गुरुवार, अक्टूबर 15, 2009

15 सैनी नेताओं ने पार्टी टिकटों पर ठोकी चुनाव में ताल

मुद्दा : हरियाणा विधानसभा चुनाव में सैनी समाज की हिस्सेदारी का


राजेन्द्र सैनी / समाचार सम्पादक

रोहतक। हरियाणा विधानसभा चुनावों के इतिहास में शायद ऐसा पहली बार हुआ होगा जब सैनी समाज के एक दर्जन से अधिक नेता बड़ी पार्टियों के टिकट हासिल करने में कामयाब हुए हो। इसे विपक्षी पार्टियों की मजबूरी कहिए या फिर हमारे नेताओं के बुलंद हौंसले कि वे इस बार कांग्रेस को छोड़कर अन्य सभी पार्टियों को अपना महत्व दिखाने में कामयाब रहे।
जहां तक टिकटों का सवाल है तो इस बार भाजपा ने सैनी समाज को सर्वाधिक 6, बसपा ने चार तथा इनेलो व हजकां ने दो-दो नेताओं को अपना प्रत्याशी बनाया है जबकि कांग्रेस ने महज एक टिकट सैनी बिरादरी को दी है। भाजपा ने हिसार से रवि सैनी, गोहाना से नत्था सिंह सैनी, नारायणगढ़ से नायब सैनी, जुलाना से जवाहर सैनी, हांसी से मामन सैनी तथा पेहवा से बलबीर सैनी को अपनी टिकट दे उन्हें चुनावी दंगल में उतारा है। बलबीर सैनी ने पिछली दफा भी पेहवा से चुनाव लड़ा था और वह महज 3653 वोटों के अंतर से कांग्रेस से हरमोहिंदर सिंह Chattha से पराजित हो गए थे जबकि रवि सैनी, नत्था सैनी व नायब सैनी पहली दफा चुनावी दंगल में ताल ठोक रहे हैं। बसपा ने लाड़वा से शशि सैनी, जींद से रमेश सैनी, नारनौल से पुरुषोत्तम सैनी तथा रोहतक से फौजी बलवान सैनी को अपनी टिकट प्रदान की है। इनमें से Shashi Saini चुनाव ki purani खिलाड़ी हैं जबकि रमेश, पुरुषोत्तम व बलवान का यह पहला विधानसभा चुनाव है। इसी तरह इनेलो ने पूर्व विधायक डा. बिशन सिंह सैनी को रादौर तथा भानाराम सैनी को नारनौल से अपना प्रत्याशी बनाया है जबकि हजकां ने पूर्ण प्रकाश सैनी को अम्बाला सिटी तथा रामनिवास राड़ा को हिसार सीट से टिकट दी है। इसके अलावा कांग्रेस ने पूर्व सांसद कैलाशो सैनी को लाड़वा हलके से अपनी उम्मीदवार बनाया है जबकि पूर्व विधायक साहिब सिंह, पूर्व मंत्री हरि सिंह सैनी व अतर सिंह सैनी कांग्रेस टिकट हासिल करने में कामयाब नहीं हो पाए। कांग्रेस टिकट पर पिछला चुनाव हार चुके सफीदो से कर्मवीर सैनी अपनी टिकट बरकरार नहीं रख पाए।

बुधवार, अक्टूबर 14, 2009

संतोषजनक है कैलाशो सैनी को टिकट मिलना


चन्द्रप्रकाश सैनी, प्रधान सम्पादक


वर्ष 2005 में हुए विधानसभा चुनाव की तुलना में सैनी बिरादरी के नेताओं को बेशक इस बार बड़े राजनैतिक दलों के टिकट अधिक संख्या में मिले हो मगर वास्तव में हमारे नेता एक बार फिर उस कांग्रेस पार्टी पर अधिकाधिक टिकट पाने का दबाव बनाने में नाकामयाब रहे हैं, जिसके प्रत्याशियों को चुनावी लाभ मिलने की संभावना अन्य पार्टियों के प्रत्याशियों से फिलहाल अधिक नजर आ रही है क्योंकि चुनाव में किसी भी विपक्षी पार्टी का गठबंधन न होने से जहां विपक्ष पूरी तरह से बिखरा पड़ा है, वहीं उनके पास कांग्रेस के खिलाफ ऐसे गंभीर मुद्दों का भी अभाव स्पष्ट तौर पर दिखाई दे रहा है, जो उन्हें चुनावी बढ़त दिला सकें। वैसे भी कांग्रेस सरकार बनने के सवा चार साल बाद गत मई माह में हुए लोकसभा चुनावों में प्रदेश की जनता कांगे्रस को 9 सीटों पर जीत दिलवाकर उसमें फिर से अपनी आस्था व्यक्त कर चुकी है। जो यह स्पष्ट करती है कि कांगे्रस फिलहाल उस घातक एंटीइनकमबेंसी से काफी हद तक बची हुई नजर आ रही है, जो चुनावों में अच्छी-अच्छी सरकारों के छक्के छुड़ा देती है।
खैर, सैनी बिरादरी के लिए संतोष एवं खुशी की बात यह है कि कैलाशो सैनी लाड़वा से कांग्रेस टिकट हासिल करने में कामयाब रही क्योंकि कैलाशो पिछले लम्बे समय से समाज उत्थान के लिए तो काम कर ही रही है, साथ ही साथ हरियाणा के राजनैतिक पटल पर भी सैनी बिरादरी का कुशलतापूर्वक प्रतिनिधित्व कर रही है। यही वजह है कि वह दो बार लोकसभा सदस्य निर्वाचित होने में भी कामयाब रही है।
लिहाजा सैनी संवाद की समस्त टीम भारी मतों से कैलाशो की जीत की कामना करती है और लाड़वा मेंं रहने वाले सैनी समाज के सभी बाशिंदों से आह्वान करती है कि वह एकजुट होकर कैलाशो सैनी के पक्ष में अपना मत दें ताकि यह नेत्री राजनीति के शिखर तक पहुंच सकें।


सैनी संवाद अब इंटरनेट पर भी उपलब्ध

महेंद्र तोंदवाल / कार्यकारी सम्पादक

रोहतक। सैनी समाज से जुड़े उन लोगों के लिए एक अच्छी खबर है जो अपने शौक या फिर प्रोफेशनल बाउंडेशन के चलते नियमित तौर से इंटरनेट से जुड़े रहते हैं। ऐसे लोगों की इच्छा को आत्मसात करते हुए सैनी संवाद के सभी अंकों को अब इंटरनेट पर भी उपलब्ध करवा दिया गया है ताकि हिंदुस्तान के दूर-दराज क्षेत्रों के अलावा विदेशों में रह रहे सैनी बिरादरी के बाशिंदे भी घर बैठे सैनी संवाद के माध्यम से सैनी समाज में हो रही गतिविधियों से अवगत हो सके। इसके लिए बस लॉग करना होगा http://www.saini-sanvaad.blogspot.com/ जैसे ही यह लॉग ऑन होगा, वैसे ही सैनी संवाद के सभी अंक कम्पयूटर स्क्रीन पर आ जाएंगे। ध्यान रहे प्रिंट के साथ-साथ सैनी संवाद का ई-पेपर भी उपलब्ध है और इसे नियमित तौर पर आस्ट्रेलिया, अमेरिका व कनाड़ा में रह रहे सैनी समाज के बाशिंदों के पास भेजा जा रहा है। प्रिंट संस्करण की भांति ई-पेपर भी सभी पाठकों के लिए नि:शुल्क है। लिहाजा यदि आप भी सैनी संवाद का ई-पेपर पढऩा चाहते हैं तो हमें http://www.sainisanvaad@gmail.com/ पर ई-मेल कर अपनी रिक्वेस्ट भेज सकते हैं।

विजय सैनी ने दी दीवाली की शुभकामनाएं




दीपावली आपके जीवन में खुशियां लेकर आएं : विजय सैनी

रोहतक। उत्तर-भारत में सैनी समाज की सबसे बड़ी सैनी एजूकेशन सोसायटी के प्रधान विजय सैनी ने सोसायटी की तीनों प्रबंध समितियों के सभी सदस्यों की ओर से भारत एवं इसके बाहर रह रहे सैनी बिरादरी के समस्त लोगों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। अपने शुभकामना संदेश में विजय सैनी ने कहा है कि दीपावली सभी लोगों के जीवन में खुशियों की सौगात लेकर आए और उनके जीवन को कामयाबी के उजाले से भर दें। उनके अलावा कुरुक्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुरेश सैनी ने भी प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।

रूपा सैनी हाकी चयन समिति की सदस्या मनोनीत

नई दिल्ली। महिला हॉकी के हितों को ध्यान में रखते हुए पूर्व भारतीय हाकी कप्तान रूपा सैनी को सरकार की ओर से इंडियन हाकी की पूर्णकालिक चयन समिति में नामित किया गया है। हाकी इंडिया के महासचिव मोहम्मद असलम ने बताया कि इस साल जून में तदर्थ समिति को भंग किए जाने के बाद पूर्णकालिक चयन समिति की नियुक्ति करनी अनिवार्य हो गई थी। रूपा सैनी के अलावा चार अन्य को समिति में रखा गया है जबकि ओलंपियन धनराज पिल्ले व अशोक ध्यानचंद की छुट्टी कर दी गई है।

आई.जी. ने दिए सैनी स्कूलों के बच्चों को टिप्स



सैनी एजूकेशन सोसायटी रोहतक में हुआ कैरियर गाइडेंस प्रोग्राम

महेंद्र तोंदवाल / कार्यकारी सम्पादक

रोहतक। स्कूली बच्चों को उनके मनमाफिक क्षेत्र में कैरिअर बनाने के लिए प्रोत्साहित एवं गाइड करने के मकसद से सैनी एजूकेशन सोसायटी द्वारा 19 सितम्बर को कैरिअर गाइडेंस प्रोग्राम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्यातिथि रोहतक रेंज के आईजी वी.कामराजा तथा विशिष्ट अतिथि एमडीयू के साइकोलॉजी विभाग के प्रोफेसर राधेश्याम थे जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सोसायटी के प्रधान विजय सैनी ने की। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में मुख्यातिथि वी.कामराजा ने कहा कि शिक्षण संस्थाओं में पढ़ाए जाने वाले हर विषय का अपने आप महत्व है और हर विषय में रोजगार की संभावनाएं हैं। मगर एक सफल कैरिअर बनाने के लिए जरूरत प्रतिबद्धता के साथ-साथ पूरी मेहनत व लगन से अपने लक्ष्य प्राप्ति की ओर बढऩे की है और जो भी विद्यार्थी सफलता के इस मंत्र को अपने जीवन में आत्मसात कर लेगा, उसे निसंदेह अपना मनमाफिक कैरिअर बनाने में कोई दिक्कत नहीं आएगी। उन्होंने प्रत्येक विद्यार्थी से अपने मनमाफिक विषय को पहचानने व उसी में ही अपना कैरिअर बनने के लिए सतत प्रयास करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि प्रो. राधेश्याम ने बच्चों कैरिअर निर्माण में अभिभावकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अभिभावकों को समय रहते न केवल अपने बच्चों की प्रतिभा को पहचानना चाहिए बल्कि उन्हें अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए समर्पित भाव से परीश्रम करने के लिए प्रोत्साहित भी करना चाहिए। सैनी सोसायटी के प्रधान विजय सैनी ने कहा कि सोसायटी जल्द ही सैनी समाज का पहला लॉ कालेज तथा लड़कियों के लिए अलग से डिग्री कालेज खोलने जा रही है।
कार्यक्रम में आईजी ने प्रतिभावान बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मंच का संचालन अविनाश सैनी व प्रोमिला ने संयुक्त रूप से किया जबकि कार्यक्रम में कैरिअर कैंसलटेंट आरसी पूनिया के अलावा प्रेम सिंह, महाश्य दया किशन, नत्था सिंह, ओमप्रकाश सैनी, महिपाल सिंह, सतपाल सैनी, सुभाष सैनी, किशन कोच, सूरजभान सैनी, दलबीर सिंह, यशवीर सैनी, ईश्वर सिंह, विनोद सैनी, देवी सिंह, रवि शंकर, अमर सैनी, मुकेश सैनी मौजूद थे।

बत्तरा को टिकट मिलने पर सैनी युवा कल्याण मोर्चा ने बांटे लड्डू


रोहतक। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बी.बी. बत्तरा को रोहतक सीट से कांग्रेस उम्मीदवार बनाए जाने की खुशी में सैनी युवा कल्याण मोर्चा ने सुभाष टॉकिज चौक पर लड्डू बांट कर जश्र मनाया। इस मौके पर मोर्चा के अध्यक्ष महेंद्र सैनी, सुभाष सैनी, किशन कोच, देवी सिंह, सुरेश सैनी एडवोकेट, नवीन सैनी, दयाराम सैनी, अशोक सैनी, राम सिंह, शमशेर, राजेंद्र सैनी, सरुप सिंह, विनय सैनी, अमित, राममेहर, संदीप, रजनीश सैनी आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।

चौधराहट ने रोका गली निर्माण कार्य

सैनीपुरा के दो प्रधानों में छिड़ी जंग


जोगेंद्र सैनी

रोहतक। यहां की सैनी बिरादरी में चौधराहट के केंद्र बिंदु माने जाने वाले सैनीपुरा की एक गली के लोगों को इन दिनों अजीब स्थिति का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि इस गली में रहने वाले दो प्रधानों- सीनियर व जूनियर प्रधान- में छिड़ी च्चौधरज् की जंग को लेकर इस गली का निर्माण कार्य अधर में लटक गया है। चूंकि दोनों ही सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी से सम्बंध रखते हैं लिहाजा गली निर्माण किसके मनमाफिक हो, इस बात को लेकर दोनों प्रधानों में ठनी हुई है। सीनियर प्रधान गली निर्माण के वक्त नाली को बंद करने के पक्षधर है जबकि जूनियर प्रधान नाली बनवाने पर अडिंग है। लम्बी बहसा-बहसी के बाद जब बात नहीं बनी तो सीनियर प्रधान ने गली के लोगों को इक_ा कर इसकी शिकायत नगर परिषद में कर डाली।
सैनी संवाद को उपलब्ध करवाए गए इस शिकायती पत्र में कांग्रेसी नेता रघुबीर सैनी, नरेश सैनी, सुरेश नम्बरदार, जोगेंद्र सैनी, एसपी शर्मा, प्रदीप, ताराचंद सैनी, दयाल सैनी, ज्योति सैनी, गीता शर्मा, राजकुमार, अशोक सैनी, अजय आदि का कहना है कि इस गली में अधिकांश लागों ने अपने घर के पानी की निकासी सीवर में की हुई है लिहाजा गली निर्माण के दौरान यहां नाली बनाने का कोई तुक नहीं है। दिलचस्प बात तो यह है कि नप ने भी इस शिकायत पर कोई एक्शन नहीं लिया। ऐसा होने पर जूनियर प्रधान को भी अपना सिक्का चलता नजर आया और जोश में आकर उन्होंने यह घोषणा तक कर डाली कि अगर गली बनी तो नाली हर कीमत पर बनेगी। फिर क्या था अपनी न चलती देख गली के अन्य लोगों के साथ-साथ सीनियर प्रधान भी चुपचाप बैठ गए और उन्होंने गली निर्माण के कार्य को ठेकेदार पर ही छोडऩे को मुनासिब समझा। फिलहाल गली का निर्माण कार्य रूका हुआ है।

भानाराम व रत्न सैनी ने हजकां छोड़ी

नारनौल/हांसी। नारनौल विधानसभा क्षेत्र से टिकट न दिए जाने के विरोध स्वरूप हरियाणा जनहित कांग्रेस सेवादल के स्टेट आर्गेनाइजर भानाराम सैनी ने अपने समर्थकों साथ हजकां को अलविदा कह दिया। अपने आवास पर समर्थकों को सम्बोधित करते हुए भाना राम ने कहा कि उन्होंने तन-मन-धन से चौ. भजनलाल का साथ दिया। कांग्रेस छोड़कर हजकां के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई लेकिन नारनौल विस सीट वितरण में न तो उनसे और न पार्टी के किसी नेता व कार्यकत्र्ता से सलाह ली गई।
वहीं, हांसी से रत्न सैनी व मामन सैनी ने भी हजकां से टिकट न मिलने पर इससे अलविदा कह दिया। उन्होंने टिकट के लिए पूरा जोर लगा रखा था मगर वे कामयाब नहीं हो पाए, जिससे खिन्न होकर उन्होंने पार्टी छोड़ दी। मामन सैनी अब हांसी से भाजपा की टिकट पर चुनाव लडेंगे।

राड़ा फिर बने नप चेयरमैन

वित्तायुक्त ने रद्द किए पुराने आदेश

हिसार। वित्तायुक्त एससी चौधरी ने नगर परिषद प्रधान व पार्षद पद से निलंबित बिहारी लाल राड़ा की याचिका पर 14 सितम्बर को सुनवाई करते हुए उनके पक्ष में अपना फैसला सुना दिया। वित्तायुक्त ने निकाय विभाग के निदेशक महावीर सिंह द्वारा सुनाए गए आदेशों को निरस्त कर करते हुए राड़ा के प्रधान पद व सदस्यता को बहाल कर दिया। यह फैसला आने के एक दिन बाद ही राड़ा ने प्रधान पद पर ज्वायन भी कर लिया। निकाय विभाग के निदेशक के आदेशों के चलते ही बीते माह राड़ा को उनके पद व सदस्यता से निलंबित कर दिया गया था। उन पर तीन साल पूर्व नगर में सड़कों के निर्माण का कार्य अपने चहेते ठेकेदारों को दिए जाने का आरोप था।

नगर परिषद के पूर्व प्रधान अरविंद खरींटा ने विजिलेंस को शिकायत कर आरोप लगाया था कि नप प्रधान राड़ा ने 19 सितंबर 2006 को टेंडर के माध्यम से नगर की 42 सड़कों के निर्माण के लिए दिया और कार्य अपने चहेते ठेकेदारों को समान रूप से बांट दिया। इतना ही नहीं कुछ काम अप्रत्यक्ष रूप से खुद भी ले लिए तथा सड़क निर्माण कार्य के नाम पर घोटाला किया। इस शिकायत में नप प्रधान राड़ा के अलावा नगर परिषद हिसार के म्यूनिसिपल इंजीनियर, कनिष्ठ अभियंता व ठेकेदारों सहित 37 लोगों को आरोपित किया गया था। विजिलेंस ने इस मामले की जांच करने के बाद शिकायत के तथ्यों को सही करार देते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ 14 फरवरी 2009 को मुकदमा दर्ज कर निकाय विभाग को सूचित कर दिया था। जिस पर विभाग ने नप प्रधान को नोटिस जारी कर इस बारे में अपना पक्ष रखने के लिए कहा था। निकाय विभाग ने इस मामले में नप प्रधान का पक्ष अंतिम बार 16 जुलाई को सुना था तथा राड़ा को उनके प्रधान पद व नगर परिषद की सदस्यता से निलंबित कर दिया था।
निकाय विभाग के आदेशों को राड़ा ने वित्तायुक्त की अदालत में चुनौती दी थी। मामले पर विचार करते हुए वित्तायुक्त ने राड़ा की दलीलों को सही ठहराते हुए निकाय विभाग द्वारा उनके खिलाफ जारी किए गए आदेशों को निरस्त करते हुए नप प्रधान पर उनकी बहाली कर दी थी। वित्तायुक्त का यह फैसला आते ही राड़ा समर्थकों ने लड्डू बांटकर खुशियां मनाई। वहीं, बिहारी लाल राड़ा का कहना है कि याचिका पर हुई बहस में कई पहलुओं पर चर्चा हुई थी और वित्तायुक्त ने उनकी दलीलों को सही ठहराते हुए उनके पक्ष में फैसला सुना दिया।

मारपीट कर डेढ़ लाख लूटे

रामगढ़। एमआईए पुलिस थाने में टोलकर्मियों के खिलाफ मारपीट कर नकदी लूटने का एक मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मामला रामगढ़ कस्बा निवासी व ब्लॉक युवक कांग्रेस के अध्यक्ष बलीराम सैनी ने दर्ज कराया है। जिसमें कहा गया है कि वह अपनी कार में प्रवक्ता महेश साहू, महासचिव बृजमोहन सैनी व धर्मचन्द के साथ प्रदेश युवक कांग्रेस की बैठक में भाग लेने 10 सितम्बर को अपराह्न तीन बजे जयपुर जा रहे थे। रास्ते में बहाला टोल नाके पर वाहन को रूकवाकर आमीन खां, राजू अरोड़ा, बच्चू जाट, रोशन लाल, बुग्गर सहित करीब पन्द्रह लोगों ने लाठी, डण्डे व धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। हमलावर कार में रखे करीब डेढ़ लाख रुपए लूट कर ले गए।

24 साल बाद मिला प्रभु दयाल सैनी को न्याय

फर्जी शिकायत होने के बावजूद हिम्मत नहीं हारी प्रभु दयाल ने

नवलगढ़। फर्जी मनीऑर्डर जारी कर षड्यंत्रपूर्वक भुगतान उठा लेने के आरोपी डाक विभाग के एक दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी को न्यायालय ने 24 साल बाद आरोपों से बरी कर दिया है। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बंसल ने मामले की सुनवाई के बाद यह फैसला सुनाया। जानकारी के अनुसार 11 जून 1985 को तत्कालीन डाक अधीक्षक झुंझुनूं ने बडवासी डाकघर में कार्यरत दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी प्रभुदयाल सैनी चोबदारों की ढाणी निवासी प्रभुदयाल सैनी के खिलाफ फर्जी मनीऑर्डर जारी कर उनका भुगतान उठा लेने का मामला दर्ज कराया था। मामले में प्रभुदयाल पर 14 हजार 750 रूपए हड़प लेने का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने छानबीन के बाद चालान पेश किया। इस दौरान सरकारी वकील ने 21 गवाहों के बयान कराए तथा 95 दस्तावेज प्रस्तुत किए। दूसरी तरफ बचाव पक्ष के वकील आनंदीलाल सैनी ने तर्क दिया कि मनीऑर्डर जारी करने के लिए उसके पीछे लगाई जाने वाली आबलॉक मोहर सिर्फ पोस्टमास्टर के पास ही होती है। वह अन्य किसी कर्मचारी के पास नहीं आ सकती, इसलिए सारे आरोप गलत हैं। न्यायाधीश ने दोष साबित नहीं होने पर आरोपी को दोषमुक्त करने के आदेश दिए।

हिंदी सैनी मैत्री संघ की कार्यकारिणी घोषित

बल्लभगढ़। सामाजिक संगठन हिन्दी सैनी मैत्री संघ फरीदाबाद के प्रधान नर सिंह सैनी ने अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। केहर सिंह सैनी को वरिष्ठ उपप्रधान, नानक चंद सैनी को उपप्रधान, ओमप्रकाश सैनी महम वाले को महासचिव, टेकचंद सैनी व सुरेंद्र सैनी को संयुक्त सचिव, साधुराम सैनी व देशराज सैनी को को संगठन सचिव, दयाचंद सैनी को कार्यालय सचिव, बलवंत सैनी को वित्त सचिव व इनेलो नेता देवीराम सैनी को विधि सचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा उद्योगपति सरदार सुच्चा सिंह सैनी, सतबीर टिकोरिया, डा.पी.एस. परिहार, आर.सी. सैनी, सुखबीर सिंह सैनी, होशियार सिंह, सुभाष सैनी, भगवान सिंह, मामचंद, मोंटी सैनी, सुरेश सैनी, सुमेर सिंह सैनी, श्रीकांत मोर्य, बसंत कुशवाह, ओमप्रकाश सैनी, सोहनलाल सैनी व रोहतास सैनी को कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है। उक्त सभी नियुक्तियां संघ की हाल ही में हुई बैठक में की गई। साथ ही बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विधानसभा चुनाव में सैनी बिरादरी का जो भी नेता चुनाव में ताल ठोकेगा, संघ उसके प्रचार में पूरा सहयोग करेगा।

धोनी से मिलने के लिए बेच दी अपनी दुकान

रविन्द्र ने दिखाई दीवानगी की हद

महावीर सैनी

सहारनपुर। क्या आपने कभी सुना है कि अपने आइडल के साथ फोटो खिंचवाने के लिये कोई अपनी कमाई का एकमात्र जरिया भी खो दे और वह भी अपनी महिला मित्र के कहने पर। दीवानगी की यह बानगी पेश की है उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रवींद्र सैनी ने। उसने अपनी ऑडियो-वीडियो सीडी की दुकान इसलिए बेच दी, क्योंकि उसे रांची जाना था और वहां रहना था। सैनी अपनी दुकान बेच कर केवल इसलिए रांची गया कि उसे भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से हाथ मिलाना था और फोटो खिंचवाना था। सैनी वहां 35 दिन तक रहा। सैनी का सपना उस समय पूरा हो गया, जब धोनी मुंबई जाने के लिए यहां हवाई अड्डे पर आए, लेकिन उस समय वह सुरक्षाकर्मियों से घिरे हुए थे। फिर भी कप्तान धोनी ने उससे हाथ मिलाया और फोटोग्राफर ने उसका फोटो भी खींचा।
धोनी के मित्र ने बताया, हम जानते थे कि यह आदमी (सैनी) कुछ समय से रांची में ही रह रहा है। उसने हमसे धोनी से मिलाने का अनुरोध किया था। उसका धोनी से मिलने का सपना रांची हवाई अड्डे पर पूरा हो गया।

कंप्यूटर से फर्जी ड्राफ्ट बनाकर खरीदी गाड़ी

गाजियाबाद। स्थानीय पुलिस ने दो ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर आरोप है कि वे बैंक में मात्र 500 रुपये का ड्राफ्ट बनवाते थे, फिर उसको कंप्यूटर के जरिये स्कैन करते थे और सॉफ्टवेयर के कमाल से उस ड्राफ्ट की राशि बदल देते थे। 500 रुपये के उसी ड्राफ्ट से वे 9-10 लाख रुपये का फर्जी ड्राफ्ट बना लेते थे। फिर फर्जी ड्राफ्ट से वे गाड़ी खरीदते थे। फर्जीवाड़े का पर्दाफाश न हो, इसके लिए वे गाड़ी की डिलिवरी उस दिन लेना चाहते थे, जिस दिन बैंक न खुला हो। एसपी सिटी ने बताया कि 2 अगस्त को श्रीनाथ मोटर्स से अमित सैनी और विनोद ने टाटा सफारी खरीदी। वे 9.83 लाख रुपये का डिमांड ड्राफ्ट देकर गाड़ी ले गए। जब कंपनी ने ड्राफ्ट बैंक में जमा किया तो पता लगा कि वह फर्जी है। कंपनी ने लिंक रोड थाने में मामला दर्ज कराया। जांच करने पर उनका पता भी फर्जी निकला। एजेंसी के कर्मचारियों ने पुलिस को बताया था कि अमित सैनी ने खुद को एक मल्टीनैशनल कंपनी में ऊंचे पद पर बताया था। चूंकि वह अच्छी अंग्रेजी जानता था और उसने काफी ज्वैलरी पहनी हुई थी, इसलिए कंपनी के कर्मचारी उसके झांसे में आ गए थे। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर जब उन्होंने महाराजपुर बॉर्डर से थोड़ी दूर पर एक टाटा सफारी और इसमें सवार 4 लोगों को कब्जे में ले लिया तो उन्होंने अपने नाम अमित सैनी (साउथ एक्सटेंशन, दिल्ली), विनोद कुमार (विश्वास नगर, शाहदरा), योगेश महाजन (आनंद विहार) और उमेश चौहान (कृष्णापार्क एक्सटेंशन, दिल्ली) बताए। जांच में पता चला कि बरामद टाटा सफारी वही है, जो फर्जी डीडी देकर खरीदी गई थी।

साभार नवभारत टाइम्स

विधायक सैनी के खिलाफ एफआईआर के आदेश

मामला 21 अगस्त को लगाए गए रक्तदान शिविर का

जयपुर। विगत 21 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी के 65वें जन्मदिवस के मौके पर लगाए गए रक्तदान शिविर में कथित तौर पर नाबालिगों द्वारा रक्तदान करने के मामले में राजस्थान की एक कोर्ट ने पुलिस को निर्देश दिया है कि वह विधायक भगवान सहाय सैनी के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज करने के आदेश दिए हैं। अडिशनल सीजेएम धीरेंद्र सिंह राजावत ने ये आदेश श्रीकिशन कुक्कड़ द्वारा कोर्ट में दायर की गई याचिका के आधार पर जारी किए गए हैं। इस याचिका में आरोप लगाया गया है कि विधायक भगवान सहाय सैनी ने रक्तदान शिविर का आयोजन किया था, जिसमें एक सरकारी स्कूल के बच्चों को ब्लड डोनेट करने के लिए मजबूर किया गया। याचिकाकर्ता का आरोप है कि सैनी ने बच्चों को कैंप में जाने के लिए प्रलोभन दिया। खास बात यह है कि इस कैंप में खुद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी मौजूद थे। याचिकाकर्ता का कहना है कि कैंप में ब्लड डोनेट करने वाले स्कूली बच्चों में ज्यादातर की उम्र 18 साल से कम थी।
इस बीच पता चला है कि जांच के दौरान इस मामले में कांग्रेस विधायक को क्लीनचिट मिल गई, वहीं स्कूल प्रशासन और डॉक्टर को इसके लिए जिम्मेदार बताया गया। जानकारी के मुताबिक एडीएम और सीएमएचओ की जांच कमेटी ने जिला कलेक्टर को जो रिपोर्ट सौंपी है, उसमें चौमू से कांग्रेस विधायक भगवान सहाय सैनी को क्लीन चिट दी है। मालूम हो कि विधायक सैनी ने ही पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जन्मदिन के मौके पर रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन किया था। लेकिन कईबीमार और नाबालिग बच्चों का खून लेने के बाद उसी दिन कई बच्चे बीमार पड़ गए थे।

शासन सचिव ओ.पी. सैनी का स्वागत

जालोर। राजस्थान के नवनियुक्त प्रमुख शासन सचिव (डेयरी व पशुपालन) ओ.पी. सैनी का स्वागत करने हेतु जालोर में सैनी समाज के लोगों द्वारा स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके ओ.पी. सैनी ने सैनी समाज से विभिन्न मुद्दों पर लोगों से चर्चा करते हुए उन्हें संगठित होने का आह्वान किया। इस अवसर पर उनके साथ महात्मा ज्योतिबा फूले मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोतीलाल सांखला, रानीवाडा डेयरी के चैयरमेन राघवेन्द्रसिंह देवडा, हिम्मताराम परिहार, अशोक परिहार, राजेन्द्र परिहार, कैलाश परिहार, प्रकाश परिहार समेत सैनी समाज के कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

सुनील सैनी की सूचना ने पुलिस को छकाया

राजगढ़। कस्बे के गोल सर्किल पर बम रखे होने की झूठी सूचना देने व सिम जारी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि सब इंस्पेक्टर श्यामसुन्दर शर्मा ने राजगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया कि पुलिस जाब्ते के साथ वे रैणी में ड्यूटी पर थे। जहां गुरूवार को पुलिस कंट्रोल रूम जयपुर से पुलिस अधिकारी मांगीलाल ने बताया कि उन्हें मोबाइल नंबर 9667963238 से राजगढ कस्बे के गोल सर्किल पर बम रखे होने की सूचना मिली है। सब इंस्पेक्टर श्यामलाल शर्मा ने मामले की सूचना राजगढ थाने को दी। गोल सर्किल पर बम रखे होने की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मियों में हडकंप मच गया। पुलिस मौके पर पहुंची और चारों तरफ बम की तलाश की लेकिन बम नहीं मिला। पुलिस ने मोबाइल नंबर की जांच की तो वह बनवारी लाल के निकले। बनवारी लाल ने पूछताछ में सिम रैणी स्थित बालाजी मोबाइल से खरीदना बताया। इस पर उसके मालिक विष्णु जयसवाल से पूछताछ की गई। पूछताछ में राजगढ कस्बे के एजेंसी मालिक सुनील सैनी का नाम सामने आया। पुलिस ने सुनील सैनी के खिलाफ फ र्जीवाडा कर ग्राहकों को सिम जारी करने और रैणी के परवैणी गांव के चौला की कुई निवासी रामकरण मीणा के खिलाफ बम की झूठी सूचना देने का मामला दर्ज किया है।

रमेश सैनी को सम्मानित किया

इंद्री। गाव संघोई में आयोजित एक कार्यक्रम में काग्रेस के ऑल इडिया सैनी सेवा समाज के राष्ट्रीय प्रवक्ता व काग्रेस के प्रदेश महासचिव रमेश सैनी को पगड़ी पहना कर सम्मानित किया और उनके माध्यम से मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा से पाच विधानसभा सीटों पर बिरादरी के नेताओं को टिकट देने की मांग की। कार्यक्रम की अध्यक्षता धन सिंह नंबरदार ने की। इस अवसर पर रमेश सैनी कहा कि सैनी समाज राजनीतिक जागरूकता के अभाव में काफी पिछड़ा हुआ है। प्रदेश की करीब 20 विधानसभा सीटों पर बिरादरी हार-जीत का फैसला करने में सक्षम है। इसके बावजूद प्रदेश में इस समाज का वजूद राजनीति में शून्य के बराबर है।

कार्यक्रम में केहर सिंह, मा. घसीटू राम, सूरत फौजी, दिला राम, समौरा के सरपंच बाबू राम सैनी, टपरियों के सरपंच चाद राम सैनी, देवी चंद, नरेश सैनी, सुरेश सैनी, सेवा राम, रमेश टपरियों आदि मौजूद थे।

निहारिका सैनी ने जीता दोहरा खिताब

जयपुर। सवाईमान सिंह स्टेडियम के बैडमिंटन कोर्ट पर संपन्न हुई राजस्थान रैंकिंग प्रतियोगिता में कोटा की निहारिका सैनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरे खिताब पर जीत हासिल की। निहारिका ने लडकियों के एकल फाइनल में जयपुर की कर्मा मीणा को 21-12, 21-9 से और महिला एकल फाइनल में जोधपुर की इंदु सारस्वत को 21-15, 21-15 से हराया।

ज्योतिष ने जसवंत सैनी को ठगा

साहवा/ तारानगर। हर समस्या का समाधान करने के लिए साहवा कस्बे में ज्योतिष केन्द्र चला रहा एक युवक जसवतं सैनी के लाखों के जेवरात ठग कर रातोंरात चंपत हो गया। ठगी के शिकार हुए जसवंत सैनी ने कथित ज्योतिष केन्द्र के संचालक पंडित बीके शर्मा के खिलाफ तारानगर थाने में धोखाधडी का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने धोखाधडी का मामला दर्ज कर पंडित की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार कस्बे का जसवंत सैनी घर में चल रही अशांति से परेशान था। ज्योतिषाचार्य द्वारा बंटवाए गए हैंड बिल को देख वह भी दिव्या ज्योतिष केन्द्र जाकर पंडित शर्मा से मिला और उससे अपनी समस्या बताई। पंडित ने उसे घर में पितृ दोष होने की बात कहकर शांति करवाने के लिए जेवर लाने को कहा। घर की अशांति से परेशान जसवंत ने रात को ही घर से करीब 15 तोला सोने के जेवरात ले जाकर पंडित को दे दिए। पंडित ने जेवरातों की पूजा का नाटक किया तथा एक आटे के पिंड पर रोली चढाकर व मोली बांधकर जसवंत को दे दिया। पंडित ने उसे कहा कि इस आटे के पिंड में जेवरात हैं। कल घर आकर वह स्वयं पिंड को खोलेगा तब घर की अशांति दूर हो जाएगी। अगली सुबह पंडित घर नहीं आया तो जसवंत धर्मशाला में स्थित ज्योतिष केन्द्र गया लेकिन वहां पंडित नहीं मिला। कमरे में पूजा का कुछ सामान व एक आसन पडा था तथा पंडित फरार हो चुका था। दिलचस्प बात तो यह है कि दिव्या ज्योतिष केन्द्र के नाम से बंटवाए गए हैंड बिल पर कारोबार, विवाह, मुकदमें, विदेश यात्रा, जादू-टोना, पति-पत्नी में अनबन, पितृ दोष,गृह क्लेश, सोतन से छुटकारा, काल सर्प दोष, संतान न होना जैसी अनेक समस्याओं के समाधान की 100 फीसदी गांरटी दर्शाई गई थी।

