रीडर ने भाजपा नेता से मांगी रिश्वत
दौसा (राजस्थान)। लालसोट के तहसील कार्यालय में रीडर द्वारा मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय नेता बनवारी लाल सैनी से रिश्वत मांगने पर हंगामा खड़ा हो गया। बनवारी लाल के समर्थन में जहां भाजपा के अन्य स्थानीय नेता तहसील परिसर में धरने पर बैठ गए, वहीं उक्त रीडर को तुरंत प्रभाव से रिलीव करने की मांग भी करने लगे। मामला तब शांत हुआ जब मौके की नजाकत को देखते हुए तहसीलदार ने आरोपी रीडर को तुरंत प्रभाव से रिलीव कर दिया।
हुआ यूं कि हरिपुरा निवासी बनवारीलाल सैनी अपनी दादी चौथीदेवी का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए तहसील कार्यालय पहुंचे थे। सैनी का आरोप है कि तहसील के रीडर ने प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर रुपयों की मांग की। इसकी जानकारी जब वहां मौजूद भाजपा नेता पोकरमल सैनी को लगी तो उसने पार्टी के अन्य नेताओं को वहां बुलाकर हंगामा खड़ा कर दिया तथा तहसीलदार को मामले की जानकारी दी। इस दौरान भाजपा के अनिल बुर्जा, भाकिस के महामंत्री हरगोविन्द सैनी, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सीतादेवी शर्मा व वार्ड पंच मनोहरलाल शर्मा भी पहुंच गए। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राज में भ्रष्टाचार हो रहा है। जब काफी देर तक तहसीलदार ने शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया तो पोकरमल सैनी अन्य नेताओं के साथ धरने पर बैठ गए तथा रीडर को हटाने की मांग करने लगे। साथ ही यह चेतावनी भी दे डाली कि जब तक आरोपी रीडर के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी तब तक वे धरने से नहीं हिलेंगे।
इस पर तहसीलदार फूल सिंह मीणा पोकरमल सैनी के पास पहुंचे और उन्हें रीडर के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन देकर उनका धरना तुड़वाया। साथ ही बनवारी लाल सैनी को मृत्यु प्रमाण पत्र भी जारी किया गया। इसके पश्वात तहसीलदार ने आरोपी रीडर को भी तुरंत प्रभाव से रिलीव कर दिया।
शनिवार, जून 12, 2010
सदस्यता लें
टिप्पणियाँ भेजें (Atom)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें