बुधवार, नवंबर 03, 2010

पूर्व मेयर के दबाव में रवि सैनी ने किया आत्मदाह

अमृतसर। स्थानीय सेलीब्रेशन माल के निकट चाय की रेहड़ी लगाने वाले एक युवक रवि सैनी ने पूर्व मेयर सुनील दत्ती की धमकियों से तंग आकर खुद पर तेल डालकर आत्मदाह कर लिया। दरअसल 30 वर्ष पहले रवि सैनी के पिता करतार सिंह की टेक्सटाइल मिल में नौकरी करते थे। उनके पिता के कामकाज से खुश होकर करतार सिंह ने उन्हें बटाला रोड पर गगन सिनेमा के नजदीक एक प्लाट दे दिया था। इस प्लाट की वसीयत भी उनके पिता के नाम पर कर दी गई थी और वह पिछले पंद्रह वर्ष से इस प्लाट में ही रह रहा है। करतार सिंह की मौत के बाद अब उनका बेटा सर्बजीत सिंह बब्बर उनसे यह प्लाट जबरदस्ती खाली करवाना चाहता था। इंकार करने पर सर्बजीत सिंह पूर्व मेयर सुनील दत्ती, सोनू दत्ती और अन्य लोगों के साथ मिलकर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दे रहा था। इन्हीं धमकियों से तंग आकर रवि ने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया, उसे झुलसी हालत में अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां उसने दम तोड़ दिया। थाना रामबाग के एस.एच.ओ. दिनेश सिंह ने बताया कि पूर्व मेयर सुनील दत्ती और अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें