बुधवार, सितंबर 02, 2009
विस की 10 सीटों पर सैनी नेताओं ने ठोकी दावेदारी
सैनी समाज का सूरत-ए-हाल
राजेन्द्र सैनी / समाचार सम्पादक
रोहतक। हरियाणा विधानसभा चुनाव की बिसात बिछते ही नेताओं में बड़े राजनैतिक दलों की टिकट पाने के लिए घमासान जोर पकड़ गया है। चूंकि पार्टी टिकट की जंग को ही चुनाव की पहली लड़ाई का दर्जा दिया गया है लिहाजा इस पहली जंग को जीतने के लिए सैनी बिरादरी के नेतागण भी कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ रहे हैं। कोई अपने राजनीतिक आकाओं के भरोसे पर तो कोई बिरादरी के बल पर टिकट पाने की उम्मीद जेहन में संजोए हुए हैं।जहां तक इस विधानसभा चुनाव में सैनी बिरादरी के दावेदारों की बात है तो सैनी संवाद की टीम ने प्रदेश भर का दौरा कर विभिन्न जिलों की कुल 10 ऐसी विधानसभा सीटों को चिन्ह्ति किया हैं जहां पर सैनी बिरादरी के नेतागण बड़ी पार्टियों की टिकट के लिए अपनी दावेदारी ठोंक रहे हैं। इनमें से कई सीटें निसंदेह ऐसी भी हैं जो सैनी मतदाताओं की बहुसख्या के चलते इन नेताओं की झोली में आ सकती है।फिलहाल जिन 10 सीटों पर ये नेतागण बडी पार्टियों की टिकट के लिए संघर्ष कर रहे हैं, उनमें जींद जिले की जींद व सफीदो, कुरुक्षेत्र जिले की लाड़वा व पेहवा, हिसार जिले की हिसार, हांसी व बरवाला, रोहतक जिले की रोहतक, महेंद्रगढ़ की नारनौल तथा यमुनानगर की रादौर विधानसभा सीटें शामिल हैं। इनमें कुरुक्षेत्र की लाड़वा सीट पर सर्वाधिक पांच नेता अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। जिनमें पूर्व विधायक साहिब सिंह सैनी, पूर्व सांसद कैलाशो सैनी तथा बबैन मार्केट कमेटी चेयरमैन हरिकेश सैनी कांग्रेस, एक बार कांग्रेस टिकट पर चुनाव हार चुकी शशि सैनी बसपा तथा रमेश सैनी भाजपा से टिकट मांग रहे हैं। वहीं पेहवा से भाजपा के बलबीर सैनी भी अपनी मजबूत दावेदारी बनाए हुए हैं। जींद जिले के जींद विस क्षेत्र से तीन दावेदार-हरियाणा जनहित कांग्रेस के महासचिव रमेश सैनी, इनेलो के करतार सिंह तथा भाजपा के जवाहर सैनी- पार्टी टिकट पाने के लिए हाथ पैर मार रहे हंै। इनमें से रमेश सैनी सफल रोड शो कर अपने जनाधार का सबूत पार्टी नेताओं को दे चुके हैं। हालांकि जींद के अलावा करतार सिंह सैनी उचाना सीट के भी मजबूत दावेदार थे मगर इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला के नाम की घोषणा के बाद उनका दावा फिलहाल खारिज हो गया है।हिसार जिले की हिसार विस सीट से पार्षद रामनिवास राड़ा हरियाणा जनहित कांग्रेस तथा पवन सैनी व प्रहलाद सैनी भाजपा टिकट के लिए जोड़तोड़ कर रहे हैं। रामनिवास हजकां के हिसार इकाई के अध्यक्ष तथा पवन भाजपा के प्रदेश महासचिव हैं। हांसी सीट हेतु पूर्व मंत्री अतर ङ्क्षसह सैनी व हरि सिंह सैनी कांग्रेस तथा नप के पूर्व अध्यक्ष मामन सिंह सैनी व रत्न सैनी हजकां टिकट के लिए दावेदारी ठोंक रहे हैं। हांसी के अलावा हरि सिंह सैनी बरवाला से भी टिकट लेने के लिए चक्कर काट रहे हैं। मगर किसी भी हलके से टिकट हासिल करना उनके लिए आसान नजर नहीं आ रहा है।रोहतक विस सीट से कंवल सिंह सैनी भाजपा टिकट के मजबूत दावेदार हैं लिहाजा उन्होंने मतदाताओं की नब्ज भी टटौलनी शुरू कर दी है। चूंकि भाजपा नेता मनीष ग्रोवर अपने पिछले दो चुनाव हार चुके हैं ऐसे में कंवल सिंह को टिकट मिलने के अच्छे आसार नजर आ रहे हैं। पूर्व सांसद कैलाशो सैनी यमुनानगर के रादौर विधानसभा क्षेत्र से भी कांग्रेस टिकट पर अपनी दावेदारी बनाए हुए हैं। उनके अलावा इसी पार्टी से युवा नेता निलय सैनी भी टिकट की दौड़ में शामिल है।महेंद्रगढ़ हलके के नारनौल विधानसभा क्षेत्र से भानाराम सैनी हरियाणा जनहित कांग्रेस टिकट पर अपना दावा ठोंक रहे हैं। उन्हें भी टिकट मिलने की पूरी उम्मीद है। इसके अलावा अम्बाला के नारायणगढ़ हलके से पूर्व मंत्रीराजकुमार सैनी अपने ही द्वारा गठित एक पार्टी से चुनाव लडऩे के इच्छुक बताए गए हैं।
सम्पादक की कलम से
काबले सैनी नेताओं को पार्टी टिकट मिलने के आसार ज्यादा दिखाई दे रहे हैं। गत चुनावों में जहां भाजपा, कांग्रेस व बसपा ने सैनी बिरादरी के नेताओं को टिकट प्रदान किया था, वहीं इस बार इनके साथ हरियाणा जनहित कांग्रेस व इनेलो पार्टी से भी सैनी नेताओं को टिकट मिलने की पूरी सम्भावना है। लिहाजा बिरादरी के नेताओं के पास फिर एक मौका अपनी काबिलीयत और नेतृत्व क्षमता का परिचय देने का है। जिसका फायदा महज उसी सूरत में उठाया जा सकता है जब हम टांग खिंचाई की अपनी पुरानी आदत को छोड़ टिकट मिलने के आसार जिस भी नेता के अधिक हो, उसे स्पोट करें क्योंकि बड़े राजनीतिक दलों का टिकट मिलना चुनावी जंग की पहली बाधा पार करने के समान है। खैर देखते हंै इस बार हमारे कितने नेता टिकट हासिल करने में कामयाब होते हैं, मगर इससे इस बात का अहसास अवश्य हो जाएगा कि हमारे नेता एवं उनके राजनैतिक दल सैनी बिरादरी की कसौटी पर खरे उतर पाते हैं या नहीं।14 सैनी नेताओं ने आजमाई थी किस्मत
महेंद्र तोंदवाल / कार्यकारी संपादक
रोहतक। वर्ष 2005 में हुए दसवें विधानसभा चुनाव में सैनी बिरादरी के मुख्य तौर से 14 नेताओं ने चुनावी दंगल में ताल ठोकी थी मगर कोई भी प्रत्याशी चुनाव जीतने में कामयाब नहीं हो पाया था। इन 14 में से नौ पार्टी टिकटों पर जबकि पांच ने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर अपनी किस्मत आजमाई थी। पिछले चुनाव में भाजपा ने सर्वाधिक तीन टिकटें (कुरुक्षेत्र के पेहवा हलके से बलबीर सैनी, अम्बाला के नारायणगढ़ हलके से सुमेर सिंह सैनी व कुरुक्षेत्र की थानेसर सीट से गुरदयाल सैनी) सैनी समाज को दी थी जबकि कांग्रेस ने सफीदो (जींद) से कर्मवीर सैनी, बसपा ने अम्बाला के नारायणगढ़ हलके से सतपाल सैनी, इनेलो ने जगाधरी से डा. बिशन सिंह सैनी, लोक जनशक्ति पार्टी ने नग्गल हलके से जसपाल सैनी को अपना प्रत्याशी बनाया था। इसके अलावा पूर्व मंत्री हरि सिंह सैनी समेत दो अन्य नेताओं ने बतौर आजाद प्रत्याशी हिसार विधानसभा सीट तथा अर्जुन सैनी ने बल्लभगढ़ सीट से अपनी किस्मत आजमाई थी। इन सभी प्रत्याशी में पेहवा से बलबीर सैनी सबसे कम 3653 वोटों से कांग्रेस के हरमोहिंदर सिंह चट्ठा से पराजित हुए थे। इसके अलावा हिसार से हरि सिंह सैनी कांग्रेस के ओम प्रकाश जिंदल से 10876 तथा सफीदो से कर्मवीर आजाद प्रत्याशी बचन सिंह आर्य से 17644 वोटों से हारकर दूसरे स्थान पर रहे थे। हिसार से पूर्व मंत्री के अलावा हरि सिंह सैनी नाम के ही दो अन्य निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी यहीं से अपना भाग्य आजमाया था। इसके अलावा नारायणगढ़ से चुनाव लडऩे वाले भाजपा प्रत्याशी सुमेर चंद सैनी 8756 वोटों के साथ चौथे तथा बसपा प्रत्याशी सतपाल सैनी 5517 मतों के साथ पांचवें स्थान पर रहे थे। जगाधरी हलके से इनेलो प्रत्याशी डा. बिशन सिंह सैनी 21284 वोटों के साथ तीसरे तथा नग्गल से निर्दलीय जसपाल सैनी आठवें स्थान पर रहे थे। थानेसर से भाजपा प्रत्याशी गुरदयाल सैनी 12637 मतों के साथ तीसरा स्थान ही हासिल कर पाए थे। इसी तरह बल्लभगढ़ से अर्जुन सिंह सैनी ने बतौर आजादी प्रत्याशी चुनाव लड़ा था और नौवें स्थान पर रहे थे। सैनी समाज से उचित सहयोग न मिल पाने की वजह से ही उन्हें इस स्थिति का सामना करना पड़ा था।
अनिल सैनी के घर घुसे चोर, परिजनों ने किया काबू
राजबीर सैनी
भिवानी। स्थानीय कृष्णा कालोनी में रहने वाले अनिल सैनी के घर विगत 23 अगस्त की रात चोर घुस गए। अभी चोर चोरी करने में मशगूल ही थे कि चोरी की आहट अनिल सैनी और उसके परिजनों को सुन गई। फिर क्या था। अनिल सैनी व उसके परिजनों ने न केवल चोरों का बहादुरी से सामना किया, बल्कि उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले भी कर दिया गया। इस घटनाक्रम में चोर चोरी करने में तो नाकाम रहे मगर अनिल सैनी व उनके परिजनों में चोटिल करने में अवश्य कामयाब हो गए। चोरों ने अनिल के अलावा सुमित्रा, मिनाक्षी, राहुल, अभिषेक व चिराग को चोटिल कर दिया।हुआ यूं कि घटना वाली रात अनिल सैनी अपने परिजनों के साथ छत पर सो रहे थे। रात लगभग दो बजे जब हल्की सी बूंदाबांदी हुई तो अनिल छत से नीचे उतर आया जबकि परिवार के शेष सदस्य छत पर ही साते रहे। अनिल ने नीचे उतरकर जैसे ही अंदर कमरे की लाइट जलती देखी तो उसे शक हुआ। इस शक को दूर करने के लिए जैसे ही वह आगे बढ़ा तो उसे एक व्यक्ति की झलक दिखाई दी। चोर-चोर का शोर मचाए जाने पर वह व्यक्ति घर से बाहर निकलने में कामयाब हो गया। यह शोर सुनकर तब तक परिवार के अन्य सदस्य भी नीचे आ चुके थे। दिलचस्प बात तो यह है कि सैनी परिवार ने घर के सामान की जांच करनी जैसे ही शुरू की वैसे ही एक अन्य चोर भी एक कमरे से निकलकर भागने लगा। उस चोर ने हाथ में चार पाई का पावा उठा रखा था। सैनी परिवार ने जैसे ही उसे पकडऩे की कोशिश की तो चोर ने उन पर हमला बोल दिया। उसने अनिल सैनी के सिर पर प्रहार करते हुए उसके हाथों की अंगुलियां चबा डाली। मगर अनिल ने हिम्मत नहीं हारी और चोरों को काबू कर लिया। इसी दौरान पड़ोसी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने चोर को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर डाली। पुलिस मौके पर पहुंची और चोर को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू की। तब चोर ने अपना नाम प्रदीप खटक वासी हांसी बताया। साथ ही उसने यह भी खुलासा किया कि वह जेब कतरा है और पहली बार चोरी करने के लिए किसी घर में घुसा था।
सैनी एग्रो एजेंसी में चोरी
हांसी। श्री काली देवी मंदिर के पास स्थित सैनी एग्रो एजेंसी में चोरों ने सेंध लगाकर हजारों रुपए का सामान चुरा लिया। एजेंसी मालिक सुरेश सैनी ने इस संबंध में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। सुरेश सैनी का कहना है कि चोर एजेंसी की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुस गए और गल्ले में रखी नगदी सहित बैरिंग और मोबिल ऑयल के पैकेट आदि सामान चुरा कर ले गए।
पार्षदों ने खोला रत्न सैनी के खिलाफ मोर्चा
रिक्शाचालक हत्याकांड में चेतराम सैनी गिरफ्तार
नई दिल्ली। फिल्मी कहानी को असली जिंदगी में अंजाम देने वाला एक बेहद शातिर अपराधी दिल्ली पुलिस की गिरफ्त में आया है। पुलिस ने इस कातिल को पश्चिम बंगाल से पकड़ा है। इस शख्स का नाम चेतराम सैनी है। दरअसल आज से करीब दो महीने पहले दिल्ली की पॉश डिफेंस कॉलोनी की एक कोठी में हुए केयरटेकर के कत्ल ने दिल्ली पुलिस की नींद हराम कर दी थी। अब पता चला कि कोठी के केयरटेकर ने अपने एक जानने वाले का कत्ल करके, अपने कत्ल की अफवाह फैलाई थी और कोठी में रखा पैसा लेकर फरार हो गया था। केयरटेकर ने ये आयडिया फिल्म रावणराज से लिया था। आरोपी चेतराम सैनी ने ठीक उसी अंदाज में रामजी नाम के एक रिक्शेवाले का कत्ल किया और जैसे फिल्म रावणराज में शक्तिकपूर ने किया था। वैसे ही शिकार को अपने कपड़े पहनाकर उसे जला दिया। कत्ल के बाद वो डिफेंस कॉलोनी के इस बंगले से तकरीबन एक लाख दस हजार रुपए लेकर फरार हो गया। कत्ल के इस पूरे ड्रामे को रचने के पीछे उसका मकसद था पुलिस को धोखे में रखना। ताकि पुलिस समझे कि वो इस कोठी में हुई लूटपाट का शिकार हो गया। हालांकि चेतराम की पत्नी ने कह दिया था कि कोठी में मिला शव चेतराम का है लेकिन पुलिस को शक हो गया था। उसने जाल बिछाया और चेतराम की पत्नी के पास आए एक मोबाइल कॉल के आधार पर पश्चिम बंगाल से उसे ढ़ूढ़ निकाला। बाद में पुलिस रिमांड के बाद चेतराम को जेल भेज दिया गया। पुलिस पूरे कत्ल में चेतराम पत्नी की भूमिका की भी जांच कर रही है।
सैनी एजूकेशन सोसायटी रोहतक की प्रबंध समिति ने लिया अहम फैसला
बी.एड. के बाद अब सैनी लॉ कालेज
जोगेंद्र सैनी
रोहतक। सैनी बी।एड कालेज खोलने के बाद उत्तर भारत में सैनी समाज की सबसे बड़ी सैनी एजूकेशन सोसायटी ने अब सैनी लॉ कालेज खोलने का निर्णय लिया है। यह निर्णय विगत 30 अगस्त को सैनी बी.एड कालेज की नवनिर्मित बिल्डिंग में हुई सोसायटी की प्रबंध समिति की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया। इसके साथ-साथ कई अन्य अहम मुद्दों पर भी बैठक में गहनता से विचार किया गया। बैठक को सम्बोधित करते हुए सोसायटी के प्रधान विजय सैनी ने कहा कि प्रबंध समिति ने यह फैसला सैनी समाज के लोगों द्वारा दिए गए सुझावों के मद्देनजर लिया है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष बुलाई गई सोसायटी की हाई पावर कमेटी की बैठक में कई सदस्यों ने प्रबंध समिति को लॉ कालेज खोलने का सुझाव दिया था। जिसको आगे बढ़ाते हुए प्रबंध समिति ने इस सुझाव को वास्तविक रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। लॉ कालेज खोलने सम्बंधी प्रपोजल जल्द ही तैयार कर उसे सरकार के पास भेज दिया जाएगा ताकि सभी कागजी औपचारिकताएं जल्द से जल्द पूरी कर ली जाए। विजय सैनी ने कहा कि उनकी युवा प्रबंध समिति का मकसद सोसायटी को विकास के मामले में सर्वोच्च स्थान पर पहुंचाना है।सोसायटी महासचिव सतपाल सैनी ने कहा कि लॉ कालेज के अलावा महिला कालेज खोलने तथा रेगुलर एमबीए, एमसीए व कई अन्य प्रोफेशनल कोर्स शुरू करने सम्बंधी प्रस्तावों पर विचार-विमर्श करने के बाद उन्हें स्वीकृति प्रदान कर दी गई। सैनी बी.एड कालेज की निर्माणाधीन बिल्डिंग का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है और जल्द ही इसे सैनी बी.एड कालेज के हवाले कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सैनी सोसायटी के अंतर्गत संचालित विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों को उनके कैरियर के संम्बंध में जागरूक करने के लिए जल्द ही कैरियर गाइडेंस कैम्प का आयोजन भी किया जाएगा। जिसमें विभिन्न विषयों के एक्सपर्ट को बुलाया जाएगा। बैठक में उपप्रधान महिपाल सिंह, सचिव सुभाष सैनी, कोषाध्यक्ष रोहतास आर्य, मैनेजर किशन सिंह कोच, रामेश्वर सैनी व सूरजभान सैनी, सुरेश सैनी, दलबीर सैनी, ईश्वर सिंह, ईश्वर अग्रवाल, राजेंद्र सैनी, रोहतास सैनी, जिले सिंह, नवीन सैनी, शमशेर सैनी, डा. मोहर सिंह, देवी सिंह, विनोद सैनी, प्रवीण सैनी, प्रकाश चंद्र, सुभाष सैनी, सतपाल सैनी, बलवंत सैनी आदि मौजूद थे।
फोटो कैप्शन : सैनी एजूकेशन सोसायटी की प्रबंध समिति की बैठक को सम्बोधित करते प्रधान विजय सैनी। छाया : सैनी संवाद
संक्षिप्त समाचार
मुजफ्फरनगर। उत्तरप्रदेश के मौरेना विधानसभा उपचुनाव के दौरान चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में सेक्टर मजिस्ट्रेट की शिकायत पर बसपा सांसद कादिर राणा और राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त बसपा नेता राजपाल सैनी के खिलाफ चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया है। सूत्रों के मुताबिक मौरेना विधानसभा क्षेत्र के लिए हुए उपचुनाव के दौरान दोनों को इलाके में अनाधिकृत रूप से घूमते हुए कैमरे में कैद किया गया था। इसी वजह से ही उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं।
भानाराम सैनी के घर हुआ कार्यक्रम
नारनौल। कुलदीप बिश्रोई जनहित युवा क्लब के चेयरमैन भानाराम सैनी के निवास स्थान पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सपा के युवा जिलाध्यक्ष कांशीराम जिलोह अपने समर्थकों के साथ हजकां में शामिल होने की घोषणा की। इस मौके पर भानाराम सैनी ने उन्हें पार्टी में पूरा मान-सम्मान देने का भरोसा दिलाया।
प्रतिभावान युवाओं को किया सम्मानित
सहारनपुर। सैनी समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के मकसद से युवा सैनी सभा द्वारा स्थानीय दिल्ली रोड स्थित एक सभागार में सैनी प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्यातिथि उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री धर्मसिंह सैनी थे, जिन्होंने युवाओं को पुरस्कार वितरित कर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में धर्म सिंह सैनी ने कहा कि युवा सैनी सभा द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह सराहनीय कदम है। इससे प्रतिभावान युवाओं में जोश का संचार होता है जो उनकी आने वाली जिंदगी में बेहद काम आता है।
युवा सैनी विकास समिति ने की बैठक
गुडग़ांव। युवा सैनी समाज विकास समिति की बैठक कृष्ण गोपाल सैनी की अध्यक्षता में हुई। जिसमें समिति के महासचिव रामकुमार सैनी ने युवा मतदाताओं से नए फार्म भरकर मतदाता बनने की अपील करते हुए मतदाता सूची में अनियमितताओं का उल्लेखन किया। इस अवसर पर सुभाष सैनी, चंद्रसैनी, डा. मुकेश सैनी, शिव सैनी, संत सैनी आदि मौजूद थे।
सीकरचंद व देवीराम सैनी अध्यक्ष नियुक्त
चंडीगढ़। रेवाड़ी के सिकरचंद सैनी तथा पलवल के देवीराम सैनी को इनेलो के पिछड़ा वर्ग के क्रमश: रेवाड़ी व पलवल इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके अलावा पंचकुला के सतपाल सैनी को पार्टी कर्मचारी प्रकोष्ठ का प्रदेश सचिव बनाया गया है। उक्त तीनों नेताओं के नामों की घोषणा इनेलो महासचिव एवं राज्यसभा सांसद अजय चौटाला ने की।
