एक बात साफ है कि पार्टी को इस वर्ग से और लोगों को पार्टी से जोडऩे की जरूरत है।
भुजबल का भविष्य क्या है?मेरी कोई योजना नहीं है, लेकिन मैं पिछड़े वर्ग और समाज के अन्य वर्ग की बेहतरी के लिए संघर्ष करता रहूंगा। साभार बिजनेस स्टेंडर्ड

320 सैनी प्रतिभाएं सम्मानित

विनोद सैनी
हमारे संवाददाता
अलवर।
सैनी समाज विद्यार्थी संगठन की ओर से सैनी स्कूल में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें सैनी समाज के 320 प्रतिभावान विद्यार्थियों व खिलाडिय़ों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षा जागृति के लिए बालिका शिक्षा अनिवार्य करने एवं छात्रावास निर्माण संबंधी प्रस्ताव पारित किए गए। इस अवसर पर पूर्व कृषि मंत्री व हिंडौली विधायक प्रभूलाल सैनी ने भौतिक शिक्षा के साथ संस्कारवान शिक्षा की आवश्यकता पर बल दिया। सैनी ने कहा कि प्रतिभा समाज और देश को दिशा प्रदान करती है। इसलिए प्रतिभाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। बच्चा प्रतिभाशाली बने, इसके लिए सही मार्ग दर्शन की आवश्यकता है। बच्चे की पहली पाठशाला उसका घर होता है। उसकी मां गुरु होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से समय का महत्व समझने पर बल दिया। उदयपुर के पूर्व विधायक मदन लाल सैनी ने समाज को एकजुट होने की आवश्यकता पर बल दिया। जेडीए के डिप्टी कमिश्नर ओमकारमल सैनी ने भी बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने व गरीब विद्यार्थी की मदद का आह्वन किया।
समारोह में विशिष्टï अतिथि जागृति मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोतीलाल सांखला, महात्मा ज्योतिबा फूले समता परिषद के प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, दौसा के रूपसिंह सैनी, जिला उपभोक्ता मंच के सदस्य महेंद्र सैनी, जीडी कॉलेज की छात्रसंघ अध्यक्ष रेखा सैनी, श्वेता सैनी, चेतन देवड़ा व केएल सैनी थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाबा मोहनदास सेवा समिति के अध्यक्ष हुकमराम सैनी ने की जबकि इस अवसर पर सैनी समाज विद्यार्थी संगठन के पदाधिकारियों के अलावा सैनी समाज के गणमान्य लोग मौजूद थे।

दर्दनाक हादसे में भाई-बहन की मौत

भांडारेज। जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर दौसा जिले के भांडारेज मोड़ घुमाव पर देर रात्रि हुई कार व मोटरसाइकिल की भिड़ंत में एक भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई। अगले दिन दोनों ही शवों की एक ही चिता पर अंत्येष्टि की गई। मुखाग्नि मृतकों के छोटे भाई ने दी। मुकेश सैनी (24) व उसकी बहन मंजू (18) देर शाम मोदी के तिबारा से एक शादी समारोह में शिरकत कर मोटरसाइकिल से वापस अपने गांव भांडारेज लौट रहे थे। भांडारेज मोड के समीप कार के टक्कर मार देने से मुकेश व मंजू घायल हो गए। दोनों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां मुकेश की मृत्यु हो गई थी जबकि उसकी बहन मंजू ने जयपुर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

सैनी समाज की महिलाओं ने किया जोरदार प्रदर्शन

चांदपुर (महेश सैनी)। उनकी जमीनों पर किये गये अवैध कब्जे को हटवाने की मांग को लेकर मोहल्ला चिम्मन में रहने वाली सैनी समाज की महिलाएं विगत 13 नवम्बर को सड़क पर उतर आई। उन्होंने कस्बे में जमकर प्रदर्शन किया और प्रशासन से अवैध कब्जाधारियों को भगाने की गुहार लगाई। महिलाओं का आरोप है कि उन्होंने कब्जाधारियों को जब उनकी भूमि पर कब्जा करने से मना किया तो कब्जाधारियों ने उनके साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। महिलाओं ने एक ज्ञापन भी एसडीएम को दिया। उनका कहना है कि खसरा नंबर 631 व 632 पर कृषि भूमि, पेड़ व आवासीय मकान हैं। उनके पूर्वज वर्षों से खेती करते आ रहे हैं तभी से उक्त आराजी के आगे से होकर रास्ता जाता है जो कि अगले खेतों से होता हुआ ग्राम महमूदपुर वाले रास्ते में जाकर मिलता है। यह रास्ता लगभग 50 वर्षों से अधिक समय पूर्व किसानों ने सबकी सहमति से अपने खेतों में छोड़ा था। इसके आगे गाटा नंबर 1488 में कब्रिस्तान बना हुआ है लेकिन कब्रिस्तान से जुड़े कुछ लोग कब्रिस्तान की भूमि बढ़ाने की नियत से रास्ते व उनकी भूमि तथा पेड़ो पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं।

