शनिवार, अप्रैल 03, 2010

सम्मान सैनी हस्तियों को


जींद के डा. रणसिंह सैनी को सम्मानित करतीं हरियाणा शिक्षा व स्वास्थ्य मंत्री गीता भुक्क्ल। छाया: सैनी संवाद

शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री हरियाणा गीता भुक्कल ने

सैनी समाज के लोगों को किया सम्मानित

महेन्द्र तोंदवाल
कार्यकारी सम्पादक

रोहतक। सैनी एजूकेशन सोसायटी के तत्वावधान में विगत 27 मार्च को सैनी गल्र्ज सीनियर सैकेंडरी स्कूल के प्रांगण में राज्य स्तरीय सैनी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्यातिथि हरियाणा की शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री गीता भुक्कल तथा विशिष्ट अतिथि रोहतक से कांग्रेस विधायक बी. बी. बतरा थे जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सैनी सोसायटी के प्रधान विजय सैनी ने की। समारोह में मुख्यातिथि गीता भुक्कल ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैनी समाज के करीब 150 लोगों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वाले सभी सदस्य सोसायटी की सबसे बड़ी हाई पावर कमेटी के सदस्य थे।
इस अवसर पर उपस्थित सैनी समाज के महानुभावों को सम्बोधित करते हुए गीता भुक्कल ने कहा कि उन्हें इस कार्यक्रम में आकर बहुत खुशी हो रही है क्योंकि शुरूआत से ही उनका लगाव सैनी समाज से रहा है और सैनी समाज के बहुमूल्य योगदान से ही वह पहले कलायत हलके से और अब झज्जर हलके से विधायक चुनी गई हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्पूर्ण सैनी समाज के लिए हर्ष का विषय है कि उन्होंने अपनी सबसे बड़ी एजूकेशन सोसायटी की बागडोर विजय सैनी की युवा टीम को सौंपी है, जो सोसायटी को विकास के पथ पर ले जाने में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ रही है।
भुक्कल ने कहा कि उन्होंने पिछले कुछ सालों के दौरान सैनी एजूकेशन सोसायटी की काफी तारीफ सुनी थी और आज यहां आकर उन्हें इस बात का भलीभांति अहसास हो गया है कि आखिर क्यों अब इस सोसायटी का नाम प्रदेश की विकसित सोसायटियों में शामिल किया जाने लगा है। सैनी बी.एड कालेज की नवनिर्मित बिल्डिंग की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि निसंदेह यह बिल्डिंग प्रदेश की सुंदर बिल्डिंगों में से एक है। उन्होंने सम्पूर्ण सैनी समाज से विजय सैनी की अगुवाई वाली युवा मैनेजमैंट को हरसंभव सहयोग देने का आह्वान भी किया।

विरोधी भी नजर आए कार्यक्रम में

लगता है कि सैनी सोसायटी की वर्तमान मैनेजमैंट से विरोधी विचारधारा रखने वाले सैनी समाज के लोगों को भी अब यह समझ में आने लगा है कि वर्तमान मैनेजमैंट के प्रयासों से सोसायटी सुर्खियों में आकर सम्पूर्ण सैनी समाज का मान-सम्मान बढ़ा रही है। इसलिए तो इस कार्यक्रम में अनेक ऐसे लोग भी वर्तमान मैनेजमैंट की प्रशंसा करते नजर आए, जो कभी न तो इसके कार्यक्रम में आते थे और न ही इसकी आलोचन करने से पीछे हटते थे। यही नहीं, कइयों ने तो सम्मानित होने के लिए मंच पर चढऩे से भी परहेज नहीं किया।

शुक्रवार, अप्रैल 02, 2010

फिर अच्छा-खासा अनुदान लेने में कामयाब रही सैनी एजूकेशन सोसायटी

शिक्षा मंत्री ने दिया 5 लाख का अनुदान

राजेन्द्र सैनी
समाचार सम्पादक



रोहतक। विगत 27 मार्च को हुए सैनी सम्मान समारोह की मुख्यातिथि हरियाणाकी शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री गीता भुक्कल ने अपने विवेकाधिकार कोटे से सैनी एजूकेशन सोसायटी को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की। साथ ही यह भी कहा कि आर्थिक कारणों को सैनी सोसायटी के विकास में आड़े नहीं आने दिया जाएगा और भविष्य में भी वह यहां आकर सैनी सोसायटी को आर्थिक सहायता मुहैया करवाती रहेंगी। प्रधान विजय सैनी के कार्यकाल में यह आठवां ऐसा मौका था जब किसी राजनेता ने सोसायटी को आर्थिक सहायता मुहैया करवाई है। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा इस सोसायटी को 87 लाख, सांसद दीपेंद्र हुड्डा दो बार पांच-पांच लाख, राज्यसभा सांसद डा. रामप्रकाश 6 लाख, पूर्व विस स्पीकर डा. रघुबीर कादियान सवा लाख, तत्कालीन कमिशनर एन.सी. वधवा 51 हजार तथा तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री स्व. करतार देवी 31 हजार रुपए की आर्थिक सहायता मुहैया करवा चुकी है।

शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल को स्मृति चिह्न भेंट करते सैनी सोसायटी के पदाधिकारीगण।

हरियाणा शिक्षा बोर्ड भिवानी में महात्मा ज्योति बा फूले की प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर

सत्यदेव शोधक समाज ने शिक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन

विनोद सैनी
हमारे सवाददाता

रोहतक। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी के परिसर में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सैनी समाज के महापुरुष महात्मा ज्योति बा फूले की प्रतिमा लगवाने की मांग को लेकर सत्यशोधक समाज हरियाणा का एक प्रतिनिधिमंडल विगत 27 मार्च को सैनी बी.एड कालेज में हरियाणा शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री गीता भुक्कल से मिला और उनसे इस मांग को मंजूर करवाने का आग्रह किया। इस प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई हांसी के महंत सागरनाथ ने की जबकि नारनौल सैनी सभा के प्रधान पुरुषोतम सैनी सहित विभिन्न जिलों से आए सैनी समाज के कई अन्य मौजीज लोग इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे। यही नहीं, सैनी एजूकेशन सोसायटी के प्रधान विजय सैनी ने भी शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल के समक्ष सैनी समाज की इस महत्वपूर्ण मंाग की जोरदार वकालत करते हुए उनसे इसे सिरे चढ़वाने का आग्रह किया। जिस पर शिक्षा मंत्री ने विश्वास दिलवाया कि वह इस मांग को मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के समक्ष रखेगी और उनकी पूरी कोशिश रहेगी कि ये मांग पूरी हो जाए। इससे पूर्व, इसी विषय पर मंथन करने हेतु विगत 21 मार्च को सैनी समाज के प्रबुद्ध लोगों की एक बैठक सैनी बी.एड कालेज में सैनी सोसायटी के प्रधान विजय सैनी की अध्यक्षता में हुई। जिसमें प्रदेश के कोने-कोने से सैनी समाज के लोगों ने हिस्सा लिया। इस बैठक में महंत सागरनाथ व पुरुषोत्तम सेनी के अलावा नारनौल से बलबीर सैनी पार्षद, लीलाराम पार्षद, अनिल सैनी, फूल सिंह सैनी, रामकुमार सैनी, ओमप्रकाश सैनी, उमराव सिंह, पानीपत से मामचंद सैनी, एडवोकेट प्रेम कुमार, मेहरचंद सैनी, रामरत्न सैनी, भिवानी से चिरंजीलाल, रामकुमार जमालपुरिया, चंद्र सैनी, सुरेश सैनी, उमेद सिंह, पूर्व प्रधान घीसाराम सैनी, हांसी से देवीराम सैनी,ऋषि सागर, अम्बाला से शमशेर सिंह, मेहर सिंह, ठाकुर सिंह, तेजपाल सिंह, सिरसा से विजयपाल, मनीराम, पीकमचंद, ढाणी हरसुख से जगदीश सरपंच, झज्जर से रामफूल सैनी, करतार एडवोकेट, नारनौल से मुकेश, हिसार से आनंद प्रकाश, जींद से मा. गोपीराम सैनी, रेवाड़ी से हेमंत सैनी, हांसी श्याम सुंदर सैनी समेत सैनी एजूकेशन सोसायटी के पदाधिकारियों व मैनेजमैंट सदस्य उपस्थित थे।

शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल को ज्ञापन सौंपते शोध समाज के पदाधिकारीगण। सैनी संवाद

मेरिट में आए 90 विद्यार्थी भी हुए सम्मानित

जोगेन्द्र सैनी
हमारे संवाददाता

रोहतक। सैनी एजूकेशन सोसायटी के सम्मान समारोह के दौरान आठवीं, दसवीं व बारहवीं कक्षाओं में स्टेट मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले सैनी स्कूलों के 90 विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इन सभी मेरिटोरियस विद्यार्थियों को शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री गीता भुक्कल द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। इन विद्यार्थियों को सैनी सोसायटी की ओर से एक हजार रुपए नकद तथा प्रशस्त्री पत्र देकर सम्मानित किया गया। सैनी सोसायटी के महासचिव सतपाल सैनी ने बताया कि पिछले पांच सालों के दौरान शैक्षणिक ढांचे में किए गए भारी परिवर्तन तथा विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई गई वांछित सुविधाओं के चलते सैनी स्कूलों के विद्यार्थियों का स्टेट मेरिट में आने का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने के लिए उनकी मैनेजमैंट द्वारा अनेक कदम उठाए गए हैं।

मेरिट में आईं सैनी स्कूल की छात्राओं को सम्मानित करतीं शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल।

मास्टर घासीराम सैनी को याद किया


विनोद सैनी
हमारे संवाददाता

रोहतक। सैनी एजूकेशन सोसायटी रोहतक के संस्थापक मास्टर घासीराम सैनी को उनकी 27वीं पुण्य तिथि के अवसर पर विगत 6 मार्च को सैनी एजूकेशन सोसायटी में हुए एक सादे समारोह में श्रद्धांजलि भेंट की गई। कार्यक्रम के मुख्यातिथि सैनी सोसायटी के प्रधान विजय सैनी थे। इस अवसर पर उपस्थितजन को सम्बोधित करते हुए विजय सैनी ने कहा कि करीब 60 साल पहले मास्टर घासीराम सैनी ने सैनी शिक्षण संस्थाओं के रूप में जो पौधा रोपा था, वह आज वट वृक्ष का रूप धारण कर चुका है। आज सैनी एजूकेशन सोसायटी की गिनती प्रदेश की प्रतिष्ठित एवं लोकप्रिय एजूकेशन सोसायटियों में होने लगी है। उन्होंने कहा कि मास्टर घासीराम सैनी द्वारा समाज सेवा में दिए गए उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए हमेशा याद रखा जाएगा। इससे पूर्व, सैनी स्कूल में स्थापित मास्टर घासीराम सैनी की प्रतिमा पर फूल अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर मुकेश सैनी, विनोद सैनी, फूल कुमार, राजकुमार, धर्मबीर सैनी, ओ.पी. चौधरी समेत सैनी स्कूलों के स्टाफ सदस्य आदि मौजूद थे।

मास्टर घासीराम सैनी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते सैनी सोसायटी के पदाधिकारीगण तथा स्टाफ मैम्बर्स। सैनी संवाद

सैनी सेवा समाज जारी करेगा परिचय पत्र

बहादुरगढ़। ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज अपने आजीवन सदस्यों व पदाधिकारियों को परिचय पत्र जारी करेगा। यह जानकारी देते हुए राष्ट्रीय कार्यालय सचिव ताराचंद सैनी ने बताया कि समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंदराज सिंह सैनी व महासचिव श्रीपाल सैनी का मानना है कि आजीवन सदस्य किसी भी संस्था की रीढ़ की हड्डी होते हैं, जो तन, मन व धन से संस्था का सहयोग करते हैं।
इसी प्रकार की जिम्मेदारी केंद्रीय समिति के सदस्यों व पदाधिकारियों पर रहती है। इस लिहाज से ही सभी सदस्यों को अध्यक्ष व महासचिव के हस्ताक्षर युक्त परिचय पत्र जारी करने का फैसला लिया गया है। इस निर्णय के अनुपालन में सभी का फोटो और बायोडाटा आवश्यक किया गया है। सदस्यों को इसके लिए दो पासपोर्ट साइज फोटो, नाम, पिता का नाम, पता, व्यवसाय, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर का प्रोफार्मा भी देना होगा।

कृष्ण सैनी को गोली मारकर घायल किया, केस दर्ज

रोहतक। हथियारबंद पांच युवकों ने गढ़ी मोहल्ला वासी कृष्ण सैनी पर विगत 30 मार्च को स्थानीय पुरानी सब्जी मंडी चौक पर दिन-दहाड़े गोली बरसा कर उसे घायल कर दिया। कृष्ण को पीजीआईएमएस में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जाती है। मिठाई का कारोबार करने वाला कृष्ण सैनी घटना वाले दिन सुबह करीब 11 बजे अपनी पिकअप जीप लेकर घर लौट रहा था। जैसे ही वह सब्जीमंडी चौक पर पहुंचा तो पांच युवकों ने उसे रोक लिया और उस पर गोलियां बरसा दी। कृष्ण को एक गोली गर्दन और दूसरी हथेली पर लगी। वारदात को अंजाम देकर हमलावर भागने में कामयाब हो गए जबकि कृष्ण को लहूलुहान हालत में पीजीआईएमएस पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर गऊकर्ण चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। बाद में पुलिस ने इस संदर्भ में कुआं मोहल्ला के पांच युवकों- तिलकराज उर्फ खडक़ा, सचिन, रोकी और प्रवीण के खिलाफ मामला दर्ज किया। कृष्ण के भाई बलेराम ने बताया कि तीन महीने पहले उकसा मोबाइल गुम होने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। जांच करने पर पता चला कि मोबाइल इन्हीं युवकों के पास है। आरोपी पक्ष इसी बात को लेकर रंजिश पाले हुए था कि उन्होंने उनके खिलाफ रिपोर्ट क्यों दर्ज करवाई है।

स्टोव की आग में जिंदा जला मासूम

जयपुर की कच्ची बस्ती में 29 मार्च की सुबह हुआ यह दर्दनाक हादसा

जयपुर। स्थानीय निवारू रोड की श्रीबालाजी कच्ची बस्ती स्थित एक झोपड़ी में विगत 29 मार्च की सुबह आग लगने से एक मासूम बच्चा जिंदा जल गया। आग का कारण स्टोव भभकना बताया जा रहा है। हादसे का शिकार नरेश (5) मूलत दौसा निवासी महेश चन्द्र सैनी का पुत्र था। महेश यहां परिवार सहित रहकर रिक्शा ट्रॉली चलाता है। घटना वाली सुबह वह काम पर निकला था और घर में पत्नी गुड्डी, बेटा नरेश (5) व सबसे छोटी पुत्री रजनी (1) थे। गुड्डी के मुताबिक उसने चाय बनाने के लिए स्टोव जलाया था, तब दोनों बच्चे झोंपड़ी के अंदर थे। स्टोव जलाने के बाद वह मंजन करने के लिए बाहर आ गई। इसी दौरान स्टोव भभक उठा, जिससे आग लग गई। आग लगते ही आस-पास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। उनमें से एक ने रजनी को बाहर खींच लिया। अंदर आग से बचने के लिए नरेश चारपाई के नीचे छिप गया, लेकिन चारपाई का निवार पिघलकर उस पर आ गिरा।
लोगों ने पानी का टैंकर मंगवाकर आग बुझाने का प्रयास किया। मौके पर दमकल भी पहुंची, लेकिन तब तक आग बुझ चुकी थी। अंदर झुलसी हालत में नरेश का शव मिला। नरेश तीन बहनों का इकलौता भाई था। महेश के तीन बेटियां आरती (8), लक्ष्मी (6) व रजनी (1) हैं। हादसे के वक्त आरती व लक्ष्मी स्कूल गई हुई थीं और नरेश व रजनी घर पर थे। महेश एक वर्ष पहले ही यहां झोंपड़ी में रहने लगा था।

मदन सैनी की गोली मारकर निर्मम हत्या

हत्यारों ने भरे बाजार दिया वारदात को अंजाम

हिसार। फाइनेंस का धंधा करने वाले मदन सैनी की विगत 13 मार्च को मोटरसाइकिल सवार दो हथियारबंद हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर हत्यारे फरार होने में कामयाब हो गए हैं। पुलिस ने इस संदर्भ में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना से कुछ समय पहले मदन सैनी के मोबाइल पर किसी का फोन आया था। जिसके उपरांत वह अपनी बाइक पर सवार होकर पारिजात चौक के नजदीक स्थित जंभेश्वर मार्केट पहुंच गया। बाइक को खड़ा करके जैसे ही वह किसी के इंतजार में खडा हुआ तो सामने से पल्सर बाइक पर दो युवक आए। इससे पहले कि मदन कुछ समझ पाता, दोनों युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी और मदन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हैरानी की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर अक्सर जाम रहने वाले इस तंग बाजार से हवा में पिस्तौल लहराते हुए निकल गए और लोग देखते रह गए। मदन की हत्या का शक नौ माह पहले गांव मंगाली में दो चचेरे भाइयों को गोलियों से भूनने वाले किशोरी पर व्यक्त किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार 25 जून की सुबह करीब सात बजे मंगाली में सियाराम और उसके भाई संजय की हत्या हुई थी। सियाराम को सात और संजय को दो गोलियां मारी गई थीं। इस हत्याकांड में कुख्यात अपराधी संदीप चिटाणिया और संदीप उर्फ शेट्टी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया था मगर इस मामले में किशोरी न तो दिल्ली और न हिसार पुलिस के हत्थे चढ़ा। हालांकि पुलिस ने उसे पकडऩे के लिए इनाम भी रख रखा है पर फिर भी वह हाथ नहीं आ रहा। लंबे अरसे से किसी वारदात में किशोरी का कोई नाम नहीं आया तो पुलिस भी बेपरवाह हो गई थी। जब मदन सैनी की हत्या हुई तो मुखबिरों से मिली जानकारी से पुलिस में खलबली मच गई। मुखबीरों का कहना है कि मदन को किशोरी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर मारा है। पुलिस का कहना है कि दो दशक पहले मदन सैनी अपने पिता धर्मा सैनी के साथ पशुओं का दूध निकालने के लिए लोगों के घरों में जाता था। किसी बात को लेकर पड़ोसी के साथ झगड़ा हुआ और उसके कत्ल के इल्जाम में उसे जेल की हवा भी खानी पड़ी थी। करीब सात साल पहले जेल से बाहर आया। फाइनेंस और प्रॉपर्टी के धंधे में लग गया। राजनीति में दिलचस्पी थी, इसलिए शहर के एक नेता के साथ जुड़ गया और तभी से वह प्रोपर्टी की खरीद-फरोख्त व फाइनेंस का धंधा कर रहा था।

हिसार की दशा सैनी ने लंदन में जीता चुनाव

चन्द्रप्रकाश सैनी
सम्पादक

हिसार। हिसार निवासी दशा सैनी ने लंदन के हैंडन स्थित मिडलसेक्स यूनिवसिर्टी छात्र संघ चुनाव में उपप्रधान पद पर शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने इस अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालय के छात्र संघ चुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वियों पर 200 से भी अधिक मतों से विजय पाई और इंटरनैशनल स्टूडेंट एंड वेलफेयर वाइस प्रेजिडेंट निर्वाचित हुई। बीबीए पाठ्यक्रम की छात्रा एवं ऋषि सैनी की पुत्री दशा सैनी ने लगभग 5000 स्टूडेंट्स वाली इस यूनिवर्सिटी में चार दिनों तक चली मतदान प्रक्रिया के बाद पहले चक्र से ही अपनी बढ़त को बनाए रखा और अंतिम परिणाम घोषित होने पर उन्हें यूनिवर्सिटी का उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
दशा सैनी ने बताया कि उनका मुख्य लक्ष्य दुनिया के विभिन्न भागों से आने वाले स्टूडेंट्स की समस्याओं का समाधान करने के अलावा उनका मार्गदर्शन करना है।

महेश सैनी ने बिताए थे सल्लू के साथ जेल में दिन

मुंबई। यह बहुत कम लोग जानते हैं कि काले हिरण के शिकार के मामले में जोधपुर सेंट्रल जेल में बंद रहे सलमान खां उर्फ सल्लू मियां की बैरक में महेश सैनी भी बंद थे। महेश सैनी को सल्लू के साथ बिताए दिनों का अब इनाम मिलने जा रहा है। सलमान की जिंदगी पर बनाई जा रही फिल्म कैदी नं. 210 के अहम रोल के लिए महेश सैनी को साइन किया गया है। यह फिल्म सलमान के जोधपुर जेल में बिताए दिनों पर आधारित होगी। इस फिल्म को बनाने को लिए महेश सैनी खुद इन दिनों सलमान खां के साथ जरूरी रिसर्च करने में जुटे हैं। दरअसल सलमान इस फिल्म में काम नहीं करेंगे। लेकिन जेल में उनके साथ रहे महेश सैनी इस फिल्म का एक अहम हिस्सा होंगे। फिल्म के प्रोडयूसर रंजीत शर्मा को जेलर ने सैनी से मिलवाया और तबसे वे भी इस रिसर्च में जुड़ गए। फिल्म में सलमान की भूमिका चिराग पाटिल निभाएंगे जो पूर्व क्रिकेटर संदीप पाटिल के बेटे हैं। बॉलीवुड के सुपरस्टार्स की निजी जिंदगी पर बनने वाली ये दूसरी फिल्म होगी। इससे पहले डिस्कवरी चैनल ने शाहरुख पर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनाई थी।

 

सैनी समाज के समागम में 9 प्रस्ताव पारित

रोपड़ में हुआ भव्य कार्यक्रम

रोपड़। स्थानीय सैनी भवन में विगत 27 मार्च को 28वां वार्षिक सैनी समागम का आयोजन किया गया। जिसमें पंजाब के चीफ आर्कीटैक्ट बलविंदर कौर ने उपस्थित लड़कियों को स्वरोजगार हासिल करने तथा अपने आप को समाज का एक जिम्मेवार नागरिक विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का सिक्का कायम किया है। उनके अपने विभाग में करीब 80 फीसदी महिलाएं काम कर रही हैं। समागम के दौरान 9 प्रस्ताव पारित करके विदेशी दूल्हे जो लड़कियों को सुनहरी सपने दिखा शादी करके शोषण करते हैं, ऐसे लोगों के खिलाफ सरकार को सख्ती बरतने, जाली ट्रैवल एजेंटों की लूट से नौजवानों को जागरूक करने, नौजवान वर्ग को नशे की मार से बचाने के लिए प्रयास करने, भू्रण हत्या बारे लोगों को जागरूक करने, सैनी बरादरी सबके भले की नीति पर चलती हुई ऐसा कोई काम नहीं करेगी, जिससे कोई अन्य बिरादरी का नुक्सान हो, फिजूलखर्च या दिखावा न करने, बिरादरी की आर्थिक दिशा में सुधार के लिए नई साधन व तरीके अपनाने, राजनीतिक, आर्थिक व सामाजिक कार्यों के तहत निजी हितों को पहल देने वालों से किनारे करने, बिरादरी की तरक्की के लिए प्रयास करने, जिला हैडक्वार्टरों पर सैनी भवन बनाकर बिरादरी का आपसी तालमेल बढ़ाने सम्बंधी प्रस्ताव पारित किये गये। सैनी भवन की मैनेजिंग कमेटी के अध्यक्ष एल. मुंद्रा ने बताया कि वर्ष 1982 से काका राम सैनी की याद में बिरादरी की बेहतरी के लिए बिरादरी के सहयोग से लड़कियों को सिलाई कढ़ाई तथा बच्चों को कंप्यूटर की सिखाने का प्रबंध किया गया है। कार्यक्रम के दौरान पंजाब की चीफ आर्कीटैक्ट बलविंदर कौर व सैनी बरादरी के गणमान्य लोगों ने विद्यार्थियों को सर्टीफिकेट दिए। वहीं बलविंदर कौर को भी सम्मानित किया गया।
समागम का शुभारंभ श्री सुखमणि साहिब के पाठ के भोग डालने के बाद किया गया। इस मौके पर सेवानिवृत सैशन जज पीसी सैनी, कर्नल सुधीर चौधरी, कमल चौधरी, प्रीतम सिंह, संत अवतार सिंह, भगत सिंह, बीबी प्रीतम कौर भ्यौरा, एडवोकेट नरिंदर सिंह सिट्टा, एडवोकेट पाल सिंह, डॉ. सतपाल, डॉ. अजमेर सिंह, सतीश सैनी, मलकीयत सिंह, बहादुरजीत सिंह, गुरमुख सिंह सैनी, जसवंत सिंह, प्रिं. बीएस वतनी, वीना वतनी, निर्मल सिंह निर्मल, राजिंदर सैनी, बिमला सूद आदि समेत सैनी समाज से आए गणमान्य लोग मौजूद थे।

सैनी जागृति मंच ने किया एकजुटता सम्मेलन

होशियारपुर। सैनी जागृति मंच द्वारा स्थानीय सैनी धर्मशला में विगत 23 मार्च को सैनी एकजुटता सम्मेलन का आयोजन किया गया। समारोह में पंजाब, हरियाणा व अन्य राज्यों से सैनी बिरादरी के सदस्यों ने भाग लिया। समारोह की अध्यक्षता शक्ति सिंह सैनी, कुलवंत सिंह सैनी व संदीप सैनी ने संयुक्त रूप से की जबकि हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रमेश सैनी, पूर्व सांसद कमल चौधरी, वन विभाग के चेयरमैन सतपाल सैनी, दीनानगर से अमर सिंह सैनी, हरभाग सिंह सैनी चंडीगढ़, गायक कुलबीर सैनी, पाल सिंह सैनी, प्रीतम सैनी, सुरिंदर सिंह पामा, सुरजीत सैनी, जसवंत सिंह सैनी जीरकपुर प्रमुख रूप से मौजूद थे। शक्ति सिंह सैनी, संदीप सैनी व कुलवंत सैनी ने कहा कि सब को एकता के साथ अपने मंच को और भी बल देना होगा। अपनी समस्याओं को हल करने के लिए एकजुटता ही समय की सबसे बड़ी मांग है। उन्होंने कहा कि बिरादरी की काफी समय से यह मांग रही है कि होशियारपुर के बस स्टैंड का नाम चौ. बलबीर सिंह सैनी के नाम से रखा जाए। इस मौके पर रेडियो गायक कुलवीर सैनी ने अपने गीतों से सब का मनमोह लिया। इस मौके पर नेत्रदान एसोसिएशन द्वारा लगाए गए शिविर में सैनी बिरादरी से संबंधित लोगों ने नेत्रदान प्रण पत्र भी भरे। मंच संचालन जिला प्रधान प्रेम सैनी ने किया।

संक्षिप्त समाचार

सेवानिवृत्त हुए सब-इंस्पेक्टर महासिंह सैनी

रोहतक (विनोद सैनी)। विगत 35 सालों तक हरियाणा रोडवेज में सराहनीय सेवाएं देने के बाद सब-इंस्पेक्टर महा सिंह सैनी वासी गांव फरमाणा विगत 30 मार्च को सेवानिवृत हो गए। उनकी सेवानिवृति अवसर पर स्थानीय बस स्टैंड पर एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें महा सिंह द्वारा साढ़े तीन दशक के दौरान दी गई सेवाओं की जमकर तारीफ की गई। विदाई समारोह में रोडवेज कर्मचारी एसोसिएशन के प्रधान बलवान मोर के अलावा रोडवेज अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद थे। महा सिंह सैनी को अपने सेवाकाल के दौरान रोडवेज जीएम द्वारा तीन बार प्रशंसा पत्र से भी नवाजा गया था।

सैनी स्कूल में विदाई समारोह आयोजित

नारनौल। सैनी वरिष्ठï माध्यमिक विद्यालय के बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को विदाई देने के लिए विगत 5 मार्च को विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के मुख्यातिथि सैनी सभा के प्रधान सुबेदार पुरूषोत्तम सैनी थे, जिन्होंने अपने सम्बोधन में बच्चों को लक्ष्य निर्धारित करके आगे बढऩे का आह्वïान किया। सभा के सचिव अनिल सैनी ने जीवन में संस्कार और सेवाभाव के महत्व बारे में बताया। कार्यक्रम में बच्चों ने गीत, भजन, कविताएं आदि प्रस्तुत कर मनोरंजन किया। मंच संचालन घनश्याम सैनी ने किया। कार्यक्रम में हुकमचंद, नेतराम, मुकेश कुमार, अनिता सैनी, अत्तर सिंह उपस्थित थे।


सैनी सभा निकालेगी डायरेक्टरी

सोनीपत। जिला सैनी सभा की एक महत्वपूर्ण बैठक महेन्द्र सैनी प्रधान जिला सैनी सभा की अध्यक्षता में हुई। जिसमें जिला सैनी सभा की प्रथम डायरेक्टरी निकालने का निर्णय लिया गया। सभा के प्रवक्ता ने बताया कि इस डायरेक्टरी में सभा के आजीवन सदस्यों का विवरण दिया जाएगा। साथ ही सैनी भवन की स्थापना के नियम और दानी सज्जनों का जीवन परिचय भी इसमें शामिल होगा। उन्होंने बताया कि सभा के नए सदस्यों का रिकॉर्ड तैयार कर उनके परिचय पत्र जारी किए जाएंगे और मई में आयोजित होने वाले सम्मेलन के दौरान यह डायरेक्टरी सैनी समाज के बाशिंदों को प्रदान की जाएगी।

सैनी समाज के मौजीज लोग सम्मानित

मालाखेड़ा। सैनी समाज ब्लॉक इकाई मालाखेड़ा की ओर से विगत 16 मार्च को सैनी समाज के पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि जिला पार्षद रमेशचंद थे जबकि अध्यक्षता पूर्व उपप्रधान पप्पू सैनी ने की। इस मौके पर उमरैण सरपंच महेश सैनी, मोहनदास सेवा समिति के अध्यक्ष हुकमचंद, फलसब्जी मंडी के अध्यक्ष जगदीश सैनी, लालाराम सैनी, घासीराम सैनी आदि मौजूद थे।

जत्था सिंह बने सैनी सभा के प्रधान

जुलाना। जिला सैनी सभा की एक बैठक सैनी धर्मशाला जींद में हुई। जिसकी अध्यक्षता एडवोकेट करतार सिंह सैनी ने की। बैठक में प्रधान राममेहर सैनी का कार्यकाल पूरा होने पर सर्वसम्मति से किनाना गांव के जत्थसिंह को प्रधान चुना गया। इस मौके पर राममेहर सिंह, जयभगवान, राजकुमार, सुरेश, बहादुर सिंह, हरिदास, छज्जूराम, देवासिंह, रघबीर, अभय सिंह, रमेश, नरवाना से मातूराम, जुलाना से दयानंद, सफीदों से नफेसिंह सैनी मौजूद रहे।

त्रिलोक सैनी ने जीता इंस्पायर अवार्ड

बांदीकुई (डौसा)। राजकीय उच्च विद्यालय बडवाली ढाणी के छात्र त्रिलोक सैनी ने भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से आयोजित इंस्पायर अवार्ड जीतने में कामयाबी हासिल की है। त्रिलोक की इसी कामयाबी को लेकर विगत 10 मार्च को स्कूल में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें अतिथियों ने त्रिलोक को पांच हजार रुपए चैक भेंटकर उसे सम्मानित किया। कार्यक्रम में लल्लूराम सैनी, रामजीलाल सैनी, बद्रीप्रसाद सैनी, किशोरीलाल सैनी, देवीसहाय सैनी, रामकिशन सैनी, रामकिशन नेता, गोवर्धन सैनी, बंसी सैनी, किशनलाल सैनी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे। इसके बाद स्कूल के छात्र छात्राओं को मिठाई वितरित की गई।

शहीदी दिवस पर लगाया रक्तदान शिविर

होशियारपुर। विगत 24 मार्च को भगत सिंह, राजगुरु सुखदेव के 78वें शहीदी दिवस के अवसर पर सैनी जागृति मंच द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 14 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। मंच के प्रधान कुलवंत सिंह सैनी ने शहीदों की याद में 51वीं बार रक्तदान करते हुए उनको श्रद्धांजलि दी।

सूरत सिंह सैनी का निधन

रोहतक। जिला रेडक्रास सोसायटी के सचिव पद से सेवानिवृत हुए सुखपुरा वासी रामप्रकाश सैनी के पिता सूरत सिंह सैनी का 31 मार्च को निधन हो गया। वे करीब 85 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे।

दीपक सैनी बने एकता मंच के अध्यक्ष

सूरजगढ़। एडवोकेट दीपक सैनी को सामाजिक एकता मंच का नगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस आशय का निर्णय मंच की आंबेडकर भवन में प्रदेशाध्यक्ष सीताराम पंवार की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।

सैनी सभा संस्था का शपथ ग्रहण समारोह

कोटपूतली। सैनी सभा संस्था की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह विगत 17 मार्च को आयोजित किया गया। जिसमें जनप्रमुख बुद्धराम सैनी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। संस्था के जनप्रमुख सैनी ने बताया कि रिटर्निंग अधिकारी हनुमान प्रसाद सैनी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष बाबूलाल सैनी, उपाध्यक्ष सत्यनारायण सैनी, सचिव भैरूराम सैनी, कोषाध्यक्ष प्रहलाद सैनी को शपथ ग्रहण के बाद निर्वाचन प्रमाण पत्र दिए। इस मौके पर जनसमिति के सदस्य जयप्रकाश सैनी, चेतराम, धुड़मल, प्रहलाद, रामचन्द्र, बिड़दीचंद, सुगन भाई, पूर्व पार्षद रामानंद सेनी, सरूंड उपसरपंच लीलाराम सैनी समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।

होली मिलन समारोह में दिया संगठित होने पर जोर

बगड़। सैनी समाज का होली स्नेह मिलन समारोह विगत 2 मार्च को स्थानीय अशोक नगर स्थित ज्योतिबा फूले सामुदायिक भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि न्यायिक मजिस्ट्रेट पुरुषोत्तमलाल सैनी थे। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में उन्होंने कहा कि समाजोत्थान के कार्यों में युवा वर्ग आगे आएं। इसके लिए यह जरूरी है कि युवाओं में संस्कारों का भी समावेश किया जाए। अध्यक्षता रामदेव आश्रम पठानकोट के पीठाधीश्वर बाबूलाल महाराज ने की। विशिष्ट अतिथि गोपीराम सैनी, माखर सरपंच कन्हैयालाल सैनी व पंचायत समिति प्रतिनिधि जगदीश सैनी थे। संस्था अध्यक्ष बनवारीलाल सैनी ने सभी को संगठित होकर ग्राम विकास करने तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने पर बल दिया।
व्याख्याता सुनील सैनी ने कविता के माध्यम से सामाजिक चेतना जागृत की। कार्यक्रम के अंत में एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनांए दीं। संचालन नाहरसिंह ने किया। इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र, सुनील, हरफूलसिंह, ओंकारमल, ख्यालीराम, धर्मवीर, प्रदीप, रामगोपाल, अनिल सहित गणमान्य नागरिक एवं युवा मौजूद थे।

हर्षोल्लास से मनाया सैनी स्कूल का वार्षिकोत्सव

सोनीपत। नर्सरी से आठवीं कक्षा तक की शिक्षा ही बच्चे के मानसिक पटल पर उसके भविष्य की रूपरेखा रचती है। इसी समय की शिक्षा ही बच्चे के मस्तिष्क में उसकी रुचियों को उभारकर सामने लाती है। इस काल में ही मालूम होता है कि बच्चे में विज्ञान के प्रति रूचि है या ललित कलाओं की ओर उसका रूझान है।
यह विचार भाजपा की विधायक कविता जैन ने कामी रोड स्थित सैनी पब्लिक स्कूल के विगत 26 मार्च को आयोजित किए गए वार्षिकोत्सव में मुख्यातिथि के रूप में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि मेरा विश्वास है कि सैनी पब्लिक स्कूल के अध्यापकगण के दिए हुए संस्कार बच्चों को जिम्मेदार और आदर्श नागरिक बनाएंगे। मुख्यातिथि ने इस मौके पर बच्चों को योग्यता पुरस्कार प्रदान कर उनकी हौंसला अफजाई की।
वार्षिकोत्सव की अध्यक्षता सैनी मशीनरी स्टोर के मालिक हरिप्रकाश सैनी ने की जबकि इस अवसर पर आकाश होटल के मालिक अशोक सैनी, शिव कुमार सैनी, दिल्ली के ओमपाल सैनी, सरदार विक्रम सिंह, श्याम लाल सैनी, स्कूल के प्रबंधक जगदीश सैनी, मुख्याध्यापिका शकुंतला सैनी व स्टाफ के अन्य सदस्यगण मुख्य रूप से मौजूद थे।