आपकी राय

सैनी संवाद से जगी है जागृति की उम्मीद

सैनी संवाद पढ़कर हर्ष हुआ कि कोई ऐसा समाचार पत्र निकला है जो सम्पूर्ण सैनी समाज को इससे जुड़ी गतिविधियों से अवगत करवा रहा है। इसे पढ़कर निश्चित तौर पर सैनी समाज में जागृति आएगी और यह समाचार पत्र सैनी समाज को एक नई दिशा प्रदान करेगा। निसंदेह आज के समय में लघु समाचार पत्र निकालना एक कठिन कार्य है और ऊपर से इसे नि:शुल्क वितरित करना इसे और भी मुश्किल बना देता है। इसलिए मेरा एक व्यक्तिगत सुझाव है कि सैनी संवाद के लिए एक छोटी सी राशि वार्षिक रूप में तय की जानी चाहिए क्योंकि जैसे-जैसे सैनी संवाद का सरकुलेशन बढ़ेगा, इसे नि:शुल्क चलाना बहुत ही कठिन हो जाएगा। यदि आप इसका कोई वार्षिक शुल्क तय नहीं करना चाहते तो भी लोगों की इच्छा पर सैनी संवाद को चलाने के लिए इच्छित राशि स्वीकार करने की व्यवस्था करें ताकि सैनी संवाद निरंतर प्रकाशित होता रहे। मैं सैनी संवाद की सम्पूर्ण टीम को सैनी समाज की खबरों से भरपूर समाचार पत्र निकालने पर हार्दिक बधाई देता और उम्मीद करता है कि सैनी संवाद यूं ही समाज को इसकी गतिविधियों से अवगत करवाता रहेगा।

-ओमप्रकाश सैनी, समाचार संपादक, राष्ट्रीय श्रमिक, बल्लभगढ़

Brief News

1111 दीपक जलाए


हलैना। यहां के सैनी समाज की ओर से सैनी मोहल्ला में शांतिकुंज के प्रचारक बुद्धि सिंह व भगवानसिंह सैनी के सानिध्य में दीप यज्ञ कार्यक्रम हुआ। यज्ञ में 1111 दीपक जलाए गए।


ताराचंद सैनी सचिव नियुक्त

नारनौल। हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर्स यूनियन की सब अर्बन यूनिट के द्विवार्षिक चुनाव सिटी डिवीजन कार्यालय परिसर में यूनिट प्रधान पूर्णचंद की अध्यक्षता में हुए। जिसमें एलडीसी ताराचंद सैनी को सर्वसम्मति से यूनिट सचिव नियुक्त किया गया।


मुकेश सैनी समन्वयक बने

हनुमानगढ। भारतीय जनता युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष व जिला समन्वयक विकास गुप्ता ने मण्डल समन्यवकों की नियुक्ति की है। इसमें भादरा के मुकेश सैनी को समन्वयक नियुक्त किया गया है।


दिलबाग सैनी प्रधान नियुक्त

रोहतक। पंछी टेंट हाऊस के मालिक दिलबाग सैनी को जिला टेंट एसोसिएशन का प्रधान चुना गया है। एसोसिएशन का चुनाव पूजा टेंट हाऊस में हुई बैठक में सर्वसम्मति से किया गया।


भावना सैनी संयुक्त सचिव नियुक्त

रोहतक। हरियाणा टेबल टेनिस एसोसिएशन के सम्पन्न हुए चुनावों में भावना सैनी को एसोसिएशन की संयुक्त सचिव बनाया गया है। उनकी यह नियुक्ति आगामी चार सालों के लिए की गई है।


रामनिवास प्रधान व रविन्द्र उपप्रधान बने

रोहतक। ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर्स यूनियन के प्रधान देवेंद्र हुड्डा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुए चुनावों में रामनिवास सैनी को प्रधान तथा रविन्द्र सैनी को उपप्रधान चुना गया।


धरमी सैनी प्रदेश उपप्रमुख नियुक्त

रेवाड़ी। धरमी सैनी को भारतीय शिविर सेना का प्रदेश उपप्रमुख नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पार्टी के हरियाणा प्रभारी दीपक गोयल की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में की गई।


रामकुमार सैनी का निधन

भिवानी। कालुवास गांव स्थित राजकीय विद्यालय में कार्यरत कला अध्यापक रामकुमार सैनी का आकस्मिक निधन हो गया। राजकीय कला अध्यापक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल उनके ढाणी मालियान पहुंचकर उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।


एथलिट गोपाल सैनी सम्मानित

जयपुर। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द की जयन्ती (राष्ट्रीय खेल दिवस) पर राजस्थान क्रीडा परिषद द्वारा राज्य के अर्जुन पुरस्कार विजेता खिलाडियों और ओलम्पियनों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले खिलाडियों में मशहूर एथलीट गोपाल सैनी भी शामिल थे।