सैनी कल्याण परिषद का सैनी जयंति समारोह 26 दिसम्बर को

भिवानी (सुरेश सैनी)। महाराजा शूर सैनी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सैनी कल्याण परिषद के तत्वावधान में 26 दिसम्बर को स्थानीय नेहरू पार्क में सैनी जयंति समारोह का आयोजन किया जायेगा। समारोह में शिक्षा व खेल के क्षेत्र में उम्दा प्रदर्शन करने वाले सैनी समाज के बच्चों के साथ-साथ समाजसेव में उल्लेखनीय योगदान देने वाले बुजुर्गों को भी सम्मानित किया जायेगा। यह निर्णय परिषद के प्रधान ओमप्रकाश सैनी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। इसके अलावा परिषद ने 12 दिसम्बर को हांसी गेट स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में रक्तदान शिविर लगाने का भी फैसला लिया गया।
    इस शिविर का शुभारंभ सीएमओ डा. शिव कुमार करेंगे जबकि मुख्यातिथि पूर्व विधायक एवं बीटस के चेयरमैन शशि रंजन परमार होंगे। बैठक में चिरंजीलाल सैनी, राजकुमार जमालपुरिया, मनोज, बलवंत सैनी, सुरेश सैनी, नवीन सैनी, सुरेश चंद सैनी, राजबीर सैनी, उमेद सैनी, कैलाश चंद्र सैनी आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।

चौ. रणबीर सिंह की मदद ने बनाया मालिक

मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पिता स्व. चौ. रणबीर सिंह की दूसरी बरसी पर विगत 26 नवम्बर को जहां सम्पूर्ण हरियाणा ने उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की, वहीं मुझे भी उनके साथ बिताये कुछ ऐसे पल या फिर यूं कहिये उनके द्वारा मुझे प्रेरणा प्रदान करने वाली कही गई कुछ ऐसी बातें भी याद आईं, जिन्हें मैं जीवन पर्यंत भूला नहीं पाऊंगा। चौधरी रणबीर सिंह से मेरी पहली मुलाकात 14 साल की आयु में वर्ष 1957 में हुई थी। चौधरी साहब उस वक्त हरियाणा के पूर्व राज्यपाल चौ. सुलतान सिंह, पूर्व एम.एल.ए. मास्टर नान्हूराम, कांग्रेसी नेता बद्री प्रसाद काला, चौ. थान सिंह व श्री पूर्णचंद आजाद के साथ छोटूराम पार्क चौक स्थित हमारे दीप भोजनालय पर आया करते थे। चौधरी साहब के मेरे ताऊजी स्व. जोतराम सैनी से घनिष्ठ सम्बंध थे इसलिए मैं भी उन्हें ताऊजी कहकर ही सम्बोधित करने लगा था। चूंकि चौधरी साहब बच्चों और युवा वर्ग से खासा लगाव रखते थे इसलिए मैं भी जल्द ही उनके चहेतों में शामिल हो गया था। तत्पश्चात मैं चौ. छोटूराम के पोते चौ. महताब सिंह व मेरे सहपाठी रहे मामन सिंह के साथ चौधरी साहब से मिलने अक्सर उनकी कोठी पर जाने लगा था। यह सिलसिला लगातार कई सालों तक जारी रहा और तब तक दीप भोजनालय को चलाने की जिम्मेवारी मेरे ताऊजी से होते हुए मेरे पिता स्व. दीपचंद सैनी और फिर मेरे कंधों पर आ गई थी। मुझे याद है चौधरी साहब हमारे भोजनालय के पीछे स्थित भगवान कालोनी में रहने वाले किलोई हलके के कुछ लोगों से अमूमन मिलने आया करते थे और जब भी वहां आते तो मेरे भोजनालय में दाल का स्वाद चखने के साथ-साथ मेरे घर-परिवार का कुशलक्षेम पूछना नहीं भूलते थे। करीब 30 सालों तक मेरा उनसे सम्पर्क रहा और इस दौरान हमेशा मुझसे मेरे बच्चों के बारे में पूछते हुए यह कहने से नहीं चूकते थे कि चन्द्र बेटे बच्चों को अच्छी और उच्च शिक्षा दिलवाना क्योंकि शिक्षा सुसंगठित, स्वच्छ एवं तारतम्य समाज के निर्माण में तो महत्ती भूमिका अदा करती ही है साथ ही साथ बच्चों में सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों का विकास भी करती है। यह उन्हीं की प्रेरणा का ही नतीजा था कि मैंने अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलवाई और आज मेरे तीनों पुत्र अपने-अपने क्षेत्रों में अच्छा काम कर रहे हैं। मुझे याद है जब सन् 1987 में मेरे बड़े बेटे विजय की जॉब दिल्ली सरकार में लगी तो मैं उनके मॉडल टाऊन स्थित निवास पर उन्हें यह खुशखबरी देने गया। यह सुनकर वे बहुत खुश हुए और उन्होंने तुरंत अपने किसी करीबी को बाजार भेजकर मिठाई मंगवाई तथा वहां उपस्थित सभी लोगों को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया। इसी तरह जब मेरे दूसरे बेटे संजीव ने महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग में टॉप पोजीशन हासिल कर गोल्ड मैडल पाने की सूचना मैंने चौधरी साहब को दी थी तब भी उन्होंने यह कहकर मेरा हौंसला अफजाई की थी कि किसी भी पिता की असली पूंजी उसकी सन्तान होती है और तुमने अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलवाकर उस पंूजी को हासिल कर लिया। शिक्षा के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ वे जरूरतमंदों की हरसंभव मदद करने का आह्वान करने के अलावा खुद भी उनकी मदद करने में गुरेज नहीं करते थे। चौधरी साहब जब संयुक्त पंजाब में सिंचाई मंत्री हुआ करते तो उस समय मेरा भोजनालय किराये की इमारत में चला करता था। इस इमारत को खाली करवाने के लिए इमारत के मालिक ने कोर्ट में केस दायर कर रखा था। सालों-साल चले इस मुकदमें में मेरी कानूनन हार के बाद एक दिन मालिक ने पुलिस के जरिये इस इमारत को खाली करवाने की कोशिश की। चूंकि मेरे ऊपर ही पूरे परिवार, जिसमें मेरे बच्चों के साथ-साथ मेरे माता-पिता, पत्नी व बच्चों के अलावा अन्य भाई-बहन भी शामिल थे, के पालन-पोषण की जिम्मेवारी थी। मैं अपनी इस समस्या को लेकर जब चौधरी साहब से मिला तो पहले तो उन्होंने मुझे सरकारी नौकरी दिलवाने का ऑफर दिया मगर तब नौकरी में तनख्वाह कम होने की वजह से जब मैंने उनका ऑफर ठुकरा दिया तो उन्होंने मेरे सामने ही एस.पी. को  फोन कर मकान मालिक को इमारत पर कब्जा न लेने के आदेश दे डाले। साथ ही मालिक पर इस सम्पत्ति को मुझे बेचने का दबाव भी बनाया। चौधरी साहब द्वारा संकट के समय की गई इसी मदद से मैं आज स्वयं इस इमारत का मालिक हूं और भगवान की दया से मेरे बच्चे भी अच्छा जीवन यापन कर रहे हैं। चौधरी साहब ने उस संकट की घड़ी में मेरी जो मदद की, उसे मैं जीवनभर नहीं भूला पाऊंगा क्योंकि यदि उस वक्त मैं बेरोजगार हो जाता तो शायद अपने परिवार का पालन-पोषण भलीभांति नहीं कर पाता।  लिहाजा जरूरतमंदों की मदद करने वाली ऐसी महान आत्मा को मैं शत-शत नमन करता हूं।
                                                                                                     -चन्द्रप्रकाश सैनी, प्रधान सम्पादक

मुरारीलाल ने हासिल की पीएचडी डिग्री

प्रेम सैनी
हमारे संवाददाता   

कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में तीन दशक से भी अधिक समय तक कुश्ती प्रशिक्षक रहे मुरारी लाल सैनी ने कुश्ती विषय में शोध कार्य कर पी.एच.डी. की डिग्री हासिल की है। उन्हें  यह डिग्री हाल ही में हुए एक समारोह में प्रदान की गई। मुरारी लाल कुश्ती के क्षेत्र मेंं एक जाना-पहचाना नाम है और वे वर्ष 1970 में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भाग लेने हेतु चुनी गई हिंदुस्तानी पहलवानों की टीम के संभावितों में भी चयनित हो चुके हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने शिमला में लगे भारतीय टीम के प्रशिक्षक शिविर में भी हिस्सा लिया था। मुरारी लाल अपने समय के प्रतिभावान पहलवान रहे हैं और वे राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के 52 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम, दो दफा आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी में प्रथम, पंजाब यूनिवर्सिटी कुश्ती प्रतियोगिता में चार बार चैंपियन, हरियाणा राज्य कुश्ती स्पर्धा में तीन दफा प्रथम तथा वर्ष 1970 में हुई आल इंडिया सिविल सर्विस कुश्ती चैपियनशिप में सिल्वर मेडल हासिल कर चुके हैं। इसके बाद उनकी नियुक्ति कुरुक्षेत्र विश्व विद्यालय में बतौर कुश्ती प्रशिक्षक की गई। प्रशिक्षक के तौर पर भी उन्होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और उनके शिष्यों ने राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर कुरुक्षेत्र विवि का नाम रोशन किया। मूलत: हिसार के बाशिंदे मुरारी लाल कुश्ती की राष्ट्रीय स्पर्धाओं में बतौर ऑफिशियल भी हिस्सा ले चुके हैं।

प्रणय सूत्र में एकसाथ बंधे 21 युवा जोड़े

राजगढ़। समाज उत्थान समिति राजगढ़ के तत्वाधान में विगत 18 नवम्बर को देवोत्थान एकादशी के अवसर पर सैनी समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें 21 जोड़े प्रणय-सूत्र में बंधे। इससे पूर्व, देवीजी मंदिर के नजदीक स्थित मैरिज होम से 21 दूल्हे एक साथ घोडिय़ों पर बैठकर गाजे-बाजे के साथ कस्बे के मुख्य बाजारों से गुजरते हुए स्टेशन मार्ग स्थित तेल मिल के पास बनाई गई जनक नगरी पहुंचे। यहां सामूहिक रूप से वर-वधु पक्षों द्वारा तोरण व वरमाला की रस्म अदा की गई। इसके बाद एक साथ 21 दूल्हे-दुल्हनों का वैदिक-मंत्रोच्चार व फेरे की रस्म के साथ, पाणिग्रहण संस्कार संपन्न कराया गया। इस अवसर पर सांसद जितेंद्रसिंह, समाजसेवी तेजाराम सैनी, दीपेंद्र सैनी, श्वेता सैनी, पूर्व विधायक मनमोहन सैनी, रामानंद व हुकमाराम सैनी सहित अन्य अतिथियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज द्वारा किए जाने वाले ऐसे आयोजन कई प्रकार की कुरीतियों को समाप्त कर सामाजिक एकजुटता बढ़ाते हैं। आयोजकों ने सहयोग राशि देते हुए नवविवाहितों के सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। इस अवसर पर रामजीलाल सैनी, पालिकाध्यक्ष गुडिय़ा रानी, गीलाराम, गोरधनलाल, सर्वेश सैनी, रामचंद्र सैनी, खगेंद्र, मुन्नालाल सहित सैनी समाज के अनेक लोगों ने अपने विचार व्यक्त किये।
ये बंधे प्रणय सूत्र में : दिनेश-रेखा, सुरेंद्र-मंजू, पप्पू-तीजा, नीतेश-ममता, रामजीलाल-पूनम, कैलाश-सावित्री, चेतराम-बईया, सुरेश-शालू, कैलाश-सोनू, सुरेश-ममता, अशोक-चंदा, रोहिताश-संतोष, बुद्धा-कृष्णा, भानु-सुनीता, बंटी-सुमन, रमेश-केशंता, महेश-कमलेश, सोनू-पूनम, दिलीप-सावित्री, दुर्गाप्रसाद-अनिता, बाबूलाल-बबीता।
 उपहारों के लगे ढेर : विवाह सम्मेलन में बड़ी संख्या में भामाशाहों ने प्रणय सूत्र में बंधे सभी जोड़ों को समान रूप से उपहार भेंट किये, जिससे सम्मेलन स्थल पर उपहारों के ढेर लग गये। इसके अलावा सम्मेलन समिति की ओर से भी नवविवाहितों को उपहार दिये गये।
 सांसद ने की घोषणा : सांसद जितेंद्र सिंह ने अपने कोटे से सैनी धर्मशाला में दो कमरे, ट्यूबवैल व मोटर लगवाने की घोषणा करते हुए क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था पर असंतोष जाहिर किया।

संक्षिप्त समाचार

रामप्रसाद सैनी को इंदिरा गांधी अवार्ड
 जयपुर। हैंडमेड पेपर व मीनाकारी (कुंदन ज्वैलरी) में उत्कृष्ट कार्य के लिए जयपुर के रामप्रसाद सैनी को इंदिरा गांधी प्रियदर्शिनी अवार्ड के लिए चुना गया। उन्हें यह अवार्ड नेशनल यूनिटी काउंसिल की ओर से नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में पूर्व राज्यपाल भीष्म नारायण सिंह व पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त जी.वी.जी कृष्णामूर्ति ने प्रदान किया।

नरेश सैनी सदस्य बने

कैथल। बीड मथाना के नरेश सैनी को भाजपा की एनजीओ प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है।

रामपाल सैनी एसजीपीसी के सदस्य निर्वाचित

 अमृतसर। स्वर्ण मंदिर के तेजा सिंह समुंद्री हाल में एसजीपीसी कार्यकारिणी के हुए चुनावों में रामपाल सैनी को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया ।

सैनी समाज से जागरूक होने का आह्वान किया

मुस्तफाबाद। स्थानीय गुरु पैलेस में सैनी सम्मान सामारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यातिथि कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रमेश सैनी थे जबकि अध्यक्षता सिंहराम सैनी ने की। कार्यक्रम में सभी वक्ताओं ने एकजुटता पर जोर देते हुए सैनी समाज से अपने हितों के लिए जागरूक होने का आह्वान किया। इस मौके पर सरपंच अक्षय अग्रवाल, जसविन्द्र अम्बली, साधु सिंह जमालपुर, डा. जितेद्र सैनी, चेयरमैन विरयाम सिंह व अन्य पंच-सरपंचों को सम्मानित किया गया।

घर में आग लगने से लाखों का नुकसान

टोहाना (विनोद सैनी)। स्थानीय हरपाल चौक स्थित रामकुमार सैनी के मकान में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग उस समय लगी जब रामकुमार सैनी परिवार के अन्य सदस्यों के साथ एक शादी में भाग लेने गये हुए थे। घटना के वक्त घर में कोई नहीं था। घर से धुआं निकलता देख पड़ोसी हरकत में आये और उन्होंने रामकुमार को आग लगने की सूचना दी। रामकुमार सैनी तत्काल अपने घर पहुंचे मगर तब तक घर में रखा फर्नीचर, टेलीविजन, फ्रीज व अन्य सामान खाक हो चुका था। फायर ब्रिगेड की गाडिय़ों ने काफी मशक्कत के बाद आग को काबू किया। रामकुमार के मुताबिक आग लगने से उनका लाखों रुपये का सामान जल गया।

दिनेश सैनी प्रभारी नियुक्त

 महेंद्रगढ़। युवा नेता दिनेश सैनी को भारतीय जनता युवा मोर्चा को महेंद्रगढ़ इकाई का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति प्रदेशाध्यक्ष महिपाल ढांडा ने की।