बिशन सिंह सैनी से मांगी रंगदारी
सिकंदराबाद (बुलंदशहर)। नगर पालिका चेयरमैन बिशन सिंह सैनी को किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर रंगदारी मांगी है। साथ ही रंगदारी न देने पर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई है। बिशन ने इस सम्बंध में सिकंदराबाद पुलिस स्टेशन में अपनी शिकायत दर्ज करवा दी है। शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने शहर में रहने वाले किरायेदारों का भौतिक सत्यापन कराने का अभियान शुरू कर दिया है।
मुरादाबाद से बलराम सैनी विजय
लखनऊ । उत्तरप्रदेश की चार विधानसभा सीटों पर हाल ही में उपचुनावों में बसपा के बलराम सैनी ने मुरादाबाद सीट से जीत हासिल की है। उन्होंने अपने निकटतक प्रतिद्वंद्वी को 17349 मतों से पराजित किया। इस चुनाव में बसपा चार में से तीन सीटें जीतने में कामयाब रही।
सैनी सोसायटी में होगा कैरिअर गाइडेंस समारोह
रोहतक। सैनी स्कूलों के विद्यार्थियों को उनके कैरियर के बारे गाइड करने हेतु सैनी एजूकेशन सोसायटी के तत्वावधान में सितम्बर के दूसरे सप्ताह में कैरियर गाइडेंस समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान विजय सैनी करेंगे।
राजेंद्र सैनी बने उपाध्यक्ष
गोहाना। देवीनगर के मंच से रामलीला का मंचन करने वाली श्री राम कमेटी के सर्वसम्मति से सम्पन्न हुए चुनावों में राजेंद्र सैनी को कमेटी का उपाध्यक्ष तथा डा. भूषण सैनी को कार्यकारिणी का सदस्य नियुक्त किया गया है।
पप्पू सैनी की सड़क दुर्घटना में मौतरेवाड़ी। थाना बावल के अंतर्गत आने वाले गांव सांझरपुर में हुई एक सड़क दुर्घटना में गुरदासपुर में दीना नगर वासी पप्पू सैनी की मौत हो गई। पूर्णचंद सैनी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहनचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जवाहर सैनी महासचिव नियुक्त
हिसार। जवाहर लाल सैनी को इंडियन नेशनल लोकदल की हिसार जिला इकाई का महासचिव नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा जिला प्रधान एवं नप के पूर्व चेयरमैन हनुमान प्रसाद ऐरन ने हिसार में आयोजित प्रैस-वार्ता में की।
सेनफ्रांसिसको में जुटे हुए सैनी समाज के बाशिंदें
सैनी बिरादरी ने अमेरिका में मनाया स्वतंत्रता
सेनफ्रांसिसको (अमेरिका) : हिंदुस्तान के
42वें स्वतंत्रता दिवस को मनाने के लिए अमेरिका के सेनफ्रांसिसको शहर में सैनी बिरादरी के बाशिंदों द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन इंडियन कलचरल सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित किया गया। सोसायटी प्रधान राम सैनी की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में जहां भारत का झंडा फहराया गया, वहीं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी दी गई। इस अवसर डा. यादराम सैनी, बलदेव सिंह सैनी, चंद्र सैनी, पोल सैनी, दीपक सैनी, प्रदीप सैनी आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।
बैठक में लिया महतवपूर्ण फैसला
