शुक्रवार, नवंबर 06, 2009

15 में से केवल एक ही सीट पर मिली जीत

हरियाणा विधानसभा चुनाव में सैनी समाज का सूरत-ए-हाल

राजेन्द्र सैनी / समाचार सम्पादक

चंडीगढ़। हाल ही में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनाव में विभिन्न राजनैतिक पार्टियों की 15 टिकटों पर ताल ठोंकने वाले सैनी समाज के नेताओं में से महज एक ही चुनाव जीतने में कामयाब हो पाया। दो सीटों पर जहां सैनी नेताओं ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर दी, वहीं अन्य स्थानों पर वे कोई खास प्रदर्शन नहीं कर पाए।
सैनी समाज को इकलौती जीत का तोहफा रादौर (यमुनानगर) से इंडियन नेशनल लोकदल प्रत्याशी डा. बिशन लाल सैनी ने दिया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के सुरेश कुमार को 4,395 वोटों के अंतर से पराजित किया। डा. सैनी को जहां 29,593 वोट मिले, वहीं सुरेश कुमार 25,198 वोट ही ले पाए। इस चुनाव में नारनौल व लाड़वा दो ऐसी सीटें रहीं, जिसमें सैनी नेताओं को कड़े मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। नारनौल से इनेलो प्रत्याशी भानाराम सैनी जहां हरियाणा जनहित कांग्रेस के राव नरेंद्र से 3,392 वोटों से चुनाव हार गए, वहीं लाड़वा से कैलाशो सैनी को 2,505 वोटों से नाकामयाबी हाथ लगी। भानाराम सैनी को 21,619 जबकि कैलाशो को 30,000 वोट मिले। दोनों ही सीटों पर सैनी समाज से एक अन्य प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में उतरा था। नारनौल से नौंवे स्थान पर रहे सूबेदार पुरुषोत्तम सैनी को महज 1,209 मत मिले जबकि लाड़वा से बसपा की शशि सैनी 9,617 वोटों के साथ पांचवें स्थान पर रही।
इसी तरह पेहवा कुरुक्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बलबीर सैनी ने भी यहां से चुनाव जीतने वाले कांग्रेस के हरमोहिंदर सिंह च_ा को कड़ी टक्कर दी। वे 19,260 वोट लेकर चुनावी जंग में तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा अम्बाला सिटी से हजकां प्रत्याशी पूर्ण प्रकाश सैनी 2,736 वोटों ंके साथ पांचवें स्थान तथा हांसी से भाजपा टिकट पर चुनाव लडऩे वाले मामन सैनी भी 6,165 मत लेकर पांचवें स्थान पर रहे। हिसार सीट से दो सैनी नेता चुनाव मैदान में थे। इस सीट पर हजकां प्रत्याशी रामनिवास राड़ा सैनी 14,435 वोटों सहित तीसरे जबकि भाजपा प्रत्याशी रवि सैनी 2,594 मत लेकर पांचवें स्थान पर रहे। जींद से बसपा टिकट पर चुनाव लड़े रमेश सैनी 11,010 वोटों सहित चौथे तथा इसी जिले की जुलाना सीट से भाजपा प्रत्याशी जवाहर सैनी 2,508 वोट लेकर पांचवें स्थान पर रहे। गोहाना से भाजपा प्रत्याशी के तौर पर चुनावी दंगल में उतरे नत्था सैनी 7,234 वोटों के साथ चौथे, नारायणगढ़ से भाजपा प्रत्याशी नायब सिंह सैनी 8,082 वोट लेकर पांचवें तथा रोहतक से बसपा टिकट पर ताल ठोंकने वाले फौजी बलवान सैनी महज 2,526 वोटों के साथ चौथे स्थान पर रहे।

ना खुदा ही मिला ना विसाले सनम

चन्द्रप्रकाश सैनी
प्रधान सम्पादक


इस विधानसभा चुनाव में सभी राजनैतिक दलों ने सैनी समाज के नेताओं को अपनी टिकटें देकर जो भरोसा दिखाया था, महज एक को छोड़कर अन्य सभी प्रत्याशी इस भरोसे को कायम रखने में नाकामयाब रहे हैं। चुनाव परिणामों ने सैनी प्रत्याशियों की जो हालत बयां की है, वह ना खुदा ही मिला ना विशाले सनम जैसी स्थिति से कम नहीं है क्योंकि इन चुनावों में हम न तो उन सीटों को जीत पाने में कामयाब हो पाए, जहां वोटों के लिहाज से हम काफी मजबूत स्थिति में थे और न ही हम राजनैतिक दलों को अपनी ताकत का अहसास करवा पाए। सैनी समाज को शुक्रगुजार होना चाहिए डा. बिशन लाल सैनी का, जिन्होंने अपने दम पर चुनावी वैतरणी को पार लगाकर विधानसभा में सैनी समाज को प्रतिनिधित्व दिलवाया अन्यथा जिन लाड़वा व नारनौल की दो सीटों पर हम अपनी जीत तय मानकर चल रहे थे, वहां अपनी ही बिरादरी के अन्य प्रत्याशियों ने उन्हें हरवाने में अहम भूमिका निभाई। लाड़वा से कांग्रेस प्रत्याशी कैलाशो सैनी को 2,505 मतों के अंतर से हार का मुहं देखना पड़ा जबकि इसी सीट पर चुनाव लड़ रही बसपा प्रत्याशी शशि सैनी ने 9,617 वोट लेकर कैलाशो की हार का मार्ग प्रशस्त्र किया। इसी तरह नारनौल से इनेलो टिकट पर 3,392 वोटों से पराजित हुए भानाराम सैनी भी जीत दर्ज कर सकते थे, यदि उन्हें सैनी समाज का सम्पूर्ण समर्थन मिला होता। यहां से भी सैनी समाज के एक अन्य प्रत्याशी पुरुषोत्तम सैनी बसपा टिकट पर चुनाव मैदान में थे।
अगर अन्य सीटों की बात की जाए तो वहां सैनी नेताओं के लिए जीत के अनुकूल स्थिति थी ही नहीं, इसलिए उन सीटों पर हारने की वजह या तो स्वयं प्रत्याशी की व्यक्तिगत छवि जिम्मेवार रही या फिर वह पार्टी, जिसकी टिकट पर वे चुनावी मैदान में ताल ठोंक रहे थे।

समाजसेवी ईश्वर सैनी का आकस्मिक निधन



रोहतक। सैनी बी.एड कालेज की गवर्निंग बॉडी के सदस्य एवं समाजसेवी ईश्वर सैनी वासी चुन्नीपुरा का 24 अक्तूबर की तड़के पीजीआईएमएस में आकस्मिक निधन हो गया। वे 59 वर्ष के थे और अपने पीछे चार पुत्र छोड़ गए। ईश्वर सिंह को सांस लेने में आ रही दिक्कत के चलते 23 अक्तूबर की रात को पीजीआई के आपातकालीन कक्ष में भर्ती करवाया गया था। जहां बाद में उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिकू में स्थानांतरित कर दिया गया था। 24 अक्तूबर की सुबह उनका असामयिक निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार गोहाना रोड स्थित शमशान घाट में किया गया और उनकी अंतिम यात्रा में सैनी एजूकेशन सोसायटी के समस्त पदाधिकारी व सदस्यों समेत शहर के गणमान्य लोग शामिल हुए।
ईश्वर सिंह एक साल पूर्व ही सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हुए थे और तभी से उन्होंने अपना जीवन समाजसेवा में समर्पित कर रखा था। ईश्वर सिंह के आकस्मिक निधन पर सैनी एजूकेशन सोसायटी के प्रधान विजय सैनी समेत अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे सैनी सोसायटी के लिए इसे अपूर्णयीय क्षति बताया है।

विजय सैनी के कार्यक्रम में पहुंचे दीपेंद्र हुड्डा

जोगेंद्र सैनी

रोहतक। सैनी एजूकेशन सोसायटी के अध्यक्ष विजय सैनी द्वारा रोहतक से कांगे्रस प्रत्याशी भारत भूषण बतरा के समर्थन में सैनीपुरा में आयोजित की गई चुनावी सभा में उस समय चार-चांद लग गए जब स्वयं युवा सांसद दीपेंद्र हुड्डा न केवल सभा स्थल पर पहुंचे, बल्कि कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ के लिए उन्होंने विजय सैनी को भी बधाई दी। इस चुनावी सभा को सफल बताते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इस कार्यक्रम में आया भारी जनसमूह इस बात का संकेत हैं कि सम्पूर्ण सैनी समाज कांग्रेस प्रत्याशी बतरा के साथ है और उनके पक्ष में वोट डालकर उन्हें भारी मतों से जीत दिलवाएगा। साथ ही विजय सैनी एवं उनकी युवा टीम की प्रशंसा करते हुए युवा सांसद ने कहा कि सैनी एजूकेशन सोसायटी में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए विजय सैनी व उसकी टीम निसंदेह बधाई की पात्र है। इस अवसर पर कांग्रेस प्रत्याशी बतरा ने कहा कि सैनी समाज से उन्हें शुरू से लगाव है और यदि वे चुनाव जीतते हैं तो इस समाज के विकास में अहम योगदान देंगे।

लोगों को सम्बोधित करते सांसद दीपेंद्र हुड्डा व विधायक बतरा के बीच खड़े हैं सैनी संस्था के प्रधान विजय सैनी।

हवन के साथ सैनी बी.एड कालेज का सत्र शुरू

 सोह्म मंदिर के महंत अमरानंद महाराज ने डाली मुख्य आहूति

महेंद्र तोंदवाल / कार्यकारी सम्पादक

रोहतक। सैनी एजूकेशन सोसायटी द्वारा संचालित सैनी गल्र्ज बी.एड कालेज के दूसरे शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ विगत 4 अक्तूबर को हवन-यज्ञ के साथ हुआ। यह हवन बी.एड कालेज की नवनिर्मित बिल्डिंग में किया गया, जिसमें मुख्य आहूति सोह्म मंदिर के महंत स्वामी अमरानंद महाराज व सैनी एजूकेशन सोसायटी के अध्यक्ष विजय सैनी ने संयुक्त रूप से डाली।
इस अवसर पर उपस्थितजनों को सम्बोधित करते हुए स्वामी अमरानंद ने कहा कि यह सम्पूर्ण सैनी समाज के लिए हर्ष का विषय है कि उनकी बिरादरी का पहला बी.एड कालेज सैनी सोसायटी के प्रधान विजय सैनी के नेतृत्व में नए आयाम स्थापित कर रहा है। साथ ही उन्होंने कहा कि सोसायटी की युवा मैनेजमैंट द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए सैनी समाज के लोगों को उनकी हरसंभव मदद करनी चाहिए। सोसायटी के प्रधान विजय सैनी ने कहा कि पहले ही शैक्षणिक सत्र में सैनी बी.एड कालेज ने इतनी ख्याति अर्जित की है कि इस बार वह प्रदेश के उन प्रतिष्ठित कालेजों की श्रेणी में शुमार हो गया, जिनकी सभी सीटें पहले ही राऊंड में भरी गई। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य अब सैनी लॉ कालेज व गल्र्ज डिग्री कालेज खोलना है। हवन में प्रेम सिंह सैनी, दयाकिशन सैनी, ओमप्रकाश आर्य, महिपाल सिंह, सतपाल सैनी, सुभाष सैनी, रोहतास आर्य, किशन सिंह कोच, रामेश्वर सैनी, सूरजभान सैनी, देवी सिंह, ईश्वर सिंह, विनोद सैनी, जिले सिंह, सुरेश सैनी आदि सहित सैनी बिरादरी के अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।

दुकान में लगी आग, लाखों का नुकसान

पूंडरी। कस्बे के हाबड़ी मोड़ स्थित हलवाई की दुकान में आग लगने से लाखों रुपयों का सामान जल गया। इस बारे में सैनी स्वीट्स के मालिक रघुबीर सैनी ने पुलिस को बताया कि रात को दुकान बंद करके वह घर चला गया था। रात्रि करीब दो बजे मार्केट के दुकानदार ने सूचना दी कि उनकी दुकान में आग लग गई है।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे लोगों ने ही इस आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक दुकान में रखे तीन फ्रिज, कंप्यूटर, मिक्सी व जूसर समेत दुकान में रखा अन्य काफी सामान जल गया था। आग लगने के पीछे कौन से कारण जिम्मेवार रहे, इस बात का पता नहीं चल पाया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

भाजपा नेता बलबीर सैनी के खिलाफ केस दर्ज

प्रेम सैनी
कुरुक्षेत्र। पिहोवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा टिकट पर चुनाव लडऩे वाले बलबीर सैनी के खिलाफ कांग्रेस के एजेंट के साथ मारपीट करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह केस चुनाव अधिकारी संजीव आहूजा की शिकायत पर दर्ज किया है। जिसमें कहा गया है कि भाजपा प्रत्याशी बलबीर सैनी ने बूथ नंबर-86 के अंदर बैठे काग्रेस के एजेंट राजेश गर्ग के साथ हाथापाई व बदसलूकी की। भाजपा प्रत्याशी ने गुस्से में आकर राजेश पर कुर्सी भी फेंककर मारी, जिससे कुर्सी टूट गई। बूथ के अंदर हुई मारपीट की इस घटना के बाद कुछ देर के लिए मतदान रोकना पड़ा, जिससे कतार में खड़े मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। तदोपरांत सूचना पाकर पुलिस मौक पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत करवाने के बाद फिर से पोलिंग शुरू करवाई। उधर, भाजपा प्रत्याशी बलबीर सैनी का कहना है कि ऐसा कुछ नहीं हुआ। बूथ पर बैठे उनके एजेंट ने उन्हे सूचना दी थी कि एक अन्य पार्टी का एजेंट उन्हे तंग कर रहा है। वे वहां पर अपने एजेंट से बातचीत करने गए थे और उनके खिलाफ साजिश रचकर झूठा मामला दर्ज करा दिया गया।

मंत्री रामकिशोर सैनी की गाड़ी पर पथराव

एक युवक की मौत के विरोध में ग्रामीणों ने कर रखा था रोड जाम
जयपुर। आगरा रोड स्थित बस्सी इलाके में बांसखो रेलवे फाटक के पास लगे जाम में फंसे जेल राज्यमंत्री रामकिशोर सैनी की गाड़ी पर कुछ युवकों ने पथराव कर दिया। जिससे उनकी सरकारी गाड़ी का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
मंत्री के कार चालक ने बस्सी थाने में अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। जानकारी के मुताबिक बांसखो फाटक के पास रात करीब 9 बजे कार की टक्कर से बाइक सवार दौसा निवासी महेंद्र (24) की घटनास्थल पर ही मौत होने तथा दूसरे युवक चंद्रभान (30) के अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोडऩे से ग्रामीण भड़के हुए थे। उन्होंने महेंद्र का शव सड़क पर रखकर जाम लगा रखा था। मौके पर दल-बल के साथ पहुंचे थानाधिकारी लोगों को समझा रहे थे। इस बीच, दौसा से जयपुर लौट रहे राज्यमंत्री सैनी की कार वहां पहुंच गई। उनके चालक ने सायरन बजाकर गाड़ी निकालने की कोशिश की तो ग्रामीण भड़क गए। भीड़ में से कुछ युवकों ने पथराव शुरू कर दिया। इससे मंत्री की कार के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भीड़ ने कार में धक्का-मुक्की भी की। पुलिस ने हलका बल प्रयोग कर भीड़ को हटाया और मंत्री की गाड़ी को वहां से निकाला। पथराव की सूचना पर एसपी ग्रामीण विपिन कुमार पांडे भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद इस सम्बंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

सचिन सैनी ने अपनाया लावारिश बच्चे को

रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। गोचर कृषि इंटर कालेज के गेट पर लावारिश मिले नवजात शिशु को आखिरकार मां की ममता की छाया मिल ही गई। कस्बे के ही एक सैनी परिवार ने शिशु को अपना लिया है। गोचर कृषि इंटर कालेज के प्रवक्ता ब्रह्मपाल सिंह को यह नवजात बच्ची मिली थी, जिसे वे घर ले आए थे। इस समाचार को विभिन्न अखबारों द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इसके बाद ही जिलेभर से नवजात को लेकर पालन पोषण करने के फोन आए, लेकिन समाज सेवी प्रदीप चौधरी के प्रयास से कस्बे के ही बाईपास पर रहने वाले सचिन सैनी पुत्र कर्म सिंह ने शिशु को अपना लिया। उनके कोई बच्चा नहीं था। इस लावारिश शिशु को अपनाकर सचिन व उनकी पत्नी फूले नहीं समा रहे थे। उन्होंने कहा कि वह उसके लालन पालन में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। सचिन के इस कदम की कस्बे वासियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की है।