एसीएफ मुकेश सैनी निलम्बित

अलवर। सरिस्का में एसटी-1 की मौत प्रकरण में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत नेसरिस्का के एसीएफ मुकेश सैनी को बाघ की निगरानी में लापरवाही बरतने के आरोप में निलम्बित कर दिया।
डेंगू ने ली संदीप सैनी की जान
जगाधरी। स्थानीय इंदिरा कालोनी में रहने वाले 35 वर्षीय युवक संदीप सैनी की विगत 28 नवम्बर को डेंगू बुखार से मौत हो गई। संदीप का इलाज पीजीआईएमएस चंडीगढ़ में चल रहा था और वे अपने पीछे पत्नी व दो बच्चों को छोड़ गये। जानकारी के मुताबिक डा. जगदीश सैनी के इकलौते बेटे संदीप को 23 नवम्बर को बुखार की शिकायत हुई थी। पहले उसका इलाज निजी डाक्टर से करवाया गया मगर जब आराम नहीं हुआ तो ब्लड टेस्ट करवाया गया, जिसमें डेंगू बुखार के लक्ष्ण पाये गये। जिस पर डॉक्टर ने 25 नवम्बर को संदीप को पीजीआई रेफर कर दिया। जहां उसकी तबीयत और भी बिगड़ गई। डा. जगदीश सैनी ने बताया कि इसके महज तीन दिन बाद ही संदीप की मौत हो गई।

महिला ने कोर्ट परिसर में खाई नींद की गोलियां

 नई दिल्ली (कृष्ण सैनी)। विगत 16 नवम्बर की सुबह रोहिणी कोर्ट परिसर में अनीता सैनी (43) ने नींद की गोलियां खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। अनीता को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसे बचा लिया गया। घटना के पीछे सम्पत्ति विवाद को कारण बताया जा रहा है। अनीता अपने पति दीपक सैनी के साथ उनके मॉडल टाउन स्थित पुश्तैनी मकान में रहती है। घर में अनीता के ससुर प्रताप सैनी व उनके देवर का परिवार भी रहता है। सभी का आजादपुर मंडी में आढ़त का काम है। अनीता के ससुर मॉडल टॉउन वाले पुश्तैनी मकान को बेचना चाहते हैं, जिसका अनीता व उनके पति विरोध कर रहे हैं।

डा. रामरत्न सैनी की लग्जरी कार फिल्मी स्टाइल में चोरी, बरामद

रोहतक (जोगेंद्र सैनी)। सेक्टर-एक में रहने वाले एमडीयू के कामर्स विभाग मेें रीडर डा. रामरत्न सैनी के मकान से फिल्मी स्टाइल में उनकी नई लग्जरी गाड़ी चोरी हो गई। डा. सैनी का ड्राइवर विक्रम मकान पर ही गाड़ी की सफाई कर रहा था। इसी दौरान एक युवक वहां आया और विक्रम से कहां कि सफाई हो चुकी। ऐसा कहकर उसने ड्राइवर से गाड़ी की चाबी मांगी और उसे लेकर फुर्र हो गया। बाद में जब डा. रामरतन सैनी ने विक्रम से गाड़ी बारे पूछा तो उसने कहा कि घर से ही कोई परिचित गाड़ी लेकर गया है। काफी देर तक जब कोई वापस नहीं आया तो माजरा समझ में आया। पुलिस कंट्रोल को सूचना दी गई। डा. सैनी ने बताया कि उन्होंने आठ अक्टूबर को शेवरले कंपनी की कैप्टीवा गाड़ी खरीदी थी और गाड़ी को अभी स्थाई नंबर भी नहीं मिला था कि वह चोरी हो गई। घटना के कई दिन बाद पुलिस ने शहर के ही एक स्थान पर लावारिश हालत में खड़ी इस कार को बरामद कर लिया।

श्रीराम सैनी अध्यक्ष नियुक्त

झुंझुनूं। बड़ागांव के श्रीराम सैनी को दिल्ली प्राथमिक शिक्षक संघ का सदर पहाडग़ंज क्षेत्र, दिल्ली का अध्यक्ष नियुक्त किया है। सैनी श्रेष्ठ अध्यापक व दिल्ली निगम अवार्ड से सम्मानित हो चुके हेेंं।

लक्ष्मण सैनी का निधन

हांसी। गुंसाई गेट में रहने वाले लक्ष्मण सैनी का 2 दिसम्बर की तड़के निधन हो गया। वे 70 वर्ष के थे और पिछले लम्बे समय से बीमार चल रहे थे।

रामनारायण सैनी महामंत्री बने

 रोहतक। भाजपा के जिला अध्यक्ष प्रदीप जैन ने अपनी कार्यकारिणी का गठन करते हुए रामनारायण सैनी को  महामंत्री किया है। इसके अलावा कार्यसमिति में कंवल सिंह सैनी व रघबीर सैनी को शामिल किया गया है।

वार्ड अध्यक्ष बने अनिल सैनी

किशनगढ़। राष्ट्रीय सोनिया गांधी बिग्रेड कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री सुरेश वर्मा की अनुशंसा पर अनिल सैनी को बिगे्रड की वार्ड-29 इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

केएल सैनी बने अध्यक्ष

 अलवर। सैनी शिक्षा समिति के अध्यक्ष पद पर केएल सैनी चुने गए हंै। निर्वाचन अधिकारी एडवोकेट अशोक कुमार सैनी ने बताया कि नवल किशोर सैनी सचिव, रामानंद सैनी कोषाध्यक्ष व हरिनारायण सैनी को व्यवस्थापक बनाया गया है।

जूडो में प्रथम रहे निलेश सैनी

कुरुक्षेत्र (प्रेम सैनी)।द्रोणाचार्य स्टेडियम के बैडमिंटन हाल में जिला जूडो एसोसिएशन द्वारा आयोजित की गई जिला स्तरीय जूडो प्रतियोगिता के 25 किलो भार वर्ग में निलेश सैनी ने पहला स्थान हासिल किया।

तीर्थ सैनी भाजपा में शामिल

कुरुक्षेत्र (प्रेम सैनी)। इनेलो नेता तीर्थ सैनी अपने समर्थकों समेत स्थानीय वशिष्ठ कालोनी में हुए एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा में शामिल हो गये।

संदीप सैनी डीपीएस सदस्य बने

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने हरिद्वार जिले से संदीप सैनी को जिला योजना समिति (डीपीसी) के सदस्य के तौर पर नामित करने की घोषणा की है।

अनिल सैनी सदस्य नियुक्त

गोहाना। युवा इनेलो नेता अनिल सैनी वासी मोहाना गांव को पार्टी की गोहाना इकाई की कार्यकारिणी का सदस्य नियुक्त किया गया है।

पूर्व विधायक का जन्मदिन मनाया

 हांसी (ऋषि सागर)। पूर्व विधायक ईश्वर सिंह सैनी का 86वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। सत्यसोधक समाज के प्रदेशाध्यक्ष महंत सागर नाथ उन्हें बुके देकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और परमात्मा से उनके दीर्घायु की कामना की। ईश्वर सिंह का जन्म वर्ष 1924 में जग्गाबाडा गांव में हुआ था और 15 सालों तक गांव के सरपंच रहने के बाद उन्होंने 1972 में आजाद प्रत्याशी के तौर पर विधायक का चुनाव लड़ा और  3753 वोटों से विजयी रहे।

हादसे में भूराराम सैनी की मौत

नवलगढ़। शहर के घूमचक्कर इलाके में सीकर रोड स्थित पुलिस चैक पोस्ट के पास निजी बस की टक्कर से साइकिल सवार भूराराम सैनी (60) की मौत हो गई। भूरा राम साइकिल पर सवार होकर खेत से घर लौट रहा था। गंभीर अवस्था में उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

करंट ने ली सुभाष सैनी की जान

 तारानगर। गत माह करंट लगने से स्थानीय वार्ड नंबर-16 के बाशिंदे सुभाष सैनी की मौत हो गई। सुभाष सैनी साहवा मार्ग पर सालासर पदयात्रियों के लिए लगाए गए सेवा शिविर में टैंट का कार्य कर रहा था। काम करते समय पास से गुजर रही विद्युत लाइन से छू जाने के कारण वह झुलस गया। अस्पताल ले जाते समय सुभाष ने दम तोड़ दिया।

बॉडी बिल्डिंग में दिखाया जलवा

जयपुर। यहां हुई सीनियर व जूनियर बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में संदीप सैनी को बेस्ट इम्पू्रवर के खिताब से नवाजा गया। इसके अलावा 60-65 किलोग्राम भार वर्ग में अनूप सैनी, 75-80 कि.ग्रा. में संदीप सैनी और 80 कि.ग्रा. से अधिक भार वर्ग में कृष्ण सैनी ने प्रथम स्थान पाया।