भिवानी: सैनी कल्याण परिषद भिवानी की बैठक प्रधान घीसाराम सैनी की अध्यक्षता में पंचायत घर में हुई। जिसमें विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के उपरांत सैनी समाज पर आधारित एक पत्रिका प्रकाशित करवाने का निर्णय लिया गया ताकि सैनी समाज के बाङ्क्षशदों को एक-दूसरे से जोड़ा सके। बैठक में उप्रधान ओमप्रकाश सैनी, महासचिव गोविंदराम सैनी, कोषाध्यक्ष सुरेश चंद्र सैनी, प्रैस सचिव राजकुमार जमालपुरिया, प्रचार सचिव राजबीर सैनी, मुख्य सलाहकार उमेद सिंह सैनी, संगठन सचिव चिरंजीलाल सैनी, बीरबल सैनी, मास्टर विनोद सैनी, जगदीश सैनी, राजकुमार सैनी, चंद्रप्रकाश सैनी, बुधराम सैनी, रमेश सैनी, कैलाश चंद्र सैनी, ओमप्रकाश आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष फूलचंद मुलाना को लिखा पत्र
सैनी नेताओं को कांग्रेस टिकट
देने की मांग
नारनौल । राष्ट्रीय सैनी पंचायत हरियाणा ने हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष फूल चंद मुलाना को पत्र लिख राज्य की 13 विधानसभा हलकों में सैनी समाज के नेताओं को टिकट देने की मांग की है। पत्र में संगठन के अध्यक्ष सूबेदार पुरुषोत्तम सैनी ने कहा है कि आठ विधानसभा हलको में सैनी बिरादरी के 20 से 32 हजार मतदाता तथा 5 विधानसभा क्षेत्रों में 10 से 17 हजार के करीब मतदाता है लिहाजा इन सभी सीटों की टिकटों पर सैनी बिरादरी का हक बनता है, जिसे बिरादरी को दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सैनी बिरादरी को टिकट देने में इसलिए भी तवज्जो दी जानी चाहिए क्योंकि पिछले दिनों सम्पन्न हुए लोकसभा चुनावों में भी सैनी बिरादरी के किसी भी बाशिंदे को टिकट प्रदान नहीं की गई थी। पुरुषोत्तम सैनी ने पत्र के साथ 9 हलकों से सैनी बिरादरी के दावेदारों की लिस्ट भी मुलाना को भेजी है। जिसके मुताबिक नारनौल से कांग्रेस टिकट के लिए सुरेश सैनी सरपंच, ओमप्रकाश एडवोकेट, जेपी सैनी, प्रमोद सैनी व कमलेश सैनी, लाडवा से साहिब सिंह सैनी व कैलाशो सैनी, हांसी से अतर सिंह सैनी, रादौर से कैलाशो सैनी व निलय सैनी, घरौंडा से रमेश सैनी, जींद से किरण सैनी, बरवाला से हरि सिंह तथा सफीदो से कर्मवीर सैनी व हवा आदि मुख्य दावेदार हैं।
सूरत-ए-हाल उत्तरप्रदेश
लोकायुक्त ने धर्मसिंह सैनी के आचरण पर उठाए सवाल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लोक आयुक्त न्यायमूर्ति केएन मेहरोत्रा ने उत्तरप्रदेश सरकार में बेसिक शिक्षा मंत्री धर्म सिंह सैनी के आचरण पर सवालिया निशान लगाते हुए उनकी शिकायत राज्यपाल बी.एल. जोशी से की है। इस शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार फैलाने में दोषी पाए गए लोक सेवकों के खिलाफ कार्रवाई करने में दिलचस्पी नहीं दिखा रही है। शिकायत में लोकायुक्त का कहना है कि इस वर्ष जिन 10 लोगों के खिलाफ़ राज्यपाल को भ्रष्टाचार की विशेष रिपोर्ट दी गई हैं, उनमें मायावती सरकार के बेसिक शिक्षा मंत्री धर्म सिंह सैनी का नाम भी शामिल हैं। इसलिए उन्होंने सैनी के खिलाफ़ कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री मायावती को एक पत्र भी लिखा था मगर इस सम्बंध में कोई क़दम नहीं उठाए गए हैं।न्यायमूर्ति का कहना है कि उन्होंने यह संस्तुति की थी कि मंत्री जी का आचरण एक भ्रष्ट बेसिक शिक्षा अधिकारी को बचाने में संदिग्ध है इसलिए मुख्यमंत्री इस मामले में मंत्री के खिलाफ़ कार्रवाई कर स्थिति को स्पष्ट करें।लोकायुक्त के मुताबिक धर्म सिंह सैनी के खिलाफ़ दो मामले थे जिनमें एक पर आंशिक कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री की ओर से उन्हें चेतावनी भर देकर ही छोड़ दिया गया जबकि दूसरे मामले में कोई कार्रवाई नहीं गई जबकि उन्हें अपेक्षा थी कि मुख्यमंत्री ज़्यादा नहीं तो कम से कम मंत्री जी के विभाग को अवश्य बदलकर उनकी गलती का अहसास करवाएगी मगर ऐसा कुछ नहीं हुआ।उन्होंने बताया कि उन्होंने यह सिफारिश भी की थी कि बेसिक शिक्षा अधिकारी के पद पर केवल लोक सेवा आयोग से चुने अफ़सरों को ही तैनात किया जाए, न कि टीचरों को, क्योंकि इसमें भी भ्रष्टाचार हो रहा है।
साभार बीबीसी न्यूज
सैनी स्कूल में बच्चों को दी अंतरिक्ष बारे जानकारी
अश्वनी सैनी रोहतक।
सैनी कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित किए गए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूली बच्चों को अंतरिक्ष बारे जानकारी दी गई। इस अवसर पर जिला स्तरीय वाद-विवाद व प्रश्रोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। जिसमें जिले के भिन्न-भिन्न विद्यालयों में विज्ञान विषय के करीब 50 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। स्कूल प्राचार्य बी।डी। मदान ने बताया कि वाद-विवाद प्रतियोगिता में सैनी स्कूल की 11वीं कक्षा की छात्रा कुमारी श्वेता ने दूसरा जबकि प्रश्रोत्तरी स्पर्धा में दसवीं कक्षा की सुषमा एवं सीमा को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। सैनी स्कूल के बच्चों इस उपलब्धी पर सैनी सोसायटी के प्रधान विजय सैनी, उपप्रधान महिपाल सिंह, सचिव सतपाल सैनी, सहसचिव सुभाष सैनी व कोषाध्यक्ष रोहतास आर्य ने उन्हें बधाई दी है। साथ ही कहा कि इन विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सोसायटी का नाम रोशन किया है।
आपकी राय
चेतना लाने का अच्छा प्रयास है सैनी संवाद
सैनी समाज का ऐसा समाचार पत्र पहली बार देखने का मिला है, जिसमें सैनी समाज से जुड़े हर क्षेत्र की खबरे हों। बात चाहे राजनीति की हो या समाज और या फिर खेल की हर क्षेत्र को इस समाचार पत्र द्वारा करव करने का प्रयास किया है। इसके लिए निसंदेह सैनी संवाद की टीम बधाई की पात्र है। अगर इस समाचार पत्र में सैनी समाज के लड़के व लड़कियों की शादी के लिए अच्छे रिश्तों का एक कॉलम भी शुरू कर दिया जाए तो यह समाचार पत्र पूरी तरह से पूर्ण हो जाएगा क्योंकि आज समाज से जुड़े हर आदमी को इस बात की भलीभांति जानकारी है कि लड़के व लड़कियों के लिए अच्छा मैच तलाशने के लिए कितनी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
- राकेश सैनी, पानीपत
लाड़वा में धैर्य से काम लेने की जरूरत
कुरुक्षेत्र के लाड़वा हलके में सैनी मतदाताओं की संख्या को देखते हुए इसमें कोई दो राय नहीं है कि यहां से सैनी बिरादरी के प्रत्याशी के चुनाव जीतने के अच्छे अवसर है मगर यह अवसर महज तभी जीत में तबदील हो सकता है जब सैनी बिरादरी का केवल एक ही नेता चुनाव मैदान में रहे और अन्य उसकी सहायतार्थ न केवल चुनाव लडऩे से परहेज करें बल्कि बिरादरी के लोगों को भी उनके समर्थन में लामबंद होने के लिए प्रोत्साहित करें। यदि चुनाव में हम ऐसा करने से चूक गए तो यह सुनहरा अवसर तो हाथों से निकल ही जाएगा साथ ही साथ भविष्य में भी हमें इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इसलिए मेरा सभी दावेदारों से अनुरोध है कि वे बिरादरी के हितों को ध्यान में रखते हुए ही अपनी रणनीति बनाए।
-नरेन्द्र सैनी, कुरुक्षेत्र