मौसेरे भाई व उसके दोस्त की हत्या

बिजनौर (उत्तरप्रदेश)। आपसी विवाद के चलते जिले के गांव मंझौला-बिल्लौच में एक युवक ने अपने भाइयों के साथ मिलकर कथित तौर पर अपने मौसेरे भाई व उसके दोस्त को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह फायरिंग करते हुए घटना स्थल से फरार हो गया। घटना से गांव में दहशत व्याप्त हो गई।
शिवाला कलां थानांतर्गत ग्राम मंझौला बिल्लौच निवासी अमर सैनी पर पुलिस ने गुंडा एक्ट लगाया था। इस मामले में जमानत नहीं कराने पर अमर सैनी का अपने मौसेरे भाई महेन्द्र सैनी से विवाद चल रहा था। परिजनों के अनुसार घटना वाली शाम को महेन्द्र सैनी ने इसी विवाद का फैसला करने के बहाने अमर सैनी को अपने घर बुलवाया। अमर सैनी के साथ उसका दोस्त थाना नूरपुर के ग्राम हसुपुरा निवासी चन्द्रप्रकाश भी महेन्द्र के घर पहुंच गये।
आरोप हैं कि महेन्द्र सैनी ने अपने अन्य भाइयों के साथ मिलकर अमर सैनी को गोली मारकर तथा उसके दोस्त चंद्रप्रकाश को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। दोनों की हत्या करने के बाद आरोपी फायरिंग करते हुए फरार हो गये। दोहरे हत्याकांड की सूचना से थाना पुलिस में हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार ने आला अधिकारियों को घटना से अवगत कराकर मौके पर पहुंचे। उधर, सूचना पाकर अपर पुलिस अधीक्षक डा. अनिल मिश्रा, सीओ कमलेश दीक्षित भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। पुलिस ने शवों के पास से . 315 बोर की राइफल तथा 12 बोर की टूटी बंदूक लोडेड हालत में बरामद की। पुलिस ने मृतक अमर के भाई धरम ंिसंह सैनी की तहरीर पर महेन्द्र व उसके भाई पप्पू उर्फ पतराम, उमेश एवं बब्बू, महेश, कैलाश, मदन, छुट्टन एवं पितांबर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी महेन्द्र व उसके भाई उमेश को गिरफ्तार करने का दावा किया है। सीओ कमलेश दीक्षित ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक गांव में पुलिस बल तैनात रहेगा। पीडि़त परिवार के सदस्यों की सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
यहां बता दें दो माह पूर्व अमर सैनी ने अपने पड़ोस में रहने वाले मौसेरे भाई महेन्द्र से अपने ऊपर चल रहे गुंडा एक्ट के मामले में जमानत लेने को कहा था। महेन्द्र के मना करने पर अमर सैनी उससे रंजिश रखने लगा। इस रंजिश को लेकर दोनों के बीच कई बार गाली-गलौज तथा गोलियां भी चली।

बिजनौर से अगवा बच्चे को अमृतसर छोड़ा

धामपुर (बिजनौर)। गांव नौंरगाबाद निवासी 12 वर्षीय बालक को दो बदमाश अगुवा कर अमृतसर ले गए। वहां किसी तरह बदमाशों के चंगुल से छूटे बालक ने अमृतसर रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक पीसीओ से परिजनों को मोबाइल पर घटना की जानकारी दी।
जानकारी के मुताबिक ग्राम नौंरगाबाद वासी सुमित सैनी पुत्र स्व. वीरेन्द्र सैनी शाम छह बजे किसी कार्य से धामपुर गांव आया था, लेकिन देर रात तक वापस घर नहीं लौटा। इससे चिंतित परिजन अगली सुबह बालक की गुमशुदगी दर्ज कराने कोतवाली पहुंचे। इसी बीच वीरेन्द्र सैनी की पुत्री प्रिया सैनी के मोबाइल पर सुमित का फोन आया। उसने अमृतसर रेलवे स्टेशन के पास स्थित पीसीओ से फोन करने की जानकारी देते हुए बताया कि दो बदमाश उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर अमृतसर ले आए हैं। होश में आने पर वह किसी तरह उनके चंगुल से निकल आया। प्रिया व अन्य परिजनों से मामले की जानकारी सुनकर कोतवाली प्रभारी इन्द्रपाल शर्मा ने अमृतसर जीआरपी थानाध्यक्ष से मोबाइल पर संपर्क कर बालक को पीसीओ से लाकर अपनी सुपुर्दगी में लेने का अनुरोध किया। साथ ही बालक के परिजनों के साथ सिपाही विपिन कुमार को अमृतसर रवाना कर दिया।

आखिरकार लावारिश शिशु को मिली ममता की छाया

सचिन सैनी ने अपनाया लावारिश बच्चे को
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। गोचर कृषि इंटर कालेज के गेट पर लावारिश मिले नवजात शिशु को आखिरकार मां की ममता की छाया मिल ही गई। कस्बे के ही एक सैनी परिवार ने शिशु को अपना लिया है। गोचर कृषि इंटर कालेज के प्रवक्ता ब्रह्मपाल सिंह को यह नवजात बच्ची मिली थी, जिसे वे घर ले आए थे। इस समाचार को विभिन्न अखबारों द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। इसके बाद ही जिलेभर से नवजात को लेकर पालन पोषण करने के फोन आए, लेकिन समाज सेवी प्रदीप चौधरी के प्रयास से कस्बे के ही बाईपास पर रहने वाले सचिन सैनी पुत्र कर्म सिंह ने शिशु को अपना लिया। उनके कोई बच्चा नहीं था। इस लावारिश शिशु को अपनाकर सचिन व उनकी पत्नी फूले नहीं समा रहे थे। उन्होंने कहा कि वह उसके लालन पालन में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। सचिन के इस कदम की कस्बे वासियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की है।

अधिकार पाने के लिए संगठित होना जरूरी

सैनी समाज संस्था तथा महात्मा ज्योतिबा फुले विकास समिति के तत्वावधान में हुआ सैनी महासम्मेलन

लक्ष्मणगढ़ (राजस्थान)। संगठित समाज को अपने अधिकार मांगने नहीं पड़ते, बल्कि उसे अपने आप ही मिल जाते हैं। सैनी समाज के लिए भी अपने सामाजिक व राजनीतिक अधिकार प्राप्त करने के लिए शिक्षित होकर संगठित होना बहुत जरूरी हैं। यह बात सैनी समाज संस्था तथा महात्मा ज्योतिबा फुले विकास समिति के तत्वावधान में आयोजित सैनी महासम्मेलन तथा सीकर जिला प्रतिभा सम्मान समारोह में मंचस्थ अतिथियों ने सैनी समाज के लोगों से आह्वान करते हुए कही।
इस समारोह के मुख्य अतिथि सामाजिक न्याय व अघिकारिता तथा जेल राज्य मंत्री रामकिशोर सैनी थे, जिन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि सफलता के लिए आरक्षण की बैसाखियों का सहारा लेने के स्थान पर अपने लक्ष्य का निर्धारण कर कडी मेहनत करें। साथ ही संदेश भी दिया कि असफल होने पर नैराश्य भाव लाने के स्थान पर संयम के साथ पुन: प्रयास करें।
इस मौके पर मौजूद विधायक भगवानसहाय सैनी ने कहा कि राजनीति में समाज का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए महिला-शिक्षा को अधिकाधिक बढ़ावा देना होगा। महात्मा ज्योतिबा फुले शिक्षण संस्थान सीकर के अध्यक्ष पे्रमप्रकाश सैनी ने कहा कि राजनीतिक हलको में सैनी समाज के साथ टिकटों की मांग को लेकर हर बार अन्याय किया जाता रहा हैं जिसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाना जरूरी हैं। समारोह को राजस्थान सरकार के पशुपालन,मत्स्य विभाग व डेयरी विकास के प्रमुख शासन सचिव ओ.पी. सैनी, महात्मा ज्योतिबा फुले राष्ट्रीय संस्थान के प्रदेशाध्यक्ष मांगीलाल पंवार, राजस्थान सैनी समाज के प्रदेशाध्यक्ष चन्द्रप्रकाश देवडा, गुरुप्रज्ञा रियल मार्ट प्रा. लिमिटेड के निदेशक सुभाष सैनी ने भी संबोघित किया। इससे पहले, समाजसेवी आनंद कुमार बागडी की अध्यक्षता में हुए समारोह का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। महात्मा ज्योतिबा फुले विकास समिति के संयोजक बाबूलाल सैनी ने संगठन की गतिविधियों तथा सामाजिक प्रकल्पों की जानकारी दी।
समारोह में सैनी समाज की एक हजार से अघिक प्रतिभाओं को पुरस्कृत किया गया। भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयनित गंगानगर की ममता सैनी, जोधपुर के राजेश परिहार, तथा पारस सांखला, राजस्थान पुलिस सेवा में चयनित आलोक चोपदार, सीआरपीएफ में सहायक कमांडेंट के रूप में चयनित रतननगर के नरेश कुमार सैनी, मात्र 10 वर्ष की आयु में दसवीं कक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण करने वाली छात्रा दिव्या सैनी तथा दोनों हाथों को दुर्घटना में गंवाने के बाद दसवीं व बारहवीं कक्षा में 70 फीसदी से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र ओमप्रकाश सैनी सहित बोर्ड कक्षाओं व स्नातक स्तर पर प्रथम श्रेणी पाने वाले एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उल्लेखनीय कामयाबी प्राप्त करने वाले समाज के मेधावी युवाओं को सम्मानित किया गया।

संक्षिप्त

रणजीत सैनी का निधन

रोहतक। पैलेस विहार में रहने वाले रणजीत सैनी का 21 अक्तूबर की तड़के आकस्मिक निधन हो गया। वे 64 वर्ष के थे और अपने पीछे पत्नी, 6 लड़कियां व एक लड़के को छोड़ गए। उनका अंतिम संस्कार गोहाना रोड स्थित शमशान घाट पर किया गया। रणजीत सैनी बिजली बोर्ड से सेवानिवृत्त थे।
उनके आकस्मिक निधन पर सैनी एजूकेशन सोसायटी के अध्यक्ष विजय सैनी तथा सैनी संवाद के प्रधान सम्पादक चंद्रप्रकाश सैनी ने संवेदना व्यक्त करते हुए परमपिता परमात्मा से शोकाकुल परिवार को यह सदमा सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

सुमेर सैनी अध्यक्ष बने

अलवर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खैरथल के वरिष्ठ अध्यापक सुमेर सिंह को सर्वसम्मति से अखिल राजस्थान विद्यालय शिक्षक संघ का अध्यक्ष चुना गया है। रामस्वरूप सैनी को सह संरक्षक, जयकरण सैनी, रमेशचंद सैनी व गोपालदास सैनी को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

सूरज सैनी ने की आत्महत्या

लखनऊ। लखनऊ के तालकटोरा इलाके में रहने वाले एक युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया है कि 18 वर्षीय सूरज कुमार सैनी की किसी बात को लेकर अपनी मां के साथ कहासुनी हुई और उसने खुद को कमरे में बंद करके पंखे से चादर बांधकर फांसी लगा ली। पुलिस ने इस सम्बंध में आत्महत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

नारायण सैनी बने प्रसार मंत्री

अहरौरा (मीरजापुर)। अहरौरा क्षेत्र की नष्ट हो रही ऐतिहासिक धरोहरों को बचाने के लिए अहरौरा अंचल विकास समिति नामक संस्था का गठन किया गया है। जिसमें सर्वसम्मति से लक्ष्मी नारायन सैनी को प्रचार प्रसार मंत्री की जिम्मेवारी सौंपी गई है।

सवा दो लाख रुपए ठगे

झुंझुनूं। नौकरी दिलाने के नाम पर सवा दो लाख रूपए की ठगी करने का मामला खेतडी थाने में दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार बावड़ी निवासी रामकरण सैनी ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि राजपाल ने उसके भाई तथा बुआ के लडके को कर्नाटक सरकार में नौकरी दिलवाने के लिए दो लाख 25 हजार लिए थे। आरोपी ने अभी तक नौकरी भी नहीं लगवाई तथा रूपए भी नहीं लौटाए हैं।

राजेश सैनी ने करवाए लाखों के विकास कार्य


रोहतक। जिले के रिठाल फौगाट ब्लाक समिति के सदस्य राजेश सैनी अपने साढ़े चार सालों के कार्यकाल के दौरान अपने कार्यक्षेत्र में लाखों रुपए के विकास कार्य करवाने में कामयाब रहे हैं। उन्होंने बताया कि अपने कार्यकाल के दौरान न केवल उन्होंने 8,51,680 रुपए के विकास कार्य रिठाल तथा काहनी गांव में करवाएं, बल्कि एसजीआरवाई के तहत दोनों ही गांवों के कुल 88 अनूसूचित जातियों के परिवारों को सिलाई मशीन, मोटर, आटा, चक्की, मकान व साइकिल दिलवाई, जिन पर कुल मिलाकर 5,16,000 रुपए खर्च आया। राजेश का कहना है कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान हरसंभव विकास कार्य करवाने का गंभीरता से प्रयास किया है।

सैनी समाज के पूर्व सरपंच सम्मानित

राजस्थान के विभिन्न गांवों में हुए अभिनंदन समारोह

नवलगढ़ (राजस्थान)। पंचायतराज स्वर्णजयंती के उपलक्ष्य में ग्राम पंचायत बिरोल व टोडपुरा में पूर्व सरपंचों का सम्मानित करने के मकसद से अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। बिरोल में सरपंच जीवणी देवी की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में पहले सरपंच भानाराम राड़, बालूराम झाझडिया, सीताराम व नौरंगलाल सैनी का अभिनंदन किया गया। ग्रामसेवक मामराज बोयल ने पंचायत का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रहलाद राय ने सम्मानित होने वाले पूर्व सरपंचों द्वारा उनके कार्याकाल के दौरान करवाए गए कार्यों की जमकर प्रशंसा की।
ढाणिया पंचायत में हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मोहनलाल मीणा थे तथा अध्यक्षता सरपंच रामनिवास सैनी ने की। कार्यक्रम में पूर्व सरपंच नागरमल सैनी, सांवरमल सैनी व श्रीमती शांति देवी का अर्जुनराम लोछवा, रामलाल व पंच बिमला देवी ने अभिनंदन किया। पंच विनोद सैनी व पूर्व सरपंच सांवरमल सैनी ने पंचायत को आदर्श पंचायत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। ग्रामसेवक कैलाशचंद सैनी ने आभार व्यक्त किया। इसी प्रकार क्षेत्र की टोड़पुरा ग्राम पंचायत में आधा दर्जन पूर्व सरपंचों का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पुलिस अघिकारी जगदीशप्रसाद मीणा मुख्य अतिथि थे। अध्यक्षता सरपंच बंशीधर मीणा ने की। जिला परिषद सदस्य ख्यालीराम गुर्जर व उपसरपंच संतोष देवी विशिष्ट अतिथि थीं।
कार्यक्रम में गांव के पहले सरपंच नोपाराम चौधरी, सहित भैरूंराम मीणा, जीवणी देवी, रामदयाल , रतनी देवी व बद्रीप्रसाद मीणा का अभिनंदन किया गया। ग्रामसेवक प्रमोद कुमार शर्मा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस मौके पर काफी ग्रामीण मौजूद थे। इसी तरह चराना गांव में भी पंचायत स्वर्ण जयंती समारोह मनाया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कनिष्ठ अभियंता हरिराम सैनी थे जबकि इस मौके पर पूर्व सरपंच परमेश्वर लाल सैनी, भूदरमल सैनी, नानूराम सैनी व सुमित्रा सैनी को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजकों ने वर्तमान सरपंचों को इन सरपंचों द्वारा अपने कार्यकाल के दौरान करवाए गए कार्यों से सीख लेने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि इनका अनुभव उनकी कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावशाली बना सकता है।