बंधक बना संजय सैनी से डेढ़ लाख लूटे
संदीप सैनी, गोहाना।
अनूप सैनी की हत्या के बाद बदमाशों ने एक और सैनी युवक को अपना शिकार बना डाला। विगत 5 अगस्त को गांव गढ़ी उजाले खां में रहने वाले ट्यूबवैल बोरिंग का काम करने वाले संजय सैनी को बंधक बनाकर बदमाशों ने करीब डेढ़ लाख रुपए लूट लिये। हुआ यूं कि बदमाशों ने संजय सैनी को फोन कर उसे ट्यूबवैल बोर करवाने के बहाने पानीपत चुंगी से मिलाप होटल के पिछवाड़े बने एक वीरान मकान में बुलवा लिया। कुछ देर बातचीत करने के बाद संजय सैनी को बदमाशों ने बंधक बना लिया। संजय सैनी के अनुसार बदमाशों ने उसे आतंकित करने के लिए उसकी कनपटी से रिवाल्वर सटा दिया तथा एक गोली चला दी जो उसकी टांगों के बीच से होती हुई जमीन में जा धंसी। बाद में बदमाशों ने संजय सैनी के मोबाइल से ही उसके मित्र विजय ङ्क्षजदल को फोन करवाया और स्पीकर खोलकर संजय सैनी से ही 50 हजार रुपए मंगवा लिए। यह राशि मिलने के बाद बदमाशों ने उसके पार्टनर जोगेंद्र सैनी को फोन मिलाकर उससे भी एक लाख रुपए मांग लिये। संजय सैनी का कहना है कि एक बदमाश बाइक पर स्वयं उसके पीछे रिवॉल्वर सटाकर बैठा तथा उसी के कार्यालय से एक लाख रुपए और ले आया। दो लोगों से पैसे लेने के बाद रात को उसे छोड़ दिया गया। अगले दिन जैसे ही इस घटना की जानकारी गांव गढ़ी उजाले खां के लोगों को मिली तो उनमें हड़कम्प मच गया। बाद में सैनी बिरादरी पर बढ़ते हमले के मद्देनजर गढ़ी सराय दार खां, दरिया पुर, सैनीपुरा और इंद्रगढ़ी के लोगों ने पंचायत बुला ली। गजब तब हुआ जब पंचायत के बीच में ही एक बदमाश का फोन संजय सैनी के मोबाइल पर आ गया। इसके बाद पंचायतियों ने मामले पर विचार-विमर्श किया तथा बाद में डीएसपी राव जयपाल सिंह के पास पहुंचकर उन्हें सम्पूर्ण घटनाक्रम से अवगत करवाया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें