बुधवार, नवंबर 03, 2010

नरेश सैनी की मौत पर मचा बवाल

महेन्द्रगढ़। स्थानीय राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सामने महेन्द्रगढ़-नारनौल स्टेट हाइवे पर विगत 11 अक्तूबर की सुबह एक ट्रक की टक्कर से 18 वर्षीय छात्र नरेश सैनी की दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना से गुस्साये छात्रों ने घटनास्थल पर जाम लगा दिया जो कि लगभग दो घंटे तक जारी रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह लगभग दस बजे इसी महाविद्यालय में पढऩे वाला बीए द्वितीय वर्ष (दूरस्थ) का छात्र नरेश पुत्र परमानन्द सैनी वासी महेन्द्रगढ़ सड़क किनारे पैदल शहर की ओर आ रहा था कि इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। परिणामस्वरूप नरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी छात्रों ने तुरंत घायल नरेश को उपचार के लिये महेन्द्रगढ़ के सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां से चिकित्सकों ने उसे पीजीआईएमएस रोहतक रैफर कर दिया। परिजन घायल नरेश को लेकर अभी नारनौल के पास ही पहुंचे थे कि उसने दम तोड़ दिया। वे उसे मुख्यालय नारनौल अस्पताल ले गये जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी तरफ जाम खुलवाने मौके पर पहुंचे तहसीलदार व पुलिस बल ने छात्रों को काफी समझाया मगर छात्र अपनी जगह से न हिले। छात्रों का कहना था कि इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोकने के लिये वे पहले भी प्रशासन से मिलकर महाविद्यालय के सामने 3-4 स्पीड ब्रेकर बनाये जाने की मांग कर चुके हैं जिस पर जिला उपायुक्त ने उन्हें आश्वासन भी दिया था मगर उस पर अमल नहीं हुआ। आखिरकार लगभग दोपहर 12  बजे एसडीएम सतबीर सिंह जांगू ने मौका स्थल पर पहुंच कर छात्रों को तुरंत प्रभाव से ब्रेकर बनाये जाने की बात कह कर जाम खुलवाया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें