बुधवार, सितंबर 02, 2009

संक्षिप्त समाचार

मंत्री राजपाल सैनी को चुनाव आयोग का नोटिस

मुजफ्फरनगर। उत्तरप्रदेश के मौरेना विधानसभा उपचुनाव के दौरान चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में सेक्टर मजिस्ट्रेट की शिकायत पर बसपा सांसद कादिर राणा और राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त बसपा नेता राजपाल सैनी के खिलाफ चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया है। सूत्रों के मुताबिक मौरेना विधानसभा क्षेत्र के लिए हुए उपचुनाव के दौरान दोनों को इलाके में अनाधिकृत रूप से घूमते हुए कैमरे में कैद किया गया था। इसी वजह से ही उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं।

भानाराम सैनी के घर हुआ कार्यक्रम

नारनौल। कुलदीप बिश्रोई जनहित युवा क्लब के चेयरमैन भानाराम सैनी के निवास स्थान पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सपा के युवा जिलाध्यक्ष कांशीराम जिलोह अपने समर्थकों के साथ हजकां में शामिल होने की घोषणा की। इस मौके पर भानाराम सैनी ने उन्हें पार्टी में पूरा मान-सम्मान देने का भरोसा दिलाया।

प्रतिभावान युवाओं को किया सम्मानित

सहारनपुर। सैनी समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के मकसद से युवा सैनी सभा द्वारा स्थानीय दिल्ली रोड स्थित एक सभागार में सैनी प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्यातिथि उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री धर्मसिंह सैनी थे, जिन्होंने युवाओं को पुरस्कार वितरित कर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में धर्म सिंह सैनी ने कहा कि युवा सैनी सभा द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह सराहनीय कदम है। इससे प्रतिभावान युवाओं में जोश का संचार होता है जो उनकी आने वाली जिंदगी में बेहद काम आता है।

युवा सैनी विकास समिति ने की बैठक

गुडग़ांव। युवा सैनी समाज विकास समिति की बैठक कृष्ण गोपाल सैनी की अध्यक्षता में हुई। जिसमें समिति के महासचिव रामकुमार सैनी ने युवा मतदाताओं से नए फार्म भरकर मतदाता बनने की अपील करते हुए मतदाता सूची में अनियमितताओं का उल्लेखन किया। इस अवसर पर सुभाष सैनी, चंद्रसैनी, डा. मुकेश सैनी, शिव सैनी, संत सैनी आदि मौजूद थे।

सीकरचंद व देवीराम सैनी अध्यक्ष नियुक्त

चंडीगढ़। रेवाड़ी के सिकरचंद सैनी तथा पलवल के देवीराम सैनी को इनेलो के पिछड़ा वर्ग के क्रमश: रेवाड़ी व पलवल इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा पंचकुला के सतपाल सैनी को पार्टी कर्मचारी प्रकोष्ठ का प्रदेश सचिव बनाया गया है। उक्त तीनों नेताओं के नामों की घोषणा इनेलो महासचिव एवं राज्यसभा सांसद अजय चौटाला ने की।

बिशन सिंह सैनी से मांगी रंगदारी

सिकंदराबाद (बुलंदशहर)। नगर पालिका चेयरमैन बिशन सिंह सैनी को किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर रंगदारी मांगी है। साथ ही रंगदारी न देने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई है। बिशन ने इस सम्बंध में सिकंदराबाद पुलिस स्टेशन में अपनी शिकायत दर्ज करवा दी है। शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शहर में रहने वाले किरायेदारों का भौतिक सत्यापन कराने का अभियान शुरू कर दिया है।

मुरादाबाद से बलराम सैनी विजय

लखनऊ । उत्तरप्रदेश की चार विधानसभा सीटों पर हाल ही में उपचुनावों में बसपा के बलराम सैनी ने मुरादाबाद सीट से जीत हासिल की है। उन्होंने अपने निकटतक प्रतिद्वंद्वी को 17349 मतों से पराजित किया। इस चुनाव में बसपा चार में से तीन सीटें जीतने में कामयाब रही।

सैनी सोसायटी में होगा कैरिअर गाइडेंस समारोह

रोहतक। सैनी स्कूलों के विद्यार्थियों को उनके कैरियर के बारे गाइड करने हेतु सैनी एजूकेशन सोसायटी के तत्वावधान में सितम्बर के दूसरे सप्ताह में कैरियर गाइडेंस समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान विजय सैनी करेंगे।

राजेंद्र सैनी बने उपाध्यक्ष

गोहाना। देवीनगर के मंच से रामलीला का मंचन करने वाली श्री राम कमेटी के सर्वसम्मति से सम्पन्न हुए चुनावों में राजेंद्र सैनी को कमेटी का उपाध्यक्ष तथा डा. भूषण सैनी को कार्यकारिणी का सदस्य नियुक्त किया गया है।
पप्पू सैनी की सड़क दुर्घटना में मौतरेवाड़ी। थाना बावल के अंतर्गत आने वाले गांव सांझरपुर में हुई एक सड़क दुर्घटना में गुरदासपुर में दीना नगर वासी पप्पू सैनी की मौत हो गई। पूर्णचंद सैनी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहनचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

जवाहर सैनी महासचिव नियुक्त

हिसार। जवाहर लाल सैनी को इंडियन नेशनल लोकदल की हिसार जिला इकाई का महासचिव नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा जिला प्रधान एवं नप के पूर्व चेयरमैन हनुमान प्रसाद ऐरन ने हिसार में आयोजित प्रैस-वार्ता में की।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें