शनिवार, जून 12, 2010

गत माह हरियाणा में सम्पन्न हुए नगर पालिका चुनावों में सैनी समाज का सूरत-ए-हाल

38 सैनी प्रत्याशियों ने जीती जंग

एक-दूसरे को हरवाने का सिलसिला इस चुनाव में भी रहा बदस्तूर जारी

चन्द्रप्रकाश सैनी
प्रधान सम्पादक

रोहतक। मई माह में प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर हुए नगर पालिका चुनाव में सैनी समाज के 38 प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है। हालांकि ऐसे प्रत्याशियों की संख्या में और इजाफा हो सकता था मगर एक-दूसरे को हरवाने की सैनी समाज के लोगों की पुरानी आदत ने अनेक ऐसे सैनी प्रत्याशियों को इस बार भी पानी में बैठा दिया, यदि उन्हें अपनी ही बिरादरी के लोगों का पूरा समर्थन मिला होता तो वे निसंदेह चुनाव में जीत हासिल कर सकते थे।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार सैनी समाज के जो 38 प्रत्याशी चुनावी जंग जीतने में कामयाब रहे हैं, उनमें सर्वाधिक 7 नारनौल से है जबकि महेंद्रगढ़ व हांसी से 4-4, जींद, चरखी दादरी, नरवाना व सिरसा से 3-3, सफीदो, झज्जर, बरवाला व सोहना से दो-दो तथा सोनीपत, गुहला चीका (कैथल) व थानेसर (कुरुक्षेत्र) से एक-एक सैनी पार्षद निर्वाचित हुआ है।
सबसे पहले बात करते हैं नारनौल की। यहां के 11 वार्डों से सैनी प्रत्याशियों ने चुनावी दंगल में ताल ठोंकी थी। जिनमें से 7 प्रत्याशियों ने जीत का स्वाद चखा। जीतने वालों में वार्ड-दो से गीता देवी, वार्ड-तीन से घतेली देवी, वार्ड-5 से महावीर सैनी, वार्ड-10 से बिमला देवी, वार्ड-15 से लक्ष्मी देवी, वार्ड-19 से बनवारी लाल सैनी व वार्ड-29 से कमला देवी शामिल हैं जबकि वार्ड-एक सुरेंद्र कौर, वार्ड-11 से ओमप्रकाश, वार्ड-18 से रामचंद्र सैनी तथा वार्ड-21 से नप के पूर्व चेयरमैन प्रेमचंद सैनी को हार का सामना करना पड़ा। इनमें से वार्ड-एक की सीट सैनी समाज के खाते में जा सकती थी मगर यहां सैनी समाज के तीन प्रत्याशी खड़े होने से यह सीट हाथ से निकल गई।
इसी तरह महेंद्रगढ़ के वार्ड-10 से बंसीलाल सैनी, वार्ड -11 से राजेंद्र सैनी, वार्ड-12 से बबीता सैनी पत्नी जयविंद्र सैनी तथा वार्ड नंबर-3 से मंजू सैनी पत्नी राजेंद्र सैनी ने चुनावी मुकाबला जीता। बंसीलाल सैनी ने अपने निकटतम प्रत्याशी छोटे लाल सैनी को 58, राजेंद्र सैनी ने कैलाश सैनी को 359, बबीता सैनी ने अजीत सैनी को 161 तथा मंजू सैनी ने मनभावती शर्मा को 213 वोटों से पराजित किया। इसके अलावा वार्ड नंबर-4 से अशोक सैनी चुनाव मैदान में थे मगर वे 100 मतों से चुनाव हार गए। हांसी में भी सैनी प्रत्याशियों ने चुनाव में जमकर जोर लगाया मगर जिन चार प्रत्याशियों ने जीत का स्वाद चखा, उसमें वार्ड नंबर-दो से हरिराम सैनी, वार्ड-22 से रिंकू सैनी, वार्ड नंबर-23 से मुकेश सैनी तथा वार्ड-25 से कृष्ण सैनी उर्फ लम्बू शामिल हैं। हरिराम सैनी 565, रिंकू सैनी 299, मुकेश सैनी 60 तथा कृष्ण सेनी 158 मतों से विजयी हुए। रिंकू ने सैनी समाज के ही दूसरे प्रत्याशी सुभाष सैनी को हराकर बाजी मारी।
द से जिन तीन प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की हैं, उसमें वार्ड-11 से रूपराम सैनी, वार्ड-29 से मंजू सैनी तथा वार्ड-13 से हरफूल सैनी शामिल है। इनमें से रामरूप सैनी 598, हरफूल सैनी 463 तथा अंजू सैनी 138 वोटों से विजयी हुई। इसी जिले के सफीदो कस्बे के वार्ड नंबर-6 से रामेश्वर सैनी तथा वार्ड नंबर-8 से रोशनलाल सैनी ने जीत दर्ज की। रोशनलाल सैनी को चुनाव जीतने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। चरखी दादरी में सैनी प्रत्याशियों का अच्छा प्रदर्शन रहा। यहां के जिन तीन प्रत्याशियों ने जीत हासिल की, उनमें बख्शी सैनी, वार्ड नंबर-दस से प्रवीण सैनी तथा वार्ड नंबर-3 से रामनिवास सैनी शामिल है। झज्जर से दो सैनी प्रत्याशी नगर पालिका में जाने में कामयाब रहे। इनमें वार्ड-5 से पुष्पा सैनी तथा झज्जर छावनी से किशोर सैनी ने चुनाव जीता। इसी तरह बरवाला के वार्ड-6 से राजेश सैनी 41 तथा वार्ड-5 से ज्ञान सिंह सैनी अपने प्रतिद्वंद्वी ओमप्रकाश सैनी को 32 वोटों से हराकर चुनाव जीतने में कामयाब रहे। सोहना के वार्ड नंबर-एक से ओमप्रकाश सैनी व वार्ड-8 से बालूराम सैनी ने विजय श्री का स्वाद चखा जबकि वार्ड-9 से गुलजारी लाल सैनी तथा वार्ड-3 से पार्वती देवी चुनाव हार गई। इसके अलावा वार्ड नंबर-12 से राजकुमार सैनी, वार्ड-4 से संजय सैनी तथा वार्ड-3 से धर्मवीर सैनी भी चुनाव मैदान में थे मगर चुनाव नहीं जीत पाए। इसकेअलावा सोनीपत शहर के वार्ड नंबर-20 से नौरंग सैनी, कुरुक्षेत्र के थानेसर कस्बे से दरबारा राम सैनी तथा कैथल के गुहला चीका कस्बे से पूनम सैनी ही जीत हासिल कर पाई जबकि अन्य प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा।

चौथी बार जीते लीलाधर सैनी


सिरसा (विनोद सैनी)। सिरसा के वार्ड नंबर-21 से लीलाधर सैनी ने लगातार चौथी बार जीत दर्ज की। उन्होंने गृहमंत्री गोपाल कांडा समर्थित सुशील सैनी को महज चार मतों से पराजित किया। इसके अलावा लीलाधर सैनी की पत्नी रामदुलारी सैनी ने भी वार्ड नंबर-12 से जीत दर्ज की जबकि वार्ड नंबर-13 से बृजलाल सैनी सूरत सैनी को हराकर नगर पार्षद निर्वाचित हुए।
हरियाणा एजूकेशन बोर्ड भिवानी के परिसर में महात्मा ज्योति बा फूले की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर शिक्षा मंत्री श्रीमति गीता भुक्कल से बातचीत करते श्री विजय सैनी। सैनी संवाद

विजय सैनी ने की शिक्षा मंत्री से मुलाकात

महेन्द्र तोंदवाल
कार्यकारी सम्पादक

चंडीगढ़। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के परिसर में सैनी समाज की महान हस्ती एवं समाज सुधारक महात्मा ज्योति बा फूले की प्रतिमा की स्थापना को लेकर सैनी एजूकेशन सोसायटी रोहतक के अध्यक्ष विजय सैनी ने चंडीगढ़ में शिक्षा मंत्री श्रीमति गीता भुक्कल से मुलाकात की और उनसे प्रतिमा स्थापना प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया। इस पर शिक्षा मंत्री ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में एक पत्र शिक्षा बोर्ड के सचिव को भेज रखा है, जिस पर जल्द ही फैसला ले लिया जाएगा। मंत्री ने बताया कि बोर्ड के परीक्षा परिणामों के चलते इस मामले को निपटाने में थोड़ी देरी हुई है। इस मौके पर सैनी एजूकेशन सोसायटी द्वारा पिछले पांच सालों के दौरान की गई उल्लेखनीय तरक्की की तारीफ करते हुए गीता भुक्कल ने कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सैनी सोसायटी को जिस भी तरह की मदद की जरूरत पड़ेगी, वे उसे देने के लिए हर समय तत्पर रहेगी। इस मुलाकात के अंत में सैनी सोसायटी के प्रधान विजय सैनी ने उन्हें सैनी समाज की मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के लिए आभार व्यक्त किया।
सैनी संवाद बारे प्रतिक्रिया आमंत्रित


अगले माह सैनी संवाद एक बरस का हो जाएगा। इस एक वर्ष की समयावधि के दौरान सैनी संवाद के सम्पादन मंडल ने अपने कर्तव्य एवं जिम्मेवारी का निस्पादन पूरी तन्मयता के साथ अपने लक्ष्य को मद्देनजर रखते हुए किया है। यही वजह है कि सैनी समाज पर आधारित इस मासिक समाचार पत्र को लोगों से अपेक्षित सहयोग भी मिला है। आपको हमारा यह प्रयास कैसा लगा और इसे लोकप्रिय बनाने के लिए क्या कुछ किया जाना चाहिए, इस बारे आपकी प्रतिक्रिया आमंत्रित है, जिसे सैनी संवाद के वार्षिकी अंक (जुलाई, 2010) में प्रकाशित किया जाएगा। आपकी प्रतिक्रिया हमारे लिए मार्गदर्शन का कार्य करेगी।

अपनी प्रतिक्रिया इस पते पर भेजे-

समाचार सम्पादक, सैनी संवाद, 280/20 सैनीपुरा, रोहतक।
sainisanvaad@gmail.com
चौमू के नरेश सैनी का आईएएस में चयन

राजेन्द्र सैनी
समाचार सम्पादक

चौमू (राजस्थान)। यूपीएससी द्वारा गत माह घोषित किए गए सिविल सेवा के परीक्षा परिणाम में ग्राम हाड़ौता के रहने वाले नरेश सैनी पुत्र अर्जुन लाल सैनी ने 605वां रेंक हासिल किया है। उन्होंने यह उपलब्धि हासिल कर न केवल अपने माता-पिता का नाम रोशन किया है, बल्कि सम्पूर्ण सैनी समाज का भी गौरव बढ़ाया है। उनकी इसी कामयाबी से उत्साहित क्षेत्र की विभिन्न संस्थाओं व जनप्रतिनिधियों ने समारोह आयोजित कर नरेश सैनी का अभिनंदन किया। नगरपालिका सभागार में युवा सैनी महासभा के तत्वावधान में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। जिसके मुख्य अतिथि विधायक भगवान सहाय सैनीे ने नरेश सैनी को चौमू का सपूत बताया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा के अध्यक्ष ओमप्रकाश सैनी ने की। विशिष्ट अतिथि के तौर पर गोविंदनारायण सैनी, अर्जुन लाल सैनी, पार्षद नंद किशोर शर्मा, उपाध्यक्ष हनुमान नटवाडिय़ा, सुरेश विजयवर्गीय, एमपी सैनी, औमप्रकाश सैनी आदि मौजूद थे। इसी प्रकार नरेश सैनी आशा निकेतन सीनियर सैकंडरी स्कूल का पूर्व छात्र होने के कारण विद्यालय परिवार की ओर कार्यक्रम आयोजित कर नरेश सैनी का अभिनंदन किया गया। इस मौके पर भी मुख्य अतिथि विधायक भगवान सहाय सैनी थे। अध्यक्षता संस्था निदेशक रविन्द्र जोशी ने की। विशिष्ट अतिथि नगरपालिका अध्यक्ष गोविंद नारायण सैनी थे। नरेश सैनी के पिता अर्जुन सैनी का भी माल्यार्पण से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पार्षद नंदकिशोर शर्मा, एड. धीरेंद्र सैनी, प्रधानाचार्य उम्मेद सिंह शेखावत, रआदि मौजूद थे। इसके अलावा महात्मा ज्योतिबा फूले विकास संस्थान के पूर्व अध्यक्ष घींसालाल सैनी ने भी नरेश के घर जाकर अभिनंदन किया।

उत्तरप्रदेश पुलिस का कमाल : निर्दोष को बनाया हत्यारा

अजीत सैनी की हत्या  ने खोली पुलिस की पोल
विनोद सैनी
हमारे संवाददाता
मुजफ्फरनगर । मई माह में सैनी समाज को जिस घटना ने हिलाकर रख दिया, वह थी उत्तरप्रदेश के मुज्जफरनगर जिले में प्रेम प्रकरण को लेकर युवक अजीत सैनी (23) की गई तथाकथित हत्या। हत्या के जुर्म में अजीत की प्रेमिका अंशु तोमर के भाई व पिता को पुलिस ने न केवल गिरफ्तार किया, बल्कि उनसे हत्या करने की बात भी कबूलवा ली। मगर इस बीच थाने में अजीत व अंशु का फिल्मी स्टाइल में हुए पर्दापण ने न केवल सबको हैरान कर दिया, बल्कि पुलिस द्वारा अपनी खाल बचाने हेतु किए गए हत्या की गुत्थी सुझलाने के झूठे दावें का भी पर्दाफाश कर दिया।
दरअसल हुआ यूं कि बी.बी.ए. के छात्र अजीत सैनी व अंशु तोमर के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। चूंकि दोनों की जातियां अलग-अलग थी इसलिए लड़के के घरवालों को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। लिहाजा दोनों18 अप्रैल को घर से फरार हो गये थे, और एक रात गायब रहने के बाद दोनों 19 अप्रैल को वापस घर पर आ गये थे। बाद में दोनों के परिजनों में शादी को लेकर कोई सहमती हुई और लड़की को उसके घर भेज दिया गया एवं लड़का अपने घर पर था। 29 अप्रैल को पुणे के लिए निकला अजित जब वहां नहीं पहुंचा तो घर वालों को फिक्र हुई। इस दौरान विगत 6 मई को एक फार्म हाउस से गर्दन और पैर कटी लाश मिली, जिसकी लड़के के चाचा राम किशोर ने अजित के रूप में शिनाख्त कर ली और उसकी शिकायत पर पुलिस ने अंशु के भाई अनुज और पिता नरेन्द्र को हिरासत में ले लिया। कुछ देर बाद पुलिस ने 'धमाकाÓ किया-'अनुज ने अजित सैनी का कत्ल करना स्वीकार कर लिया है और उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त छुर्री भी बरामद कर ली है। यह बात पुलिस ने उनसे कैमरों के सामने भी कबूलवाई। ऑनर किलिंग जैसे संवेदनशील खुलासे के बाद देशभर का मीडिया सक्रिय हो गया। इस बीच एक समाचारपत्र में प्रेमी की हत्या के आरोप में पिता व भाई को जेल जाता देख अंशु से रहा नहीं गया। वह अपने प्रेमी को लेकर थाने पहुंच गई। प्रेमी युगल को जिंदा लौटा देख पुलिस के हाथ-पांव फूल गए और उन्होंने दोनों को हिरासत में लेकर अपने तरीके से पट्टी पढ़ानी शुरू कर दी और मीडिया से दोनों को दूर कर दिया गया।
दोनों प्रेमी दिल्ली और हरिद्वार में लगभग नौ दिन बिताने के बाद बिजनौर पहुंचे थे। यहीं अखबार में अपनी मौत की खबर पढऩे के बाद अजित ने अपने चाचा से सम्पर्क किया और अपने जींदा होने की सूचना उन्हें दी। उसके बाद पौने चार बजे के करीब दोनों मंडी थाने पहुंच गये। बताया जाता है कि लाश मिलने के बाद पुलिस ने गहराई से छानबीन नहीं की और अजित की हत्या के आरोप में लड़की के पिता नरेंद्र और भाई अनुज तोमर को थाने ले आई। जल्दी केस निपटाने के मूड में पुलिस ने सबसे पहले अपराध कबूलवाने पर अपना ध्यान केंद्रित किया। अनुज से जबरदस्ती अपराध कबूलवा कर पुलिस संतुष्ट होकर बैठ गई थी, परन्तु अचानक अंशु के अजित के साथ थाने पर पहुंच गए और पुलिस द्वारा रची झूठी कहानी जगजाहिर हो गई। अंशु व अजित के थाने पहुंचने की खबर पर मीडिया के लोग थाने में जमा हो गए, लेकिन पुलिस ने प्रेमी युगल को अपने कब्जे में लेकर किसी से भी बात नहीं करने दी।
हद तो तब हो गई जब अगले ही दिन पुलिस ने अजित और उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक लड़की के घरवालों की शिकायत पर जिले के नई मंडी थाने में उसके प्रेमी अजित सैनी (23) के खिलाफ बहला फुसलाकर लड़की को भगाने जबकि उसके पिता और चाचा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया। इस सम्पूर्ण मामले में यह साबित हो गया कि हिंदुस्तानी पुलिस हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए निर्दोष को भी बली का बकरा बनाने में संकोच नहीं करती।
मास्टर घासीराम सैनी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते महंत सागरनाथ जी। सैनी संवाद




मास्टर घासीराम सैनी को याद किया

रोहतक (विनोद सैनी)। सैनी एजूकेशन सोसायटी रोहतक के संस्थापक मास्टर घासीराम सैनी की 98वीं जयंति पर सैनी पब्लिक स्कूल में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि हांसी के महंत सागरनाथ थे जबकि अध्यक्षता सोसायटी प्रधान विजय सैनी ने की। इस अवसर पर उपस्थितजनों ने मास्टर घासीराम सैनी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में डा. यादराम सैनी, बलवान सैनी फौजी, विनोद सैनी, मुकेश, धर्मवीर, प्रवीण नम्बरदार, राजेश सैनी, रामेश्वर सैनी, महावीर सैनी आदि मौजूद थे।

जमीनी विवाद पर हो रही है राजनीति

गनगौरी गांव में जनसभा को सम्बोधित करते हुए पूर्व सांसद कैलाशो सैनी ने कहा

यमुनानगर (प्रेम सैनी)। पूर्व सांसद कैलाशो सैनी ने कहा कि गनगौरी गांव में सैनी समाज के जमीन प्रकरण पर राजनीति हो रही है। इस विवाद को लेकर कुछ दल राजनैतिक लाभ उठाने व सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए ही रैलियां कर रहे हैं। वे विगत 8 मई को गनगौरी गांव में एक जनसभा को सम्बोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि गनगौरी गांव के जमीन प्रकरण को लेकर कुछ दल राजनैतिक लाभ उठाने व सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए ही रैलियां कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इनेलो के प्रमुख नेता गांव गनगौरी के जमीन के मामले को लेकर उंगली कटवाकर शहीद होना चाहते हैं जबकि गनगौरी के किसानों के हितों की इनेलो नेताओं को कोई चिन्ता नहीं है। कैलाशो ने कहा कि इनेलो नेताओं ने राजनीतिक स्वार्थों की पूर्ति के लिए हमेशा ही सैनी समाज के लोगों के वोट हथिया कर उनका राजनीतिक शोषण तो किया परंतु सरकार आने पर सैनी समाज के लोगों को हक देने के बजाय उनके हकों को छीना गया। इस अवसर पर सैनी समाज के अनेक लोग मौजूद थे।

सैनी समाज को नाज है ऐसी शख्सियतों पर

59 बरस के हुए अशोक गहलौत

चन्द्रप्रकाश सैनी
प्रधान सम्पादक
राजस्थान के मुख्यमंत्री एवं सैनी समाज के आभूषण अशोक गहलौत विगत 3 मई को 59 बरस के हो गए। साधारण परिवार में जम्र लेने के बावजूद अपनी मेहनत व कौशल के बल पर हिंदुस्तान की राजनीति में उन्होंने जो मुकाम हासिल किया है, वह किसी मिसाल से कम नहीं है। निसंदेह यह सम्पूर्ण सैनी समाज के लिए एक गर्व का विषय है कि अशोक गहलौत राजस्थान सरीखे एक बड़े राज्य की कमान संभालने के साथ-साथ केंद्र की राजनीति में भी अपनी एक विशेष जगह बनाए हुए हैं।
वर्ष 1951 में जोधपुर में रहने वाले साधारण किसान लक्ष्मण सिंह गहलौत के घर जन्मे अशोक गहलौत छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय थे इसलिए उन्हें वर्ष 1974 से 1979 तक एनएसयूआई का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। बी.एस.सी. के बाद अर्थशास्त्र में एम.ए. की डिग्री हासिल कर अशोक गहलौत पहली बार महज 29 साल की उम्र में वर्ष 1980 में जोधपुर से लोकसभा सदस्य चुने गए थे। इसके दो साल बाद 2 सितम्बर 1982 में उन्हें तवव्जो देते हुए प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के मंत्रालय में उपपर्यटन व जहाजरानी मंत्री बनाया गया था। कुछ समय मंत्री पद से दूर रहने के बावद उन्हें वर्ष 1984 में फिर से इस पद से नवाजा गया और वे 7 फरवरी 1984 से 31 अक्तूबर 1984 तक इस पद रहे। इसके उपरांत उन्हें उप खेलमंत्री का पदभार सौंप दिया गया, जिस पर उन्होंने 12 नवम्बर से 31 दिसम्बर 1984 तक कार्य किया। जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री बने तो अशोक गहलौत को फिर से पर्यटन व जहाजरानी मंत्री बनाया गया और उन्होंने यह कार्यभार 25 सितम्बर 1985 तक संभाला। वे कुल मिलाकर वे चार बार- सातवीं, आठवीं दसवीं व ग्यारहवीं योजना-में जोधपुर से लोकसभा सदस्य चुने गए।
अशोक गहलौत छोटी उम्र में ही कांग्रेस पार्टी के अनेक महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके थे। उनके इसी प्रशासनिक अनुभव को मद्देनजर रखते हुए उन्हें वर्ष 1985 में पहली बार राजस्थान प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। इस दौरान उनका कार्य सराहनीय रहा और उन्होंने आमजन को कांग्रेस से जोड़कर पार्टी को और मजबूती प्रदान की। इसी कारण वर्ष 1994 व 1997 में उन्हें फिर से प्रदेशाध्यक्ष बना दिया। इससे पूर्व वर्ष 1989 में कांग्रेस के राजस्थान में सत्ता में आने पर उन्हें गृह मंत्रालय सरीखे एक बड़े मंत्रालय की कमान सौंपी गई। इसके बाद वर्ष 1991 में जब केंद्र में प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार बनी तो वे केंद्र में चले गए, जहां उन्हें टैक्सटाइल मिनिस्टर का स्वतंत्र प्रभार दिया गया। उन्होंने यह प्रभार 18 जनवरी 1993 तक संभाले रखा। अशोक गहलौत द्वारा हर जिम्मेवारी के कुशलतापूर्वक निभाने की वजह से उन्हें वर्ष ृ1998 में राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाया गया। चूंकि तब तक वे विधानसभा के सदस्य नहीं थे इसलिए उन्होंने वर्ष 1999 में अपने लोकसभा क्षेत्र के सदरपुरा विधानसभा हलके से चुनाव लड़ा और भारी मतों से जीत हासिल कर विधानसभा पहुंचे। इसके बाद वे लगातार दो बार फिर से इसी विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए और 11 दिसम्बर 2008 में हुए विधानसभा चुनाव कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद उन्हें फिर से राजस्थान का मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया।
इससे पूर्व, वे लोकसभा की पब्लिक एकाऊंट कमेटी, सम्प्रेषण सलाहकार समिति, स्टेंडिंग कमेटी ऑन रेलवे तथा विदेशी मामलों की सलाहकार समिति के सदस्य भी रह चुके हैं। जहां तक कांग्रेस पार्टी की बात है तो एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष के अलावा वे वर्ष 2004 में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव, दिल्ली, हिमाचल, छत्तीसगढ़ तथा कांग्रेस सेवादल के प्रभारी भी रह चुके हैं। राजनीति के अलावा समाजसेवा में भी अशोक गहलौत की खासी दिलचस्पी रही है। वर्ष 1971 में हुए बंगलादेश युद्ध में उन्होंने शरणार्थियों के कल्याण के लिए बढ़चढ़ कार्य किए। साथ ही नेहरू युवा केंद्र के माध्यम से प्रौढ़ शिक्षा के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे कुमार साहित्य परिषद तथा राजीव गांधी मैमोरियल बुक बैंक, जोधुपर से भी सक्रिय तौर पर जुड़े रहे हैं।

मृत्यु प्रमाण पत्र को लेकर हुआ हंगामा

रीडर ने भाजपा नेता से मांगी रिश्वत

दौसा (राजस्थान)। लालसोट के तहसील कार्यालय में रीडर द्वारा मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय नेता बनवारी लाल सैनी से रिश्वत मांगने पर हंगामा खड़ा हो गया। बनवारी लाल के समर्थन में जहां भाजपा के अन्य स्थानीय नेता तहसील परिसर में धरने पर बैठ गए, वहीं उक्त रीडर को तुरंत प्रभाव से रिलीव करने की मांग भी करने लगे। मामला तब शांत हुआ जब मौके की नजाकत को देखते हुए तहसीलदार ने आरोपी रीडर को तुरंत प्रभाव से रिलीव कर दिया।
हुआ यूं कि हरिपुरा निवासी बनवारीलाल सैनी अपनी दादी चौथीदेवी का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए तहसील कार्यालय पहुंचे थे। सैनी का आरोप है कि तहसील के रीडर ने प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर रुपयों की मांग की। इसकी जानकारी जब वहां मौजूद भाजपा नेता पोकरमल सैनी को लगी तो उसने पार्टी के अन्य नेताओं को वहां बुलाकर हंगामा खड़ा कर दिया तथा तहसीलदार को मामले की जानकारी दी। इस दौरान भाजपा के अनिल बुर्जा, भाकिस के महामंत्री हरगोविन्द सैनी, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सीतादेवी शर्मा व वार्ड पंच मनोहरलाल शर्मा भी पहुंच गए। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राज में भ्रष्टाचार हो रहा है। जब काफी देर तक तहसीलदार ने शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया तो पोकरमल सैनी अन्य नेताओं के साथ धरने पर बैठ गए तथा रीडर को हटाने की मांग करने लगे। साथ ही यह चेतावनी भी दे डाली कि जब तक आरोपी रीडर के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी तब तक वे धरने से नहीं हिलेंगे।
इस पर तहसीलदार फूल सिंह मीणा पोकरमल सैनी के पास पहुंचे और उन्हें रीडर के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन देकर उनका धरना तुड़वाया। साथ ही बनवारी लाल सैनी को मृत्यु प्रमाण पत्र भी जारी किया गया। इसके पश्वात तहसीलदार ने आरोपी रीडर को भी तुरंत प्रभाव से रिलीव कर दिया।

सैनी स्कूलों के 47 विद्यार्थी मेरिट में

अशोक सैनी
रोहतक। सैनी एजूकेशन सोसायटी द्वारा संचालित सैनी सीनियर सैकेंडरी स्कूल, सैनी महिला सीनियर सैकेंडरी स्कूल, सैनी हाई स्कूल, सैनी कन्या हाई स्कूल तथा सैनी पब्लिक स्कूल के 47 विद्यार्थियों ने पिछले दिनों घोषित हुए की आठवीं, दसवीं व 12वीं कक्षाओं के परीक्षा परिणामों की मेरिट सूची में स्थान हासिल कर सैनी स्कूलों का नाम रोशन किया है। प्राचार्य बी.डी. मदान ने बताया कि परीक्षा परिणामों में आठवीं में 8, दसवीं में 21 तथा 12वीं में 18 विद्यार्थियों ने मेरिट प्राप्त की। इनमें आठवीं कक्षा की अर्चना पुत्री शेर सिंह ने 93 प्रतिशत व चंद्रिका पुत्री सुनील सैनी ने 90 प्रतिशत, दसवीं कक्षा में सुषमा पुत्री रोहतास ने 91.4 प्रतिशत, चन्दा पुत्र शुभराम सैनी ने 91.2 तथा आयुश्री पुत्री सुनील सैनी ने 90.4 प्रतिशत अंक हासिल किये।
सैनी एजूकेशन सोसायटी के प्रधान विजय सैनी, उपप्रधान महीपाल सैनी, महासचिव सतपाल सैनी, सहसचिव सुभाष सैनी व कोषाध्यक्ष रोहतास सैनी, मैनेजर किशन सिंह कोच, रामेश्वर सैनी व सूरजभान सैनी ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि मेरिट में स्थान पाने वाले बच्चों को विशेष तौर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सैनी स्कूलों में बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए वे कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ रहे हैं।

फंदा लगाकर दसवीं के छात्र शंकर सैनी ने दी जान

हिंडोली (राजस्थान)। हिंडोली थाना क्षेत्र के ग्राम बीचडी में विगत 15 मई को एक किशोर ने अपने घर में रस्सी का फंदा लगाकर जीवन लीला साप्त कर ली है। मृतक दसवीं कक्षा का छात्र था। जानकारी के अनुसार बीचडी निवासी शंकरलाल सैनी (16) पुत्र श्योजीलाल सैनी दोपहर दो बजे खेत से गांव में किसी की बिंदोरी देखने आया हुआ था। काफी देर बाद भी वह खेत नहीं पहुंचा तो घर वालों को चिंता हुई। श्योजी लाल शंकर को तलाशते हुए घर आए तो घर का दरवाजा भीतर से बंद था। जिससे पिता को कुछ शंका हुई। उसने आसपास के लोगों को बुलाकर दरवाजा खोला तो शंकर रस्सी के फंदे पर लटका हुआ था। गांव के कुछ लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा तथा हिंडोली पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची एवं शव को हिंडोली चिकित्सालय में पोस्टर्माटम कर परिजनों को सौप दिया है। आत्महत्या के जिम्मेवार कारणों का पता नहीं चल पाया।

सैनी समाज करेगा होनहार बच्चों की आर्थिक मदद

बांदीकुई। सैनी समाज की झाझीरामपुरा में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में समाज के असहाय, गरीब व अनाथ होनहार बालकों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता देने तथा इसके लिए एक संस्था के गठन का निर्णय लिया गया। समाज के महामंत्री बाबूलाल सैनी बसवा ने बताया कि संस्था समाज से दान व चंदा एकत्रित कर होनहार विद्यार्थियों की शैक्षणिक व प्रशैक्षणिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए कार्य करेगी।
उन्होंने बताया कि यह राशि विद्यार्थियों को लौटानी भी नहीं पड़ेगी। इसके लिए समाज का एक अभियान चलाया जाएगा। जिसमें समाज की पांचों तहसीलों के व्यापारी, कर्मचारी व समाजसेवियों को जोड़ा जाएगा। इस दौरान दौसा मान क्लब के पूर्व राष्ट्रीय फुटबाल खिलाडी मुंंशी रामप्रताप सैनी, मंडावर के दिगंबर सैनी, मोहनलाल सैनी का साफा, माला पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।
बैठक को समाज के महामंत्री बाबूलाल बसवा, डा. कल्लूराम सैनी, चिम्मन लाल, लक्ष्मीनारायण पटेल, पन्नलाल सैनी, राजाराम सैनी, बनवारी लाल, काल राम सैनी, बद्रीप्रसाद, मोहनलाल सैनी, पंचायत समिति सदस्य भावना सैनी, गुलाबचंद, मांगीलाल सिकराय, ओमप्रकाश, बबली सैनी, श्रीनारायण, लेखराज सैनी, लल्लूराम, मोहनलाल सैनी बडे गुरुजी, भगवानसिंह पटवारी, जगदीश सैनी सहित अन्य ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
अमीर बनने की चाहत ने पहुंचाया जेल

बैंक से चेक चुराकर उसे भुनवाने के आरोप में पुलिस ने किया केस दर्ज

फरीदाबाद। शॉटकट से अमीर बनने की चाहत स्थानीय संजय कालोनी के दीपक सैनी को उस समय भारी पड़ गई जब बैंक से एक चेक चुराने के आरोप में पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे डाल दिया।
हुआ यूं कि एक वर्कशॉप में काम करने वाले दीपक सैनी की पिछले महीने नौकरी से अचानक छुट्टी कर दी गई। काफी तलाश के बाद जब उसे कहीं काम नहीं मिला तो उसने शॉटकट से अमीर बनने की ठान ली। इसी कड़ी में उसने बैंक को चूना लगाने की योजना बना ली। जिसके तहत एक दिन सुबह वह नीलम बाटा रोड स्थित सिंडीकेट बैंक की शाखा में पहुंच गया। जहां एक जगह पर बैठ कर ड्रॉप बॉक्स में चेक डालने वालों पर नजर रखने लगा। उसी दौरान बॉक्स में किसी व्यक्ति ने चेक डाला। जिसका थोड़ा सा हिस्सा ऊपर रह गया। दीपक ने लोगों की नजरों से बचा कर किसी तरह उस चेक को निकाल लिया और बैंक चला गया। पांच लाख रुपये का यह चेक किसी फर्म के नाम से अकाउंट पेई काटा गया था। दीपक सैनी चेक को घर ले जाने के बाद उसे धोखाधड़ी से सेल्फ का बना दिया। अगले दिन वह चेक को भुनाने के लिए से बैंक में पहुंच गया। उसने चेक के पीछे हस्ताक्षर करने के बाद खजांची को दे दिया। जांच के दौरान खजांची को चेक पर संदेह हो गया। उसने दीपक को इंतजार करने की बात कह कर चुपचाप पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और दीपक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी। जिस पर दीपक ने सबकुछ उगल दिया।

सैनी शिक्षण संस्थान में हुआ विद्यार्थी सम्मान समारोह

रोहतक। सैनी एजूकेशन सोसायटी द्वारा संचालित सैनी बी.एड गल्र्ज कालेज के सभागार में विगत 29 मई को विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्यातिथि सोसायटी के प्रधान विजय सैनी थे। प्राचार्य बी.डी. मदान ने बताया कि समारोह में सैनी गल्र्ज सीनियर सैकेंडरी स्कूल की 12वीं कक्षा में टॉप करने वाली छात्रा अंकिता सोलंकी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस मौके पर अंकिता के नाना सुरजन सिंह, नानी ओमपति, पिता होशियार सिंह सोलंकी तथा माता सुनीता सोलंकी भी मौजूद थी। इस अवसर पर विजय सैनी ने उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाली छात्रा अंकिता के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान सैनी सोसायटी के मैनेजर रामेश्वर सैनी, किशन सिंह कोच, सूरजभान सैनी, सहसचिव सुभाष सैनी, प्रवीण सैनी, डा. मोहर सिंह सैनी, प्राचार्य ओ.पी. चौधरी, मिनाक्षी बिश्रोई, धर्मवीर सैनी, सीमा सैनी, संगीता अरोड़ा आदि समेत स्टाफ के अन्य सदस्य मौजूद थे।

जमीनी विवाद को लेकर सैनी परिवार पर हमला

चार-पांच बड़े वाहनों में भरकर आए थे करीब तीन दर्जन हमलावर

जयपुर। सांगानेर थाना इलाके के डिग्गी रोड पर मंदिर के लिए खाली छोड़े गए प्लाट पर हथियारबंद गिरोह के कब्जे की असफल कोशिश के बाद विगत 6 मई की सुबह चार-पांच बड़े वाहनों में भरकर आए 30-40 लोगों ने सैनी परिवार के सदस्यों पर हमला बोल दिया। इस अप्रत्याशित घटना में एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों का सवाई मानसिंह अस्पताल में उपचार किया गया, जहां लम्बी मशक्कत के बाद घायलों की जान बचाई जा सकी। लोगों का कहना है कि मंदिर के लिए सैनी परिवार द्वारा खाली छोड़े गए भूखंड पर पुलिस की मिलीभगत से बाहुबली लठैत पिछले काफी समय से नजरें गड़ाए हुए थे। पांच-छह दिन पहले भी इन लठैतों ने कब्जे का प्रयास किया था, जिसे विफल कर दिया गया था। बावजूद इसके बाहुबली इस भूखंड पर कब्जा करने पर उतारू है। यह भूखंड मालपुरा गेट से आगे डिग्गी रोड पर खाली पड़ा हुआ है। इसे सैनी समाज का एक परिवार अपना बताते हुए मंदिर के लिए छोडऩे की बात कह रहा है मगर यह बात बाहुबलियों को नागवारा है। यही वजह है कि एक सुनियोजित योजना के तहत घटनावाले दिन सुबह करीब पौने पांच बजे 30-40 हथियारबंद लोग चार-पांच गाडिय़ों में भरकर आए और घर में सो रहे सैनी परिवार के लोगों पर लाठी, बैल्ट और सरियों से ताबड़ तोड़ हमला शुरु कर दिया। इस अप्रत्याशित घटना से पूरे इलाके में भगदड़ मच गई और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। घटना के शिकार सैनी परिवार के लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकलकर आए मगर तब तक केसूलाल सैनी (50), ईश्वरलाल सैनी (50), बिरधीचंद सैनी (23), गोविन्द सैनी (35), रामरुप सैनी (40), बिरधी देवी (25), लल्लू प्रसाद (22) खून से लथपथ पड़े हुए थे और चारों तरफ चीख पुकार का क्रन्दन मचा हुआ था। वारदात की इत्तला तत्काल थाना पुलिस को दी गई मगर तब तक हमलावर घटना को अंजाम देकर फरार हो चुके थे। कुछ समय बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वहां से40 लाठियां बरामद की। सैनी परिवार का कहना है कि पुलिस हमलावरों से मिली हुई है इसलिए वह जानबूझकर इस ओर कोई कड़ा कदम नहीं उठा रही है।
सुमित कटारिया का सरकारी सेवा में चयन

रोहतक। सैनी एजूकेशन सोसायटी की हाई पावर कमेटी के सदस्य रणजीत कटारिया के पुत्र सुमित कटारिया का बिजली विभाग में एसडीओ (इलेक्ट्रिकलस) के पद पर चयन हुआ है। कटारिया ने अपने बेटे की नियुक्ति पर रोहतक के विधायक बी.बी. बतरा तथा सैनी एजूकेशन सोसायटी के प्रधान विजय सैनी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सुमित के चयन में उक्त दोनों लोगों ने अहम भूमिका निभाई है।
अजीत सैनी बने सैनी सभा के प्रधान

खरखौदा। सैनी स्कूल में हुई खरखौदा सैनी सभा के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक की अध्यक्षता नपा के पूर्व अध्यक्ष रामकंवार सैनी ने की। जिसमें सर्वसम्मति से तीन वर्ष के लिए मौजूदा नपा वाइस चेयरमैन अजीत सैनी को सैनी सभा का प्रधान नियुक्त किया गया जबकि चंदराम को उपप्रधान, सुबे को सचिव, ताराचंद को कोषाध्यक्ष व पे्रम सिंह को ऑडीटर बनाया गया है। इस मौके पर अजीत सैनी ने कहा कि वे समाज को जोडऩे के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
बालाजी का जागरण व भंडारा आयोजित
रोहतक। श्रीरामश्रीश्याम श्री मेहंदीपुर बालाजी संकीर्तन सेवा मंडल की ओर से प्रेमनगर चौक पर बालाजी महाराजा का जागरण व भंडारे का आयोजन किया गया। मंडल के प्रधान दिलबाग सैनी ने बताया कि जागरण की ज्योति प्रचंड भाजपा नेता कंवल सिंह सैनी ने की। इस अवसर पर सैनी सोसायटी के प्रधान विजय सैनी, भाजपा नेता कैप्टन अभिमन्यू, महेंद्र तोंदवाल, रामेश्वर सैनी, मनीष ग्रोवर, दलबीर सैनी, किशन कोच, महिपाल सैनी, विनोद सैनी, प्रवीण सैनी, डा. यादराम सैनी, जिले सिंह, शकुंतला सैनी, अमित सैनी, जितेंद्र सैनी आदि मौजूद थे।

जागरण के दौरान प्रधान विजय सैनी का स्वागत करते भाजपा नेता कंवल सिंह सैनी।
ऋषिपाल सैनी कांगे्स में शामिल


रादौर। इनेलो चिकित्सा प्रकोष्ठ के पूर्व जिला संयोजक व रादौर विधानसभा क्षेत्र से आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ चुके डाक्टर ऋषिपाल सैनी अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए। इस अवसर पर कांग्रेस ब्लॉक प्रधान राजपाल खरकाली ने फूलमाला पहनाकर श्री सैनी का पार्टी में शामिल होने का जोरदार स्वागत किया। डा. ऋषिपाल सैनी के साथ देसराज, यशपाल, मायाराम सैनी, प्रमोद टोपरा, मोहन लाल, कृष्ण अलाहर आदि ने भी इनेलो छोड़ कांग्रेस पार्टी में शामिल होने की घोषणा की।
अनु सैनी ने यमुनानगर में किया टॉप

यमुनानगर। दहिया सीनियर सैकेंडरी स्कूल कलावड़ की छात्रा अनु सैनी सुपुत्री रमेश कुमार वासी गांव तपड़ापुर ने आठवीं की परीक्षा में 600 में से 562 अंक प्राप्त करके जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस सफलता का श्रेय अपने स्कूल के शिक्षकों व माता-पिता को देते हुए अनु सैनी ने कहा कि वह भविष्य में एक प्रतिष्ठित डाक्टर बनकर लोगों की सेवा करना चाहती है। उसने कहा कि मेहनत व लगन ही सफलता की कुंजी है।

संक्षिप्त समाचार

डा. यादराम सैनी अमेरिका रवाना

रोहतक। सैनी एजूकेशन सोसायटी के गत चुनाव में रिटर्निंग ऑफिसर की भूमिका निभाने वाले समाजसेवी डा. यादराम सैनी विगत 29 मई को अमेरिका रवाना हो गए। वे करीब तीन माह पूर्व अमेरिका से रोहतक लौटे थे और इस दौरान उन्होंने सैनी समाज के कल्याणार्थ विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर इस समाज के लोगों से एकजुट होने का आह्वान किया। अमेरिका रवाना होने से पूर्व उन्होंने कहा कि वे अमेरिका में रह रहे सैनी समाज के लोगों के भी स्पर्श में हैं और वहां भी सैनी समाज के लोगों को संगठित करने के लिए कार्य कर रहे हैं।