बुधवार, मई 12, 2010

सैनी समाज के बाशिंदे पीटीआई, डीपीई व एएलएम चयनित

सभी चयनित अभ्यर्थियों ने जताया सैनी एजूकेशन सोसायटी के प्रधान विजय सैनी का आभार

राजेन्द्र सैनी / समाचार सम्पादक

रोहतक। सैनी एजूकेशन सोसायटी रोहतक के प्रधान विजय सैनी की सिफारिशों को तवज्जो देते हुए मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हाल ही में घोषित किए गए पी.टी.आई., डी.पी.ई. तथा ए.एल.एम. की परीक्षा परिणामों में सैनी समाज के युवाओं को उल्लेखनीय प्रतिनिधित्व देते हुए उनका चयन सरकारी सेवा के लिए किया है। सैनी समाज के जिन 6 युवाओं का चयन पी.टी.आई. टीचर हेतु किया गया है, उनमें सैनी एजूकेशन सोसायटी की मैनेजिंग कमेटी के सदस्य जोगेंद्र सैनी, मैनेजर किशन कोच के छोटे भाई महावीर सैनी, स्थानीय चुन्नीपुरा वासी सतबीर सैनी व सुभाष सैनी नम्बरदार की पत्नी भारती सैनी शामिल है जबकि हिसार के सातरोड गांव के बाशिंदे पवन सैनी का चयन भी पीटीआई के लिए किया गया है। इसके अलावा डीपीई में चुन्नीपुरा वासी ऊषा सैनी सुपुत्री श्री नफे सिंह सैनी तथा ए.एल.एम. हेतु जींद के अमित सैनी तथा पेहवा के राजपाल सैनी का चयन किया गया है। सरकारी सेवा में उनका चयन होने पर उक्त सभी चयनित युवाओं ने सैनी एजूकेशन सोसायटी के प्रधान विजय सैनी का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। वहीं, प्रधान विजय सैनी ने भी उक्त सभी युवाओं को सरकारी नौकरी देने पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा का आभार जताया है।

सैनीपुरा के तीन बाशिंदों ने दायर की याचिका

कोर्ट में पहुंचा सैनीयान ट्रस्ट का विवाद

महेन्द्र तोंदवाल
कार्यकारी सम्पादक

रोहतक। सैनीयान ट्रस्ट सैनीपुरा के प्रधान तथा सचिव की कार्यप्रणाली विवादों के घेरे में आ गई है। स्थानीय सैनीपुरा के तीन बाशिंदों- रामरूप सैनी, जीवन राम सैनी तथा बलबीर सिंह सैनी- ने उक्त दोनों पदाधिकारियों के खिलाफ स्थानीय कोर्ट में याचिका दायर की है, जिसमें दोनों पर सैनीयान ट्रस्ट के फंड का दुरुपयोग करने, ट्रस्ट सम्बंधी दस्तावेजों को अपने पास छिपाकर रखने तथा ट्रस्ट के संविधान की धज्जियां उड़ाने सरीखे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। साथ ही शिकायतकत्र्ताओं ने कोर्ट से दोनों पदाधिकारियों को उनके पद से हटाकर ट्रस्ट के चुनाव विधिवत रूप से करवाने की गुहार भी लगाई है। कोर्ट ने इस सम्बंध में सैनीयान ट्रस्ट के प्रधान बलजीत सैनी तथा सचिव चमत्कार सैनी को नोटिस जारी कर उन्हें इस मामले में अपना पक्ष रखने के लिए कहा है।
याचिका में रामरूप सैनी, जीवन राम व बलबीर सिंह का कहना है कि वर्ष 1958 में सैनीपुरा कालोनी के अनेक लोगों द्वारा अपनी अचल सम्पत्ति को दान देकर सैनीयान ट्रस्ट का गठन किया था। उस समय इसके सात ट्रस्टी बनाए गए थे, जिनके कंधों पर ट्रस्ट की सम्पत्ति को संभाल कर रखने तथा इससे होने वाली आय का इस्तेमाल सैनीपुरा में रहने वाले आम आदमी के लाभार्थ तथा सैनी समाज के कल्याणार्थ करने की जिम्मेवारी थी मगर ट्रस्ट के वर्तमान प्रधान तथा सचिव ट्रस्ट के इन सभी उद्दश्यों को धत्ता साबित करते हुए न तो इसकी सम्पत्ति एवं खातों का सही तरीके से रखरखाव एवं संचालन कर रहे हैं और न ही सैनीपुरा के किसी बाशिंदे को ट्रस्ट की सम्पत्ति व खातों बारे में जानबूझकर कोई जानकारी दे रहे हैं। बल्कि दोनों ही पदाधिकारी ट्रस्ट की आय का इस्तेमाल गैर-कानूनी रूप से अपने निजी हितों को साधने के लिए कर रहे हैं।
शिकायतकत्र्ताओं का कहना है कि प्रधान बलजीत सैनी का तीन वर्षीय कार्यकाल वर्ष 2007 में खत्म हो चुका है बावजूद इसके चुनाव नहीं करवाए जा रहे हैं। शिकायतकत्र्ताओं का आरोप है कि ट्रस्ट के प्रधान व सचिव ने ट्रस्ट के अढ़ाई लाख रुपए की एक भारी-भरकम राशि एक मंदिर के निर्माण के लिए दान में दे दी जबकि उन्हें ऐसा करने का कानूनन कोई अधिकार ही नहीं था क्योंकि इस सम्बंध में कोई भी प्रस्ताव ट्रस्ट की बैठक में अधिसंख्य ट्रस्टियों द्वारा पास नहीं किया गया था। जिससे यह साबित होता है कि प्रधान व सचिव ट्रस्ट के हितों की बजाए इसके अहित के लिए कार्य कर रहे हैं। रामरूप सैनी, जीवन राम तथा बलबीर सिंह सैनी का कहना है कि उन्होंने ट्रस्ट के प्रधान व सचिव से ट्रस्ट का रिकार्ड ,फंड, इसकी आय व खर्चे के साथ-साथ ट्रस्ट द्वारा पारित प्रस्ताव दिखाने का आग्रह लिखित में किया था मगर दोनों ही पदाधिकारियों ने ट्रस्ट का रिकार्ड दिखाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। इसके बाद उन्होंने दोनों पदाधिकारियों को कानूनी नोटिस देकर भी रिकार्ड का निरीक्षण करना चाहा मगर तब भी उन्होंने इस संबंध में कोई जवाब नहीं दिया। इसके उपरांत ही उन्हें मजबूरीवश कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा।

सैनी समाज के 60 लोगों ने रक्तदान कर कमाया पुण्य

सैनी कल्याण परिषद ने लगाया रक्तदान शिविर

चन्द्रप्रकाश सैनी
प्रधान सम्पादक

भिवानी। महात्मा ज्योतिबा फूले जयंति के उपलक्ष्य में विगत 4 अप्रैल को सैनी कल्याण परिषद के तत्वावधान में स्थानीय सैनी धर्मशाला में दूसरा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्यातिथि सैनी एजूकेशन सोसायटी रोहतक के प्रधान विजय सैनी ने किया। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में विजय सैनी ने कहा कि सैनी कल्याण परिषद ने रक्तदान शिविर का आयोजन कर निसंदेह जनकल्याण का कार्य किया है क्योंकि रक्त की एक बंूद किसी जिंदगी को फिर से आबाद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने घोषणा की कि सैनी एजूकेशन सोसायटी में सैनी समाज के पहले ज्योति बा फूले कानून महाविद्यालय तथा महाराजा शूर सैनी की स्मृति में खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। सैनी कल्याण परिषद के प्रैस सचिव सुरेश सैनी ने बताया कि इस मौके पर सत्य शोधक समाज हरियाणा के अध्यक्ष महंत सागर नाथ तथा समाज सेवी परमानंद सैनी विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद थे। कार्यक्रम के अंत में परिषद के अध्यक्ष ओमप्रकाश सैनी ने सभी मेहमानों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर परिषद के उपप्रधान रामकुमार जमालपुरिया ने बताया कि उनकी संस्था ने आपातकालीन रक्त देने वाले लोगों की सूची तैयार की है और इस सूची में दर्ज सभी लोग हर समय जरूरतमंद व्यक्ति को अपना रक्त देने के लिए तत्पर रहते हैं। शिविर में चिरंजीलाल, मनोज सैनी, राकेश, बलवंत सैनी, राजकुमार, रामपाल सैनी, केएल सैनी, कैलाश सैनी, सीताराम सैनी, राजकुमार सैनी, उमेद सैनी समेत सैनी समाज के अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।


भिवानी में लगे रक्तदान शिविर के दौरान रक्तदाताओं की हौंसला अफजाई करते मुख्यातिथि सैनी सोसायटी के प्रधान विजय सैनी व अन्य। सैनी संवाद

सोमवार, मई 10, 2010

ज्योति बा ने दिया शिक्षा में अहम योगदान : श्रुति

सैनी कल्याण परिषद के तत्वावधान में भिवानी में मनाई महाराजा ज्योतिबा फूले जयंति


राजबीर सैनी
हमारे संवाददाता
भिवानी। भिवानी से लोकसभा सांसद श्रुति चौधरी ने कहा कि महात्मा ज्योति बा फूले ने विपरित परिस्थितियां होने के बावजूद शिक्षा के विकास एवं उत्थान में जो अहम योगदान दिया है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।
वे विगत 11 अप्रैल को स्थानीय नेहरू पार्क में आयोजित महात्मा ज्योति बा फूले जयंति समारोह में उपस्थित सैनी समाज के लोगों को बतौर मुख्यातिथि सम्बोधित कर रही थी। यह समारोह सैनी कल्याण परिषद के तत्वावधान में आयोजित किया गया था। समारोह के विशिष्ट अतिथि के तौर पर नगर परिषद की अध्यक्षा सेवा देवी तथा महंत सागरनाथ मौजूद थे।
श्रुति चौधरी ने कहा कि ज्योति बा फूले एक महान व्यक्तित्व के धनी थे, जिन्होंने जीवन पर्यंत दलितों व पिछड़े वर्ग के लिए समाज में बदलाव लाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि ऐसी महान हस्तियां जीवन में कभी कभार ही पैदा होती है। श्रुति ने कहा कि दलितों व पिछड़ों के साथ-साथ महात्मा ज्योति बा फूले ने महिलाओं के उत्थान के लिए जो योगदान दिया है, उसे भी कभी भुलाया नहीं जा सकता। महंत सागरनाथ ने कहा कि ज्योति बा फूले ने सबसे पहले अपनी स्त्री को पढ़ाया, जो उस समय हिंदुस्तान की पहली महिला अध्यापिका बनीं।
सैनी कल्याण परिषद के प्रधान ओमप्रकाश सैनी ने बताया कि सैनी समाज का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा से मिलेगा और उनसे महात्मा ज्योति बा फूले की प्रतिमा हरियाणा शिक्षा बोर्ड के परिसर में लगवाने की मंाग करेगा। इस अवसर पर महंत सागरनाथ, परमानंद सैनी तथा राष्ट्रपति बहादुरी अवार्ड जीतने वाले गौरव सैनी को विशेष तौर पर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मा. मनोज, रामकुमार जमालपुरिया, चिरंजी लाल सैनी, सुरेश चंद्र सैनी तथा दयानंद सैनी ने सैनी समाज की होनहार व प्रतिभावान लड़कियों तथा घीसाराम सैनी, उमेद सैनी, राजकुमार सैनी, भूप सिंह सैनी, कैलाश चंद्र सैनी ने सैनी समाज के उभरते खिलाडिय़ों को सम्मानित किया। समारोह में राजबीर सैनी, सुरेश चंद्र सैनी, राकेश सैनी, राजकुमार, सुभाष तुंदवाल, अजय सैनी, राजेश सैनी, मा. रामपाल, दयानंद सैनी, राकेश बग्गीवाला, सुनील सैनी, बलवंत सैनी, नवीन सैनी समेत सैनी समाज के गणमान्य लोग मौजूद थे।


समारोह के दौरान महात्मा ज्योतिबा की प्रतिमा को नमन करतीं सांसद श्रुति चौधरी। सैनी संवाद

राज्यसभा सांसद शादीलाल बतरा ने

सैनी चौपाल के विस्तार भवन की नींव रखी

                                                                    विनोद सैनी
रोहतक। राज्यसभा सांसद शादीलाल बतरा ने विगत 18 अप्रैल को आयोजित एक कार्यक्रम में स्थानीय चमनपुरा स्थित सैनी धर्मशाला के विस्तार भवन की आधारशिला रखी। इस अवसर पर रोहतक से विधायक बी.बी. बतरा तथा कलानौर से विधायक शकुंतला खटक भी मौजूद थीं। सैनी धर्मशाला के सचिव जिले सिंह बागड़ी ने बताया कि इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान रणजीत कटारिया ने की जबकि मुख्य वक्ता रघुबीर सैनी थे। इस अवसर पर सांसद शादीलाल बतरा ने सैनी समाज को एक मेहनती समाज बताते हुए रोहतक के निर्माण में इस समाज के योगदान की तारीफ की। विधायक बी.बी. बतरा ने कहा कि सैनी समाज से उनका खानदानी नाता रहा है और विधानसभा चुनाव में सैनी समाज द्वारा उन्हें भारी मतों से जिताने पर वे इस समाज के आभारी है। उन्होंने कहा कि अपने परिश्रम के बल पर सैनी समाज निरंतर आगे बढ़ता जा रहा है।

सैनी धर्मशाला के विस्तार भवन की आधारशिला रखते सांसद शादीलाल बतरा। सैनी संवाद

मामला यमुनानगर के गनगोरी गांव का

सैनी समाज की जमीन पर भूमाफिया का कब्जा

प्रेम सैनी
हमारे संवाददाता

यमुनानगर। पिछले कई दशकों से गनगोरी गांव मेंं खेती कर रहे सैनी समाज के किसानों की जमीन पर भूमाफिया ने कथित तौर पर जबरदस्ती कब्जा कर लिया है। राहत की बात यह है कि इन भूमाफिया से सैनी समाज की जमीन को बचाने के लिए इंडियन नेशनल लोकदल आगे आई है और इसके प्रधान महासचिव व डबवाली से विधायक अजय चौटाला ने भूमाफिया से उक्त जमीन को मुक्त करवाने के लिए एक संघर्ष समिति का गठन किया गया है, जिसके अध्यक्ष रादौर से इनेलो विधायक बिशन सिंह सैनी होंगे। इसके अलावा लाड़वा के विधायक शेर सिंह बडशामी, मुलाना से विधायक राजबीर बराड़ा, यमुनानागर के विधायक दिलबाग सिंह, कालका के विधायक प्रदीप चौधरी के अलावा दलबीराम सैनी, राजकुमार सैनी, महेंद्र सैनी इंद्री, गुरनाम सिंह सैनी, कौशल कुमार सैनी, रामनाथ सैनी, करतार सिंह सैनी जींद, राजकुमार सैनी गोहाना, भानाराम सैनी नारनौल, सुरजीत सोंडा अम्बाला, बेगराज वकील व काकू राम को शामिल किया गया है।
अजय चौटाला का कहना है कि गनगोरी गांव में सैनी समाज के किसान पिछले 80 सालों से जिस जमीन पर खेती कर रहे हैं, इस भूमि की जमाबंदी और गिरदावरी भी पिछले 80 सालों से गनगोरी के किसानों के नाम है। इतना ही नहीं अदालत से भी किसानों के हक में स्थगन आदेश मिला हुआ है। बावजूद इसके भूमाफिया सैनी समाज के इन किसानों की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने का प्रयास कर रहा है।
चौटाला ने कहा कि इनेलो कार्यकत्र्ताओं को इन गरीब किसानों की जमीन बचाने के लिए चाहे जितनी भी बड़ी कुर्बानी क्यों न करनी पड़े, वे इस जमीन पर भू-माफिया को कब्जा नहीं करने देंगे। उन्होंने कहा कि गनगोरी के किसानों की एक-एक इंच जमीन न केवल सैनी समाज के किसानों को वापस दिलवाई जाएगी, बल्कि भू-माफिया और उनका साथ देने वाले पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ भी इनेलो सख्त करवाई करेगी।
इस बीच पता चला है कि इनेलो ने इस मुद्दे पर चर्चा करने तथा आगामी रणनीति तय करने के लिए आगामी 9 मई को गनगोरी गांव में सैनी समाज की एक महापंचायत बुलाई है जिसे विधायक अजय चौटाला के अलावा इनेलो के कई अन्य नेतागण सम्बोधित करेंगे। इसी बैठक में भू-माफिया के खिलाफ संघर्ष का बिगुल बजाते हुए उन्हें खदेडऩे की रणनीति बनाई जाएगी।

गणित अध्यापक ईश्वर दत्त ने 27 सालों तक सैनी हाई स्कूल में दी सेवाएं

सेवानिवृत हुए मास्टर ईश्वर दत्त


सौरव सैनी
रोहतक। करीब 27 सालों तक सैनी हाई स्कूल में बतौर गणित अध्यापक अपनी सेवाएं देने के बाद ईश्वर दत्त शर्मा विगत 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हो गए। उनकी सेवानिवृत्ति अवसर को यादगार बनाने के लिए सैनी बी.एड कालेज में एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विदाई पार्टी में सैनी एजूकेशन सोसायटी के पदाधिकारियों के अलावा सैनी स्कूलों के स्टाफ सदस्यों ने भी हिस्सा लिया। इस अवसर पर उपस्थितजनों को सम्बोधित करते हुए सैनी सोसायटी के प्रधान विजय सैनी ने ईश्वर दत्त शर्मा द्वारा सैनी स्कूल को दी गई सेवाओं की जमकर तारीफ करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विदाई समारोह के दौरान मास्टर ईश्वर दत्त को स्मृति चिह्न भेंट करते सैनी एजूकेशन सोसायटी के प्रधान विजय सैनी व अन्य पदाधिकारीगण । सैनी संवाद

कनाड़ा की क्रिकेट राजनीति में मचा घमासान

रंजीत सैनी पर शिकंजा कसने का प्रयास

टोरंटो। कनाडा क्रिकेट अभी बाल अवस्था में ही है लेकिन भारतीय क्रिकेट राजनीति का असर वहां पर भी स्पष्ट है। कनाड़ा क्रिकेट के नए अध्यक्ष रंजीत सैनी ने अभी पद संभाला ही है कि वहां के करीब छह दशक पुराने मैपल लीफ क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष पंडित महाराज ने पुलिस को शिकायत दी है कि क्लब के करीब 150 चैक गायब हैं और क्लब के 1 लाख 25 हजार डॉलर का भी हिसाब किताब नहीं मिल रहा है। निशाने पर क्रिकेट कनाडा के नए अध्यक्ष रंजीत सैनी है जो कि वर्ष 2007 से 2009 के मैपल लीफ क्रिकेट क्लब के अध्यक्ष रह चुके हैं। कनाडियन क्रिकेट में भारतीय मूल के खिलाडिय़ों का सर्वाधिक प्रभाव है और क्रिकेट प्रशासन भी भारतीयों के ही पास है। ऐसे में क्रिकेट राजनीति में भी भारतीय रंग चढऩे लगा है।
कनाडा में क्लब स्तर पर क्रिकेट का प्रसार करने वाले 56 वर्ष पुराने क्रिकेट क्लब मैपल लीफ क्रिकेट क्लब, किंग सिटी के वर्तमान अध्यक्ष पंडित महाराज ने यार्क पुलिस को शिकायत दी है कि क्लब का करीब एक लाख 25 हजार डॉलर घपलेबाजी कर गायब कर दिया गया है। अब पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस को दी गई शिकायत में कहा गया है क्लब के खातों में गड़बड़ी कर यह पैसा गायब किया गया है। क्लब के करीब 150 चैक भी चैक भी चोरी किए गए हैं और बैलेंस शीट में भी यह घपला उजागर नहीं होने दिया गया है। स्थानीय पुलिस प्रवक्ता सार्जेट लोरी पर्कर्स का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है।
वहीं मैपल लीफ क्लब के वर्तमान अध्यक्ष पंडित महाराज का कहना है कि जांच से ही यह पता लगेगा कि आखिर क्लब का पैसा कैसे और किसने गबन किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने वेतन, रखरखाव और अन्य खर्च के लिए करीब 30 हजार डॉलर का पर्सनल कर्ज भी लिया है ताकि क्लब का कामकाज चलता रहे। वहीं वर्ष 2007 से 2009 तक क्लब के अध्यक्ष रहे रंजीत सैनी का कहना है कि वह किसी भी वित्तीय गड़बड़ी के लिए जिम्मेवार नहीं हैं। वे 28 अप्रैल, 2009 तक क्लब के अध्यक्ष रहे और तब तक क्लब के पास बैंक में 30 हजार डॉलर थे और बैंक ने करीब 28 हजार डॉलर लोगों से लेने थे। बल्कि वे तो खुद अपनी जेब से करीब 7800 डॉलर क्लब के विभिन्न बिलों के लिए अदा कर चुके हैं। सैनी के अनुसार यह गड़बड़ी 2008 में नहीं बल्कि 2009 में हुई है। क्लब के पास पैसे की कमी कभी नहीं रही। ऐसे में कैसे कोई उन पर आरोप लगा सकता है। यह मुझे बदनाम करने के लिए राजनीतिक साजिश है। सैनी और महाराज का कहना है कि ओंटारियो क्रिकेट एसोसिएशन को वर्ष 2006 में करीब 10 लाख डॉलर की सरकारी ग्रांट मिली थी, जिसमें चार लाख डॉलर उनके क्लब में निवेश किया गए। उसी रकम में से गड़बड़ी की गई है। यहां बता दें क्रिकेट अभी भी कनेडा में पांव जमाने की कोशिश कर रहा है लेकिन इस प्रकार के विवाद उसे बदनाम कर रहे हैं। टोरंटो को कनेडा की क्रिकेट राजधानी कहा जाता है और यहां 200 से अधिक टीमें हैं।

साभार- दैनिक जागरण

रावतमल सैनी अध्यक्ष नियुक्त

सरदारशहर। अणुव्रत समिति सरदारशहर की बैठक अध्यक्ष रावतमल सैनी की अध्यक्षता में हुई। जिसमें सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। नवगठित कार्यकारिणी में रावतमल सैनी को अध्यक्ष मनोनीत किया गया जबकि शिवभगवान सैनी कार्यकारी समिति के सदस्य नियुक्त किए गए।

संक्षिप्त समाचार

बाला जी का जागरण व भंडारा 8 मई को

रोहतक। श्रीराम,श्रीश्याम,श्रीमहेंदीपुर बालाजी संकीर्तन सेवा मंडल की ओर से श्री बालाजी महाराज का जागरण व भंडारे का आयोजन 8 मई को चमनपुरा में किया जाएगा। जागरण के मुख्यातिथि कंवल सिंह सैनी तथा विशिष्ट अतिथि सैनी एजूकेशन सोसायटी के प्रधान विजय सैनी होंगे। सेवा मंडल के प्रधान दिलबाग सिंह व संचालक अमित सैनी ने बताया कि जागरण का मुख्य आकर्षण 60 फुट का भव्य दरबार, पंचमेवे का प्रसाद, छप्पनभोग, 51 किलो देसी घी का लड्डू तथा 108 ज्योत भव्य श्रृंगार रहेंगे।

कालूराम सैनी अध्यक्ष बने

दौसा। फल व सब्जी व्यापार एसोसिएशन का चुनाव कजोड़मल शर्मा की अध्यक्षता में कृषि उपज सब्जी मंडी में हुआ। जिसमें कालूराम सैनी आढ़ती को सर्वसम्मति से एशोसिएशन अध्यक्ष चुना गया। बैठक में पूनीराम सैनी, सूरज मल सैनी, सुरेश सैनी, हनुमान मीणा, रामबाबू मीणा, महेश शर्मा, पिंटू सैनी, सुरेश चंद सैनी, बंटी चौकड़ायत, बुद्धाराम सैनी, धनपत सैनी, देवाराम सैनी आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।

सर्वसम्मति से हुए सैनी समाज के चुनाव

हिंडौनसिटी। सैनी समाज हिंडौन की विगत 5 अप्रैल को सैनी धर्मशाला में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में समाज की तहसील कार्यकारिणी का चुनाव सर्वसम्मति से किया गया। जिसमें रग्गीराम करसौली अध्यक्ष, महेश चंद सैनी सूरौठ सचिव, करनसिंह सैनी अण्डनकापुरा, हरिसिंह सैनी शाहगंज, फूलसिंह सोनपालकापुरा और जगमोहन बाढ को उपाध्यक्ष, प्यारसिंह भुकरावली, भादराराम जहानाबाद, पांच्याराम हजरियाकीकोठी सभापति, छोटेलाल सैनी शाहगंज को कोषाध्यक्ष, संतराज सैनी करसौली एवं वीर सिंह खेडीहैवत को महामंत्री, घनश्याम, रूपसिंह रीठौली को संगठन मंत्री, लक्ष्मीनारायण शाहगंज, सिरमोहर सूरौठ, किरोडी केराकी ढाणी, चेतराम अंडनकापुरा को संरक्षक एवं बद्रीप्रसाद सैनी लोहरेकापुरा को नवयुवक मंडल का अध्यक्ष बनाया गया।

सैनी युवा महासभा की कार्यकारिणी घोषित

बौंली। राजस्थान प्रदेश सैनी युवा महासभा के तहसील अध्यक्ष नंद किशोर सैनी ने अपनी कार्यकारिणी घोषित की है। जिसमें सुरेश सैनी बौंली, बत्तीलाल सैनी पीपलदा, कमलेश सैनी बांस, गोवर्धनलाल जटावती, राजमोहन पीलूखेड़ा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रेमराज सैनी को महामंत्री, तोताराम सैनी को सहमंत्री, बुद्धि प्रकाश सैनी को संगठन मंत्री, तुलसीनारायण सैनी को सांस्कृतिक मंत्री, रामचरण सैनी को कोषाध्यक्ष, घनश्याम सैनी, सोजीराम सैनी, कैलाश चंद सैनी, कमलेया चंद अजमेरा, सीताराम सैनी, कैलाश चंद सैनी पीपलदा, शिवदयाल सैनी एवं शंकरलाल सैनी को कार्यकारिणी में संरक्षक बनाया गया है।

चंदगीराम सैनी का निधन

रोहतक। सैनीपुरा वासी चंदगीराम सैनी का विगत 30 अप्रैल की रात को निधन हो गया। वे 80 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार गोहाना रोड स्थित शमशान घाट पर किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में सैनी समाज के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया और उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी।

....और ससुराल वालों ने नरक बना दिया लक्ष्मी का जीवन

दहेज के लिए दो साल तक रखा कैद में

जयपुर। दरिंदगी ऐसी कि इंसानियत भी शर्म से पानी हो जाए। दहेज नहीं लाने पर पति ने पत्नी को दो-चार दिन नहीं, बल्कि दो साल तक कोठरी में बंद रखा। इसी में उसे खाना दिया जाता और अन्य दैनिक कार्य भी उसे यहीं करने पड़ते।
गंदगी से भरी कोठरी में बंधक बनाकर रखी गई उक्त महिला को जब उसके पीहर वालों ने आजाद कराया, तो कोठरी की हालत देखकर पुलिस भी सकते में आ गई। इस संबंध में महिला ने पति तथा ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। माचेड़ा शंकर कॉलोनी निवासी रेखा सैनी द्वारा पुलिस में दी गई शिकायत में कहा गया है कि उसकी शादी करीब छह साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही उसका पति रामरतन सैनी तथा परिवार के अन्य सदस्य दहेज के लिए प्रताडि़त करते थे। उसके दो बेटे रोहित (5) तथा राकेश (4) हैं।
दो साल पहले ससुराल वालों ने उसे पीहर से दहेज लाने के लिए प्रताडि़त करना शुरू कर दिया था। मना करने पर भी उसे बंधक बना दिया। कोठरी में उसे खाने-पीने का सामान देते। पीहर वाले मिलने के लिए आते तो मिलाने से मना कर देते। इस पर रेखा का भाई गोपाल सैनी परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रेखा के ससुराल गया तथा उसे को कोठरी से बाहर निकाला। इसके बाद उसने हरमाड़ा थाने जाकर अपनी शिकायत दर्ज करवाई।
हरमाड़ा थाना पुलिस ने माचेड़ा पहुंंचकर कोठरी को देखा तो वह भी पसीज गई। बाद में पीडि़ता को पुलिस जीप से महिला थाना उत्तर पहुंचाया गया, जहां पर पीडि़ता ने पति व परिवार के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज के लिए प्रताडि़त करने व बंधक बनाने का मामला दर्ज कराया।

समझौता कर साथ ले गया था घर

रेखा के भाई गोपाल ने बताया कि ससुराल वाले उसकी बहन को कई साल से प्रताडित कर रहे हैं। करीब तीन वर्ष पहले रेखा को पति ने बेरहमी से पीटा था। उस समय वह घर से भाग कर हरमाड़ा थाने पहुंची थी। पुलिस ने कार्रवाई शुरू की तो पति रामरतन ने लिखकर दिया था कि वह आगे से ऐसा नहीं करेगा।

...और फिर डाल दिया कोठरी में

मामला थाने पहुंचने के बाद ससुराल वालों का व्यवहार और खराब हो गया था। मारपीट कर रेखा को एक कमरे में बंद कर दिया गया। कमरे में रोशनी नहीं थी, बिजली का बोर्ड ही हटा हुआ था। जिस कमरे में उसे खाना दिया जाता, वहीं शौच करना होता था। महिला ने थाने में दी लिखित रिपोर्ट में बताया है कि उसे सात दिन तक शौचालय में बंद रखा गया। बार-बार ऐसी सजा देने की धमकी भी दी जाती थी।
 
साभार- राजस्थान पत्रिका, दैनिक भास्कर

सैनी गल्र्ज सीनियर सैकेंडरी स्कूल में हुआ कार्यक्रम

समारोह के साथ नए सत्र का आगाज

जोगेन्द्र सैनी
हमारे संवाददाता

रोहतक। सैनी गल्र्ज सीनियर सैकेंडरी स्कूल में चालू शैक्षणिक सत्र का पहला समारोह अप्रैल माह में दो चरणों में आयोजित किया गया। पहले चरण में अर्थ-डे के उपलक्ष्य में विद्यालय की पर्यावरण संरक्षिका दल के रूप में 11वीं व 12वीं कक्षाओं की दर्जनों छात्राओं ने संरक्षण के लिए अपनी अटूट प्रतिबद्धता बताते हुए एक स्वयंसेवी दल का गठन किया। वहीं 11वीं कक्षा की छात्रा आयुश्री ने दल का नेतृत्व संभाला, कंप्यूटर साइंस प्राध्यापिका कुमारी सुषमा, डी.पी.ई. कुमारी लक्ष्मी व पुस्तकालय इंचार्ज कुमारी पुष्पा को पर्यावरण संरक्षिका दल के परामर्शदाता का दायित्व दिया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य बी.डी. मदान एवं मुख्याध्यापिका संगीता अरोड़ा ने पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक साधनों एवं बिजली, पानी के यथासंभव कम से कम इस्तेमाल करने का आह्वान करते हुए अन्न, जल एवं अन्य सभी संपदाओं की प्रदाता धरती के संरक्षण बारे विस्तृत जानकारी दी। आयोजन के दूसरा चरण में शुभकामना उपहार दिवस के रूप में आयोजित किया गया। स्कूल में नियमित आकर अनुशासनपूर्वक अपना अध्ययन कार्य करने वाली दोनों कक्षाओं की 125 छात्राओं को स्कूल बैग, स्कूल स्टेशनरी व अन्य आवश्यक स्कूल सामग्री के उपहार देकर सम्मानित कया गया। इस अवसर पर सैनी स्कूलों के प्रींसिपल तथा स्टाफ के सदस्यगण भी मौजूद थे।

खाटू श्याम की शोभा यात्रा ने मोहा मन

विनोद सैनी
हमारे संवाददाता

रोहतक। श्री खाटू श्याम जी संकीर्तन सेवा मंडल रोहतक के तत्वावधान में खाटू श्याम का दूसरा जागरण अप्रैल माह में सैनी कालेज के खेल मैदान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेसी नेता हरिओम सिंह थे, जिन्होंने ज्योति प्रचंड करके जागरण कर जागरण का शुभारंभ किया। जागरण को अधिकाधिक लोगों की भागेदारी सुनिश्चित करने के लिए सेवा मंडल के पदाधिकारियों द्वारा समुचित तैयारियां की गई थी। सैनी स्कूल रोड के दोनों ओर भव्य द्वार सजाए गए थे, जो भक्तजनों को सहसा ही अपनी ओर आकर्षित कर रहे थे। खाटू श्याम संकीर्तन मंडल के पदाधिकारीगण- महावीर सैनी, संदीप सैनी, दीपक, निक्का तथा मनोज- ने बताया कि दो दिन तक चले इस कार्यक्रम के पहले दिन खाटू श्याम की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। यह शोभा यात्रा जागरण स्थल से शुरू होकर सुखपुरा, हैफेड रोड, जेल रोड तथा प्रेम नगर चौक से होती हुई सैनी कालेज मैदान पर सम्पन्न हुई।
शोभा यात्रा के दौरान भक्तजनों ने जमकर नृत्य किया तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। जागरण के दौरान भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें जिले भर से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद चखा। सेवा मंडल की ओर से यह दूसरा खाटू श्याम जागरण था।

9 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

भरतपुर में हुआ सैनी समाज का सामूहिक विवाह

भरतपुर। गाजे बाजे व शहनाइयों के बीच स्थानीय सूरजपोल बाहर कम्पनी बाग प्रांगण में मां सावित्रीवाई फुले, ज्योतिबाराव फुले नवयुवक समिति सैनी समाज की ओर से अप्रैल माह में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें नौ जोड़ो ने हमेशा के लिए एक दूजे का हाथ थाम लिया। इस अवसर पर उल्लास से नाचते गाते लोग और मंगलगानों की शहर को गुंजाएमान रखा। विवाह समारोह में सामूहिक बारात निकली और सामूहिक भोज का आयोजन हुआ। मां सावित्रीवाई फुले, ज्योतिबाराव फुले नवयुवक समिति की ओर से सुबह सात बजे कन्यापक्ष को पंचायती भवन, सैनी समाज, सूरजपोल पर ठहराया गया, वहीं वरपक्ष किला स्थित नेहरू पार्क में ठहरा। सुबह करीब नौ बजे नेहरू पार्क से नौ दूल्हों की निकासी एक साथ निकाली गई,जिसमें दूल्हे घोड़ी पर सवार थे। कंपनी बाग चौराहे पर बारात के पहुंचने पर दूल्हों ने तोरण मारा। इसके बाद गणेश पूजन किया गया। जिसमें अलीगढ़ के समाज के प्रदेश महासचिव लक्ष्मी नारायण सैनी गांधी ने गणेश जी की विधि विधान से पूजा कर दीप प्रज्ज्वलित किया। समारोह की मुख्यातिथि जयपुर नगर निगम की पूर्व पार्षद शीला सैनी ने लड़कियों की शादी की जिम्मेदारी ली। सैनी समाज द्वारा प्रत्येक जोड़े को उपहार में पलंग व चौकी एक-एक, गद्ïदा एक व तकिया दो, चांदी की तोडिय़ा, चांदी का मंगलसूत्र, चांदी की अंगूठी , पंखा, थर्मस, पीतल व स्टील के बर्त्र, श्रृंगार दानी, गैस ओवन, लहंगा ओढऩी, साड़ी, दीवार घड़ी, हाथ घड़ी लड़के व लड़की को, चांदी की चुटकी तथा सोने का नाक का कांटा दिया गया है।

प्रवीण सैनी की शिकायत पर नपा अधिकारी के खिलाफ केस

कामां। स्थानीय नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीण सैनी ने पालिका के अधिशासी अधिकारी सहित अन्य कर्मचारियों के खिलाफ नगर नियोजक राजस्थान सरकार द्वारा अनुमोदित भूखंडो को अवैध पारितोषिक लेकर अतिक्रमणकारियों को नियम विरूद्ध आवंटन कर नगरपालिका को हानि पहुंचाने तथा अधिशासी अधिकारी आवास का ताला तोडकर साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया हैं। सैनी ने दर्ज करवाई रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि पालिका के अधिशासी अधिकारी अमरसिंह सोमवंशी सहित अन्य कर्मचारियों ने नगर नियोजक कार्यालय द्वारा अनुमोदित भूखंडों को अवैध पारितोषिक लेकर अतिक्रमणकारियों को नियम विरूद्ध आवंटन कर नगर पालिका को हानि पहुंचाई है। इसका रिकार्ड अधिशासी अधिकारी अपने आवास में ले गए। इस मामले की मंडल के सदस्यों को जानकारी मिली तो उन्होंने उनके आवास पर ताला लगा दिया। तभी से वह अधिकारी बिना सूचना अनुपस्थित चल रहे है।

भिवानी में निकली ज्योतिबा फूले की भव्य शोभा यात्रा


भिवानी (राजबीर सैनी)। महात्मा ज्योति बा फूले की जयंति से एक दिन पूर्व विगत 10 अप्रैल को सैनी युवा कल्याण परिषद द्वारा शहर भर में ज्योति बा फूले शोभा यात्रा निकाली गई। इस शोभा यात्रा के पीछे मुख्य मकसद शहरवासियों को ज्योति बा फूले द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान को याद दिलाना था। परिषद के प्रैस सचिव सुरेश सैनी ने बताया कि इस शोभा यात्रा का शुभारंभ प्रधान ओम प्रकाश सैनी ने हनुमान ढाणी से हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उनके साथ महंत सागरनाथ तथा समाजसेवी परमानंद सैनी मुख्य रूप से मौजूद थे। यह शोभा यात्रा दादरी गेट, बावडी गेट, रविदास मोहल्ला, जैन चौक, बिचला बाजार तथा घंटा घर से होती हुई नेहरू पार्क स्थित सैनी धर्मशाला में सम्पन्न हुई। शोभा यात्रा के दौरान प्रसाद व नि:शुल्क फल वितरित किए गए। यात्रा में ओमप्रकाश, चिरंजीलाल, राजकुमार, मनोज, बलवंत, सुनील, राजबीर, नवीन, जगदीश, राजेश, अजय, घीसाराम, दयानंद, कैलाशचंद्र, दलबीर सैनी आदि मौजूद थे।

महात्मा ज्योतिबा फूले जयंति के उपलक्ष्य में विगत 11 अप्रैल को

विभिन्न स्थानों पर हुए कार्यक्रम

गुडग़ांव। विगत 11 अप्रैल को सैनी समाज की ओर से गुडग़ांव में महाराजा ज्योति बा फूले की जयंति धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्यातिथि हरियाणा सरकार में मंत्री सुखबीर कटारिया थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योति बा फूले ने शिक्षा को पिछड़े व अति पिछड़ों के साथ-साथ शोषित जातियों तक पहुंचाने में जो अहम भूमिका निभाई थी, वह शिक्षा को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित हुई है। इस अवसर पर सैनी समाज के बाङ्क्षशदों द्वारा उन्हें स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सैनी समाज के गणमान्य लोग मौजूद थे।

रोहतक। महात्मा ज्योति बा फूले जयंति के अवसर पर रोहतक के बाबरा मोहल्ला स्थित सैनी धर्मशाला में भी एक कार्यक्रम का आयोजन सैनी एकता मंच के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि मंच के अध्यक्ष अनिल सैनी थे, जिन्होंने अपने सम्बोधन में सैनी समाज के लोगों को महात्मा ज्योति बा फूले द्वारा दिखाए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

बांदीकुई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा जेल मंत्री रामकिशोर सैनी ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फूले के आदर्शों को अपनाकर हमें बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना चाहिए। वे सैनी आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक स्कूल नवीन भवन में आयोजित महात्मा ज्योतिबा फूले जयंती समारोह में बोल रहे थे। समारोह में एडवोकेट भावना सैनी, बीडीओ रामहंस सैनी, नगरपालिका ईओ गोविंदराम सैनी, राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल खोह के प्रधानाचार्य हीरालाल सैनी, मोहनलाल सैनी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सावित्री सैनी सहित अन्य ने भी विचार व्यक्त किए। इस दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए तथा मंत्री सैनी सहित अन्य अतिथियों ने समाज की प्रतिभाओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इससे पहले शहर के बसवा रोड से कलश व शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा शहर के प्रमुख बाजारों से होती हुई कार्यक्रम स्थल पहुंची। यात्रा में महिलाएं सिरों पर कलश लिए चल रही थी।

उदयपुरवाटी। सैनी समाज संस्था के अध्यक्ष रामकरण सैनी ने कहा है कि संत-महात्मा धर्म और जातीयता से ऊपर होते हैं इसलिए वे सब के होते हैं। वे सैनी मंदिर में ज्योतिबा फूले जयंती पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि संत महात्माओं के जीवन से प्रेरणा लेकर सामाजिक उत्थान के कार्य करने चाहिए। अध्यक्षता सैनी समाज संस्था के पूर्व अध्यक्ष जवाहरमल सैनी ने की।