नई दिल्ली। प्रीत विहार इलाके में मोबाइल के शोरूम में लूटपाट कर फरार हो रहे हथियारबंद लुटेरों से लोहा लेकर उनमें से एक को धर दबोचने वाले 3 भाइयों को पुलिस कमिश्नर वाई. एस. डडवाल ने सम्मानित किया। राधेश्याम पार्क इलाके में रहने वाले हरबीर सिंह सैनी (39), रणबीर सिंह सैनी (37) और लखबीर सिंह सैनी (33) को 15-15 हजार रुपये और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कमिश्नर ने उनकी बहादुरी की सराहना की। लखबीर राधेश्याम पार्क आरडब्ल्यूए के प्रेजिडंट हैं, रणबीर सिविल डिफेंस में हैं और हरबीर ऑल इंडिया बॉक्सिंग चैंपिअन रह चुके हैं। बलदेव पार्क इलाके में परवाना रोड पर जिस शोरूम में लूटपाट हुई थी, उसके पास ही इन तीनों भाइयों की दुकानें हैं।
हरबीर ने बताया कि सोमवार रात 9:30 बजे के करीब जब हम अपनी-अपनी दुकानें बढ़ा रहे थे, तभी पास के मोबाइल शोरूम से तीन लोग निकलकर भागने लगे। उनके हाथों में हथियार और बैग थे। मैंने एक लुटेरे को पीछे से पकड़ लिया। उसके हाथ में पिस्तौल थी, लेकिन उसके फायर करने से पहले ही रणबीर ने उसका हाथ पकड़कर ऊपर उठा दिया। लखबीर उसके साथियों की तरफ लपका, तो उनमें से एक ने गोली चला दी, जो लखबीर के बाजू के पास से निकली। तब तक और लोग भी मौके पर जमा हो गए।
बाकी दोनों लुटेरे बाइक पर बैठकर फरार हो गए। जिस लुटेरे को हमने पकड़ा था, लोग उसकी पिटाई करने लगे। हमने किसी तरह उसे छुड़ाया। इस बीच पुलिस भी पहुंची और उसे गिरफ्तार करके ले गई। डीसीपी (ईस्ट डिस्ट्रिक्ट) आनंद मोहन के मुताबिक, उसकी पहचान रशीद मार्किट एक्सटेंशन के आरिफ उर्फ नन्हे (25) के रूप में हुई। उसकी निशानदेही पर उसके साथी आराम बाग निवासी जावेद (25) को गिरफ्तार कर तीन मोबाइल जब्त किए गए। इनका तीसरा साथी आसिफ फरार है और लूट का बाकी माल उसी के पास है। आरिफ ने शकरपुर इलाके में एक शख्स से 5 लाख रुपये लूटे थे।
गुरुवार, जून 18, 2009
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें